श्रीमद्भगवद्गीता • अध्याय 2 (72 श्लोक)

साङ्ख्ययोगः

सांख्य योग (गीता का सार)
← अध्याय 1 सूची अध्याय 3 →
अध्याय पृष्ठभूमि व परिचय:

इस अध्याय में अर्जुन अपने सम्मुख उत्पन्न स्थिति का सामना करने में अपनी असमर्थता को पुनः प्रकट करता है और युद्ध करने के अपने कर्तव्य का पालन करने से मना कर देता है। तत्पश्चात् वह औपचारिक रूप से श्रीकृष्ण को अपना आध्यात्मिक गुरु बनाने और वर्तमान स्थिति का सामना करने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करने की प्रार्थना करता है। प्रभु उसे आत्मा, जो शरीर के नष्ट होने पर भी नहीं मरती, के अमरत्व की शिक्षा देकर दिव्य ज्ञान प्रदान करते हैं। आत्मा मृत्यु के बाद एक शरीर से दूसरे शरीर में उसी प्रकार प्रवेश करती है जिस प्रकार से मनुष्य पुराने वस्त्र त्याग कर नये वस्त्र धारण करता है। इसके पश्चात् श्रीकृष्ण सामाजिक दायित्त्वों के विषय की ओर आगे बढ़ते हैं। वे अर्जुन को स्मरण कराते हैं कि धर्म के अनुसार योद्धा के रूप में युद्ध लड़ना उसका कर्त्तव्य है। वे स्पष्ट करते हैं कि किसी के द्वारा अपने नैतिक कर्तव्यों का पालन करना पुण्य का कार्य है जो स्वर्ग जाने का द्वार खोलता है किन्तु कर्त्तव्यों से विमुख होने से केवल तिरस्कार और अपयश प्राप्त होगा। 

लौकिक स्तर पर अर्जुन को प्रेरित करने के पश्चात् श्रीकृष्ण गहनता के साथ कर्मयोग के ज्ञान पर प्रकाश डालते हैं। वे अर्जुन को फल की आसक्ति के बिना निष्काम कर्म करने की प्रेरणा देते हैं। फल की कामना से रहित कर्म करने के विज्ञान को वे 'बुद्धियोग' या 'बुद्धि का योग' नाम देते हैं। बुद्धि का प्रयोग मन को कर्मफल की लालसा करने से रोकने के लिए करना चाहिए। इस भावना के साथ सम्पन्न किए गए कर्म 'बांधने वाले' से 'मुक्त करने वाले' में परिवर्तित हो जाते हैं। अर्जुन स्थितप्रज्ञ मनुष्य के लक्षणों को जानना चाहता है। श्रीकृष्ण उसे बताते हैं कि किस प्रकार से स्थितप्रज्ञ होकर मनुष्य आसक्ति, भय और क्रोध से मुक्त हो जाता है और सभी परिस्थितियों में उसकी इन्द्रियाँ उसके वश में हो जाती हैं और उसका मन सदा के लिए भगवान की भक्ति में तल्लीन हो जाता है। पश्चात् वे स्पष्ट करते हैं कि किस प्रकार से मानसिक संताप, काम-वासना और लोभ विकसित होते हैं और किस प्रकार से इनका उन्मूलन किया जा सकता है।

श्लोक पर सीधे जाएँ (Jump to Verse):
1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 32 33 34 35 36 37 38 39 40 41 42-43 44 45 46 47 48 49 50 51 52 53 54 55 56 57 58 59 60 61 62 63 64 65 66 67 68 69 70 71 72
श्लोक 2.1 ॥ सञ्जय उवाच ॥
तं तथा कृपयाविष्टमश्रुपूर्णाकुलेक्षणम् | विषीदन्तमिदं वाक्यमुवाच मधुसूदन: || 1||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजयः उवाच;-संजय ने कहा; तम्-उसे, अर्जुन को; कृपया-करुणा के साथ; आविष्टम–अभिभूत; अश्रु-पूर्ण-आसुओं से भरे; आकुल-निराश; ईक्षणम्-नेत्र; विषीदन्तम्-शोकाकुल; इदम्-ये; वाक्यम्-शब्द; उवाच-कहा;
संजय ने कहा-करुणा से अभिभूत, मन से शोकाकुल और अश्रुओं से भरे नेत्रों वाले अर्जुन को देख कर श्रीकृष्ण ने निम्नवर्णित शब्द कहे।

अर्जुन की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए संजय ने 'कृपया' शब्द का प्रयोग किया है जिसका अर्थ करुणा या संवेदना है। यह संवेदना दो प्रकार की होती है। एक दिव्य संवेदना होती है जिसका अनुभव भगवान और संत को भौतिक जगत में भगवान से विमुखता के कारण कष्ट सह रही आत्माओं को देखकर। दूसरी संवेदना वह होती है जिसका अनुभव हम दूसरों के कष्टों को देखकर होता है।

भौतिक संवेदना होना अच्छी बात है किन्तु यह सर्वदा वंदनीय नहीं है। यह किसी वाहन को चला रहे भूख से व्याकुल चालक की ओर ध्यान न देकर वाहन की देख-रेख करने जैसा है। अर्जुन दूसरी प्रकार की संवेदना का अनुभव कर रहा है। वह युद्ध के लिए एकत्रित अपने शत्रुओं के प्रति लौकिक करुणा से अभिभूत है। गहन शोक से संतप्त अर्जुन की निराशा यह दर्शाती है कि स्वयं उसे इस संवेदना की अत्यंत आवश्यकता है। इसलिए अन्य लोगों पर करुणा करने का उसका विचार निरर्थक प्रतीत होता है। इस श्लोक में श्रीकृष्ण को मधुसूदन कह कर संबोधित किया गया है क्योंकि उन्होंने मधु नाम के राक्षस का संहार किया था और इसलिए उनका नाम 'मधुसूदन' या 'मधु राक्षस का दमन करने वाला' पड़ गया। यहाँ श्रीकृष्ण अर्जुन के मन में उत्पन्न संदेह रूपी राक्षस को मारना चाहते हैं जो उसे अपने युद्ध धर्म का पालन करने से रोक रहा है।

श्लोक 2.2
श्रीभगवानुवाच | कुतस्त्वा कश्मलमिदं विषमे समुपस्थितम् | अनार्यजुष्टमस्वर्ग्यमकीर्तिकरमर्जुन || 2||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान्-उवाच-परमात्मा श्रीकृष्ण ने कहा; कुत:-कहाँ से; त्वा-तुमको; कश्मलम्-मोह, अज्ञान; इदम्-यह; विषमे इस संकटकाल में; समुपस्थितम्-उत्पन्न हुआ; अनार्य-अशिष्ट जन; जुष्टम्-सद्-आचरण योग्य; अस्वय॑म्-उच्च लोकों की ओर न ले जाने वाला; अकीर्तिकरम्-अपयश का कारण; अर्जुन-अर्जुन।
परमात्मा श्रीकृष्ण ने कहाः मेरे प्रिय अर्जुन! इस संकट की घड़ी में तुम्हारे भीतर यह विमोह कैसे उत्पन्न हुआ? यह सम्माननीय लोगों के अनुकूल नहीं है। इससे उच्च लोकों की प्राप्ति नहीं होती अपितु अपयश प्राप्त होता है।

हमारे पवित्र ग्रन्थों में 'आर्य' शब्द का प्रयोग किसी प्रजाति या जाति समूह के लिए नहीं किया गया है। मनु स्मृति में आर्य शब्द की परिभाषा एक परिपक्व और सभ्य मानव के रूप में की गई है। आर्य '(भद्र पुरूष)' जैसा संबोधन सबके कल्याण की भावना की ओर संकेत करता है। वैदिक धर्म ग्रन्थों का उद्देश्य मानव को सभी प्रकार से श्रेष्ठ 'आर्य' बनने का उपदेश देना है। श्रीकृष्ण अर्जुन की वर्तमान मानसिक स्थिति को इन आदर्शों के प्रतिकूल पाते हैं और इसलिए उसकी व्याकुलता को ध्यान में रखते हुए वह उसे फटकारते हुए समझाते हैं कि वर्तमान परिस्थितियों में इस आदर्शवादी अवस्था में कैसे रहा जा सकता है। भगवद्गीता या 'भगवान की दिव्य वाणी' वास्तव में यहीं से आरम्भ होती है क्योंकि श्रीकृष्ण, जो अभी तक शांत थे, अब इस श्लोक से बोलना आरम्भ करते हैं। परमात्मा पहले अर्जुन के भीतर ज्ञान प्राप्त करने की क्षुधा उत्पन्न करते हैं।

ऐसा करने के लिए वह यह तर्क देते हैं कि उत्तम पुरुष के लिए इस प्रकार के भ्रम की स्थिति में रहना अपमानजनक और सर्वथा अनुचित है। इसके बाद वे अर्जुन को अवगत करवाते हैं कि मिथ्या-मोह के परिणामों से पीड़ा, अपयश तथा जीवन में असफलता मिलती है और आत्मा का पतन होता है। भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को सांत्वना देने के बजाय उसकी वर्तमान मनोदशा को देखते हुए उसे और अधिक व्याकुल करना चाह रहे हैं। जब हम व्याकुल होते हैं तब हमें दुःख की अनुभूति होती है क्योंकि यह आत्मा की वास्तविक स्थिति नहीं है। यह असंतोष की अनुभूति यदि उचित दिशा की अग्रसर होती है तब वह वास्तविक ज्ञान की खोज में प्रेरक सिद्ध होती है। संदेह का उचित निवारण मनुष्य को गूढ ज्ञान प्राप्त करने में सहायता करता है। इसलिए भगवान कभी-कभी जानबूझकर मनुष्य को कठिनाई में डालते हैं ताकि वह अपनी उलझन को सुलझाने के लिए ज्ञान की खोज करने में विवश हो जाए और जब उसके संदेह का पूरी तरह से निवारण हो जाता है तब वह मनुष्य ज्ञान की उच्चावस्था को प्राप्त कर लेता है।

श्लोक 2.3
क्लैब्यं मा स्म गम: पार्थ नैतत्त्वय्युपपद्यते | क्षुद्रं हृदयदौर्बल्यं त्यक्त्वोत्तिष्ठ परन्तप || 3||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: क्लैब्यम्-नपुंसकता; मा-स्म-न करना; गमः-प्राप्त हो; पार्थ-पृथापुत्र,अर्जुन; न कभी नहीं; एतत्-यह; त्वयि तुमको; उपपद्यते-उपयुक्त; क्षुद्रम्-तुच्छ; हृदय-हृदय की; दौर्बल्यम्-दुर्बलता; त्यक्त्वा-त्याग कर; उत्तिष्ठ खड़ा हो; परम्-तप-शत्रुओं का दमनकर्ता।
हे पार्थ! अपने भीतर इस प्रकार की नपुंसकता का भाव लाना तुम्हें शोभा नहीं देता। हे शत्रु विजेता! हृदय की तुच्छ दुर्बलता का त्याग करो और युद्ध के लिए तैयार हो जाओ।

ज्ञान के मार्ग पर सफलतापूर्वक कदम रखने के लिए उच्च आत्मबल और नैतिकता का होना आवश्यक है। जिसके लिए किसी मनुष्य को आशावान, उमंगी और ऊर्जावान बनकर आलस्य, स्वछन्दता की प्रवृत्ति, अज्ञान और आसक्ति जैसे दोषों पर विजय प्राप्त करना आवश्यक होता है। श्रीकृष्ण एक योग्य गुरु हैं और इसलिए अर्जुन को फटकारते हुए वे अब उसे परिस्थितियों का सामना करने के लिए प्रोत्साहित कर उसके आत्मबल को बढ़ाते हैं।

अर्जुन को पृथा पुत्र (कुन्ती का दूसरा नाम) के नाम से संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण उसे अपनी माता कुन्ती का स्मरण करने का आग्रह करते हैं। कुन्ती ने स्वर्ग के राजा इन्द्र की उपासना की थी और इन्द्र के आशीर्वाद से अर्जुन का जन्म हुआ था इसलिए वह इन्द्र के समान असाधारण बल और पराक्रम से सम्पन्न था। श्रीकृष्ण उसे इन सबका स्मरण करवाते हुए प्रोत्साहित कर रहे हैं कि वह ऐसी दुर्बलता को स्वीकार न करे जो उसके यशस्वी पूर्वजों के अनुरूप नहीं है। श्रीकृष्ण अर्जुन को पुनः परन्तप अर्थात 'शत्रुओं का विजेता' के संबोधन द्वारा उसे क्षत्रिय धर्म के कर्तव्यों का पालन करने की इच्छा का त्याग करने वाले अपने भीतर उत्पन्न हुए शत्रु का दमन करने की प्रेरणा देते हैं।श्रीकृष्ण कहते हैं कि अर्जुन जिस प्रकार का मनोभाव व्यक्त कर रहा है वह न तो उसका धर्म है और न ही वास्तविक संवेदना है, अपितु यह मोह है। दुर्बल मानसिकता ही इसकी जड़े हैं। यदि अर्जुन का आचरण वास्तव में ज्ञान और करुणा पर आधारित था तब उसे न तो किसी प्रकार की व्यथा और न ही शोक की अनुभूति होनी चाहिए।

श्लोक 2.4 ॥ अर्जुन उवाच ॥
कथं भीष्ममहं सङ्ख्ये द्रोणं च मधुसूदन | इषुभि: प्रतियोत्स्यामि पूजार्हावरिसूदन || 4||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुन उवाच-अर्जुन ने कहा; कथम् कैसे; भीष्मम्-भीष्म को; अहम् मे; संख्ये-युद्ध मे; द्रोणम्-द्रोणाचार्य को; च-और; मधुसूदन-मधु राक्षस के दमनकर्ता, श्रीकृष्ण; इषुभिः-वाणों से; प्रतियोत्स्यामि प्रहार करूँगा; पूजा-अहौ-पूजनीय; अरि-सूदन-शत्रुओं के दमनकर्ता! ।
अर्जुन ने कहा-हे मधुसूदन! हे शत्रुओं के दमनकर्ता! मैं युद्धभूमि में कैसे भीष्म और द्रोणाचार्य जैसे महापुरुषों पर बाण चला सकता हूँ जो मेरे लिए परम पूजनीय है।

श्रीकृष्ण के युद्ध करने के आह्वान की प्रतिक्रिया में अर्जुन अपनी व्यग्रता प्रदर्शित करते हुए कहता है कि भीष्म और द्रोण मेरे लिए आदरणीय और आराध्य हैं। भीष्म ब्रह्मचर्य की मूर्ति थे और अपने पिता को दिए गए वचन के पालन हेतु वे जीवन भर ब्रह्मचारी रहे। अर्जुन को शस्त्रविद्या प्रदान करने वाले गुरु द्रोणाचार्य युद्ध कला में निपुण थे और उन्हीं से विद्या प्राप्त कर अर्जुन धनुर्विद्या में पारंगत हुआ था। दूसरे पक्ष की ओर से कृपाचार्य भी एक अन्य महापुरुष थे जिनके प्रति अर्जुन सदैव श्रद्धाभाव रखता था। ऐसे उच्च आचरण वाले विद्वान लोगों के प्रति शत्रुता का व्यवहार करना संवेदनशील अर्जुन को अब घृणास्पद कार्य प्रतीत होने लगा था। उसके अनुसार जब इन श्रद्धेय महापुरुषों के साथ किसी प्रकार का तर्क करना भी अनुचित था तब फिर वह किस प्रकार उनके विरुद्ध हथियार उठा सकता था। अर्जुन ने कहाः हे कृष्ण! कृपया मेरी वीरता पर संदेह न करें। मैं युद्ध करने के लिए तैयार हूँ परन्तु नैतिक दायित्व निर्वहन के दृष्टिकोण से मेरा कर्त्तव्य अपने आचार्यगणों का आदर करना और धृतराष्ट्र के पुत्रों पर दया दर्शाना है।

श्लोक 2.5
गुरूनहत्वा हि महानुभावान् श्रेयो भोक्तुं भैक्ष्यमपीह लोके | हत्वार्थकामांस्तु गुरूनिहैव भुञ्जीय भोगान् रुधिरप्रदिग्धान् || 5||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: गुरून्–शिक्षक; अहत्वा-न मारना; हि-निःसंदेह; महा-अनुभावान्-आदरणीय वयोवृद्ध को; श्रेयः-उत्तम; भोक्तुम्-जीवन का सुख भोगना; भैक्ष्यम्-भीख माँगकर; अपि-भी; इह-इस जीवन में; लोके-इस संसार में; हत्वा-वध कर; अर्थ-लाभ; कामान्–इच्छा से; तु–लेकिन; गुरून्-आदरणीय वयोवृद्ध; इह-इस संसार में; एव–निश्चय ही; भुञ्जीय-भोगना; भोगान्-सुख; रूधिर-रक्त से; प्रदिग्धान्-रंजित।
ऐसे आदरणीय महापुरुष जो मेरे गुरुजन हैं, को मारकर सुखपूर्वक जीवन व्यतीत करने की अपेक्षा तो भीख मांगकर इस संसार में जीवन निर्वाह करना अधिक श्रेयस्कर है। यदि हम उन्हें मारते हैं तो उसके परिणामस्वरूप हम जिस सम्पत्ति और सुखों का भोग करेंगे वे रक्तरंजित होंगे।

यह कहना तर्क संगत होगा कि अर्जुन को सन्मानपूर्वक जीवन निर्वाह के लिए साम्राज्य प्राप्त करने हेतु युद्ध करना चाहिए किन्तु अर्जुन यहां इन तर्कों का खण्डन करता है। वह कहता है कि वह ऐसा जघन्य अपराध करने की अपेक्षा भीख मांगकर जीवन निर्वाह करना पसंद करेगा। आगे वह यह तर्क व्यक्त करता है कि यदि वह युद्ध लड़ने जैसे जघन्य अपराध में संलिप्त होकर अपने आदरणीय वयोवृद्धों और बंधु-बान्धवों का वध करता है तो उसकी आत्मा उसके इस कृत्य के फलस्वरूप प्राप्त होने वाली सुख-संपत्ति और सत्ता का सुख भोगने की अनुमति नहीं देगी।

शेक्सपीयर के 'मैकबेथ' नाटक में एक ऐसे उदाहरण का उल्लेख किया गया है कि अपराध बोध से ग्रस्त मनुष्य अच्छी निद्रा का सुख प्राप्त नहीं कर सकता। छल-कपट आदि बुरे कर्मों से प्राप्त की गई सम्पत्ति और सत्ता से सुख और चैन छिन जाता है। मैकबेथ स्काटलैण्ड का एक सम्मानित व्यक्ति था। एक बार यात्रा के दौरान स्कॉटलैण्ड का राजा रात को विश्राम करने के लिए उसके घर ठहरा था। मैकबेथ की पत्नी ने उसे राजा की हत्या कर उसका राज-सिंहासन पाने के लिए उकसाया। मैकबेथ ने उसके परामर्श को स्वीकार कर राजा की हत्या कर दी और उसके पश्चात् वह और उसकी पत्नी 'राजा और रानी' के रूप में स्काटलैण्ड के सिंहासन पर बैठ गये। एक वर्ष के पश्चात् मैकबेथ अपने महल में अपनी रातें जागकर व्यतीत करने लगा। लेखक लिखता है-“मैकबेथ ने षड़यन्त्र रचकर सोये हुए राजा को मारा था इसलिए मैकबेथ रात को कभी सो नहीं पाया।" रानी बारंबार अपने हाथों को साफ करते हुए दिखाई देती थी ताकि उसके रक्तरंजित हाथों पर लगे रक्त के धब्बे धुल जाएँ। इस श्लोक में अर्जुन यह संवेदना प्रकट कर रहा है कि यदि वह युद्ध कर इन श्रद्धावान् महानुभावों का वध कर देगा तब उसके हाथ भी रक्तरंजित होंगे और उसकी आत्मा उसे किसी भी प्रकार का राजसी ठाठ बाट और राजसत्ता का सुख भोगने की अनुमति नहीं देगी।

श्लोक 2.6
न चैतद्विद्म: कतरन्नो गरीयो यद्वा जयेम यदि वा नो जयेयु: | यानेव हत्वा न जिजीविषाम स्तेऽवस्थिता: प्रमुखे धार्तराष्ट्रा: || 6||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; च-और; एतत्-यह; विद्द्मः-हम जानते हैं; कतरत्-जो; न:-हमारे लिए; गरीयः-श्रेयस्कर; यद्वा-क्या; जयेम-हम विजयी हो; यदि यदि; वा-या; न:-हमें; जयेयुः-विजयी हो; यान्-जिनको; एव-निश्चय ही; हत्वा मारने के बाद; न कभी नहीं; जिजीविषामः-हम जीवित रहना चाहेंगे; ते वे सब; अवस्थिताः-खड़े हैं; प्रमुखे-हमारे सामने; धार्तराष्ट्राः-धृतराष्ट्र के पुत्र।
हम यह भी नहीं जानते कि इस युद्ध का परिणाम हमारे लिए किस प्रकार से श्रेयस्कर होगा। उन पर विजय पाकर या उनसे पराजित होकर। यद्यपि उन्होंने धृतराष्ट्र का पक्ष लिया है और अब वे युद्धभूमि में हमारे सम्मुख खड़े हैं तथापि उनको मारकर हमारी जीवित रहने की कोई इच्छा नहीं होगी।

जब किसी महत्त्वपूर्ण कार्य पर विचार किया जाता है तब मनुष्य उसके कई प्रकार के परिणामों पर विचार करता है। अर्जुन भी इस विवाद में पड़ जाता है कि कौरवों को पराजित करना उचित है या उनके हाथों पराजित होना? अर्जुन को दोनों विकल्पों में पराजय दिखाई देती है क्योंकि युद्ध में कौरवों का वध करके यदि उसे विजय प्राप्त होती है तब भी उसकी आगे जीवित रहने की इच्छा नहीं होगी। यद्यपि भीष्म, द्रोणाचार्य और कृपाचार्य आदि अधर्मी कौरवों का पक्ष लेकर वास्तव में अधर्म का कार्य कर रहे थे। इन लोगों के लिए प्रयुक्त 'अर्थ काम' शब्द जिसका अर्थ 'संपत्ति और पद प्रतिष्ठा का लोभ' होना है इन पर चरितार्थ होता है क्योंकि इन्होंने दुश्चरित्र दुर्योधन का पक्ष लिया था। इसलिए युद्ध में इनका वध करना ही न्याय था। वास्तव में युद्ध के पश्चात् भीष्म पितामह ने स्वयं यह स्वीकार किया था कि यदि कोई आचार्य अधर्म का कार्य करता है तब उसका त्याग करना उचित है।

यहाँ भीष्म पितामह के संबंध में उल्लेख करना विशेष रूप से आवश्यक है। श्रीमद्भागवत (श्लोक: 9.22.19) के अनुसार वह श्रीकृष्ण के परम भक्त थे। उनका अपनी इन्द्रियों पर पूर्ण संयम था और वे उदारता व शौर्य की मूर्ति थे। वह सदा सत्य बोलने वाले महापुरुष के रूप में भी जाने जाते थे क्योंकि उन्होंने जीवन में सदैव सत्य बोलने की प्रतिज्ञा ली थी। उन्हें इच्छामृत्यु का वरदान प्राप्त था। यहाँ तक कि वे अपनी मृत्यु का समय भी अपनी इच्छा के अनुरूप निश्चित कर सकते थे। इन सभी विविध विशिष्टताओं के कारण श्रीमद्भागवतम् में उनकी गणना 'बारह महापुरुषों' या 'महाजनो' में की गई है। स्वयम्भूर्नारदः शम्भुः कुमारः कपिलो मनुः। प्रह्लादो जनको भीष्मो बलियासकिर्वयम्।। (श्रीमद्भागवतम्-6.3.20)

"धर्म के मर्म को जानने वाले विद्वानों के नाम इस प्रकार हैं-सबसे पहले जन्मे ब्रह्मा, नारद मुनि, भगवान शिव, चारो कुमार, भगवान कपिल, (देवहूति के पुत्र) स्वयम्भुव मनु, महाराज प्रह्लाद, महाराज जनक, भीष्म पितामह, महाराज बली, शुकदेव मुनि, और वेदव्यास"।

इस प्रकार भीष्म एक विशुद्ध आत्मा थे जो कभी भी धर्म के विरुद्ध कार्य नहीं करते थे। उनका समग्र जीवन सांसारिकता विषयों से परे था। यद्यपि वे कौरवों के पक्ष की ओर से युद्ध लड़ रहे थे फिर भी उन्होंने युधिष्ठिर को युद्ध आरंम्भ होने से पूर्व कहा था कि "मैं अधर्म का साथ देने के लिए बाध्य हूँ किन्तु मैं तुम्हें वरदान देता हूँ कि तुम युद्ध में विजय प्राप्त करोगे"। भीष्म जानते थे कि धर्म का पालन करने वाले पाण्डव-जिनके पक्ष में भगवान श्रीकृष्ण थे, कभी पराजित नहीं हो सकते। अधर्म का पक्ष लेते हुए भी वे यह दर्शाना चाहते थे कि स्वर्ग और पृथ्वी की बड़ी से बड़ी शक्तियाँ भी मिलकर पाण्डवों पर विजय प्राप्त नहीं कर सकतीं। इसलिए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में सहयोग प्रदान करने के प्रयोजनार्थ अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

कौरवों के पक्ष में युद्ध करने के पश्चात् भीष्म की उनके प्रति पूर्ण समर्पण की भावना से श्रीकृष्ण भलीभांति परिचित थे। इसी कारण उन्होंने भीष्म के वचन का सम्मान रखने के लिए अपना वचन भंग किया था। भीष्म ने युद्ध के दौरान एक निश्चित दिन यह संकल्प लिया था कि वह अगले दिन सूर्य अस्त होने से पूर्व या तो पाण्डवों के महापराक्रमी योद्धा अर्जुन का वध करेंगे या श्रीकृष्ण को महाभारत के युद्ध में शस्त्र न उठाने के अपने वचन को भंग करने पर विवश कर देंगे। कवि संत सूरदास ने भीष्म के वचन का वर्णन इस प्रकार से किया है: आजु जो हरिहिं न शस्त्र गहाऊँ तो लाजहुँ गंगा जननी को, शान्तनु सुत न कहाऊँ । (संत सूरदास)

"यदि मैं भगवान श्रीकृष्ण को युद्ध में शस्त्र उठाने के लिए विवश न कर दूं, तो मैं अपनी माता गंगा को लज्जित करूँ और राजा शान्तनु का पुत्र भी न कहलाऊँ।"

भीष्म ने अति पराक्रम से युद्ध लड़ते हुए अर्जुन के रथ को तोड़ दिया और अर्जुन भूमि पर गिर गया। ऐसी दशा में भगवान श्रीकृष्ण ने रथ का पहिया उठाया और भीष्म के सामने आकर उन्हें अर्जुन को मारने से रोका। भीष्म ने जब भगवान श्रीकृष्ण को रथ का पहिया अपने हाथों में उठाते हुए देखा तब वे जोर से हँसने लगे। वे समझ गए कि भक्तवत्सल भगवान (जो अपने भक्तों को आनन्द प्रदान करते हैं) ने अपने भक्त के वचन की लाज रखने के लिए स्वयं अपने वचन को भंग किया। वास्तव में भीष्म की श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धाभक्ति रसिक भाव की थी। वे प्रायः वृन्दावन में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का चिन्तन करते थे। जहाँ श्रीकृष्ण सायंकाल में वन में गायों को चराने के पश्चात् गाँव में लौटते थे तब उस समय गायों के खुरों से उड़ने वाली धूल से उनके सुन्दर मुख की कान्ति और अधिक बढ़ जाती थी। महाभारत के युद्ध के दौरान घोड़ों के खुरों से उठने वाली धूल से श्रीकृष्ण की अनुपम छवि की शोभा और अधिक बढ़ जाती थी और भीष्म पितामह वहाँ भगवान के दिव्य रूप का दर्शन कर अत्यन्त प्रसन्न होते थे। अपने जीवन के अंतिम क्षणों में जब भीष्म पितामह बाणों की शैय्या पर सो रहे थे तब वह भगवान के दिव्य रूप का चिन्तन करते रहे और भगवान से निम्न प्रकार से प्रार्थना करते थे। युधि तुरगरजोविधूम्रविष्वक्कचलुलितश्रमवार्यलङ्कतास्ये। मम निशितशरैर्विभिद्यमानत्वचि विलसत्कवचेऽस्तु कृष्ण आत्मा।। (श्रीमद्भागवतम्-1.9.34)

"युद्धभूमि में श्रीकृष्ण के लहराते हुए घुघराले केश अश्वों के खुरों से उठने वाली धूल से ढक जाते थे और रथ को हाँकने से शारीरिक श्रम के कारण उनका मुख पसीने से गीला हो जाता था और ये सब आभूषणों की भांति मेरे भगवान के दिव्य सौन्दर्य में वृद्धि करते थे और मेरे तीखे बाणों से हुए घाव उनकी मनोहर छवि की शोभा को और अधिक बढ़ाते थे। अतः उन सुन्दर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति मेरा मन, शरीर और आत्मा समर्पित हो जाये।"

भगवान श्रीकृष्ण भीष्म की प्रेम भक्ति का सम्मान करते हुए उनसे बाणों की मृत्यु शैय्या पर पड़े रहने के दौरान मिलने गये। अपने सम्मुख भगवान के दर्शन कर 'महाजन' भीष्म ने अपनी इच्छा से अपना शरीर त्याग दिया।

श्लोक 2.7
कार्पण्यदोषोपहतस्वभाव: पृच्छामि त्वां धर्मसम्मूढचेता: | यच्छ्रेय: स्यान्निश्चितं ब्रूहि तन्मे शिष्यस्तेऽहं शाधि मां त्वां प्रपन्नम् || 7||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: कार्पण्य-दोष-कायरता का दोष; उपहत-ग्रस्त; स्वभावः-प्रकृति, पृच्छामि-मैं पूछ रहा हूँ; त्वाम्-तुमसे; धर्म-कर्त्तव्य; सम्मूढ-व्याकुल; चेताः-हृदय में; यत्-जो; श्रेयः-श्रेष्ठ; स्यात्-हो; निश्चितम् निश्चयपूर्वक; ब्रूहि-कहो; तत्-वह; मे-मुझको; शिष्यः-शिष्य; ते तुम्हारा; अहम्-मैं; शाधि-कृपया उपदेश दीजिये; माम्-मुझको; त्वाम्-तुम्हारा; प्रपन्नम् शरणागत।
मैं किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया हूँ और गहन चिन्ता में डूब कर कायरता दिखा रहा हूँ। मैं आपका शिष्य हूँ और आपके शरणागत हूँ। कृपया मुझे निश्चय ही यह उपदेश दें कि मेरा हित किसमें है।

भगवद्गीता का यह क्षण अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। जब प्रथम बार अर्जुन, जो श्रीकृष्ण के परम मित्र और चचेरे भाई थे, भगवान श्रीकृष्ण को अपना गुरु बनने की प्रार्थना करते हैं। अर्जुन श्रीकृष्ण के सम्मुख यह स्वीकार करते हैं कि उन पर 'कार्पण्यदोष' हावी हो गया है या उनका आचरण कायरों जैसा हो गया है और इसलिए वह श्रीकृष्ण को अपना गुरु बनने और उन्हें धर्म के पथ पर चलने का उपदेश देने के लिए निवेदन करते हैं। सभी वैदिक ग्रन्थ एक स्वर से घोषणा करते हैं कि आध्यात्मिक गुरु के द्वारा ही हमें अपने आत्मकल्याण के लिए दिव्य ज्ञान प्राप्त होता है।  तद्विज्ञानार्थं स गुरुमेवाभिगच्छेत् समित्पाणिः श्रोत्रियं ब्रह्मनिष्ठम्।। (मुण्डकोपनिषद्-1.2.12)

"परम सत्य को जानने के लिए गुरु की खोज करनी होगी, जो वेदादि शास्त्रों का ज्ञाता हो और जो व्यावहारिक रूप से परब्रह्म में स्थित हो चुका हो।" तस्माद् गुरुं प्रपद्येत जिज्ञासुः श्रेय उत्तमम्।  शाब्दे पर च निष्णातं ब्रह्मण्युपशमाश्रयम्।। (श्रीमद्भागवतम्-11:3:21)

"सत्य की खोज करने वालों को अध्यात्मिक गुरु के प्रति पूर्ण शरणागत होना चाहिए जो वैदिक ग्रन्थों के सार को भलीभांति समझता है और भौतिक संसार की उपेक्षा कर भगवान के पूर्ण शरणागत होता है" रामचरितमानस में वर्णन किया गया है: गुरु बिनु भव निधि तरइ न कोई।  जौं बिरंचि संकर सम होई।

 "यहाँ तक कि आध्यात्मिक ज्ञान में उन्नत साधक भी बिना गुरु की कृपा के इस मायारूपी संसार को पार नहीं कर सकते।" श्रीकृष्ण ने स्वयं गीता के श्लोक संख्या 4.34 में वर्णन किया है-"सत्य को जानने के लिए गुरु की शरण में जाओ, श्रद्धापूर्वक उनकी सेवा करो और उनसे तत्त्व ज्ञान प्राप्त करो। ऐसा सिद्ध संत महापुरुष आपको ज्ञान देगा क्योंकि वह यथार्थ को जानता है।" ज्ञान प्राप्त करने के लिए गुरु की शरण में जाने की अनिवार्यता सिद्ध करने के लिए श्रीकृष्ण भी गुरु की शरण में गए थे। अपनी युवावस्था में श्रीकृष्ण चौसठ कलाओं की विद्या प्राप्त करने के लिए सांदीपनि गुरु के आश्रम में रहे। श्रीकृष्ण के सहपाठी सुदामा ने इस विषय पर निम्न प्रकार से टिप्पणी की है।

  यस्यच्छन्दोमयं ब्रह्म देह आवपनं विभो। श्रेयसां तस्य गुरुषु वासोऽत्यन्तविडम्बनम्।। (श्रीमद्भागवतम् 10:80:45)

"हे श्रीकृष्ण! वेद आपके शरीर के समान हैं, इनमें प्रकट ज्ञान आप ही हैं। इसलिए आपको गुरु बनाने की क्या आवश्यकता पड़ी, फिर भी यदि आप गुरु से शिक्षा प्राप्त करने का अभिनय कर रहे हो तो यह केवल आपकी दिव्य लीला है।" वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण जगत् के आदि गुरु हैं क्योंकि वे भौतिक संसार में सबसे पहले जन्मे ब्रह्माजी के भी गुरु हैं। उन्होंने हमारे कल्याण के लिए यह लीला रची और अपने इस दृष्टांत द्वारा हमें शिक्षित किया कि हमारी आत्मा पर माया हावी है और अज्ञान को दूर करने के लिए हमें गुरु की आवश्यकता है। इस श्लोक में अर्जुन एक शिष्य के रूप में श्रीकृष्ण के समक्ष आत्मसर्मपण कर उन्हें अपना गुरु स्वीकार करते हुए उसे उचित मार्ग दिखाने के लिए ज्ञान प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

श्लोक 2.8
न हि प्रपश्यामि ममापनुद्याद् यच्छोकमुच्छोषणमिन्द्रियाणाम् | अवाप्य भूमावसपत्नमृद्धं राज्यं सुराणामपि चाधिपत्यम् || 8||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; हि-निश्चय ही; प्रपश्यामि मैं देखता हूँ; मम–मेरा; अपनुद्यात्-दूर कर सके; यत्-जो; शोकम्-शोक; उच्छोषणम्-सुखाने वाला; इन्द्रियाणाम्-इन्द्रियों को; अवाप्य-प्राप्त करके; भूमौ–पृथ्वी पर; असपत्नम्-शत्रुविहीन; ऋद्धम्-समृद्ध; राज्यम्-राज्य; सुराणाम् स्वर्ग के देवताओं जैसा; अपि-चाहे; च-भी; आधिपत्यम्-प्रभुत्व।
मुझे ऐसा कोई उपाय नहीं सूझता जो मेरी इन्द्रियों को सुखाने वाले इस शोक को दूर कर सके। यदि मैं धन सम्पदा से भरपूर इस पृथ्वी पर निष्कंटक राज्य प्राप्त कर लेता हूँ या देवताओं जैसा प्रभुत्व प्राप्त कर लेता हूँ तब भी मैं इस शोक को दूर करने में समर्थ नहीं हो पाऊँगा।

जब हम किसी विपत्ति मे फंस जाते हैं तब हमारी बुद्धि उस विपत्ति के कारणों का विश्लेषण करने लगती है। जब आगे कोई उपाय नहीं सूझता और ओर रास्ते बंद हो जाते है तब विषाद उत्पन्न होता है। क्योंकि अर्जुन की यह समस्या उसकी बुद्धि की क्षमता से परे है और उसका लौकिक ज्ञान उसे दुःख के महासागर में से निकालने के लिए अपर्याप्त है। 

श्रीकृष्ण को गुरु के रूप में स्वीकार कर अर्जुन अब अपनी दयनीय दशा प्रकट करने के लिए अपना हृदय उनके सम्मुख उड़ेल देता है। अर्जुन की इस दशा को उत्तम नहीं कहा जा सकता। कभी-कभी हमें भी अपनी जीवन यात्रा में ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। जब हम सुख की कामना करते हैं तब हमें दुःख मिलता है। हम ज्ञान प्राप्त करना चाहते हैं किन्तु हम अज्ञान के अंधकार को दूर करने में समर्थ नहीं हो पाते। हम सच्चा प्रेम पाने के लिए तरसते हैं किन्तु हमें बार-बार निराशा मिलती है।

हमारे कॉलेज की डिग्रियाँ, अर्जित ज्ञान और छात्रवृत्तियाँ हमारे जीवन की इन कठिनताओं का समाधान नहीं कर सकतीं। हमें जीवन की उलझनों का समाधान करने के लिए दिव्य ज्ञान प्राप्त करने की आवश्यकता होती है। दिव्य ज्ञान हमें तभी मिलता है जब हम वास्तविक गुरु को खोज लेते हैं जो सदैव इन्द्रियातीत रहता है। अतः हमें विनम्रतापूर्वक उससे ज्ञान प्राप्त करने के लिए उद्यत रहना चाहिए। अर्जुन इसी मार्ग का अनुसरण करने का निर्णय करता है।

श्लोक 2.9 ॥ सञ्जय उवाच ॥
एवमुक्त्वा हृषीकेशं गुडाकेश: परन्तप | न योत्स्य इति गोविन्दमुक्त्वा तूष्णीं बभूव ह || 9||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सञ्जयः उवाच-संजय ने कहा; एवम्-इस प्रकार; उक्त्वा -कहकर; हृषीकेशम्-कृष्ण से, जो मन और इन्द्रियों के स्वामी हैं; गुडाकेश:-निद्रा को वश में करने वाला, अर्जुन; परन्तपः-शत्रुओं का दमन करने वाला, अर्जुन; न योस्ये-मैं नहीं लड़ूंगा; इति-इस प्रकार; गोविन्दम्-इन्द्रियों को सुख देने वाले, कृष्ण; उक्तवा-कहकर; तृष्णीम्-चुप; बभूव हो गया; ह-वह हो गया;।
संजय ने कहा-ऐसा कहने के पश्चात् 'गुडाकेश' तथा शत्रुओं का दमन करने वाला अर्जुन ने 'हृषीकेश' कृष्ण से कहा, हे गोविन्द! मैं युद्ध नहीं करूँगा और शांत हो गया।

दूरदर्शी संजय ने धृतराष्ट्र को सुनाए जा रहे वृतान्त में संबोधित किए गये व्यक्तियों के लिए विशेष नामों को प्रयोग किया है। यहाँ अर्जुन को गुडाकेश कह कर संबोधित किया गया है जिसका अर्थ है-'निद्रा पर विजय पाने वाला।'

निद्रा एक ऐसी शक्ति है जो सभी प्राणियों को कभी न कभी वशीभूत कर लेती है किन्तु अपनी दृढ़ शक्ति से अर्जुन ने स्वयं को इस प्रकार से संयमित किया था कि उसको तभी नींद आती थी जब उसकी सोने की इच्छा होती थी और वह भी केवल अर्जुन द्वारा निर्धारित अवधि तक। अर्जुन के लिए गुडाकेश शब्द का प्रयोग कर संजय गूढता से धृतराष्ट्र को संकेत करता है-'मनुष्यों के बीच ऐसा महानायक' जो निद्रा को वश में कर सकता है, वह अपने अवसाद पर भी विजय पा सकता है।

संजय ने श्रीकृष्ण के लिए हृषीकेश अर्थात् 'मन और इन्द्रियों के स्वामी' शब्द का प्रयोग किया है। इसका शाब्दिक संकेत यह है कि जो मन और इन्द्रियों के स्वामी हैं, वे निश्चित रूप से अर्जुन को इस किंकर्तव्यविमूढ़ता की स्थिति से बाहर ले आएंगे।

श्लोक 2.10
तमुवाच हृषीकेश: प्रहसन्निव भारत | सेनयोरुभयोर्मध्ये विषीदन्तमिदं वच: || 10||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तम्-उससे; उवाच-कहा; हृषीकेश:-मन और इन्द्रियों के स्वामी, श्रीकृष्ण ने; प्रहसन-हँसते हुए; इव-मानो; भारत-भरतवंशी धृतराष्ट्र; सेनयोः-सेनाओं के; उभयो:-दोनों की; मध्ये–बीच में; विषीदन्तम्-शोकमग्न; इदम् यह; वचः-शब्द।
हे भरतवंशी धृतराष्ट्र! तत्पश्चात् दोनों पक्षों की सेनाओं के मध्य शोककुल अर्जुन से कृष्ण ने हँसते हुए ये वचन कहे।

अर्जुन के शोकायुक्त कथनों के प्रतिकूल श्रीकृष्ण की प्रसन्नता यह प्रदर्शित कर रही थी कि परिस्थितियों से वे निराश नहीं थे अपितु इसके विपरीत वे इन परिस्थितियों में पूर्णतया शांत थे। ज्ञानयुक्त होकर ही कोई सभी प्रकार की परिस्थितियों में ऐसी समवृत्ति प्रदर्शित कर सकता है। अपने अधूरे ज्ञान के कारण हम जिन परिस्थितियों का सामना करने में स्वयं को असमर्थ पाते हैं, उन्हें हम दोषी मानते हैं, दुःखी होते हुए उन पर खीझते हैं, उनसे दूर भागना चाहते हैं और उन्हें अपने दुर्भाग्य के लिए उत्तरदायी ठहराते हैं। किन्तु प्रबुद्ध आत्माएँ हमें अवगत कराती हैं कि भगवान की यह सृष्टि सभी प्रकार से पूर्ण है तथा शुभ और अशुभ परिस्थितियाँ हमारे सम्मुख दिव्य प्रयोजन हेतु उत्पन्न होती हैं। ये सब हमारे आध्यात्मिक उत्थान की व्यवस्था करती हैं ताकि हम पूर्णता को प्राप्त करने की अपनी यात्रा में आगे बढ़ सके। जो लोग इस रहस्य को समझते हैं, वे कभी कठिन परिस्थितियों से विचलित नहीं होते बल्कि दृढ़ता और शांति से इनका सामना करते हैं। 

छान्दोग्योपनिषद् में वर्णन है कि भूकंप, चक्रवात, बाढ़ और तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाएँ भी भगवान द्वारा सृष्टि की गति के लिए निर्मित योजना का ही मुख्य भाग हैं। यह भी कहा जाता है कि भगवान जानबूझ कर कठिन परिस्थितियाँ उत्पन्न करते हैं ताकि लोगों को उनकी आध्यात्मिक उन्नति की यात्रा में शिथिल होने से रोका जाए। 

जब मनुष्य आत्मसंतुष्ट हो जाता है तब प्राकृतिक आपदाएँ मनुष्य को अपनी पूरी शक्ति लगाकर इनका सामना करने में समर्थ बनाने के लिए उत्पन्न होती हैं जिससे उसकी आत्मिक उन्नति सुनिश्चित होती है। यह ध्यान देना आवश्यक है कि जिस उन्नति की हम बात कर रहे हैं उसका तात्पर्य भौतिक विलासिता को बढ़ाने से नहीं है अपितु यह आत्मा की दिव्यता का आन्तरिक प्राकट्य है।

श्लोक 2.11
श्रीभगवानुवाच | अशोच्यानन्वशोचस्त्वं प्रज्ञावादांश्च भाषसे | गतासूनगतासूंश्च नानुशोचन्ति पण्डिता: || 11||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान् उवाच-परमप्रभु ने कहा; अशोच्यान्–जो शोक के पात्र नहीं हैं; अन्वशोच:-शोक करते हो; त्वम्-तुम; प्रज्ञावादान्-बुद्धिमता के वचन; च-भी; भाष से-कहते हो; गता असून्-मरे हुए; अगता असून्-जीवित; च-भी; न कभी नहीं; अनुशोचन्ति-शोक करते हैं; पण्डिताः-बुद्धिमान लोग।
भगवान ने कहा-तुम विद्धत्तापूर्ण वचन कहकर भी उनके लिए शोक कर रहे हो जो शोक के पात्र नहीं हैं। बुद्धिमान पुरुष न तो जीवित प्राणी के लिए शोक करते हैं और न ही मृत के लिए।

इस श्लोक के साथ श्रीकृष्ण अपने दिव्य उपदेश का उत्साहवर्धक प्रकटीकरण करते हैं। शोक में डूबे अर्जुन को प्रतीत होता है कि उसके शोक के कारण अत्यन्त ठोस हैं किन्तु उससे सहानुभूति रखने की अपेक्षा श्रीकृष्ण उसके तर्क का खण्डन करते हैं। वे कहते हैं कि अर्जुन यद्यपि तुम यह अनुभव करते हो कि तुम पांडित्यपूर्ण बातें कर रहे हो, किन्तु वास्तव में तुम अज्ञानता के कारण इस प्रकार की अनुचित वार्ता और व्यवहार कर रहे हो। इस शोक को तर्कसंगत ठहराने का कोई उचित कारण नहीं हो सकता। पंडित अर्थात जो बुद्धिमान हैं, वे न तो कभी किसी जीवित प्राणी के लिए और न ही मृत के लिए शोक करते हैं। इसलिए अपने संबंधियों को मारने में तुम्हें जो शोक प्रतीत हो रहा है, वह भ्रामक है और यह सिद्ध करता है कि तुम पंडित अर्थात विद्वान नहीं हो। शोक से परे किसी विद्वान पुरुष की खोज के लिए किसी को गीता की गहनता में जाने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि स्वयं 'भीष्म पितामह' इसके उपयुक्त उदाहरण हैं। वह एक ऐसे मनीषी थे जो जीवन और मृत्यु के रहस्य को पूरी तरह से समझते थे और परिस्थितियों की द्वैतता से ऊपर उठे हुए थे। किसी भी स्थिति में शांत रहने वाले भीष्म पितामह ने दुराचारी लोगों का पक्ष लेना वैसे ही स्वीकार किया जैसे कि वह भगवान की ही सेवा हो। इस प्रकार उन्होंने यह प्रदर्शित किया कि जो भगवान के प्रति शरणागत हैं, वे परिण म की चिंता किए बिना प्रत्येक परिस्थितियों में केवल अपने कर्तव्य का पालन करते हैं। ऐसे लोग कभी शोकग्रस्त नहीं होते क्योंकि वे सब परिस्थितियों को भगवान की कृपा मानते हैं।

श्लोक 2.12
न त्वेवाहं जातु नासं न त्वं नेमे जनाधिपाः | न चैव न भविष्याम: सर्वे वयमत: परम् || 12||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न-नहीं; तु-लेकिन; एव-निश्चय ही; अहम्-मे; जातु-किसी समय में; न-नहीं; आसम्-था; न-नहीं; त्वम्-तुम; न-नहीं; इमे-ये सब; जन-अधिपा:-राजागण; न कभी नहीं; च-भी; एव-वास्तव में; न-नहीं; भविष्यामः-रहेंगे; सर्वे वयम्-हम सब; अतः-इसके; परम्-आगे।
ऐसा कोई समय नहीं था कि जब मैं नहीं था या तुम नहीं थे और ये सभी राजा न रहे हों और ऐसा भी नहीं है कि भविष्य में हम सब नहीं रहेंगे।

डेल्फी स्थित अपोलो मंदिर के द्वार पर 'ग्नोथी सीटन' अर्थात् 'स्वयं को जानो' शब्द उत्कीर्ण है। एथेंस के विद्वान सुकरात लोगों को अपने वास्तविक स्वरूप को खोजने की प्रेरणा देते। वहाँ की एक स्थानीय दन्तकथा इस प्रकार है कि एक बार सुकरात किसी मार्ग से जा रहे थे। अपने गहन दार्शनिक चिन्तन में मगन सुकरात जब अचानक किसी से टकराये तब वह व्यक्ति क्रोध में बड़बड़ाया, “तुम देख नहीं सकते कि तुम कहाँ चल रहे हो?, तुम कौन हो?" सुकरात परिहास करते हुए उत्तर देता है-“मेरे प्रिय मित्र, मैं गत चालीस वर्षों से इस प्रश्न का उत्तर ढूंढ रहा हूँ। यदि तुम्हें इसका उत्तर पता है कि "मैं कौन हूँ, तो कृपया मुझे बताओ।" वैदिक परम्परा में भी जब ईश्वरीय ज्ञान की शिक्षा दी जाती है तो प्रायः उसका प्रारम्भ आत्म-ज्ञान की शिक्षा से होता है। श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता में भी इसी दृष्टिकोण को प्रकट किया है। उनका संदेश सुकरात के हृदय को भी छू लेता। श्रीकृष्ण अपने दिव्य उपदेश के प्रारम्भ में यह वर्णन कर रहे हैं कि जिस अस्तित्व को हम 'स्वयं' कहते हैं, वह आत्मा है न कि भौतिक शरीर और यह भगवान के समान नित्य है। श्वेताश्वतरोपनिषद् में वर्णन मिलता है।  ज्ञाज्ञौ द्वावजावीशनीशावजा ह्येका भोक्तृभोग्यार्थयुक्ता।  अनन्तश्चात्मा विश्वरूपो ह्यकर्तात्रयं यदा विन्दते ब्रह्ममेतत् ।।  (श्वेताश्वतरोपनिषद्-1.9)

उपर्युक्त श्लोक में यह वर्णन किया गया है कि सृष्टि की रचना तीन तत्त्वों के मिश्रण से हुई है-परमात्मा, आत्मा और माया। ये सभी तीनों तत्त्व नित्य हैं। अगर हम विश्वास करते हैं कि आत्मा अमर है तब यह मानना तर्कसंगत होगा कि भौतिक शरीर की मृत्यु के पश्चात् भी जीवन है। श्रीकृष्ण इसकी व्याख्या अगले श्लोक में करेंगे।

श्लोक 2.13
देहिनोऽस्मिन्यथा देहे कौमारं यौवनं जरा | तथा देहान्तरप्राप्तिर्धीरस्तत्र न मुह्यति || 13||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: देहिनः-देहधारी की; अस्मिन्-इसमें; यथा-जैसे; देहे-शरीर में; कौमारम्-बाल्यावस्था; यौवनम्-यौवन; जरा-वृद्धावस्था; तथा समान रूप से; देह-अन्तर-दूसरा शरीर; प्राप्तिः -प्राप्त होती है; धीर:-बुद्धिमान व्यक्ति; तत्र-इस संबंध मे; न-मुह्यति–मोहित नहीं होते।
जैसे देहधारी आत्मा इस शरीर में बाल्यावस्था से तरुणावस्था और वृद्धावस्था की ओर निरन्तर अग्रसर होती है, वैसे ही मृत्यु के समय आत्मा दूसरे शरीर में चली जाती है। बुद्धिमान मनुष्य ऐसे परिवर्तन से मोहित नहीं होते।

श्रीकृष्ण सटीक तर्क के साथ आत्मा के एक जन्म से दूसरे जन्म में देहान्तरण के सिद्धान्त को समझाते हैं। वे यह समझा रहे हैं कि किसी भी मनुष्य के जीवन में उसका शरीर बाल्यावस्था से युवावस्था, प्रौढ़ता और बाद में वृद्धावस्था में परिवर्तित होता रहता है। आधुनिक विज्ञान भी यह कहता है कि हमारी शरीर की कोशिकाएँ पुनरूज्जीवित होती रहती हैं। पुरानी कोशिकाएँ जब नष्ट हो जाती हैं तो नयी कोशिकाएँ उनका स्थान ले लेती हैं। 

एक अनुमान के अनुसार सात वर्षों में हमारे शरीर की सभी कोशिकाएँ पूर्णतः परिवर्तित हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त कोशिकाओं के भीतर के अणु और अधिक शीघ्रता से परिवर्तित होते हैं। हमारे द्वारा ली जाने वाली प्रत्येक श्वास के साथ ऑक्सीजन के अणु हमारी कोशिकाओं में मिल जाते हैं और वे अणु जो अब तक हमारी कोशिकाओं में विद्यमान थे, वे कार्बन डाईआक्साइड के रूप में बाहर निकल जाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार एक वर्ष के दौरान हमारे शरीर के लगभग 98 प्रतिशत अणु परिवर्तित होते हैं और फिर भी शरीर के क्रमिक विकास के पश्चात् हम स्वयं को वही व्यक्ति समझते हैं। क्योंकि हम भौतिक शरीर नहीं हैं अपितु इसमें दिव्य आत्मा निवास करती है।

 इस श्लोक में देहे का अर्थ 'शरीर' और देही का अर्थ 'शरीर का स्वामी' या आत्मा है। श्रीकृष्ण अर्जुन को यह अवगत कराते हैं कि शरीर में केवल एक ही जन्म पर्यन्त परिर्वतन होता है जबकि आत्मा कई शरीरों में प्रवेश करती रहती है। साथ ही मृत्यु के समय यह दूसरे शरीर में प्रवेश करती है। वास्तव में जिसे हम लौकिक शब्दों में मृत्यु कहते हैं, वह केवल आत्मा का अपने पुराने शरीर से अलग होना है और जिसे हम 'जन्म' कहते हैं, वह आत्मा का कहीं पर भी किसी नये शरीर में प्रविष्ट होना है। यही पुनर्जन्म का सिद्धान्त है। आधुनिक युग के अधिकतर दर्शन भी पुनर्जन्म की धारणा को स्वीकार करते हैं। यह हिन्दू, जैन, और सिख धर्म का अभिन्न अंग है। बौद्ध ध म में महात्मा बुद्ध ने अपने पूर्वजन्मों की बार-बार चर्चा की है। अधिकतर लोग यह नहीं जानते हैं कि पुनर्जन्म पाश्चात्य दर्शन की आस्था पद्धति का भी एक अंग था।

 प्राचीन काल में प्रमुख पाश्चात्य धर्मों और दार्शनिक समाज के प्रसिद्ध विचारक जैसे पाइथागोरस, प्लेटो, और सुकरात पुनर्जन्म की सत्यता को स्वीकार करते थे और इस संबंध में इनके विचार ओरफिसिजम, (रहस्यवाद) हरमिटिसिजम (एकान्तवास) नियोप्लेटोनिजम, (अध्यात्म विद्या) मैनीकिनिजम (मानीवाद) और नोस्टिसिजम (गूढ ज्ञानवाद) जैसे ग्रंथों में वर्णित हैं। अब्राह्मिक आस्था के प्रमुख तीन धर्मो में भी पुनर्जन्म की धारणा का समर्थन मिलता है। उदाहरण के रूप में यहूदी कब्बला का अध्ययन किया, केथर्स, और मुस्लिम का शिया संप्रदाय जैसे अलवी शिया और ड्रयूज सम्मिलित हैं। ईसाई पाश्चात्य धर्मो में जोसेफ्स, प्राचीन यहूदी इतिहासकार ने अपने लेखन में जिस भाषा का प्रयोग किया है उसमें उनके समय में प्रचलित मुहावरे किसी न किसी रूप में पुनर्जन्म की अवधारणा के प्रमाण के रूप मे प्रतीत होते हैं। यहूदी कब्बला में 'गिलगुल नेशमोट' या 'रोलिंग आफॅ सोल' के आधार पर निश्चित रूप से पुनर्जन्म के विचार का वर्णन किया गया है। महान सूफी कवि मौलाना जलालुद्दीन रूमी ने इस प्रकार से लिखा है:

यदि मैं पत्थर के रूप में मरता और मैं पेड़ बन जाता 

यदि मैं पेड़-पौधों के रूप में मरता तो मैं पशु बन जाता 

यदि मैं पशु की योनि में मरता तो मनुष्य की योनि में जन्म लेता 

तो फिर मैं मरने से क्यों भयभीत होऊ 

मृत्यु के पश्चात कब मैंने निम्न योनि प्राप्त की?

यदि मैं मनुष्य के रूप में मरूंगा तो फिर मैं फरिश्ता बनूंगा 

प्राचीन काल में कई इसाई पुनर्जन्म की अवधारणा में विश्वास रखते थे। इसाई इतिहास से हमें ज्ञात होता है कि 325 ई. में नाईकिया नामक नगर की परिषद द्वारा पुनर्जन्म पर चर्चा करने के लिए धर्म सभा का आयोजन किया गया जिसे बाद में धर्म के विरुद्ध घोषित कर दिया गया था। इसमें अप्रत्यक्ष रूप से लोगों के जीवन में हस्तक्षेप करने हेतु चर्च के अधि कारों को बढ़ाने की घोषणा की गयी।

 इससे पहले पुनर्जन्म की धारणा को सामान्य रूप से स्वीकार किया जाता था। जीसस ने अप्रत्यक्ष रूप से इस सिद्धान्त को प्रमाणित करते हुए अपने शिष्यों को बताया कि जॉन पूर्वजन्म में पैगम्बर के रूप में अवतरित 'एलाइजा' था। (मैथ्यू 11.13-14, मैथ्यू 17.10.13) इसका ओल्ड टेस्टामेंट (मेलकाय 4.5) में भी उल्लेख मिलता है। ओरिजन, महान क्रिश्चियन पादरी ने घोषणा की थी-"सभी मनुष्य अपने पूर्वजन्मों के संस्कारों के अनुसार शरीर प्राप्त करते हैं।" सोलोमन की विजडम नामक पुस्तक में वर्णन है, "सुडौल शरीर और अंग के साथ जन्म लेना पूर्वजन्मों के गुणों और पुण्यों का ही पुरस्कार है।" (विजडम ऑफ सोलोमन 8:19-20)। 

साइबेरिया, वेस्ट अफ्रीका, नार्थ अमेरिका और आस्ट्रेलिया जैसे विश्व के कई आदिवासी कबीलों में भी पुनर्जन्म में आस्था पायी जाती है। इससे आगे यदि और अधिक नवीन शताब्दियों और सभ्यताओं पर दृष्टि डाली जाए तो स्पिरिटिजम, थिओसोफीस्ट्स, रोजिकुरुजन और न्यू ऐज फेलोअर जैसे ग्रंथों द्वारा भी पुनर्जन्म की अवधारणा की पुष्टि होती है। इसके अतिरिक्त आधुनिक शताब्दियों में वर्जिनिया विश्वविद्यालय के डा. इयान स्टीवेंसन और डा. जिम टकर द्वारा किए गए कार्यों का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए वैज्ञानिक क्षेत्र के मुख्य विश्वविद्यालयों में अभी तक पुनर्जन्म की अवधारणा पर गंभीरता से अध्ययन किया जा रहा है। 

पुनर्जन्म के मत को स्वीकार किए बिना दुःखों, अव्यवस्था और अपूर्णता के कारणों को ज्ञात करना अत्यंत कठिन है इसीलिए कई पाश्चात्य विचारकों ने इस सिद्धान्त में विश्वास किया। वर्जिल और ऑविड ने इस धर्म सिद्धान्त को स्वयं प्रत्यक्ष रूप से सम्मान दिया है। जर्मन दार्शनिक गेटे, फिचते, शैलींग, लैसिंग ने भी इसे स्वीकार किया है। आधुनिक समय के अन्य दार्शनिकों जैसे ह्यूम स्पेन्सर और मैक्स मूलर सभी ने पुनर्जन्म के धर्म सिद्धान्त को मान्यता प्रदान की है। पाश्चात्य कवियों में से ब्राविंग, रोसेटी, टनिसन, और वर्डस्वर्थ की पुनर्जन्म में आस्था थी। 

श्रीकृष्ण पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि बुद्धिमान पुरूष कभी शोक नहीं करता। किन्तु वास्तविकता यह है कि हम सुख और दुःख दोनों का अनुभव करते हैं। इसके क्या कारण हैं? अगले श्लोक में भगवान इसी को स्पष्ट करते हैं।

श्लोक 2.14
मात्रास्पर्शास्तु कौन्तेय शीतोष्णसुखदु:खदा: | आगमापायिनोऽनित्यास्तांस्तितिक्षस्व भारत || 14||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: मात्रा-स्पर्श:-इन्द्रिय का विषयों के साथ संपर्क; तु–वास्तव में; कौन्तेय-कुन्तीपुत्र, अर्जुन; शीत-जाड़ा; उष्ण-ग्रीष्म; सुख-सुख, दुःख-दुख; दाः-देने वाले; आगम-आना; अपायिनः-जाना; अनित्या:-क्षणिक; तान्–उनको; तितिक्षस्व-सहन करना; भारत-हे भरतवंशी।
हे कुन्तीपुत्र! इन्द्रिय और उसके विषयों के संपर्क से उत्पन्न सुख तथा दुख का अनुभव क्षण भंगुर है। ये स्थायी न होकर सर्दी तथा गर्मी की ऋतुओं के आने-जाने के समान हैं। हे भरतवंशी! मनुष्य को चाहिए कि वह विचलित हुए बिना उनको सहन करना सीखे।

मानव शरीर में पांच प्रकार की-देखने, सूंघने, स्वाद, स्पर्श और शब्द ग्रहणकी इन्द्रियाँ होती हैं और इनके विषयों के साथ संपर्क से हमें सुख और दुःख की अनुभूति होती है। इनमें से कोई भी अनुभूति चिरस्थायी नहीं होती। यह ऋतुओं के परिवर्तन के समान है। यद्यपि शीतल जल ग्रीष्मकाल में अच्छा लगता है जबकि शीतकाल में हमारी शीतल जल ग्रहण करने की इच्छा नहीं होती। इसी प्रकार इन्द्रियों द्वारा सुख और दुःख की अनुभूति क्षणिक होती है। यदि हम स्वयं इनको अपने ऊपर हावी होने देते हैं तब हम पेण्डुलम की भांति एक ओर से दूसरी ओर झूलते रहते हैं। एक विवेकी मनुष्य को सुख और दुःख दोनों परिस्थितियों में विचलित हुए बिना इनको सहन करने का अभ्यास करना चाहिए। बौद्ध धर्म में आत्मज्ञान की प्रारंम्भिक पद्धति 'विपासना पद्धति' इन्द्रिय बोध को सहन करने के सिद्धान्त पर आधारित है। इसके अभ्यास से इच्छाओं का दमन करने में सहायता मिलती है जिसका उल्लेख चार आर्य सत्यों के रूप मे किया गया है-दुःख के कारण,  दुःख के कारण का निवारण और अंत की ओर ले जाने वाला मार्ग ये सभी दुःखों के कारण हैं। इसमे कोई आश्चर्य नहीं है कि बौद्ध दर्शन गहन वैदिक दर्शन का उपवर्ग है।

श्लोक 2.15
यं हि न व्यथयन्त्येते पुरुषं पुरुषर्षभ | समदु:खसुखं धीरं सोऽमृतत्वाय कल्पते || 15||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यम्-जिस; हि-निश्चित रूप से; न कभी नहीं; व्यथयन्ति–दुखी नहीं होते; एते ये सब; पुरुषम्-मनुष्य को; पुरुष-ऋषभ-पुरुषों में श्रेष्ठ, अर्जुन; सम-अपरिवर्तनीय; दुःख-दुःख में; सुखम्-तथा सुख में; धीरम्-धीर पुरुष; सः-वह पुरुष; अमृतत्वाय–मुक्ति के लिए; कल्पते-पात्र हे
हे पुरुषों में श्रेष्ठ अर्जुन! जो मनुष्य सुख तथा दुःख में विचलित नहीं होता और इन दोनों परिस्थितियों में स्थिर रहता है, वह वास्तव में मुक्ति का पात्र है।

पिछले श्लोक में श्रीकृष्ण ने यह वर्णन किया था कि सुख और दुःख की अनुभूति चिरस्थायी नहीं होती। वे अर्जुन को विवेक बुद्धि द्वारा इन द्वंद्वो से उभरने की प्रेरणा दे रहे हैं। इसे समझने के लिए सर्वप्रथम हमें दो महत्त्वपूर्ण प्रश्नों का उत्तर जानना होगा। (1) हम सुख क्यों चाहते हैं? (2) भौतिक सुखों से हमें संतुष्टि प्राप्त क्यों नहीं होती? 

प्रथम प्रश्न का उत्तर अत्यंत सरल है। भगवान अनंत सुखों के महासागर हैं और हम आत्माएँ उनका अणु अंश हैं जिसका मुख्य अर्थ यह है कि हम उस अनंत सुख सागर के अणु अंश हैं। स्वामी विवेकानन्द लोगों को 'हे सच्चिदानंद भगवान के पुत्रों' कहकर संबोधित करते थे। जैसे बालक अपनी माता की ओर आकर्षित होता है ठीक उसी प्रकार से सभी अंश स्वाभाविक रूप से अपने मूल अंशी की ओर आकर्षित होते हैं। इसी प्रकार से अनन्त सुख के महासागर भगवान का अणु अंश होने के कारण हम आत्माएँ भी उसी असीम आनंद के महासागर की ओर आकर्षित होती हैं। इसलिए हम अपना प्रत्येक कार्य संसार में सुख प्राप्त करने के लिए करते हैं। यह सुख कहाँ है और इसे किस रूप में पाया जा सकता है, इस संबंध में सबका मत भिन्न-भिन्न है लेकिन सभी जीव इसके अतिरिक्त और कुछ पाना नहीं चाहते। यही प्रथम प्रश्न का उत्तर है। 

दूसरे प्रश्न का अर्थ समझें। परमात्मा का अणु अंश होने के कारण आत्मा स्वभावतः भगवान के समान दिव्य है इसलिए आत्मा भी दिव्य सुख चाहती है ऐसे आलौकिक सुख की तीन विशेषताएँ निम्नांकित है- 1. यह अनन्त मात्रा का होना चाहिए। 2. यह स्थायी होना चाहिए। 3. यह नित्य होना चाहिए। ऐसा सुख केवल भगवान में ही है जिसे सत्-चित्-आनन्द या अनन्त चेतन स्वरूप करुणा सागर के नाम से भी पुकारा जाता है। इन्द्रियों के विषय के संपर्क से हमें जो सुख प्राप्त होता है, वह इन सुखों के विपरीत है तथा यह अस्थायी, सीमित मात्रा का और जड़वत् होता है। इसलिए शरीर से प्राप्त होने वाला लौकिक सुख हमारी दिव्य आत्मा को कभी संतुष्ट नहीं कर सकता।

इस अन्तर को समझने के लिए हमें सांसारिक सुखों और दुःखों के बोध को समान रूप से सहन करने का अभ्यास करना चाहिए तभी हम इन द्वंद्वो से ऊपर उठेंगे और भौतिक शक्तियाँ हमें अधिक समय तक दुःखी नहीं कर पायेंगी।

श्लोक 2.16
नासतो विद्यते भावो नाभावो विद्यते सत: | उभयोरपि दृष्टोऽन्तस्त्वनयोस्तत्त्वदर्शिभि: || 16||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; असतः-अस्थायी का; विद्यते-वहां है; भावः-सत्ता है; न कभी नहीं; अभावः-अन्त; विद्यते-वहाँ है; सतः-शाश्वत का; अभ्यो:-दोनों का; अपि-भी; दृष्ट:-देखा गया; अन्तः-निष्कर्ष; तु–निस्सन्देह; अनयोः-इनका; तत्त्व-सत्य के; दर्शिभिः-तत्त्वदर्शियों द्वारा।
अनित्य शरीर का चिरस्थायित्व नहीं है और शाश्वत आत्मा का कभी अन्त नहीं होता है। तत्त्वदर्शियों द्वारा भी इन दोनों की प्रकृति के अध्ययन करने के पश्चात् निकाले गए निष्कर्ष के आधार पर इस की पुष्टि की गई है।

श्वेताश्वतरोपनिषद् के अनुसार संसार में तीन तत्त्वों का अस्तित्व है  भोता भोग्यं प्रेरितारं च मत्वा सर्वं प्रोक्तं त्रिविधं ब्रह्ममेतत् ।।(श्वेताश्वतरोपनिषद्-1.12)  क्षरं प्रधानममृताक्षरं हरः क्षरात्मानावीशते देव एकः।(श्वेताश्वतरोपनिषद्-1.10) संयुक्तमेतत्क्षरमक्षरं च व्यताव्यक्तं भरते विश्वमीशः।(श्वेताश्वतरोपनिषद्-1.08) 

ये सभी वेद मंत्र बताते हैं कि भगवान, जीवात्मा और माया तीनों नित्य तत्त्व हैं।

1. भगवान नित्य हैं इसलिए वे सत् (शाश्वत तत्त्व) हैं। वेदों में भगवान को सत्-चित्-आनन्द (नित्य-सर्वज्ञ-आनंद का महासागर) कहा गया है। 2. आत्मा अनश्वर है और इसलिए सत् है। शरीर का एक दिन नाश होगा इसलिए इसे असत् (अस्थायी) कहा गया है आत्मा भी सत्-चित्-आनन्द है किन्तु अणु रूप में है। अतः आत्मा अणु सत्, अणु चित् और अणु आनन्दमय है। 3. माया तत्त्व जिससे संसार निर्मित है, नित्य या सत् है। फिर भी सभी भौतिक पदार्थ जिन्हें हम अपने आस-पास देखते हैं, का सीमित अस्तित्व है तथा इन सबका समय के साथ विनाश हो जाता है। इसलिए इन्हें असत् या अस्थायी की श्रेणी में रख सकते हैं। इस प्रकार संसार ही असत् है क्योंकि इसका अस्तित्व केवल माया तत्त्व के कारण है जो कि सत् है। 

जब हम संसार को असत् कहते हैं तब इसे मिथ्या कहने की भूल नहीं करनी चाहिए। असत् का अर्थ मिथ्या अर्थात् अस्तित्वहीन नहीं है। कुछ तत्त्वदर्शी यह दावा करते हैं कि संसार मिथ्या है। वे दृढ़ता से कहते हैं कि यह केवल हमारी अज्ञानता है कि हम संसार का अनुभव करते हैं और एक बार जब हम ब्रह्म-ज्ञान में स्थित हो जाते हैं तब संसार के अस्तित्व का अनुभव समाप्त हो जाता है। यदि यह सत्य होता तब फिर इसके पश्चात् भागवत्प्राप्त संतो के लिए संसार नहीं रहना चाहिए क्योंकि उनकी अज्ञानता नष्ट हो चुकी होती और उनके लिए संसार का अस्तित्व समाप्त हो गया होता। ऐसी स्थिति में ब्रह्मज्ञान की अवस्था प्राप्त करने के पश्चात् ऐसे संत धार्मिक ग्रंथों की रचना कैसे करते और धार्मिक ग्रथों की रचना करने के लिए उन्हें कागज और कलम कहाँ से मिलती? 

सत्य यह है कि ब्रह्मज्ञानी भी संसार की वस्तुओं का प्रयोग कर यह सिद्ध करते हैं कि संसार का अस्तित्व उनके लिए भी है। इसके अतिरिक्त ब्रह्मज्ञानी को अपने शरीर के पोषण हेतु भोजन की आवश्यकता भी होती है। 

वैदिक ग्रंथों में इस प्रकार से वर्णन किया गया है- 'पैशवादिभिश्चाविशेषत' अर्थात् 'ब्रह्मज्ञानी संतों को भी वैसे ही भूख लगती है जैसे कि पशुओं को।' यदि इनके लिए संसार का कोई अस्तित्व नहीं है तब उन्हें कैसे और क्यों भोजन ग्रहण करने की आवश्यकता पड़ती है? । इसके अतिरिक्त तैत्तिरीयोपनिषद् यह अवगत कराता है कि भगवान सर्वव्यापक है: सोऽकामयत बहु स्यां प्रजायेयेति। स तपोऽतप्यत स तपस्तप्त्वा इदँ सर्वमसृजत यदिदं किं च। तत्सृष्ट्वा तदेवानु प्राविशत्।  तदनुप्रविश्य सच्च त्यच्चाभवत्। निरुतं चानिरुतं च। निलयनं  चानिलयनं च। विज्ञानं चाविज्ञानं च। सत्यं चानृतं चा सत्यमभवत्।  यदिदं किं च। तत्सत्यमित्याचक्षते। तदप्येष श्लोको भवति। (तैत्तिरीयोपनिषद्-2.6.4)

यह वैदिक मंत्र यह बताता है कि भगवान केवल सृष्टि का सृजन नहीं करते बल्कि वह स्वयं प्रत्येक अणु में व्याप्त हो जाते हैं। इसलिए यदि भगवान इस संसार में सर्वव्यापक हैं तब फिर संसार का अस्तित्व क्यों नहीं हो सकता? इस प्रकार संसार को मिथ्या कहना और संसार में भगवान को सर्वव्यापक कहने के तथ्य का विरोधाभास है। इस श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण यह व्याख्या करते हैं कि संसार का अस्तित्व है किन्तु यह नश्वर है, इसलिए वे इसे 'असत्' या 'अस्थायी' कहते हैं। उन्होंने संसार को 'मिथ्या' या 'अस्तित्वहीन' नहीं कहा है।

श्लोक 2.17
अविनाशि तु तद्विद्धि येन सर्वमिदं ततम् | विनाशमव्ययस्यास्य न कश्चित्कर्तुमर्हति || 17||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अविनाशि-अनश्वर; तु–वास्तव में; तत्-उसे; विद्धि-जानो; येन-किसके द्वारा; सर्वम् सम्पूर्ण; इदम् यह; ततम्-व्याप्त; विनाशम्-नाश; अव्ययस्य-अविनाशी का; अस्य-इसके द्वारा; न कश्चित्-कोई नहीं; कर्तुम्-का कारण; अर्हति-समर्थ है।
जो पूरे शरीर में व्याप्त है, उसे ही तुम अविनाशी समझो। उस अनश्वर आत्मा को नष्ट करने मे कोई भी समर्थ नहीं है।

आत्मा शरीर में व्याप्त है, यह कहकर श्रीकृष्ण शरीर और आत्मा के बीच के संबंध का निरूपण कर रहे हैं। इससे उनका तात्पर्य क्या है? आत्मा चेतन है अर्थात् चैतन्य स्वरूप है। शरीर जड़ पदार्थों से निर्मित और चेतना रहित होता है। जबकि आत्मा अपनी चेतन शक्ति को शरीर में संचारित करने के साथ पूरे शरीर में वास करती है। इस प्रकार आत्मा शरीर में व्याप्त रहकर पूरे शरीर को सचेतन बनाती है। कुछ लोग शरीर में आत्मा के निवास स्थान के संबंध में प्रश्न करते हैं। वेदों में वर्णन किया गया है कि आत्मा हृदय में वास करती है। हृदि ह्येष आत्मा । (प्रश्नोपनिषद्-3.6) स वा एष आत्मा हृदि। (छान्दोग्योपनिषद-8.3.3)

"हृदि शब्द दर्शाता है कि आत्मा हृदय के आस-पास स्थित होती है। जबकि चेतना जो कि आत्मा का लक्षण है, पूरे शरीर में प्रसारित रहती है।" ऐसा कैसे संभव है? महर्षि वेदव्यास ने इस दृष्टिकोण को निम्न प्रकार से समझाया है: अविरोधश्चन्दनवत् ।। (ब्रह्मसूत्र-2.3.24)

"जिस प्रकार मस्तक पर चंदन का लेप करने से पूरा शरीर शीतल हो जाता है उसी प्रकार यद्यपि आत्मा हृदय के भीतर स्थित रहती है तदपि पूरे शरीर में अपनी चेतन शक्ति को प्रसारित करती रहती है।" कुछ लोग पुनः यह प्रश्न करते हैं कि यदि चेतना आत्मा का अभिलक्षण है तब वह पूरे शरीर में कैसे प्रसारित होती है। इस प्रश्न का उत्तर भी महर्षि वेदव्यास ने दिया है: व्यतिरेको गन्धवत्। (ब्रह्मसूत्र-2.3.27)

"सुगंध, पुष्प का गुण है। जिस उद्यान में पुष्प खिलते हैं वह उद्यान भी फूलों की सुगंध से सुगंधित हो जाता है।" इसका अर्थ है कि जिस प्रकार पुष्प की सुगंध पूरे उद्यान को सुगंधित करने में सक्षम होती है उसी प्रकार से आत्मा चेतन है और यह जड़ शरीर में चेतना भरकर उसे सचेतन बना देती है।

श्लोक 2.18
अन्तवन्त इमे देहा नित्यस्योक्ता: शरीरिण: | अनाशिनोऽप्रमेयस्य तस्माद्युध्यस्व भारत || 18||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अन्तवन्त–नष्ट होने वाला; इमे-ये; देहाः-भौतिक शरीर; नित्यस्य-शाश्वत; उक्ताः-कहा गया है; शरीरिणः-देहधारी आत्मा का; अनाशिन:-अविनाशी; अप्रमेयस्य–अपरिमेय अर्थात जिसे मापा न जा सके; तस्मात्-इसलिए; युध्यस्व युद्ध करो; भारत-भरतवंशी अर्जुन।
केवल भौतिक शरीर ही नश्वर है और शरीर में व्याप्त आत्मा अविनाशी, अपरिमेय तथा शाश्वत है। अतः हे भरतवंशी! युद्ध करो।

वास्तव में शरीर मिट्टी से बना है। यह मिट्टी साग-सब्जियों, फलों, अनाज, दाल और घास में परिवर्तित होती है। गायें घास चरती हैं और दूध देती हैं। हम मनुष्य इन खाद्य पदार्थो का सेवन करते हैं और ये हमारे शरीर में प्रवेश करते हैं। अतः यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि शरीर मिट्टी से निर्मित है। इसके अतिरिक्त मृत्यु के समय जब आत्मा शरीर को छोड़ देती है तब शरीर की अंत्येष्टि तीन प्रकार से की जाती है-कृमि, विद् या भस्म। यदि शरीर को अग्नि में जलाया जाता है तब यह राख में परिवर्तित हो जाता है यदि दफनाया जाता है तो यह कीटाणुओं का भोजन बनता है और अंततः मिट्टी में मिल जाता है और यदि इसे जल मे प्रवाहित कर दिया जाता है तो यह समुद्री जीवों का ग्रास बनता है और उनके मलत्याग से अंततः समुद्र के तल की मिट्टी में मिल जाता है। इस प्रकार से मिट्टी संसार में अद्भुत प्रकार से आवर्तन करती है। यही मिट्टी खाद्य पदार्थों में परिवर्तित होती है और इन्हीं खाद्य पदार्थों से हमारा शरीर बनता है और अंततः मृत्यु के पश्चात् शरीर मिट्टी में परिवर्तित होकर उसी में मिल जाता है। बाइबिल में उल्लेख किया गया है-“क्योंकि तुम मिट्टी से उत्पन्न हुए हो इसलिए मिट्टी में मिल जाओगे।" (जेनेसिस 3:19) 

यह उक्ति भौतिक शरीर के संबंध में है। श्रीकृष्ण अर्जुन को अवगत कराते हैं कि इस भौतिक शरीर में नित्य अविनाशी सत्ता अर्थात् आत्मा वास करती है जो कि मिट्टी से निर्मित नहीं है। आत्मा दिव्य और सनातन है।

श्लोक 2.19
य एनं वेत्ति हन्तारं यश्चैनं मन्यते हतम् | उभौ तौ न विजानीतो नायं हन्ति न हन्यते || 19||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यः-वह जो; एनम् इसे; वेत्ति–जानता है; हन्तारम्-मारने वाला; यः-जो; च-और; एनम्-इसे; मन्यते-सोचता है; हतम्-मरा हुआ; उभौ-दोनों; तौ-वे; न न तो; विजानीतः-जानते हैं; न-न ही; अयम्-यह; हन्ति-मारता है; न-नहीं; हन्यते–मारा जाता है।
वह जो यह सोंचता है कि आत्मा को मारा जा सकता है या आत्मा मर सकती है, वे दोनों ही अज्ञानी हैं। वास्तव में आत्मा न तो मरती है और न ही उसे मारा जा सकता है।

मृत्यु का भ्रम हमारे भीतर इसलिए उत्पन्न होता है क्योंकि हम स्वयं को शरीर मानते हैं। रामचरितमानस मे इसे निम्न प्रकार से व्यक्त किया गया है जौं सपनें सिर काटै कोई। बिनु जागें न दूरि दुःख होई।।

"यदि हम स्वप्न में यह देखते हैं कि हमारे सिर पर चोट लगी है तब हमें उस समय तक पीड़ा का अनुभव होता है जब तक हम स्वप्नावस्था से जाग नहीं जाते।" स्वप्न में घटित वह घटना एक भ्रम के समान होती है किन्तु हमें तब तक पीड़ा सहन करनी पड़ती है जब तक हम नींद से जाग नहीं जाते और हमारा भ्रम टूट नहीं जाता। इस प्रकार से यह भ्रम होना कि हम शरीर हैं, इसी कारण से हमें मृत्यु से भय लगता है। वे आत्मज्ञानी जिनका शरीर होने का भ्रम समाप्त हो जाता है, वे मृत्यु के भय से मुक्त हो जाते हैं। कोई यह भी कह सकता है कि यदि कोई किसी को मार नहीं सकता तब फिर किसी की हत्या करना दण्डनीय अपराध क्यों कहलाता है। इसका उत्तर यह है कि शरीर आत्मा का वाहन है और किसी भी मनुष्य के वाहन अर्थात् शरीर की हत्या करना हिंसा है जो क्षमा योग्य नहीं है। वेदों में स्पष्ट किया गया है कि 'मा हिंस्यात्सर्वभूतानि' अर्थात् 'किसी की हिंसा मत करो।' वास्तव में वेदों में पशुओं के प्रति हिंसा को भी अपराध माना गया है किन्तु कुछ परिस्थितियों में इस नियम का उल्लंघन करना पड़ता है जब हिंसा करना अनिवार्य हो जाता है। 

उदाहरणार्थ जब कोई सर्प किसी को काटने लगता है या घातक हथियार से कोई किसी पर आक्रमण करता है या जब कोई अन्यायपूर्ण ढंग से किसी की जीविका को छीन रहा हो तब ऐसी दशा में आत्मरक्षा के लिए हिंसा को अपनाना वैध माना जाता है। वर्तमान स्थिति में अर्जुन के लिए हिंसा या अहिंसा दोनों में क्या और क्यों उचित है? भगवान श्रीकृष्ण उसे यह भगवद्गीता के आगे आने वाले संवादों के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाएंगे। उनकी व्याख्याओं द्वारा इस विषय पर दिव्य ज्ञान का प्रकाश होगा।

श्लोक 2.20
न जायते म्रियते वा कदाचि नायं भूत्वा भविता वा न भूय: | अजो नित्य: शाश्वतोऽयं पुराणो न हन्यते हन्यमाने शरीरे || 20||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न-जायते जन्म नहीं लेता; म्रियते-मरता है; वा-या; कदाचित् किसी काल में भी; न कभी नहीं; अयम् यह; भूत्वा होकर; भविता-होना; वा–अथवा; न कहीं; भूयः-आगे होने वाला; अजः-अजन्मा; नित्यः-सनातन; शाश्वतः-स्थायी; अयम्-यह; पुराणः-सबसे प्राचीन; न-नहीं; हन्यते-अविनाशी; हन्यमाने नष्ट होना; शरीरे-शरीर में।
आत्मा का न तो कभी जन्म होता है न ही मृत्यु होती है और न ही आत्मा किसी काल में जन्म लेकर पुनः उत्पन्न होता है। आत्मा अजन्मा, शाश्वत, अविनाशी और चिरनूतन है। शरीर का विनाश होने पर भी इसका विनाश नहीं होता।

इस श्लोक में आत्मा की शाश्वतता को सिद्ध किया गया है जो सनातन है तथा जन्म और मृत्यु से परे है। परिणामस्वरूप आत्मा के स्वरूप को छः श्रेणियों में विभक्त किया गया है-"अस्ति, जायते, वर्धते, विपरिणमते, अपक्षीयते और विनिश्यति" अर्थात गर्भावस्था में आना, जन्म, विकास, प्रजनन, हास और मृत्यु। ये सब शरीर के बदलते स्वरूप हैं न कि आत्मा के। जिसे हम मृत्यु कहते हैं, वह केवल शरीर का विनाश है किन्तु शाश्वत आत्मा शरीर के सभी परिवर्तनों से अछूती रहती है अर्थात शरीर में समय-समय पर होने वाले परिवर्तनों का आत्मा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। वेदों में इस दृष्टिकोण को बार-बार दोहराया गया है। कठोपनिषद् का यह मंत्र भी गीता के उपर्युक्त श्लोक के समान उपदेश करता है। न जायते म्रियते वा विपश्चिन्नायं कुतश्चिन्न बभूव कश्चित्।  अजो नित्यः शाश्वतोऽयं पुराणो न हन्यते हन्यमाने शरीरे।। (कठोपनिषद्-1.2.18)

"आत्मा का न तो जन्म होता है और न ही यह मरती है, न ही किसी से यह प्रकट होती है, न ही इससे कोई प्रकट होता है। यह अजन्मा अविनाशी और चिरनूतन है। शरीर का विनाश हो जाने पर भी यह अविनाशी है।" बृहदारण्यकोपनिषद् में भी वर्णन किया गया है स वा एष महानज आत्माजरोऽमरोऽमृतोऽभयो (बृहदारण्यकोपनिषद्-4.4.25) 

"आत्मा आनन्दमय, अजन्मा अविनाशी, वृद्धावस्था से मुक्त, अमर और भय मुक्त है"।

श्लोक 2.21
वेदाविनाशिनं नित्यं य एनमजमव्ययम् | कथं स पुरुष: पार्थ कं घातयति हन्ति कम् || 21||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: वेद-जानता है; अवनाशिनम्-अविनाशी को; नित्यम्-शाश्वत; यः-वह जो; एनम्-इस; अजम्-अजन्मा; अव्ययम्-अपरिवर्तनीय; कथम्-कैसे; सः-वह; पुरुषः-पुरुषः पार्थ-पार्थ; कम्-किसको; घातयति–मारने का कारण; हन्ति मारता है; कम्-किसको।
हे पार्थ! वह जो यह जानता है कि आत्मा अविनाशी, शाश्वत, अजन्मा और अपरिवर्तनीय है, वह किसी को कैसे मार सकता है या किसी की मृत्यु का कारण हो सकता है?

आध्यात्मिक रूप से उन्नत आत्मा हमारे उस "अहम्" को दूर करती है जो हमें यह अनुभव कराता है कि हम अपने द्वारा किए जा रहे कार्यों के कर्त्ता हैं। ऐसी स्थिति में कोई यह देख सकता है कि हमारे भीतर विद्यमान आत्मा कोई कार्य नहीं करती। ऐसी उन्नत आत्माएँ यद्यपि सभी प्रकार के कार्य करती हैं लेकिन उनसे कभी भी दूषित नहीं होती। श्रीकृष्ण अर्जुन को उपदेश दे रहे हैं कि उसे भी स्वयं को इस जागृत अवस्था तक उन्नत करना चाहिए और स्वयं को अकर्ता के रूप में देखना और अहंभाव को त्यागना चाहिए तथा अपने कर्तव्यों से जी चुराने की अपेक्षा उसका पालन करना चाहिए।

श्लोक 2.22
वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि गृह्णाति नरोऽपराणि | तथा शरीराणि विहाय जीर्णा न्यन्यानि संयाति नवानि देही || 22||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: वासांसि-वस्त्र; जीर्णानि-फटे पुराने; यथा-जिस प्रकार; विहाय-त्याग कर; नवानि–नये; गृह्णाति-धारण करता है; नरः-मनुष्य; अपराणिअन्य; तथा उसी प्रकार; शरीराणि शरीर को; विहाय-त्याग कर; जीर्णानि-व्यर्थ; अन्यानि-भिन्न; संयाति-प्रवेश करता है; नवानि–नये; देही देहधारी आत्मा।
जिस प्रकार से मनुष्य अपने फटे पुराने वस्त्रों को त्याग कर नये वस्त्र धारण करता है, उसी प्रकार मृत्यु होने पर आत्मा पुराने तथा जीर्ण शरीर को त्याग कर नया शरीर धारण करती है।

आत्मा की प्रकृति का निरूपण करते हुए भगवान श्रीकृष्ण पुनर्जन्म की अवधारणा को दोहराते हुए उसकी तुलना दैनिक क्रिया-कलापों से कर रहे हैं। जब वस्त्र फट जाते हैं या व्यर्थ हो जाते हैं तब हम उन्हें त्याग कर नये वस्त्र धारण करते हैं और ऐसा करते समय हम स्वयं नहीं बदलते। इसी प्रकार से जब आत्मा जीर्ण शरीर को छोड़ती है तब उसमें किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं होता। न्यायशास्त्र में प्रदत्त निम्नांकित तर्क द्वारा पुनर्जन्म की अवधारणा सिद्ध की गयी है। जातस्य हर्षभयशोक सम्प्रतिपत्तेः।। (न्यायशास्त्र-3.1.18) 

उपर्युक्त तर्क के अनुसार यदि हम छोटे शिशु की गतिविधियों पर ध्यानपूर्वक विचार करते हैं, तब हमें यह ज्ञात होता है कि वह बिना किसी स्पष्ट कारण के कभी प्रसन्न, कभी उदास और कभी भयभीत दिखाई देता है। न्यायशास्त्र के अनुसार छोटा शिशु अपने पूर्वजन्म का स्मरण करता रहता है और इसी कारण समय-समय पर उसकी मनोदशा में परिवर्तन देखने को मिलता है। हालांकि जैसे-जैसे उसकी आयु बढ़ती है तब उसके मन-मस्तिष्क में वर्तमान जीवन के संस्कार पूरी तरह अंकित हो जाते हैं तथा जिसके परिणामस्वरूप उसके पूर्वजन्म की स्मृतियाँ विलुप्त हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त जन्म और मृत्यु की प्रक्रिया भी अत्यंत पीड़ादायक होती है जो हमारी पूर्वजन्म की स्मृतियों के ठोस अंशों को मिटा देती है। पुनर्जन्म के पक्ष में न्यायशास्त्र का दूसरा तर्क जिसमें यह कहा गया है- “स्तन्याभिलाषात्" (3.1.21)। इसमें यह वर्णन किया गया है कि नवजात शिशु को भाषा का कोई ज्ञान नहीं होता। तब फिर कोई माँ अपने बालक के मुँह में अपना स्तन डाल कर उसे दूध पीना या स्तनपान करना कैसे सिखा सकती है? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि नवजात शिशु ने अपने पूर्व जन्मों में यहाँ तक कि पशु की योनि में स्तन से अपनी असंख्य माताओं का दूध पिया होता है। इसलिए जब माँ अपने बच्चे के मुँह में स्तन का अग्रभाग डालती है, तब बच्चा स्वतः अपने पूर्व जन्म के अभ्यास के कारण अपनी माँ का स्तनपान करना आरंभ कर देता है। पुनर्जन्म की अवधारणा को स्वीकार किए बिना मानव मात्र में भेद करना अनिवर्चनीय और अतर्क्य है। उदाहरणार्थ मान लो यदि कोई व्यक्ति जन्म से अंधा है तब वह व्यक्ति यह कहे कि उसे ऐसा दण्ड क्यों मिला तब इसका तर्कसंगत उत्तर क्या होना चाहिए? यदि हम कहते हैं कि ये सब उसके पूर्वजन्मों के कर्मों का परिणाम है तब वह यह तर्क देगा कि उसने केवल वर्तमान जीवन को देखा है और इस प्रकार से जन्म लेते समय उसके कोई पूर्वकर्म ही नहीं है जो उसे इस जन्म में बुरा फल देते। यदि हम कहते हैं कि यह भगवान की इच्छा थी तब यह भी अविश्वसनीय लगता है क्योंकि अकारण करुण भगवान जो सब पर बिना भेदभाव के करुणा करते हैं वे कभी किसी को अनावश्यक रूप से अंधा नहीं बनाना चाहेंगे।

इसकी तर्कसंगत व्याख्या यही है कि वह मनुष्य अपने पूर्वजन्म के कर्मों के कारणवश अंधा है। इस प्रकार सामान्य मत और धर्मग्रंथों के प्रमाणों के आधार पर हमें पूर्वजन्म की अवधारणा को स्वीकार करना चाहिए।

श्लोक 2.23
नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावक: | न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुत: || 23||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; एनम्-इस आत्मा को; छिन्दन्ति-टुकड़े-टुकड़े; शस्त्राणि-शस्त्र द्वारा; न-नहीं; एनम्-इस आत्मा को; दहति–जला सकता है; पावक:-अग्नि; न कभी नहीं; च-और; एनम्-इस आत्मा को; क्लेदयन्ति–भिगोया जा सकता है; आपः-जल; न कभी नहीं; शोषयति-सुखाया जा सकता है; मारूतः-वायु।
किसी भी शस्त्र द्वारा आत्मा के टुकड़े नहीं किए जा सकते, न ही अग्नि आत्मा को जला सकती है, न ही जल द्वारा उसे गीला किया जा सकता है और न ही वायु इसे सुखा सकती है।

चेतना, जो आत्मा का लक्षण है, उसे भौतिक अवयवों द्वारा समझा जा सकता है लेकिन आत्मा स्वयं भौतिक विषयों के संपर्क में नहीं रहती। ऐसा केवल इसलिए है कि आत्मा दिव्य है और इस कारण से आत्मा भौतिक विषयों के संसर्गों से परे है। वायु आत्मा को सुखा नहीं सकती और जल द्वारा इसे भिगोया या अग्नि द्वारा इसे जलाया नहीं जा सकता है, ऐसा कहकर श्रीकृष्ण ने आत्मा का विशद वर्णन किया है।

श्लोक 2.24
अच्छेद्योऽयमदाह्योऽयमक्लेद्योऽशोष्य एव च | नित्य: सर्वगत: स्थाणुरचलोऽयं सनातन: || 24||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अच्छेद्यः-खण्डित न होने वाला; अयम्-यह आत्मा; अदाह्यः-जलाया न जा सकने वाला; अयम्-यह आत्मा; अक्लेद्यः-गीला नहीं किया जा सकता; अशोष्यः-सुखाया न जा सकने वाला; एव–वास्तव में; च-तथा; नित्यः-सनातन; सर्वगतः-सर्वव्यापी; स्थाणुः-अपरिवर्तनीय; अचलः-जड़; अयम्-यह आत्मा; सनातनः-सदा नित्य।
आत्मा अखंडित और अज्वलनशील है, इसे न तो गीला किया जा सकता है और न ही सुखाया जा सकता है। यह आत्मा शाश्वत, सर्वव्यापी, अपरिर्वतनीय, अचल और अनादि है।

यहाँ आत्मा की अमरता के विषय की ओर पुनः ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। शिक्षक के लिए विद्यार्थी को केवल ज्ञान प्रदान करना ही पर्याप्त नहीं होता। ज्ञान तभी उपयोगी होता है जब वह विद्यार्थी के हृदय में बैठ जाए। इसलिए एक निपुण शिक्षक प्रायः अपने पिछले वक्तव्यों को दोहराता रहता है। संस्कृत साहित्य में इसे पुनरुक्ति या पुनरावृत्ति कहते हैं। श्रीकृष्ण भगवान ने भगवद्गीता में प्रायः पुनरुक्ति का प्रयोग अपने महत्त्वपूर्ण आध्यात्मिक सिद्धान्तों को रेखांकित करने के लिए एक साधन के रूप मे किया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनके भक्त उनके उपदेशों को गहनता से ग्रहण करें।

श्लोक 2.25
अव्यक्तोऽयमचिन्त्योऽयमविकार्योऽयमुच्यते | तस्मादेवं विदित्वैनं नानुशोचितुमर्हसि || 25||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अव्यक्त:-अप्रकट; अयम्-यह आत्मा; अचिन्त्यः-अकल्पनीयः अयम्-यह आत्मा; अविकार्य:-अपरिवर्तित; अयम्-यह आत्मा; उच्यते-कहलाता है; तस्मात् इसलिए; एवम्-इस प्रकार; विदित्वा-जानकर; एनम् इस आत्मा में; न-नहीं; अनुशोचितुम्–शोक करना; अर्हसि उचित।
इस आत्मा को अदृश्य, अचिंतनीय और अपरिवर्तनशील कहा गया है। यह जानकर हमें शरीर के लिए शोक प्रकट नहीं करना चाहिए।

हमारी आँखें भौतिक तत्वों से बनी हैं और केवल सांसारिक विषयों का ही अवलोकन कर सकती हैं। चूँकि आत्मा दिव्य है और भौतिक यंत्रों के क्षेत्र से परे है इसलिए यह हमारी आँखों के लिए अदृश्य है। वैज्ञानिकों ने कई बार आत्मा के अस्तित्व को जानने के लिए कई प्रयोग किए हैं। उन्होंने मरणासन्न व्यक्ति को शीशे के बक्से में रखा और उसे चारों ओर से बंद (सील) कर दिया ताकि वे जान सकें कि शरीर त्यागने पर आत्मा के प्रस्थान करने पर क्या बक्सा टूट जाएगा। किन्तु आत्मा बक्सा तोड़े ही बिना शरीर से बाहर निकल गयी। अत्यंत सूक्ष्म होने के कारण आत्मा को अपनी गतिशीलता के लिए भौतिक शरीर या स्थान की आवश्यकता नहीं होती। कठोपनिषद् में वर्णन किया गया है कि भौतिक ऊर्जा से भी सूक्ष्म होने के कारण आत्मा हमारी बुद्धि की पहुंच से बाहर है। इन्द्रियेभ्यः परा ह्यर्था अर्थेभ्यश्च परं मनः। मनसस्तु परा बुद्धिर्बुद्धेरात्मा महान्परः।। (कठोपनिषद्-1.3.10)

"इन्द्रियों से परे इन्द्रियों के विषय हैं, इन्द्रियों के विषय से सूक्ष्म मन, मन से परे बुद्धि और बुद्धि से सूक्ष्म आत्मा है।" हमारी लौकिक बुद्धि केवल सांसारिक विषयों को समझ-बूझ सकती है लेकिन अपनी चिन्तन शक्ति से दिव्य आत्मा तक नहीं पहुंच सकती। अतः आत्मा को जानने के लिए आंतरिक ज्ञान आवश्यक है जो केवल शास्त्रों और गुरु द्वारा सुलभ है।

श्लोक 2.26
अथ चैनं नित्यजातं नित्यं वा मन्यसे मृतम् | तथापि त्वं महाबाहो नैवं शोचितुमर्हसि || 26||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अथ-यदि, फिर भी; च-और; एनम्-आत्मा; नित्य-जातम्-निरन्तर जन्म लेने वाला; नित्यम्-सदैव; वा–अथवा; मन्यसे-तुम ऐसा सोंचते हो; मृतम्-निर्जीव; तथा अपि-फिर भी; त्वम्-तुम; महाबाहो बलिष्ठ भुजाओं वाला; न-नहीं; एवम्-इस प्रकार; शोचितुम्–शोक करने के लिए; अर्हसि उचित।
यदि तुम यह सोंचते हो कि आत्मा निरन्तर जन्म लेती है और मरती है तब ऐसी स्थिति में भी, हे महाबाहु अर्जुन! तुम्हें इस प्रकार से शोक नहीं करना चाहिए।

श्रीकृष्ण द्वारा इस श्लोक में 'अथ' शब्द का (अर्थ 'यदि') का प्रयोग करना यह दर्शाता है कि अर्जुन आत्मा की प्रकृति के विषय पर किसी अन्य प्रचलित स्पष्टीकरण पर विश्वास करना चाहेगा। इस श्लोक को भारत में प्रचलित दार्शनिक विचारधाराओं और आत्मा की प्रकृति के संबंध में उनकी विभिन्न मान्यताओं के संदर्भो में समझना चाहिए। ऐतिहासिक दृष्टि से भारतीय चिन्तन को बारह दर्शनशास्त्रों में समाविष्ट किया गया है। इनमें से छः दर्शन जो वैदिक प्रमाणों को स्वीकार करते हैं उन्हें आस्तिक दर्शन कहा जाता है। ये मीमांसा, वेदान्त, न्याय, वैशेषिक, सांख्य और योग हैं। इनमें प्रत्येक की अन्य शाखाएँ भी है। उदाहरणार्थ वैदिक दर्शन को आगे फिर छः दर्शनों में विभक्त किया गया है-अद्वैतवाद, द्वैतवाद, विशिष्टाद्वैतवाद, विशुद्धाद्वैतवाद, द्वैताद्वैतवाद और अचिन्त्य भेदाभेदवाद। आगे इनकी भी अन्य शाखाएँ पायी जाती है, जैसे अद्वैतवाद को दृष्टि-सृष्टिवाद, अवच्छेदवाद, बिम्ब-प्रतिबिम्बवाद, विवर्तवाद, अजातवाद आदि में विभक्त किया जाता है। यहाँ इन दर्शनशास्त्रों की विस्तृत जानकारी नहीं दी जाएगी। यह भी ध्यातव्य है कि ये सभी दर्शन शास्त्र वेदों के उद्धरणों को प्रमाण रूप में स्वीकार करते हैं। तदनुसार ये समस्त दर्शन शास्त्र आत्मा को शाश्वत और अपरिवर्तनशील मानते हैं। भारतीय चिन्तन के शेष छः दर्शन वेदों की प्रमाणिकता को स्वीकार नहीं करते। यह दर्शन चार्वाक और बौद्धों के चार दर्शन (योगाचारवाद, माध्यमिकवाद, वैभाषिकवाद और सौत्रांतिकवाद) और जैन धर्म हैं। इनमें से प्रत्येक की आत्मा की प्रकृति के संबंध में अलग-अलग धारणाएँ हैं। चार्वाक दर्शन के अनुसार शरीर ही है और चेतना केवल उसके अवयवों के समूह से उत्पन्न होती है। 

जैन धर्मग्रंथो के अनुसार आत्मा का आकार शरीर के आकार के समान होता है और इसलिए यह एक जन्म से दूसरे जन्म में परिवर्तित होती रहती है। बौद्ध दर्शन की विचारधारा आत्मा के स्थायी अस्तित्व को स्वीकार नहीं करती और इसके स्थान पर उसकी यह मान्यता है कि एक जन्म से दूसरे जन्म में चेतना का प्रवाह चलता रहता है जो आत्मा और मानव जाति की नित्यता सुनिश्चित करता है। ऐसा प्रतीत होता है कि भगवान श्रीकृष्ण के युग में भी आत्मा के पुनर्जन्म और आत्मा के अस्थायित्व के संबंध में बौद्ध दर्शन की विचारधारा विद्यमान थी। इसलिए श्रीकृष्ण यह व्याख्या कर रहे हैं कि यदि अर्जुन आत्मा के एक जन्म से दूसरे जन्म अर्थात् पुनर्जन्म के विचार को स्वीकार करता है तब भी उसके शोक करने का कोई कारण नहीं होना चाहिए। कोई शोक क्यों न करें? इसे अब अगले श्लोक में स्पष्ट किया जाएगा।

श्लोक 2.27
जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च | तस्मादपरिहार्येऽर्थे न त्वं शोचितुमर्हसि || 27||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: जातस्य-वह जो जन्म लेता है; हि-के लिए; ध्रुवः-निश्चय ही; मृत्युः-मृत्युः ध्रुवम् निश्चित है; जन्म-जन्म; मृतस्य-मृत प्राणी का; च-भी; तस्मात्-इसलिए; अपरिहार्य-अर्थे-अपरिहार्य स्थिति मे; न-नहीं; त्वम्-तुम; शोचितुम्–शोक करने के लिए; अर्हसि उचित।
जो जन्म लेता है उसकी मृत्यु निश्चित है और मृत्यु के पश्चात् पुनर्जन्म भी अवश्यंभावी है। अतः तुम्हें अपरिहार्य के लिए शोक नहीं करना चाहिए।

अंग्रेजी भाषा में एक कहावत प्रचलित है कि 'ऐज श्योर ऐज डेथ' (मृत्यु की भांति अटल)। बेंजमिन फ्रैंकलिन ने कहा है-'द ऑनली थिंग सरटेन इज डेथ एण्ड टैक्सेज' (जीवन में केवल मृत्यु और कर अपरिहार्य हैं)। जीवन में सबसे सुनिश्चित तथ्य यह है कि एक दिन हमारी मृत्यु अवश्य होगी। मनोवैज्ञानिक मृत्यु के भय को जीवन का सबसे बड़ा भय सत्य बताते हैं। पतंजलि के योगदर्शन में भी अभिनिवेश या किसी भी स्थिति में जीवित रहने की स्वाभाविक इच्छा को लौकिक बुद्धि के लक्षण के रूप में चित्रित किया गया है लेकिन जो जन्म लेता है उसकी मृत्यु भी अनिवार्य है इसलिए जो अवश्यंभावी है, उसके लिए शोक क्यों किया जाए।

महाभारत काल में इससे संबंधित एक दृष्टांत है। अपने निर्वासन काल के दौरान एक दिन वन में घूमते हुए पाण्डवों को प्यास लगी और वे एक कुएँ के पास पहुंचे। तब युधिष्ठिर ने भीम को कुएँ से जल निकाल कर लाने को कहा। जब भीम कुएँ के समीप गए तब कुएँ में से एक यक्ष (शक्तिशाली प्रेतात्मा) की कुएँ की भीतर से आवाज आने लगी, "मैं तुम्हें तभी जल लेने दूंगा जब पहले तुम मेरे प्रश्नों का उत्तर दे दोगे।" भीम इसकी उपेक्षा करते हुए कुएँ से जल निकालने लगे, तब यक्ष ने उसे कुएँ मे खींच लिया। कुछ समय पश्चात् जब भीम लौट कर नहीं आये, तब युधिष्ठिर ने अर्जुन से भीम को खोजने और जल लाने को कहा! फिर जब अर्जुन कुएँ के पास पहुंचे, तब यक्ष ने उससे यह कहा कि “मैंने पहले ही तुम्हारे भाई को बंदी बना लिया है और जबतक तुम भी मेरे प्रश्नों का सही उत्तर नहीं दोगे तब तक जल लेने का प्रयास मत करना।" 

अर्जुन ने भी उसे अनसुना किया और यक्ष ने उसे भी कुएँ में खींच लिया। नकुल और सहदेव ने भी उन्हीं का अनुकरण किया और उन्हें भी वैसा ही परिणाम भुगतना पड़ा। अंततः युधिष्ठिर स्वयं कुएँ पर आये तब यक्ष ने पुनः उनसे कहा-"यदि तुम इस कुएँ का जल ग्रहण करना चाहते हो तो तुम्हें मेरे प्रश्नों का ठीक उत्तर देना होगा अन्यथा मैं तुम्हें भी तुम्हारे भाइयों के समान कुएँ में डाल दूंगा।"युधिष्ठिर प्रश्नों का उत्तर देने के लिए सहमत हो गए। यक्ष वास्तव में स्वर्ग का देवता यमराज था जिसने भेष बदल रखा था। उसने युधिष्ठिर से साठ प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने एकदम उपयुक्त उत्तर दिया जिसमें से एक प्रश्न 'किम् आश्चर्यम्' अर्थात् 'आश्चर्य क्या है' था जिसका उत्तर युधिष्ठिर ने निम्न प्रकार से दियाः अहन्यहनि भूतानि गच्छन्तीह यमालयम्। शेषाः स्थिरत्वम् इच्छन्ति किमाश्चर्यमतः परम् ।। (महाभारत) 

"प्रतिक्षण लोग मृत्यु को प्राप्त हो रहे हैं और जो जीवित हैं, वे इस सत्य को देख रहे हैं परन्तु वे यह नहीं सोचते कि एक दिन उन्हें भी मरना है। इससे अधिक और क्या आश्चर्य हो सकता है। श्रीकृष्ण भी इस श्लोक में यह समझा रहे हैं कि एक दिन जीवन का अंत अपरिहार्य है इसलिए बुद्धिमान व्यक्ति को इस अनिवार्य मृत्यु के लिए शोक नहीं करना चाहिए।

श्लोक 2.28
अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्तमध्यानि भारत | अव्यक्तनिधनान्येव तत्र का परिदेवना || 28||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अव्यक्त-आदीनि-जन्म से पूर्व अप्रकट; भूतानि-सभी जीव; व्यक्त–प्रकट; मध्यानि-मध्य में; भारत-भरतवंशी, अर्जुन; अव्यक्त–अप्रकट; निधानानि–मृत्यु होने पर; एव–वास्तव में; तत्र-अतः; का-क्या; परिदेवना-शोक।
हे भरतवंशी! समस्त जीव जन्म से पूर्व अव्यक्त रहते हैं, जन्म होने पर व्यक्त हो जाते हैं और मृत्यु होने पर पुनः अव्यक्त हो जाते हैं। अतः ऐसे में शोक व्यक्त करने की क्या आवश्यकता है।

इस अध्याय के श्लोक 2.20 में श्रीकृष्ण ने आत्मा के लिए शोक करने के कारण का और श्लोक 2.27 में शरीर के लिए शोकग्रस्त होने के कारण का निवारण किया है। अब इस श्लोक में उन्होंने आत्मा और शरीर दोनों को समाविष्ट किया है। 

नारद मुनि ने भी श्रीमद्भागवतम् में युधिष्ठिर को समान रूप से यही उपदेश दिया है। यन्मन्यसे ध्रुवं लोकमध्रुवं वा न चोभयम् ।  सर्वथा न हि शोच्यास्ते स्नेहादन्यत्र मोहजात्।। (श्रीमद्भागवतम्-1.13.43)

"यदि तुम स्वयं को अविनाशी आत्मा या नश्वर शरीर मानते हो या फिर तुम स्वयं को आत्मा और शरीर का अकल्पनीय मिश्रण के रूप में स्वीकार करते हो तब भी तुम्हें किसी प्रकार का शोक नहीं करना चाहिए।" शोक ग्रस्त होने का मुख्य कारण केवल आसक्ति ही है जो मिथ्या मोह के कारण उत्पन्न होती है। 

भौतिक क्षेत्र में प्रत्येक जीवात्मा तीन प्रकार के शरीरों से युक्त होती है-स्थूल शरीर, सूक्ष्म शरीर और कारण शरीर। 

स्थूल शरीरः प्रकृति के पाँच स्थूल तत्त्वों-भूमि, जल, अग्नि, वायु और आकाश से निर्मित होता है। 

सूक्ष्म शरीरः अठारह तत्त्वों, पाँच प्राण वायु, पाँच कर्मेन्द्रियों, पाँच ज्ञानेन्द्रियों, मन, बुद्धि और अहंकार से बनता है। 

कारण शरीरः यह पूर्वजन्मों से गृहीत संस्कारों सहित अनन्त पूर्वजन्मों के अर्जित कर्मों के परिणामस्वरूप बनता है। 

मृत्यु के समय आत्मा स्थूल शरीर को छोड़ देती है तथा आत्मा सूक्ष्म और कारण शरीर के साथ शरीर से अलग हो जाती है। भगवान पुनः सूक्ष्म और कारण शरीर के अनुसार आत्मा को दूसरा स्थूल शरीर प्रदान करते हैं और आत्मा को यथोचित माता के गर्भ में प्रविष्ट करवाते हैं। जब आत्मा स्थूल शरीर को त्याग देती है तब नया शरीर प्राप्त होने से पूर्व इसे संक्रांति काल से गुजरना पड़ता है। यह अवधि कुछ क्षण या आगे अगले कुछ वर्षों की हो सकती है इसलिए जन्म से पूर्व अव्यक्त सूक्ष्म और कारण शरीर के साथ आत्मा का अस्तित्व होता है। मृत्यु के पश्चात् भी यह अव्यक्त अवस्था में रहती है। यह केवल मध्य में प्रकट होती है। अतः मृत्यु के लिए शोकग्रस्त होने का कोई कारण नहीं है।

श्लोक 2.29
आश्चर्यवत्पश्यति कश्चिदेन माश्चर्यवद्वदति तथैव चान्य: | आश्चर्यवच्चैनमन्य: शृ्णोति श्रुत्वाप्येनं वेद न चैव कश्चित् || 29||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: आश्चर्यवत्-आश्चर्य के रूप में; पश्यति-देखता है; कश्चित्-कोई; एनम् इस आत्मा को; आश्चर्यवत्-आश्चर्य के समान; वदति-कहता है; तथा जिस प्रकार; एव–वास्तव में; च-भी; अन्यः-दूसरा; आश्चर्यवत्-आश्चर्यः च-और; एनम्-इस आत्मा को; अन्यः-दूसरा; शृणोति-सुनता है; श्रृत्वा-सुनकर; अपि-भी; एनम्-इस आत्मा को; वेद-जानता है; न कभी नहीं; च-तथा; एव-नि:संदेह; कश्चित्-कुछ।
कुछ लोग आत्मा को एक आश्चर्य के रूप में देखते हैं, कुछ लोग इसे आश्चर्य बताते हैं और कुछ इसे आश्चर्य के रूप मे सुनते हैं जबकि अन्य लोग इसके विषय में सुनकर भी कुछ समझ नहीं पाते।

यह संपूर्ण संसार आश्चर्य है क्योंकि एक अणु से लेकर विशाल आकाश गंगाएँ भगवान की अद्भुत कृतियाँ हैं। एक छोटे-से पुष्प की संरचना, सुगंध और सुन्दरता भी अपने आप में एक आश्चर्य है। परम-पिता-परमात्मा स्वयं सबसे बड़ा आश्चर्य है। 

यह कहा जाता है कि भगवान विष्णु दस हजार सिर वाले दिव्य सर्प अनन्त शेष पर निवास करते हैं और वह सृष्टि के आरम्भ से भगवान की महिमा का निरन्तर गुणगान कर रहा है और अभी तक उसे पूरा नहीं कर पाया है। चूंकि आत्मा भगवान का अंश है अतः यह संसार के किसी भी पदार्थ से अधिक आश्चर्यजनक है क्योंकि इसका भौतिक अस्तित्व अनुभवातीत एवं दुर्बोध है। जिस प्रकार भगवान दिव्य हैं उसी प्रकार आत्मा भी उनका अंश होने के कारण दिव्य है। 

इसी कारण आत्मा को मात्र बुद्धि से समझना संभव नहीं है क्योंकि आत्मा के अस्तित्व और प्रकृति का ज्ञान अत्यंत कठिन है। कठोपनिषद् में वर्णन किया गया है। श्रवणायापि बहुभिर्यो न लभ्यः श्रृण्वन्तोऽपि बहवो यं न विद्युः।  आश्चर्यो वक्ता कुशलोऽस्य लब्धाश्चर्यो ज्ञाता कुशलानुशिष्टः।। (कठोपनिषद्-1.2.7) 

"एक आत्मज्ञानी गुरु को पाना अत्यंत दुर्लभ है। आत्म ज्ञान के विषय में ऐसे गुरु का उपदेश सुनने का अवसर भी बहुत कम मिलता है। यदि परम सौभाग्य से ऐसा अवसर मिलता भी है तब ऐसे शिष्य बहुत कम मिलते हैं जो आत्मा के विषय को समझ सकें।"

ऐसे में जब उनके अथक प्रयासों के पश्चात् भी बहुसंख्यक लोग आत्मा का ज्ञान प्राप्त करने या इसको समझने के इच्छुक न हो तब सिद्ध पुरुषों को कभी निराश नहीं होना चाहिए।

श्लोक 2.30
देही नित्यमवध्योऽयं देहे सर्वस्य भारत | तस्मात्सर्वाणि भूतानि न त्वं शोचितुमर्हसि || 30||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: देही–शरीर में निवास करने वाली जीवात्मा; नित्यम्-सदैव; अवध्यः-अविनाशी; अयम् यह आत्मा; देहे-शरीर में; सर्वस्य–प्रत्येक; भारत-भरतवंशी, अर्जुन; तस्मात्-इसलिए; सर्वाणि-समस्त; भूतानि-जीवित प्राणी; न-नहीं; त्वम्-तुम; शोचितुम्–शोक करना; अर्हसि-चाहिए।
हे अर्जुन! शरीर में निवास करने वाली आत्मा अविनाशी है इसलिए तुम्हें किसी प्राणी के लिए शोक नहीं करना चाहिए।

अपने उपदेशों के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण प्रायः कुछ श्लोकों में अपने दृष्टिकोण का वर्णन करते हैं और फिर वे एक श्लोक में अपने उन उपदेशों का सार प्रस्तुत करते है। इस श्लोक में आत्मा की अमरता और शरीर से उसकी भिन्नता से संबंधित उपदेशों के सार का निरूपण किया गया है।

श्लोक 2.31
स्वधर्ममपि चावेक्ष्य न विकम्पितुमर्हसि | धर्म्याद्धि युद्धाच्छ्रेयोऽन्यत्क्षत्रियस्य न विद्यते || 31||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: स्व-धर्मम्-वेदों के अनुसार निर्धारित कर्त्तव्य; अपि-भी; च-और; अवेक्ष्य–विचार कर; न नहीं; विकम्पितुम्-त्यागना; अर्हसि-चाहिए; धात्-धर्म के लिए; हि-वास्तव में युद्धात्-युद्ध करने की अपेक्षा; श्रेयः-श्रेष्ठ; अन्यत्-अन्य; क्षत्रियस्य–क्षत्रिय का; न-नहीं; विद्यते-है।
इसके अलावा एक योद्धा के रूप में अपने कर्तव्य पर विचार करते हुए तुम्हें उसका त्याग नहीं करना चाहिए। वास्तव में योद्धा के लिए धर्म की रक्षा हेतु युद्ध करने के अतिरिक्त अन्य कोई विकल्प नहीं होता।

वेदों के अनुसार स्वधर्म मनुष्य का कर्त्तव्य है। स्वधर्म या मनुष्य के लिए निर्धारित कर्त्तव्य दो प्रकार के होते हैं-पर धर्म अर्थात् आध्यात्मिक कर्त्तव्य और अपर धर्म अर्थात् लौकिक कर्त्तव्य। जो स्वयं को आत्मा मानते हैं, उनके लिए श्रद्धापूर्वक भगवान से प्रेम और उनकी भक्ति करने का कर्त्तव्य निश्चित किया गया है। इसे पर धर्म कहते हैं।चूँकि भौतिक जगत के बहुसंख्यक लोग इस आध्यात्मिक विचार से प्रेरित नहीं होते इसलिए वेदों में उनके लिए भी कुछ कर्त्तव्य निश्चित किए गये हैं जो स्वयं को शरीर मानते हैं। इन कर्त्तव्यों को व्यक्ति के आश्रम अर्थात् जीवन के पड़ाव और वर्ण अर्थात व्यवसाय के अनुसार परिभाषित किया गया है। इन्हें अपर धर्म या लौकिक कर्तव्य कहा जाता है। भगवद्गीता और वैदिक ग्रंथो का अध्ययन करते हुए धार्मिक और लौकिक कर्तव्यों के अन्तर पर गहनता के साथ ध्यान देना आवश्यक है। अर्जुन वृत्ति से योद्धा था और इसलिए एक योद्धा के रूप में वर्णानुसार उसका कर्त्तव्य धर्म की मर्यादा के लिए युद्ध करना था। श्रीकृष्ण इसे स्वधर्म अथवा शारीरिक स्तर पर निर्धारित कर्तव्यों के रूप में सम्बोधित करते हैं।

श्लोक 2.32
यदृच्छया चोपपन्नं स्वर्गद्वारमपावृतम् | सुखिन: क्षत्रिया: पार्थ लभन्ते युद्धमीदृशम् || 32||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यदृच्छया-बिना इच्छा के; च-भी; उपपन्नम्-प्राप्त होना; स्वर्ग-स्वर्गलोक का; द्वारम्-द्वार; अपावृतम्-खुल जाता है; सुखिनः-सुखी; क्षत्रियाः योद्धा; पार्थ-पृथापुत्र, अर्जुन; लभन्ते–प्राप्त करते हैं; युद्धम् युद्ध को; ईदृशम् इस प्रकार।
हे पार्थ! वे क्षत्रिय भाग्यशाली होते हैं जिन्हें बिना इच्छा किए धर्म की रक्षा हेतु युद्ध के ऐसे अवसर प्राप्त होते हैं जिसके कारण उनके लिए स्वर्ग के द्वार खुल जाते हैं।

संसार में समाज की रक्षा हेतु सदैव क्षत्रिय वर्ण का होना अनिवार्य होता है। क्षत्रिय वर्ण के धर्म के अनुसार योद्धा का यह धर्म होता है कि वह आवश्यकता पड़ने पर समाज की रक्षा हेतु निडरतापूर्वक अपने प्राणों का बलिदान करने से पीछे न हटे। वैदिककाल में समाज के अन्य लोगों को पशुहत्या की मनाही थी किन्तु क्षत्रियों को वन में जाकर युद्ध कौशल के अभ्यास हेतु पशुओं का वध करने की अनुमति दी जाती थी। क्षत्रिय धर्म का पालन करने वाले योद्धाओं से यह अपेक्षा की जाती थी कि वे धर्म की रक्षा के अवसर का अति उत्साह से स्वागत करें क्योंकि अपने धर्म का पालन करने पर उन्हें इस जीवन और परलोक में भी यश मिलेगा। किसी मनुष्य के द्वारा अपनी वृत्ति के अनुसार कुशलतापूर्वक निर्वहन किया गया कर्त्तव्य आध्यात्मिक कर्म नहीं है और इसके परिणामस्वरूप भगवद्प्राप्ति नहीं होती। यह केवल निश्चित भौतिक प्रतिफल सहित एक पुण्य कर्म है। अपने दिव्य उपदेशों के पश्चात् अब श्रीकृष्ण अपने लौकिक उपदेशों की व्याख्या आरम्भ करते हुए कहते हैं कि यदि अर्जुन की दिव्य आंतरिक आध्यात्मिक उपदेशों में कोई रुचि नहीं है और वह शारीरिक स्तर पर टिका रहना चाहता है तब भी एक योद्धा के रूप में धर्म की रक्षा करना उसका सामाजिक दायित्व है। 

जैसा कि हम यह सोच सकते हैं कि भगवद्गीता कर्म करने का उपदेश देती है न कि अकर्मण्य रहने का। जब लोग आध्यात्मिक प्रवचन सुनते हैं तब वे प्रायः प्रश्न करते हैं-"क्या आप मुझे अपने कर्म का त्याग करने के लिए कह रहे हैं?" यद्यपि भगवान श्रीकृष्ण प्रत्येक श्लोक में अर्जुन को कर्म का उपदेश दे रहे हैं किन्तु अर्जुन अपने कर्त्तव्य पालन से विमुख होना चाहता है फिर भी श्रीकृष्ण बार-बार उसे कर्त्तव्य पालन के लिए मनाना चाहते हैं। श्रीकृष्ण अर्जुन की चेतना मे आंतरिक परिवर्तन देखना चाहते हैं न कि बाह्य दृष्टि से कर्तव्यों का परित्याग करना। अब श्रीकृष्ण आगे अर्जुन को कर्त्तव्य से विमुख होने के परिणामों से अवगत कराते हैं।

श्लोक 2.33
अथ चेतत्त्वमिमं धर्म्यं संग्रामं न करिष्यसि | तत: स्वधर्मं कीर्तिं च हित्वा पापमवाप्स्यसि || 33||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अथ-चेत् यदि फिर भी; त्वम्-तुम; इमम्-इस; धर्म्यम्-संग्रामम्-धर्म युद्ध को; न-नहीं; करिष्यसि करोगे; ततः-तब; स्व-धर्मम् वेदों के अनुसार मनुष्य के निर्धारित कर्त्तव्य; कीर्तिम्-प्रतिष्ठा; च–भी; हित्वा-खोकर; पापम्-पाप; अवाप्स्यसि–प्राप्त करोगे।
यदि फिर भी तुम इस धर्म युद्ध का सामना नहीं करना चाहते तब तुम्हें निश्चित रूप से अपने सामाजिक कर्तव्यों की उपेक्षा करने का पाप लगेगा और तुम अपनी प्रतिष्ठा खो दोगे।

यदि कोई सैनिक युद्ध स्थल पर युद्ध न करने का निश्चय करता है तब इसे कर्तव्यों की अवहेलना करना कहा जाएगा और इसलिए इसे पापमय कार्यों की श्रेणी में रखा जाता है। अतः श्रीकृष्ण कहते हैं कि यदि अर्जुन अपने युद्ध करने के कर्तव्यों को घृणास्पद और कष्टदायक मानते हुए उसकी अवहेलना करने का विचार करता है तो वह पाप अर्जित करेगा। पराशर स्मृति में निम्न प्रकार से कहा गया है: क्षत्रियोः हि प्रजा रक्षन्शस्त्रपाणिः प्रदण्डवान्।  निर्जित्यपरसैन्यादि क्षितिं धर्मेणपालयेत् ।। (पराशर स्मृति-1.61) 

"एक सैनिक का धर्म अपने देश के नागरिकों की आक्रमणों और उपद्रवों से रक्षा करना होता है। इस प्रकार की परिस्थितियों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिंसा का सहारा लेना पड़ता है इसलिए उसे शत्रु राजा के सैनिकों को पराजित कर न्यायोचित सिद्धान्तों के अनुरूप देश का शासन चलाने में सहायता करनी चाहिए"।

श्लोक 2.34
अकीर्तिं चापि भूतानि कथयिष्यन्ति तेऽव्ययाम् | सम्भावितस्य चाकीर्ति र्मरणादतिरिच्यते || 34||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अकीर्तिम्-अपयश; च-और; अपि-भी; भूतानि-लोगः कथयिष्यन्ति-कहेंगे; ते तुम्हारे; अव्ययाम्-सदा के लिए; सम्भावितस्य–सम्मानित व्यक्ति के लिए; च-भी; अकीर्तिः-अपमान; मरणात्-मृत्यु की तुलना में; अतिरिच्यते-से बढ़कर होता है।
लोग तुम्हें कायर और भगोड़ा कहेंगे। एक सम्माननीय व्यक्ति के लिए अपयश मृत्यु से बढ़कर है।

सम्मानित लोगों के लिए सामाजिक प्रतिष्ठा अति महत्त्वपूर्ण होती है। विशिष्ट गुणों से सम्पन्न होने के कारण योद्धाओं के लिए मान और प्रतिष्ठा का विशेष महत्त्व होता है। अपमान उनके लिए मृत्यु से बढ़कर होता है। श्रीकृष्ण अर्जुन को इसी का स्मरण करवाते हैं ताकि वह यदि उच्च स्तर के ज्ञान से प्रेरित नहीं होता तब उसके लिए कम से कम निम्न कक्षा का ज्ञान तो लाभकारी हो। संसार के कई समुदायों में यह नियम लागू है कि जब कोई योद्धा युद्ध क्षेत्र में कायरता प्रदर्शित करते हुए युद्धस्थल से भाग जाता है तब उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया जाता है। इसलिए यदि अर्जुन अपने कर्त्तव्य पालन से च्युत हो जाता है तब उसे इससे मिलने वाले अपमान की पीड़ा सहन करनी पड़ेगी।

श्लोक 2.35
भयाद्रणादुपरतं मंस्यन्ते त्वां महारथा: | येषां च त्वं बहुमतो भूत्वा यास्यसि लाघवम् || 35||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भयात्-भय के कारण; रणात्-युद्धभूमि से; उपरतम्-भाग जाना; मंस्यन्ते-सोचेंगे; त्वाम्-तुमको महरथा–योद्धा जो अकेले ही दस हजार साधारण योद्धाओं का सामना कर सके; येषाम्–जिनकी; च-और; बहुमतः-अति सम्मानित; भूत्वा-हो कर; यास्यसि-तुम गंवा दोगे; लाघवम्-तुच्छ श्रेणी के।
जिन महान योद्धाओं ने तुम्हारे नाम और यश की सराहना की है, वे सब यह सोचेंगे कि तुम भय के कारण युद्धभूमि से भाग गये और उनकी दृष्टि में तुम अपना सम्मान गंवा दोगे।

अर्जुन एक पराक्रमी योद्धा के रूप में विख्यात था और कौरव पक्ष के महा बलशाली योद्धा जैसे भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण आदि के लिए शक्तिशाली प्रतिद्वन्दी था। उसने स्वर्ग के कई देवताओं के साथ युद्ध कर ख्याति प्राप्त की थी। उसने शिकारी का भेष धारण करके आये भगवान शिव के साथ युद्ध किया और भगवान शिव ने उसकी वीरता और युद्ध कौशल पर प्रसन्न होकर उसे पाशुपतास्त्र नामक दिव्य अस्त्र उपहार में दिया। 

अर्जुन को धनुर्विद्या प्रदान करने वाले गुरु द्रोणाचार्य ने भी उसे आशीर्वाद के रूप में विशेष शस्त्र प्रदान किए थे। अब महाभारत का युद्ध प्रारम्भ होने से पहले यदि अर्जुन युद्ध भूमि से पलायन कर जाता तब ये महायोद्धा यह नहीं समझते कि अपने स्वजनों के अनुराग से प्रेरित होकर उसने युद्ध पलायन किया था बल्कि इसके विपरीत वे उसे कायर मानते हुए यह समझते कि उनके पराक्रम के भय से वह युद्ध से विमुख हो गया।

श्लोक 2.36
अवाच्यवादांश्च बहून्वदिष्यन्ति तवाहिता: | निन्दन्तस्तव सामर्थ्यं ततो दु:खतरं नु किम् || 36||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अवाच्य-वादान्-न कहने योग्यः च भी; बहून् कईः वदिष्यन्ति–कहेंगे; तब-तुम्हारे; अहिताः-शत्रु; निन्दन्तः-निन्दा; तव-तुम्हारी; सामर्थ्यम्-शक्ति को; ततः-उसकी अपेक्षा; दुःख-तरम्-अति पीड़ादायक; नु–निसन्देह; किम्-क्या;
तुम्हारे शत्रु तुम्हारी निन्दा करेंगे और कटु शब्दों से तुम्हारा मानमर्दन करेंगे और तुम्हारी सामर्थ्य का उपहास उड़ायेंगें। तुम्हारे लिए इससे पीड़ादायक और क्या हो सकता है?

यदि अर्जुन युद्ध से पलायन करता है तब न केवल युद्ध के लिए एकत्रित वीर योद्धाओं की दृष्टि में अर्जुन का मान-सम्मान कम हो जाएगा अपितु उसे तुच्छ भी समझा जाएगा। श्रीकृष्ण ने 'निन्दन्त' शब्द का प्रयोग किया है जिसका अर्थ निन्दा करना है तथा 'अवाच्यवादांश्च' शब्द का तात्पर्य कटु शब्दों का प्रयोग जैसे 'नपुंसक' आदि शब्द से है। अर्जुन का शत्रु दुर्योधन उसके बारे में बहुत से न कहे जाने वाले अपशब्द जैसे-'देखो युद्ध छोड़कर भागे इस लाचार अर्जुन को, श्रीकृष्ण अर्जुन को स्मरण करवाना चाहते हैं कि इस प्रकार के व्यंग्यपूर्ण कथन उसके लिए अत्यंत दुःखदायी होंगे।

श्लोक 2.37
हतो वा प्राप्स्यसि स्वर्गं जित्वा वा भोक्ष्यसे महीम् | तस्मादुत्तिष्ठ कौन्तेय युद्धाय कृतनिश्चय: || 37||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: हत:-मारे जाना; वा-या तो; प्राप्स्यसि–प्राप्त करोगे; स्वर्गम्-स्वर्गलोक को; जित्वा-विजयी होकर; वा-अथवा; भोक्ष्यसे-तुम भोगोगे; महीम्-पृथ्वी लोक का सुख; तस्मात्-इसलिए; उत्तिष्ठ-उठो; कौन्तेय-कुन्तीपुत्र, अर्जुन; युद्धाय-युद्ध के लिए; कृत-निश्चय–दृढ़ संकल्प;।
हे कुन्ती पुत्र! यदि तुम युद्ध करते हो तो या तो तुम मारे जाओगे और स्वर्ग लोक प्राप्त करोगे या विजयी होने पर पृथ्वी के साम्राज्य का सुख भोगोगे। इसलिए हे कुन्ती पुत्र! उठो और दृढ़ संकल्प के साथ युद्ध करो।

श्लोक 2.31 से श्रीकृष्ण निरन्तर वर्णाश्रम धर्म के स्तर पर अपने दिव्य उपदेशों की व्याख्या कर रहे हैं। वे अर्जुन को अपने कर्त्तव्य का पालन करने के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाली दो प्रकार की संभावनों को व्यक्त कर रहे हैं। यदि अर्जुन युद्ध में विजय प्राप्त करता है तब वह पृथ्वी का साम्राज्य प्राप्त करेगा और यदि अपने धर्म का पालन करने के लिए उसे अपने जीवन का बलिदान भी करना पड़ा तब वह स्वर्गलोक में जाएगा।

श्लोक 2.38
सुखदु:खे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ | ततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि || 38||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सुख–सुख, दुःखे-दुःख में; समेकृत्वा-समभाव से; लाभ-अलाभौ लाभ तथा हानि; जय-अजयौ-विजय तथा पराजयः ततः-तत्पश्चात्; युद्धाय युद्ध के लिए; युज्यस्व-तैयार हो जाओ; न कभी नहीं; एवम्-इस प्रकार; पापम्-पाप; अवाप्स्यसि-अर्जित करोगे।
कर्तव्यों के पालन हेतु युद्ध करो, युद्ध से मिलने वाले सुख-दुःख, लाभ-हानि को समान समझो। यदि तुम इस प्रकार अपने दायित्त्वों का निर्वहन करोगे तब तुम्हें कोई पाप नहीं लगेगा।

लौकिक स्तर पर अर्जुन को प्रेरित करने के पश्चात् श्रीकृष्ण अब गहन कर्मयोग का ज्ञान प्रदान करने की ओर अग्रसर होते हैं। अर्जुन को यह भय था कि यदि वह युद्ध में अपने शत्रुओं का वध करता है तो उसे पाप लगेगा। श्रीकृष्ण उसके भय को दूर करते हैं। वे अर्जुन को उपदेश देते हैं कि वह फल की इच्छा किए बिना अपने कर्त्तव्य का निर्वहन करे। इस प्रकार की मनोदशा के साथ कर्त्तव्य का पालन करने से उसे पाप लगने के भय से मुक्ति मिलेगी। जब हम स्वार्थ की भावना के साथ कार्य करते हैं तब हम कर्म का सृजन करते हैं जिसका हमें बाद में एक निश्चित परिणाम मिलता है। माठर स्मृति में वर्णित है:   पुण्येन पुण्य लोकं नयति पापेन पापमुभाभ्यामेव मनुष्यलोकम्। ( माठर  स्मृति)

"यदि तुम शुभ कर्म करते हो तब तुम स्वर्ग में जाओगे। यदि तुम अशुभ कर्म करोगे तब नरक में जाओगे और तुम शुभ और अशुभ दोनों कर्म करते हो तब तुम्हें पुनः मृत्यु लोक में वापस आना पड़ेगा।" इसलिए इन दोनों परिस्थितियों में हम अपने कर्मों के प्रतिफलों से बंधे हुए हैं। इसलिए शुभ लौकिक कर्म भी बंधन है और उनका फल भौतिक सुख है जिसके कारण हमारे कर्मों का संचयन बढ़ता है और हमारे इस भ्रम को और अधिक पुष्ट करता है कि इस संसार में सुख है। यदि हम स्वार्थ की कामना को त्याग देते हैं तब फिर हमारे कर्म परिणाम उत्पन्न नहीं करते। 

उदाहरणार्थ हत्या करना एक पाप है और सभी देशों की न्यायिक व्यवस्थाओं में इसे दण्डनीय अपराध घोषित किया गया है। किंतु यदि पुलिस का कोई सिपाही अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हुए डाकुओं के दल के सरदार को मार देता है तब उसे इसके लिए दंड नहीं मिलता है अपितु उसे उसकी वीरता के लिए पुरस्कार मिलता है। इसे दण्ड न मिलने का कारण यह है कि यह कार्य दुर्भावना और स्वार्थ की भावना से प्रेरित नहीं है और इसका निर्वहन देश के प्रति कर्त्तव्यों के पालन की दृष्टि से किया गया है। भगवान का विधान भी एकदम समान है। यदि कोई सभी प्रकार की कामनाओं का त्याग कर केवल कर्त्तव्य पालन के लिए कार्य करता है तब ऐसे कार्यों के परिणाम उत्पन्न नहीं होते हैं। 

इसलिए श्रीकृष्ण अर्जुन को परामर्श देते हैं कि वह युद्ध के परिणामों से विरक्त होकर केवल अपने कर्तव्यों के पालन की ओर ध्यान दे। जब वह समान भावना से युद्ध करेगा, विजय और पराजय तथा सुख-दुःख को एक समान समझेगा, तब अपने शत्रुओं का वध करने पर भी उसे पाप नहीं लगेगा। 

इस विषय को बाद में भगवद्गीता के श्लोक 5.10 में भी दोहराया गया है। "जिस प्रकार कमल के पत्ते जल पर रहकर भी डाल को स्पर्श नहीं करते-उसी प्रकार से जो मनुष्य अपने सभी कर्मों को भगवान के प्रति अर्पित करता है और सभी प्रकार के मोह का त्याग कर देता है वह पाप से अछूता रहता।" 

बिना आसक्ति के कर्म करने के परिणाम को समझाने के पश्चात्  श्रीकृष्ण अब अपने द्वारा व्यक्त किए गए दिव्य वचनों में निहित तर्क को प्रकट करने के लिए कर्मयोग की विस्तार से व्याख्या करेंगे।

श्लोक 2.39
एषा तेऽभिहिता साङ्ख्ये बुद्धिर्योगे त्विमां शृणु | बुद्ध्या युक्तो यया पार्थ कर्मबन्धं प्रहास्यसि || 39||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: एषा-अबतक; ते तुम्हारे लिए: अभिहिता-वर्णन कियाः सांख्ये-वैश्लेषिक ज्ञान द्वाराः बुद्धिः-बुद्धिः योगे-बुद्धि योग से; तु–वास्तव में; इमाम्-इसे; शृणु-सुनो; बुद्धया बुद्धि से; युक्तः-एकीकृत, यया जिससे; पार्थ-पृथापुत्र,अर्जुन; कर्म-बन्धम्-कर्म के बन्धन से; प्रहास्यसि-तुम मुक्त हो जाओगे।
अब तक मैंने तुम्हें सांख्य योग या आत्मा की प्रकृति के संबंध में वैश्लेषिक ज्ञान से अवगत कराया है। अब मैं बुद्धियोग या ज्ञानयोग प्रकट कर रहा हूँ, हे पार्थ! उसे सुनो। जब तुम ऐसे ज्ञान के साथ कर्म करोगे तब कर्मों के बंधन से स्वयं को मुक्त कर पाओगे।

सांख्य शब्द 'सां' धातु से बना है। 'सां' का अर्थ 'पूर्ण' तथा 'ख्य' का अर्थ जानना है। सांख्य दर्शन छः भारतीय दर्शन शास्त्रों में से एक दर्शनशास्त्र है जिसमें ब्रह्माण्ड के तत्त्वों की विश्लेषणात्मक गणना की गयी है। इसमें 24 तत्त्वों की व्याख्या की गयी है: पंच महाभूत, (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश) पाँच तन्मात्राएँ (इन्द्रियों के पाँच विषय रसना, स्पर्श, गंध, श्रव्य और रूप) पाँच कर्मेन्द्रियाँ, पाँच ज्ञानेन्द्रियाँ-मन, अहंकार (जिसका उत्पत्ति महान में विकार से उत्पन्न होती है), महान (जिसकी उत्पत्ति प्रकृति में विकार उत्पन्न होने से होती है) और प्रकृति (आदिकालीन भौतिक शक्ति का रूप) है। इसके अतिरिक्त पुरुष या आत्मा है जो प्रकृति का भोग करता है और उसके बंधन में बंध जाता है। 

श्रीकृष्ण ने अर्जुन को केवल सांख्य योग के भिन्न प्रकार के स्वरूप का ज्ञान करवाया है जो कि अविनाशी आत्मा का विश्लेषणात्मक ज्ञान है। श्रीकृष्ण अब कहते हैं कि वे बिना फल की इच्छा के कर्मयोग का ज्ञान प्रकट कर रहे हैं। इसके लिए कर्म के फल के प्रति विरक्ति आवश्यक है। ऐसी विरक्ति विवेक के साथ बुद्धि का प्रयोग करने से आती है इसलिए श्रीकृष्ण ने अपनी इच्छा के अनुसार इसे बुद्धि-योग कहा है। आगे श्लोक 2.41 और 2.44 में श्रीकृष्ण यह व्याख्या करेंगे कि मन में विरक्ति का भाव उत्पन्न करने में बुद्धि किस प्रकार से महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

श्लोक 2.40
नेहाभिक्रमनाशोऽस्ति प्रत्यवायो न विद्यते | स्वल्पमप्यस्य धर्मस्य त्रायते महतो भयात् || 40||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; इह-इस में; अभिक्रम-प्रयत्न; नाश:-हानि; अस्ति–है; प्रत्यवायः-प्रतिकूल परिणाम; न-कभी नहीं; विद्यते-है; सु-अल्पम्-थोड़ा; अपि यद्यपि; अस्य-इसका; धर्मस्य-व्यवसाय; त्रायते-रक्षा करता है; महतः-महान; भयात्-भय से।
इस स्थिति में कर्म करने से किसी प्रकार की हानि या प्रतिकूल परिणाम प्राप्त नहीं होते अपितु इस प्रकार से किया गया अल्प प्रयास भी बड़े से बड़े भय से हमारी रक्षा करता है।

हमारे सामने सबसे बड़ा भय यह है कि अगले जन्म में हमें संभवतः मानव देह प्राप्त होने के स्थान पर कहीं निम्न योनियों जैसे पशु, पक्षी आदि की योनियों में जन्म लेना और नरक लोकों में न जाना पड़े। हमें यह निश्चिन्तता नहीं हो सकती कि अगले जन्म में हमारे लिए मनुष्य योनि सुरक्षित रहेगी क्योंकि पुनर्जन्म का निर्धारण हमारे कर्मों और इस जीवन की हमारी चेतना के अनुसार होता है। 

पृथ्वी पर 84 लाख योनियों का अस्तित्व है। मनुष्य से निम्न योनियों-पशु-पक्षी, मीन, कीट-कीटाणु, आदि में मनुष्यों के समान बुद्धि नहीं होती। यद्यपि वे मनुष्य की भांति खाने, सोने और अपनी रक्षा व संभोग आदि गतिविधियों में संलग्न रहते हैं। जीवन का परम लक्ष्य प्राप्त करने के प्रयोजनार्थ मानवजाति को बुद्धि के गुण से सम्पन्न किया गया है ताकि वह इसका प्रयोग स्वयं के उत्थान के लिए कर सके। अगर मनुष्य अपनी बुद्धि का प्रयोग पशुओं की भांति केवल खाने, सोने, संभोग और अपनी रक्षा करने जैसे कार्यों में करता है तब यह मानव जीवन को व्यर्थ करने के समान है।

यदि कोई मनुष्य जीवन के क्षणिक सुख के लिए खाद्य पदार्थों का सेवन करने में ही जीवन व्यतीत कर देता है तब अगले जन्म में उस व्यक्ति के लिए सुअर का शरीर अति उपयुक्त होगा और उस मनुष्य को अगले जन्म में सुअर का शरीर मिलेगा। अगर कोई निद्रा को ही जीवन का लक्ष्य बनाता है तब भगवान उसकी रुचि के अनुरूप ध्रुवीय भालू के शरीर को उपयुक्त समझ कर अगले जन्म में उसे ध्रुवीय भालू की योनि में भेजेंगे। इसलिए हमारे सामने सबसे बड़ा भय यह है कि शायद अगले जन्म में हमें मानव शरीर नहीं मिलेगा। वेदों मे वर्णन किया गया है:  इह चेदवेदीदथ सत्यमस्ति न चेदिहावेदीन्महती विनष्टिः (केनोपनिषद्-2.5) 

"हे मनुष्यों! मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है। यदि तुम इसका उपयोग परम लक्ष्य को प्राप्त करने में नहीं करते तब तुम्हें घोर हानि का सामना करना पड़ेगा।" कठोपनिषद् में आगे यह वर्णन है कि इह चेदशकद् बोद्धं प्राक् शरीरस्य विस्त्रसः।  ततः सर्गेषु लोकेषु शरीरत्वाय कल्पते ।। (कठोपनिषद्-2.3.4.)

 "यदि तुम इस जीवन में भगवद्प्राप्ति का प्रयास नहीं करते तो तुम्हें कई जन्मों तक 84 लाख योनियों में चक्कर लगाना पड़ेगा।"

एक बार जब हम आध्यात्मिक मार्ग पर चलना आरम्भ कर देते हैं और यदि हम इस जीवन में अपनी आध्यात्मिक यात्रा को पूर्ण नहीं कर पाते तब भगवान हमारी इस ओर चलने की इच्छा को देखते हुए हमें पुनः मनुष्य का शरीर देते हैं ताकि हम अपनी आध्यात्मिक यात्रा को पुनः वहीं से प्रारम्भ कर सके जहाँ से हमने इसे छोड़ा था। इस प्रकार से हम बड़े जोखिम से बच जाते हैं। 

श्रीकृष्ण यह भी कहते हैं कि इस मार्ग का अनुसरण करने के प्रयास से किसी प्रकार की हानि नहीं होती क्योंकि वर्तमान जीवन में हम जो भौतिक पदार्थ और धन सम्पदा इकट्ठा करते हैं, उसे बाद में मृत्यु के समय हम इसी संसार मे छोड़ जाते हैं। लेकिन यदि हम भक्ति योग के मार्ग पर चलते हुए आध्यात्मिक उन्नति करते हैं तब उसे भगवान हमारे श्रेष्ठ कर्मों में जोड़ते हैं और उसका फल हमें अगले जन्म में देते हैं ताकि हम अपनी आध्यात्मिक यात्रा को पुनः वहीं से आरम्भ कर सकें जहाँ से हमने इसे छोड़ा था। इस प्रकार अर्जुन को इसके लाभों से अवगत करवाने के पश्चात् श्रीकृष्ण अब उसे बिना आसक्ति के निष्काम भाव से कर्मयोग के मार्ग पर चलने का उपदेश देना आरम्भ करते हैं।

श्लोक 2.41
व्यवसायात्मिका बुद्धिरेकेह कुरुनन्दन | बहुशाखा ह्यनन्ताश्च बुद्धयोऽव्यवसायिनाम् || 41||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: व्यवसाय-आत्मिका-दृढ़ संकल्प; बुद्धि:-बुद्धि; एका-एकमात्र; इह-इस मार्ग पर; कुरु-नन्दन-कुरु वंशी; बहु-शाखा:-अनेक शाखा; हि-निश्चय ही; अनन्ताः-असीमित; च-भी; बुद्धयः-वुद्धि; अव्यवसायिनाम्-संकल्प रहित।
हे कुरुवंशी! जो इस मार्ग का अनुसरण करते हैं, उनकी बुद्धि निश्चयात्मक होती है और उनका एक ही लक्ष्य होता है लेकिन जो मनुष्य संकल्पहीन होते हैं उनकी बुद्धि अनेक शाखाओं मे विभक्त रहती है।

आसक्ति मानसिक क्रिया है। इसका अभिप्राय यह है कि मन बार-बार अपनी आसक्ति के विषयों की ओर भागता है जो किसी व्यक्ति, इन्द्रिय विषय, प्रतिष्ठा, शारीरिक सुख त्यादि में हो सकती है। यदि किसी व्यक्ति या इन्द्रिय विषय का विचार हमारे मन में बार-बार उठता है तब निश्चय ही यह मन का उसमें आसक्त होने का संकेत है। यदि यह मन ही आसक्त हो जाता है तब भगवान इस आसक्ति के विषय के बीच बुद्धि को क्यों लाना चाहते हैं। क्या आसक्ति का उन्मूलन करने में बुद्धि की कोई भूमिका होती है? हमारे शरीर में सूक्ष्म अंत:करण होता है जिसे हम बोलचाल की भाषा में हृदय भी कहते हैं। यह मन, बुद्धि और अहंकार से निर्मित होता है। इस सूक्ष्म शरीर में बुद्धि मन से श्रेष्ठ है जो निर्णय लेती है जबकि मन में इच्छाएँ उत्पन्न होती है और यह बुद्धि द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार मोह के विषयों में अनुरक्त हो जाता है। 

उदाहरणार्थ यदि मनुष्य की बुद्धि यह निर्णय करती है कि धन सम्पत्ति ही सुख का साधन है तब मन में धन प्राप्त करने की लालसा उत्पन्न हो जाती है। यदि बुद्धि यह निश्चय करती है कि जीवन में प्रतिष्ठा ही सबसे महत्त्वपूर्ण है तब मन में प्रतिष्ठा और ख्याति पाने की अभिलाषा उत्पन्न होती है। दूसरे शब्दों में, मन में बुद्धि के बोध के अनुसार इच्छाएँ विकसित होती हैं। 

पूरे दिन हम अपने मन को बुद्धि द्वारा नियंत्रित करते हैं। जब हम अपने घर में होते है तब हम अनौपचारिक मुद्रा में रहते हैं जिसमें मन भी सहजता का अनुभव करता है जबकि अपने कार्यालय में रहते हुए हम औपचारिक मुद्रा में रहना सही समझते हैं। ऐसा नहीं है कि मन कार्यालय की औपचारिकताओं में प्रसन्न रहता है, अपितु वह अवसर मिलते ही अपेक्षाकृत घर जैसी अनौपचारिकताओं को अंगीकार करना चाहता है। इस प्रकार हमारी बुद्धि निश्चय करती है कि कार्यालय में औपचारिक आचरण का पालन करना अनिवार्य है। इसलिए बुद्धि मन को नियंत्रित करती है और हम पूरे दिन अपने कार्यालय में औपचारिक मुद्रा में रहते हैं और हमें मन की प्रकृति के विपरीत औपचारिक शिष्टाचार का पालन करना पड़ता है। इसी प्रकार मन कार्यालय के कार्यों में सुख अनुभव नहीं करता। यदि उसे स्वतंत्र छोड़ दिया जाए तब वह कार्यालय में कार्य करने की अपेक्षा घर में बैठकर टेलीविजन देखना चाहेगा किन्तु बुद्धि उसे यह आदेश देती है कि जीवन निर्वाह हेतु कार्यालय में बैठकर कार्य करना अनिवार्य है। इसलिए बुद्धि पुनः मन की स्वाभाविक प्रवृत्ति पर अंकुश लगाती है और लोग आठ घंटे या अधिक समय तक कार्य करते हैं। 

उपर्युक्त उदाहरण से हमें यह ज्ञात होता है कि हमारी बुद्धि मन को नियंत्रित करने में सक्षम है। इसलिए हमें अपनी बुद्धि को उचित ज्ञान के साथ पोषित करना चाहिए और उसका प्रयोग मन को उचित दिशा की ओर ले जाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने में करना चाहिए।

 बुद्धियोग मन को कर्म फलों से विरक्त रखने का विज्ञान है जो बुद्धि में यह दृढ़ निश्चय विकसित करता है कि सभी कार्य भगवान के सुख के निमित्त हैं। ऐसी स्थिर बुद्धि वाला मनुष्य एकाग्रता से अपने लक्ष्य पर ध्यान रखता है और निर्बाध गति से धनुष से छोड़े गए बाण के समान अपने मार्ग को पार कर लेता है। ऐसा साधक यह संकल्प लेता है-"यदि मेरे मार्ग में लाख बाधाएँ उत्पन्न हो जाएँ और यदि सारा संसार मेरी निंदा करे और यदि मुझे अपने जीवन का भी बलिदान क्यों न करना पड़े तब भी मैं अपनी साधना नहीं छोडूंगा।

" साधना की उच्च अवस्था में यह संकल्प इतना अधिक दृढ़ हो जाता है कि साधक को अपने मार्ग पर चलने से कोई डिगा नहीं सकता किन्तु वे लोग जिनकी बुद्धि अनेक शाखाओं में विभक्त है, अपने मन को विभिन्न दिशाओं की ओर भटकते हुए पाते हैं। वे मन की एकाग्रता को विकसित करने में समर्थ नहीं होते जो भगवान की ओर जाने वाले मार्ग के लिए आवश्यक होती है।

श्लोक 2.42-43
यामिमां पुष्पितां वाचं प्रवदन्त्यविपश्चित: | वेदवादरता: पार्थ नान्यदस्तीति वादिन: || 42|| कामात्मान: स्वर्गपरा जन्मकर्मफलप्रदाम् | क्रियाविशेषबहुलां भोगैश्वर्यगतिं प्रति || 43||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: याम् इमाम् ये सब पुष्पिताम्-बनावटी; वाचम्-शब्द; प्रवदन्ति-कहते हैं; अविपश्चित:-अल्पज्ञान वाले मनुष्य; वेदवादरताः-वेदों के अलंकारिक शब्दों में आसक्ति रखने वाले; पार्थ-पृथा का पुत्र, अर्जुन; न-अन्यत्-दूसरा कोई नहीं; अस्ति-है; इति–इस प्रकार; वादिनः-अनुशंसा करना; काम-आत्मानः-इन्द्रियतृप्ति के इच्छुक; स्वर्गपरा:-स्वर्गलोक की प्राप्ति का लक्ष्य रखने वाले; जन्म-कर्म-फल-उत्तम जन्म तथा फल की इच्छा से कर्म करने वाले; प्रदाम्-प्रदान करने वाला; क्रियाविशेष-आडम्बरपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान करना; बहुलाम्-विभिन्न; भोग-इन्द्रिय तृप्ति; ऐश्वर्य-वैभव; गतिम्-उन्नति; प्रति-की ओर।
अल्पज्ञ मनुष्य वेदों के आलंकारिक शब्दों में अत्यधिक आसक्त रहते हैं। वे स्वर्गलोक का सुख भोगने हेतु दिखावटी कर्मकाण्ड करने की अनुशंसा करते हैं और वे यह मानते हैं कि वेदों में उच्च सिद्धान्तों का वर्णन नहीं किया गया है। वे वेदों के केवल उन्हीं खण्डों को महिमामण्डित करते हैं जो उनकी इन्द्रियों को तृप्त करे और वे उत्तम जन्म, ऐश्वर्य, इन्द्रिय तृप्ति और स्वर्गलोक की प्राप्ति के लिए आडम्बरयुक्त कर्मकाण्डों का पालन हैं।

वेदों को तीन भागों में विभक्त किया गया है। ये खण्ड हैं- कर्मकाण्ड (धार्मिक अनुष्ठान) ज्ञान काण्ड (ज्ञान खण्ड) उपासना काण्ड (भक्ति खण्ड)। कर्मकाण्ड में भौतिक सुखों को भोगने और स्वर्गलोक की प्राप्ति के उद्देश्य से धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। वे लोग जो इन्द्रिय तृप्ति की कामना रखते है; वेदों के इस भाग को महिमामण्डित करते हैं। 

स्वर्गलोक में भौतिक ऐश्वर्य और इन्द्रिय तृप्ति के भरपूर साधन उपलब्ध होते हैं। किन्तु स्वर्गलोक की कामना आध्यात्मिक उत्थान के लिए सहायक नहीं होती। स्वर्गलोक में भी मायाबद्ध संसार की तरह राग और द्वेष पाया जाता है और स्वर्ग लोक में जाने के पश्चात् जब हमारे संचित पुण्यकर्म समाप्त हो जाते है तब हमें पुनः मृत्युलोक में वापस आना पड़ता है।

 अल्पज्ञानी लोग स्वर्ग की कामना रखते हैं और सोंचते हैं कि वेदों का केवल यही उद्देश्य है। इस प्रकार वे भगवतप्राप्ति का प्रयास न करते हुए निरन्तर जन्म और मृत्यु के चक्र में घूमते रहते हैं। जबकि आध्यात्मिक चिन्तन में लीन साधक स्वर्ग की प्राप्ति को अपना लक्ष्य नहीं बनाते।

मुण्डकोपनिषद् में वर्णित है अविद्यायामन्तरे वर्तमानाः स्वयंधीराः पण्डितं मन्यमानाः।  जङ्घन्यमानाः परियन्ति मूढा अन्धेनैव नीयमाना यथान्धाः।। (मुण्डकोपनिषद्-1.2.8) 

"जो स्वर्ग जैसे उच्च लोकों का सुख पाने के प्रयोजन से वेदों में वर्णित आडम्बरपूर्ण कर्मकाण्डों में व्यस्त रहते है और स्वयं को धार्मिक ग्रंथों का विद्वान समझते हैं वास्तव में वे मूर्ख हैं। वे एक अंधे व्यक्ति द्वारा दूसरे अंधे को रास्ता दिखाने वाले के समान हैं।"

श्लोक 2.44
भोगैश्वर्यप्रसक्तानां तयापहृतचेतसाम् | व्यवसायात्मिका बुद्धि: समाधौ न विधीयते || 44||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भोग-तृप्ति; ऐश्वर्य-विलासता; प्रसक्तानाम्-घोर आसक्त पुरुष; तया-ऐसे पदार्थों से; अपहृत-चेतसाम्-भ्रमित बुद्धि वाले; व्यवसाय-आत्मिका:-दृढ़ निश्चय; बुद्धि-बुद्धि; समाधौ–पूरा करना; न-नहीं; विधीयते-घटित होती है।
ऐसे मनुष्यों को सांसारिक सुखों में मन की गहन आसक्ति तथा बुद्धि सांसारिक वस्तुओं में मोहित रहती है इसलिए वे भगवतप्राप्ति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए दृढ़-संकल्प लेने में असमर्थ होते हैं।

वे मनुष्य जिनका मन इन्द्रिय के सुखों के प्रति आसक्त रहता है, वे सांसारिक विषयों और ऐश्वर्यों का भोग करने के लिए चिन्तित रहते हैं। वे अपनी बुद्धि का प्रयोग अपनी आय बढ़ाने, अपनी लौकिक प्रतिष्ठा बढ़ाने और भौतिक सुखों का संवर्धन करने में करते हैं। इस प्रकार से भ्रमित होकर वे भगवतप्राप्ति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए अपेक्षित दृढ़-संकल्प धारण करने में असमर्थ रहते हैं।

श्लोक 2.45
त्रैगुण्यविषया वेदा निस्त्रैगुण्यो भवार्जुन | निर्द्वन्द्वो नित्यसत्त्वस्थो निर्योगक्षेम आत्मवान् || 45||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: त्रै-गुण्य-प्रकृति के तीन गुण; विषयाः-विषयों में; वेदाः-वैदिक ग्रंथ; निस्त्रैगुण्यः-गुणातीत, प्रकृति के तीनों गुणों से परे; भव-होना; अर्जुन-अर्जुन; निर्द्वन्द्वः-द्वैतभाव से मुक्त; नित्य-सत्त्व-स्थ:-नित्य सत्य में स्थिर; निर्योग-क्षेमः-लाभ तथा रक्षा के भावों से मुक्त; आत्मवान्–आत्मलीन।
वेदों में प्रकृति के तीन गुणों का वर्णन मिलता है। हे अर्जुन! प्रकृति के इन गुणों से ऊपर उठकर विशुद्ध आध्यात्मिक चेतना मे स्थित हो जाओ। परम सत्य में स्थित होकर सभी प्रकार के द्वैतों से स्वयं को मुक्त करते हुए भौतिक लाभ-हानि और सुरक्षा की चिन्ता किए बिना आत्मलीन हो जाओ।

मायाशक्ति अपने तीन प्रकार के प्राकृतिक गुणों द्वारा दिव्य आत्मा को देह में बांधती है। ये तीन-गुण, सत्व (शुभ कर्म) रजस (आसक्ति) और तमस (अज्ञानता) हैं। प्रत्येक मनुष्य में पिछले अनन्त जन्मों के संस्कारों और उनकी रुचि व प्रवृत्ति के अनुसार इन गुणों की भिन्नता होती हैं। वैदिक ग्रंथ इस असमानता को स्वीकार करते हैं और सभी प्रकार के मनुष्यों को उचित उपदेश देते हैं। यदि शास्त्रों में सांसारिक मोह-माया में लिप्त मनुष्यों के लिए उपदेश निहित न हो तब आगे चलकर वे और अधिक पथ भ्रष्ट हो जाएंगे। इसलिए वेदों में मनुष्यों को भौतिक सुख प्रदान करने के प्रयोजनार्थ कठोर कर्मकाण्डों का वर्णन किया गया है जो मनुष्य को अज्ञानता अर्थात तमोगुण से रजो गुण और रजो गुण से सत्व गुण तक ऊपर उठने में उनकी सहायता कर सके। इसलिए वेदों में भौतिक सुखों में आसक्ति रखने वालों के लिए धार्मिक अनुष्ठानों और आध्यात्मिक अभिलाषा रखने वाले मनुष्यों के लिए दिव्य ज्ञान दोनों प्रकार की विद्याएँ सम्मिलित हैं। 

जब श्रीकृष्ण अर्जुन को वेदों की अवहेलना करने के लिए कहते हैं तब उनके इस कथन को आगे आने वाले श्लोकों के संदर्भ में समझना आवश्यक है जिनमें वे यह इंगित कर रहे हैं कि अर्जुन वेदों के उन खण्डों पर अपना ध्यान आकर्षित न करे जिनमें भौतिक सुखों के लिए धार्मिक विधि विधानों और अनुष्ठानों को प्रतिपादित किया गया है अपितु परम सत्य को जानने के लिए तथा स्वयं को आध्यात्मिकता के उच्च स्तर तक उठाने के लिए वैदिक ज्ञान से परिपूर्ण वेदों के आध्यात्मिक भागों पर अपना ध्यान केन्द्रित करे।

श्लोक 2.46
यावानर्थ उदपाने सर्वत: सम्प्लुतोदके | तावान्सर्वेषु वेदेषु ब्राह्मणस्य विजानत: || 46||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यावान्–जितना भी; अर्थः-प्रयोजन; उदपाने-जलकूप में; सर्वतः-सभी प्रकार से; सम्प्लुत-उदके-विशाल जलाशय में; तावान्–उसी तरह; सर्वेषु-समस्त; वेदेषु-वेदों में; ब्राह्मणस्य–परम सत्य को जानने वाला; विजानतः-पूर्ण ज्ञानी।।
जैसे एक छोटे जलकूप का समस्त कार्य सभी प्रकार से विशाल जलाशय द्वारा तत्काल पूर्ण हो जाता है, उसी प्रकार परम सत्य को जानने वाले वेदों के सभी प्रयोजन को पूर्ण करते हैं।

वेदों में एक लाख मंत्रा हैं जिनमें विभिन्न धार्मिक विधि विधानों, प्रार्थनाओं, अनुष्ठानों, और दिव्य ज्ञान का वर्णन किया गया है। इन सबका एक ही उद्देश्य आत्मा को परमात्मा के साथ एकीकृत करने में सहायता करना है। वासुदेवपरा वेदा वासुदेवपरा मखाः।  वासुदेवपरा योगा वासुदेवपराः क्रियाः।। सांख्य योग वासुदेवपरं ज्ञानं वासुदेवपरं तपः। वासुदेवपरो धर्मो वासुदेवपरा गतिः।। (श्रीमद्भागवतम्-1.2.28-29)

 "सभी वैदिक मंत्रों, धार्मिक विधि-विधानों, आध्यात्मिक क्रियाओं, यज्ञ, ज्ञान और कर्तव्यों का निर्वहन करने का लक्ष्य भगवान के दिव्य चरणों में प्रीति उत्पन्न करने में सहायता करना है।" जिस प्रकार औषधि की टिकिया पर प्रायः शक्कर का लेप लगा होता है ताकि वह मधुर लगे, उसी प्रकार वेद भौतिक प्रवृत्ति वाले मनुष्यों को सांसारिक प्रलोभनों की ओर आकर्षित करते हैं। इनका उद्देश्य मनुष्य को धीरे-धीरे सांसारिक बंधनों से विरक्त कर उसे भगवान में अनुरक्त करने में सहायता करना है। इस प्रकार जब किसी मनुष्य का मन भगवान में लीन हो जाता है तब स्वतः ही सभी वैदिक मंत्रों का प्रयोजन सिद्ध हो जाता है। श्रीकृष्ण द्वारा उद्धव को दिया गया उपदेश आज्ञायैवं गुणान् दोषान् मयाऽऽदिष्टानपि स्वकान्।  धर्मान् सन्त्यज्य यः सर्वान् मां भजेत स सत्तमः।। (श्रीमद्भागवतम्-11.11.32) 

"वेदों में मनुष्य के लिए सामाजिक और धार्मिक विधि विधानों से संबंधित विभिन्न कर्त्तव्य निर्धारित किए गए हैं लेकिन वे मनुष्य जो इनके अंतर्निहित अभिप्राय को समझ लेते हैं और उनके मध्यवर्ती उपदेशों का त्याग करते हैं तथा पूर्ण समर्पण भाव से मेरी भक्ति और सेवा में तल्लीन रहते हैं, उन्हें मैं अपना परम भक्त मानता हूँ।"

श्लोक 2.47
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन | मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि || 47 ||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: कर्मणि-निर्धारित कर्म में; एव केवल; अधिकारः-अधिकार; ते तुम्हारा; मा-नहीं; फलेषु कर्मफल में; कदाचन-किसी भी समय; मा कभी नहीं; कर्म-फल-कर्म के परिणामस्वरूप फल; हेतुः-कारण; भू:-होना; मा-नहीं; ते तुम्हारी; सङ्गः-आसक्ति; अस्तु-हो; अकर्मणि-अकर्मा रहने में।
तुम्हें अपने निश्चित कर्मों का पालन करने का अधिकार है लेकिन अपने कर्मों के फल में तुम्हारा अधिकार नहीं हे, तुम स्वयं को अपने कर्मों के फलों का कारण मत मानो और न ही अकर्म रहने में आसक्ति रखो।

यह भगवद्गीता का अत्यंत प्रसिद्ध श्लोक है और भारतीय विद्यालयों के अधिकतम छात्र इस श्लोक से भली-भांति परिचित हैं। यह कार्य को निष्काम भाव से करने की प्रेरणा प्रदान करता है और प्रायः कर्म योग के विषय पर चर्चा के दौरान इसका उल्लेख किया जाता है। 

इस श्लोक में कर्मयोग के संबंध में चार उपदेश दिए गए हैं-(1) तुम अपना कर्म करो लेकिन इसके फल की चिन्ता न करो, (2) तुम्हारे कर्म का फल तुम्हारे सुख के लिए नहीं है अर्थात् तुम अपने कर्मों के फल के भोक्ता नहीं हो, (3) कर्म करते समय कर्ता होने का अहंकार न करो, (4) अकर्मण्य रहने में आसक्ति न रखो। 

कर्म करो परन्तु फल की चिन्ता न करोः हमें अपना कर्म करने का अधिकार है लेकिन इसका फल हमारे प्रयासों पर निर्भर नहीं है। परिणाम के निर्धारण या सुनिश्चितता में हमारे प्रयत्न, भाग्य अर्थात् हमारे पूर्वकर्म, भगवान की इच्छा, अन्य लोगों के प्रयास, संबद्ध मनुष्यों के संयुक्त कर्म, स्थान और परिस्थितियाँ आदि अनेक प्रकार के तत्त्वों की भूमिका होती है। फिर भी हम परिणाम के लिए चिन्तित होते हैं और जब हमें ये हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं मिलते तब हम दुःखी हो जाते हैं। इसलिए श्रीकृष्ण अर्जुन को फल की चिन्ता करने के स्थान पर केवल शुभ कर्म करने पर अपना ध्यान केन्द्रित करने का उपदेश देते हैं। वास्तव में जब हम परिणाम की चिन्ता नहीं करते तब हम अपने प्रयासों पर पूरा ध्यान केन्द्रित कर पाते हैं जिसके परिणाम पहले से अधिक उत्तम होते हैं। इसके लिए सूत्र उक्ति एन.ए.टी.ओ. 'नेटो' (नॉट अटैच्ड टू ऑउटकम) जिसका अर्थ है-परिणाम के प्रति आसक्ति का न होना। इसे दैनिक कर्म के समान समझना चाहिए जैसे कि गोल्फ खेलना। जब हम गोल्फ खेलते हैं तब उसके परिणाम में रुचि नहीं लेते हैं चाहे उनका स्कोर कम या अधिक क्यों न हो। यदि हम केवल अपनी क्षमता के अनुसार अपना शॉट खेलने पर ध्यान केन्द्रित करते हैं तब हमें प्रतीत होगा कि गोल्फ अत्यंत रोमांचक खेल है जिसे हमने पहले कभी इस प्रकार से नहीं खेला। इसके अतिरिक्त यदि वे खेले जाने वाले शॉट पर पूरा ध्यान केन्द्रित करते हैं तब वे अपने खेल को और ऊंचाईयों तक ले जाएंगे। 

कर्मों का फल हमारे सुख के लिए नहीं है- कर्म करना मानव की स्वाभाविक प्रवृत्ति है। संसार में जन्म लेने पर हमारी पारिवारिक परिस्थिति, सामाजिक स्थिति और व्यवसाय आदि के अनुसार हमें विभिन्न प्रकार के कार्य करने पड़ते हैं। कर्मों का निष्पादन करते समय हमें स्मरण रखना चाहिए कि हम इनके फलों के भोक्ता नहीं हैं बल्कि इनके फल भगवान के सुख के निमित्त हैं। मनुष्य भगवान का अणु अंश है (श्लोक 15.7) और हमारा यह अन्तर्निष्ठ स्वभाव है कि हम अपने सभी कर्मों द्वारा भगवान की सेवा करें। दासभूतमिदं तस्य जगत्स्थावजंगमम्। श्रीमन्नारायणः स्वामी जगतां प्रभुरीश्वरः।।  (पद्म पुराण)

 "भगवान संपूर्ण सृष्टि के परम स्वामी हैं; सभी चर अचर प्राणी उनके सेवक हैं।" निम्नवर्णित विचारों से सांसारिक चेतना का प्राकट्य होता है-“मैं उन सब सभी वस्तुओं का जो मेरे अधिकार में हैं, का स्वामी हूँ! यह सारे पदार्थ मेरे सुख के लिए हैं। मुझे अपनी पद, प्रतिष्ठा और अपने सुख-ऐश्वर्य को बढ़ाने का पूरा अधिकार है।" इसके विपरीत आध्यात्मिक चेतना है जो इस प्रकार के विचारों का स्फुरण करती है-“भगवान ही संसार के सभी सुख ऐश्वर्य के स्वामी हैं और मैं उनका निष्काम सेवक हूँ। मुझे अपना सर्वस्व जो मेरे अधिकार में है, भगवान की सेवा में अर्पित करना चाहिए।" इसी प्रकार श्रीकृष्ण अर्जुन को उपदेश देते हैं कि वह स्वयं को अपने कर्मों के फलों का भोक्ता न समझें। 

कर्म करते समय कर्ता होने का अहंकार न करनाः श्रीकृष्ण चाहते हैं कि अर्जुन कृताभिमान अर्थात् स्वयं को कर्त्ता मानने के अभिमान का त्याग कर दे। वे अर्जुन को उपदेश देते हैं कि वह अपने कर्मों से संबद्ध पूर्वकल्पित उद्धेश्यों का अनुसरण न करे और न ही स्वयं को अपने कार्यों के परिणाम का कारण माने। लेकिन जब हम कर्म करते हैं तब हम स्वयं को उन कर्मों का कर्ता क्यों न मानें? इसका कारण यह है कि हमारी इन्द्रियाँ, मन और बुद्धि जड़ हैं। भगवान इन्हें शक्ति प्रदान करते हैं और इन्हें हमारे संज्ञान पर छोड़ देते हैं जिसके फलस्वरूप हम कर्म करने में समर्थ होते हैं।

उदाहरणार्थ रसोई घर मे पड़े चिमटे अपने आप में निष्क्रिय हैं किन्तु वे किसी के हाथ में आते ही क्रियाशील हो जाते हैं और तब वे जलते हुए कोयले को उठाने आदि जैसे कठिन से कठिन कार्य भी कर लेते हैं। फिर भी यदि हम चिमटों को अपने कार्यों का कर्ता कहते हैं तब यह अनुचित होगा। यदि हमारे हाथ उन्हें क्रियाशील नहीं बनाते तब वे क्या कुछ करने में समर्थ होते? वे केवल टेबल पर पड़ी जड़ वस्तु होते।

समान रूप से यदि भगवान हमें शरीर, मन, और आत्मा युक्त इस तंत्र को कर्म करने की शक्ति प्रदान न करते, तब हम कुछ भी नहीं कर सकते थे। इसलिए हमें कर्ता होने के अभिमान का त्याग करना होगा और यह स्मरण रखना होगा कि भगवान ही केवल उन शक्तियों के एक मात्र स्रोत हैं जिनके द्वारा हम कर्म करते हैं। उपर्युक्त प्रकार के विचारों का सुन्दर वर्णन निम्न वर्णित प्रसिद्ध संस्कृत के श्लोक में मिलता है। यत्कृतं यत्करिष्यामि तत्सर्वं न मयाकृतम्। त्वया कृत तु फलभुक् त्वमेव मधुसूदन ।।

 "जो भी मैंने प्राप्त कर लिया है और जो भी प्राप्त करना चाहता हूँ उनका कर्ता मैं नहीं हूँ। हे मधुसूदन! आप ही वास्तविक कर्ता हो और आप ही सभी फलों के स्वयं भोक्ता हो।" 

अकर्मण्यता के प्रति आसक्त न होनाः यद्यपि कर्म करना सभी मनुष्यों का स्वभाव है किन्तु प्रायः ऐसी परिस्थितियाँ उत्पन्न होती हैं जब कार्य करना बोझिल और कठिन लगता है। ऐसी स्थिति में उससे बचने के स्थान पर हमें श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए कर्मयोग के दिव्य ज्ञान के अनुसार उस कार्य को सम्पन्न करना चाहिए। किन्तु यह सरासर अनुचित होगा यदि हम कार्य को दुष्कर और बोझिल मानकर अकर्मा बन जायें। निष्क्रियता के प्रति आसक्ति होने से कभी किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता और भगवान श्रीकृष्ण इसकी स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं।

श्लोक 2.48
योगस्थ: कुरु कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा धनञ्जय | सिद्ध्यसिद्ध्यो: समो भूत्वा समत्वं योग उच्यते || 48||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: योगस्थः-योग में स्थिर होकर; कुरु-करो; कर्माणि-कर्त्तव्यः सङ्गम्-आसक्ति को; त्यक्त्वा-त्याग कर; धनञ्जय-अर्जुन; सिद्धि-असिद्धयोः-सफलता तथा विफलता में; समः-समभाव; भूत्वा-होकर; समत्वम्-समभाव; योग–योग; उच्यते-कहा जाता है।
हे अर्जुन! सफलता और असफलता की आसक्ति को त्याग कर तुम दृढ़ता से अपने कर्तव्य का पालन करो। यही समभाव योग कहलाता है।

समता का भाव हमें सभी परिस्थितियों को शांतिपूर्वक स्वीकार करने के योग्य बनाता है। यह इतना प्रशंसनीय है कि भगवान ने इसे 'योग' अर्थात् भगवान के साथ एक होना कहा है। यह समबुद्धि पिछले श्लोक में वर्णित ज्ञान का अनुसरण करने से आती है। जब हम यह जान जाते हैं कि प्रयास करना हमारे हाथ में है किंतु परिणाम सुनिश्चित करना हमारे नियंत्रण मे नहीं है तब हम केवल अपने कर्तव्यों के पालन की ओर ध्यान देते हैं। फलों की प्राप्ति भगवान के सुख के लिए है और हमें उन्हें भगवान को अर्पित करना चाहिए। अब ऐसी स्थिति में यदि हम यश और अपयश, सफलता और असफलता, सुख और दुःख दोनों को समान रूप से भगवान की इच्छा मानते हुए ग्रहण करना सीख लेते हैं तब हमारे भीतर ऐसा समभाव विकसित होता है जिसकी व्याख्या भगवान श्रीकृष्ण के द्वारा की गयी है। 

यह श्लोक जीवन की उथल-पुथल का अति व्यावहारिक समाधान है। यदि हम समुद्र में नौका चलाते हैं तब यह स्वाभाविक है कि समुद्र की लहरें नौका को हिला सकती हैं। यदि हम हर समय यह सोंचकर व्याकुल होते है कि लहरें नाव से टकरायेंगी तब हमारे दुःखों का कोई अंत नहीं होगा और यदि हम समुद्र में लहरें न उठने की अपेक्षा करते तब समुद्र की प्राकृतिक विशेषताओं में विरोध उत्पन्न होता है। लहरों का समुद्र से अविछिन्न सम्बंध है। उसी प्रकार से जब हम जीवन रूपी समुद्र को पार करते हैं तब हमारे सम्मुख लहरों के समान अनेक बाधाएँ आती हैं जो हमारे नियंत्रण से परे होती हैं। 

यदि हम संघर्ष करते हुए प्रतिकूल परिस्थितियों को जीतना भी चाहें तब भी हम दुःखों को टालने में असमर्थ होंगे। यदि हम अपने मार्ग में आने वाली सभी कठिनाइयों का सामना करना सीख लेते हैं और उन्हें भगवान की इच्छा पर छोड़ देते हैं तब इसे ही वास्तविक 'योग' कहा जाएगा।

श्लोक 2.49
दूरेण ह्यवरं कर्म बुद्धियोगाद्धनञ्जय | बुद्धौ शरणमन्विच्छ कृपणा: फलहेतव: || 49||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: दूरेण-दूर से त्यागना; हि-निश्चय ही; अवरम्-निष्कृष्ट; कर्म-कामनायुक्त कर्म; बुद्धि योगात्-दिव्य ज्ञान में स्थित बुद्धि के साथ; धनञ्जय-अर्जुन; बुद्धौ-दिव्य ज्ञान और अंतर्दृष्टि; शरणम्-शरण ग्रहण करना; अन्विच्छ शरण ग्रहण करो; कृपणा:-कंजूस; फलहेतवः-कर्म का फल प्राप्त करने की इच्छा वाले।
हे अर्जुन! दिव्य ज्ञान और विवेक की शरण ग्रहण करो, फलों की आसक्ति युक्त कर्मों से दूर रहो जो दिव्य ज्ञान में स्थित बुद्धि के द्वारा निष्पादित किए गए कार्यों से निष्कृष्ट हैं। जो अपने कर्मफलों का भोग करना चाहते हैं, वे कृपण हैं।

किसी भी कार्य के दो प्रकार के दृष्टिकोण होते हैं-(1) हमारी बाह्य गतिविधियाँ, (2) उनके प्रति हमारी आंतरिक मनोवृत्ति। इसे हम वृंदावन की पावन भूमि पर बनाए जा रहे मन्दिर का उदाहरण देते हुए स्पष्ट कर सकते हैं। मन्दिर का निर्माण करने वाले श्रमिक एक पवित्र कार्य को सम्पन्न करने में लगे हैं किन्तु उनकी मनोवृत्ति सांसारिक है। वे केवल अर्जित किए जाने वाले पारिश्रमिक में ही रुचि रखते हैं। यदि कोई दूसरा ठेकेदार उन्हें अधिक पारिश्रमिक देता हैं तब वे अपनी नौकरी बदलने में कोई संकोच नहीं करेंगे। वृंदावन मे कई तपस्वी लोग भी रहते हैं जो यह देखकर कि वृंदावन में भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है, वे इसे भगवान की सेवा मानकर कार सेवा (स्वैच्छिक सेवा) में जुट जाते हैं। श्रमिकों और साधुओं द्वारा निष्पादित किया जा रहा कार्य एक समान ही है किन्तु उनकी आंतरिक मनोवृत्ति अलग-अलग है। यहां श्रीकृष्ण अर्जुन को उपदेश देते हैं कि वह अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए अपनी आंतरिक प्रेरणा के साथ ऊपर उठे। श्रीकृष्ण घोषणा करते हैं कि जो लोग स्वयं को सुखी रखने के प्रयोजनार्थ कर्म करते हैं, वे दुःखी होते हैं। वे लोग जो बिना फल की आसक्ति के समर्पित होकर समाज के कल्याणार्थ अपने कर्त्तव्य का पालन करते हैं, श्रेष्ठ कहलाते हैं और वे लोग जो अपने कर्मों के फल भगवान को अर्पित कर देते हैं, वे वास्तव में ज्ञानी हैं। इस श्लोक में कृपण शब्द प्रयुक्त हुआ है। श्रीमद्भागवतम् में कृपण शब्द का वर्णन निम्न प्रकार से किया गया हैं: न वेद कृपणः श्रेय आत्मनो गुणवस्तुदृक् ।  तस्य तानिच्छतो यच्छेद् यदि सोऽपि तथाविधः।। (श्रीमद्भागवतम्-6.9.49)

 "कृपण वे हैं जो यह सोचते हैं कि परम सत्य केवल भौतिक तत्त्वों द्वारा निर्मित इन्द्रिय विषय भोग के पदार्थों में ही है।" श्रीमद्भागवतम् में पुनः यह भी वर्णन किया गया है: “कृपणो योऽजितेन्द्रियः" (11.19.44) "कृपण वह है, जिसका इन्द्रियों पर नियंत्रण नहीं है।" जब कोई मनुष्य चेतना के उच्चतर स्तर की ओर अग्रसर होता है तब वह स्वभाविक रूप से कर्मों के फलों का सुख प्राप्त करने की इच्छा का त्याग कर देता है और समाज सेवा की भावना से कार्य करता है। 

कम्प्यूटर तकनीक में प्रतिष्ठित माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन के संस्थापक बिल गेट्स आजकल अपनी समृद्धि, सम्पत्ति और ऊर्जा को समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों पर लगा रहे हैं। इसी प्रकार बिल क्लिंटन यू.एस.ए. जैसे शक्तिशाली राष्ट्र के राष्ट्रपति बनने के पश्चात् अब संसार की सेवा करने का उपदेश देने में लगे हुए हैं और उन्होंने इस विषय पर 'हाऊ ईच ऑफ अस कैन चेंज द वर्ल्ड' नामक पुस्तक की रचना की है। सेवा में रत होना प्रशंसनीय है किन्तु फिर भी इसमें अपूर्णता है। सेवा की मनोभावना पूर्ण तभी होती है जब हम अपने कर्मों का निष्पादन भगवान के सुख के लिए करना सीख जाते हैं और उससे प्राप्त होने वाले फलों को भगवान को अर्पित कर देते हैं।

श्लोक 2.50
बुद्धियुक्तो जहातीह उभे सुकृतदुष्कृते | तस्माद्योगाय युज्यस्व योग: कर्मसु कौशलम् || 50||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: बुद्धि-युक्त:-बुद्धि से युक्त; जहाति-मुक्त हो सकता है; इह-इस जीवन मे; उभे दोनों; सुकृत-दुष्कृते-शुभ तथा अशुभ कर्म; तस्मात्-इसलिए; योगाय-योग के लिए; युज्यस्व-प्रयास करना; योगः-योगः कर्मसु-कौशलम्-कुशलता से कार्य करने की कला।
जब कोई मनुष्य बिना आसक्ति के कर्मयोग का अभ्यास करता है तब वह इस जीवन में ही शुभ और अशुभ कर्मफलों से छुटकारा पा लेता है। इसलिए योग के लिए प्रयास करना चाहिए जो कुशलतापूर्वक कर्म करने की कला है।

'कर्मयोग' विज्ञान के संबंध में उपदेश सुनकर प्रायः लोग आश्चर्य व्यक्त करते हैं कि यदि वे परिणाम के प्रति आसक्ति का त्याग कर देते हैं तब उनकी कार्यकुशलता कम हो जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण स्पष्ट करते हैं कि बिना निजी स्वार्थ के कार्य करने से हमारे कार्य की गुणवत्ता कम नहीं होती अपितु हम पहले से अधिक कुशलता प्राप्त कर लेते हैं। 

एक निष्ठावान सर्जन का उदाहरण लें जो लोगों का ऑपरेशन करते समय चाकू से चीर-फाड़ (सर्जरी) का कार्य करता है और वह समभाव से अपना कर्त्तव्य निभाता है, चाहे रोगी जीवित बचे या मर जाए वह आहत नहीं होता। क्योंकि वह केवल निःस्वार्थ भाव से अपनी पूरी योग्यता के साथ अपना कार्य करता है और उसकी परिणाम के प्रति कोई आसक्ति नहीं है। इसलिए यदि रोगी ऑपरेशन करते समय मर जाता है तब सर्जन को हत्या करने का अपराध बोध नहीं होता। यदि उसी सर्जन के अपने इकलौते पुत्र का ऑपरेशन किया जाना हो तब ऐसी दशा में वह स्वयं उसका ऑपरेशन करने का साहस नहीं जुटा पाता क्योंकि अब उसमें परिणाम के प्रति आसक्ति का भाव आ जाता है और उसमें यह भय व्याप्त हो जाता है कि वह कुशलतापूर्वक ऑपरेशन करने के योग्य है या नहीं।

वह दूसरे सर्जन की सहायता लेना चाहता है। इससे ज्ञात होता है कि परिणाम के प्रति आसक्ति हमें अपेक्षाकृत अधिक कुशल नहीं बनाती अपितु इसके विपरीत आसक्ति हमारी कार्यकुशलता को नकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। 

इसके स्थान पर यदि हम बिना आसक्ति के कार्य करते हैं तब हम आकुलता, घबराहट, आशंका और अधीरता से रहित होकर अत्यधिक कुशलता से कार्य कर सकते हैं। इसी प्रकार से अर्जुन का निजी उदाहरण भी इस तथ्य को उजागर करता है कि फल की आसक्ति को त्यागने से कार्य की कुशलता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। 

भगवद्गीता का उपदेश सुनने से पूर्व अर्जुन विजयी होकर राजपाट पाने की इच्छा के साथ युद्ध करना चाहता था। श्रीकृष्ण से भगवद्गीता का उपदेश सुनने के पश्चात् उसने युद्ध लड़ा क्योंकि यह भगवान की सेवा थी और श्रीकृष्ण की भी इसमें प्रसन्नता थी। वह सदैव एक योद्धा रहा यद्यपि उसकी आंतरिक प्रेरणा परिवर्तित हो गई थी। 

बिना मोह के किए गए कर्त्तव्य पालन ने उसे किसी भी प्रकार से कम सक्षम नहीं बनाया। वास्तव में उसने अति उत्साह और वीरता से युद्ध लड़ा क्योंकि युद्ध करने का उसका कार्य प्रत्यक्ष रूप से भगवान की सेवा थी।

श्लोक 2.51
कर्मजं बुद्धियुक्ता हि फलं त्यक्त्वा मनीषिण: | जन्मबन्धविनिर्मुक्ता: पदं गच्छन्त्यनामयम् || 51||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: कर्मजम्-सकाम कर्मों से उत्पन्न; बुद्धि-युक्ताः-समबुद्धि युक्त; हि-निश्चय ही; फलम्-फल; त्यक्त्वा-त्याग कर; मनीषिणः-बड़े-बड़े ऋषि मुनिः जन्मबन्ध-विनिर्मुक्ताः-जन्म एवं मृत्यु के बन्धन से मुक्ति; पदं–अवस्था पर; गच्छन्ति–पहुँचते हैं; अनामयम्-कष्ट रहित।
समबुद्धि युक्त ऋषि मुनि कर्म के फलों की आसक्ति से स्वयं को मुक्त कर लेते हैं जो हमें जन्म-मृत्यु के चक्र में बांधती हैं। इस चेतना में कर्म करते हुए वे उस अवस्था को प्राप्त कर लेते हैं जो सभी दुःखों से परे है।

श्रीकृष्ण निरन्तर फल के प्रति आसक्त हुए बिना कर्म करने के विषय को समझा रहे हैं और कहते हैं कि यह विरक्ति मनुष्य को सुख-दुःख की अनुभूति से परे की अवस्था में ले जाती है। हम प्रेम के लिए लालायित रहते हैं किन्तु हमें निराशा मिलती है, हम जीवित रहना चाहते हैं लेकिन हम यह भी जानते हैं कि हम प्रतिक्षण मृत्यु की ओर बढ़ रहे हैं। 

श्रीमद्भागवतम् में वर्णन किया गया है: सुखाय कर्माणि करोति लोको न तैः सुखं वान्यदुपारमं वा।  विन्देत भूयस्तत एव दुःखं यदत्र युक्तं भगवान् वदेनः।। (श्रीमद्भागवतम्-3.5.2) 

"सभी लोग सुख प्राप्त करने के लिए कर्मों में संलग्न रहते हैं किन्तु फिर भी उन्हें इससे संतोष नहीं मिलता अपितु फल के प्रति आसक्त होकर कर्म करने से उनके कष्ट और अधिक बढ़ जाते हैं।" परिणामस्वरूप व्यावहारिक रूप से सभी लोग इस संसार मे दुःखी हैं। कुछ शारीरिक और मानसिक कष्ट भोग रहे हैं। कुछ लोग अपने परिवार के सदस्यों या सगे-संबंधियों से उत्पीड़ित होते हैं और कुछ धन और जीवन यापन के लिए मूलभूत वस्तुओं के अभाव से दुःखी हैं। भौतिक सुखों में लिप्त सांसारिक मनोवृत्ति वाले लोग जानते हैं कि वे वास्तव मे दुःखी हैं किन्तु वे सोचते हैं कि जो अन्य लोग उनसे अधिक समृद्ध हैं, वे सुखी होंगे और इसलिए वे भी सांसारिक सुख सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा की ओर निरन्तर भागने में लगे रहते हैं। यह अंधी दौड़ अनेक जन्मों तक चलती रहती है और फिर भी सुख की कोई किरण दिखाई नहीं देती। जब लोगों को यह अनुभव होता है कि सकाम कर्मों में संलग्न होने से कभी भी कोई मनुष्य सुख प्राप्त नहीं कर सकता, तब उन्हें समझ में आता है कि वे जिस दिशा की ओर भाग रहे हैं, वह निस्सार है और फिर वे आध्यात्मिक जगत की ओर मुड़ने के लिए सोचते हैं। 

वे बुद्धिमान पुरुष जो आध्यात्मिक ज्ञान से दृढ़-निश्चयी हो जाते हैं वे यह जान जाते हैं कि भगवान सभी पदार्थों के भोक्ता हैं। परिणामस्वरूप वे अपने कर्मों के प्रति आसक्ति के भाव को त्याग कर सब कुछ भगवान को अर्पित करते हैं और सुख-दुःख आदि सभी को समान रूप से स्वीकार करते हैं। ऐसा करने से उनके कर्म अपने फलों से मुक्त हो जाते हैं जो मनुष्य को जन्म और मृत्यु के बंधन मे बांधते हैं।

श्लोक 2.52
यदा ते मोहकलिलं बुद्धिर्व्यतितरिष्यति | तदा गन्तासि निर्वेदं श्रोतव्यस्य श्रुतस्य च || 52||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यदा-जब; ते-तुम्हारा; मोह-मोह; कलिलम्-दलदल; बुद्धिः-बुद्धि; व्यतितरिष्यति-पार करना; तदा-तब; गन्तासि-तुम प्राप्त करोगे; निर्वेदम्-उदासीनता; श्रोतव्यस्य–सुनने योग्य; श्रुतस्य–सुने हुए को; च-और।
जब तुम्हारी बुद्धि मोह के दलदल को पार करेगी तब तुम सुने हुए और आगे सुनने में आने वाले इस लोक और परलोक के भोगों के प्रति उदासीन हो जाओगे।

श्रीकृष्ण ने पहले के श्लोकों में स्पष्ट किया है कि जो लोग वेदों के उन अलंकारिक शब्दों से सांसारिक सुख और ऐश्वर्य के प्रति आकर्षित होते हैं, वे सांसारिक भोगों, ऐश्वर्य को प्राप्त करने और स्वर्ग प्राप्त करने के प्रयोजनार्थ धार्मिक कर्मकाण्डों का अनुष्ठान करते हैं (श्लोक 2.42 2.43) किन्तु जिनकी बुद्धि आध्यात्मिक ज्ञान से प्रकाशित है, वे यह जानते हैं कि सांसारिक सुख और इन्द्रिय तृप्ति दुःखों के अग्रदूत हैं, ऐसे ज्ञानी महापुरुष वेदों के कर्मकाण्डों में रुचि नहीं रखते। मुण्डकोपनिषद् में वर्णन किया गया हैं परीक्ष्य लोकान् कर्मचितान् ब्राह्मणो निर्वेदमायान्नास्त्यकृतः कृतेन। (मुण्डकोपनिषद्-1.2.12)

 "सिद्ध ज्ञानी पुरुष यह समझने के पश्चात् कि सकाम कर्मों से प्राप्त होने वाले सुख इस जन्म में तथा स्वर्ग में अस्थायी और कष्टदायी होते हैं, वे वैदिक कर्मकाण्डों से दूर रहते हैं।"

श्लोक 2.53
श्रुतिविप्रतिपन्ना ते यदा स्थास्यति निश्चला | समाधावचला बुद्धिस्तदा योगमवाप्स्यसि || 53||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रुतिविप्रतिपन्ना-वेदों के सकाम कर्मकाण्डों की ओर आकर्षित न होना; ते तुम्हारा; यदा-जब; स्थास्यति-स्थिर हो जाएगा; निश्चला–अस्थिर; समाधौ-दिव्य चेतना; अचला-स्थिर; बुद्धिः-बुद्धि; तदा-तब; योगम् योग; अवाप्स्यसि तुम प्राप्त करोगे।
जब तुम्हारी बुद्धि का वेदों के अलंकारमयी भागों के प्रति आकर्षण समाप्त हो जाए और वह दिव्य चेतना में स्थिर हो जाए तब तुम पूर्ण योग की उच्च अवस्था का प्राप्त कर लोगे।

जब साधक आध्यात्मिक मार्ग में उन्नति करते हैं, तब ऐसे साधकों का भगवान से अटूट संबंध स्थापित हो जाता है। उस समय उन्हें यह ज्ञात होता है कि वे पहले वेदों के जिन कर्मकाण्डों का पालन कर रहे थे, वे सब बोझिल और समय व्यर्थ करने वाले हैं। फिर वे यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्हें अपनी साधना के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठानों का निष्पादन भी जारी रखना चाहिए और यदि वे धार्मिक अनुष्ठानों को तिलांजली देकर केवल अपनी साधना भक्ति में समर्पित हो जाते हैं तब ऐसा करने पर वे कोई अपराध तो नहीं करेंगे? ऐसे लोग अपने संदेह का उत्तर इस श्लोक में पा सकते हैं। श्रीकृष्ण कहते हैं कि वेदों के अलंकारमयी खण्डों के प्रति आकर्षित हुए बिना साधना भक्ति में स्थिर होना कोई अपराध नहीं है अपितु यह उच्चतम आध्यात्मिक चेतना की अवस्था है। 14वीं शताब्दी के महान संत माध वेन्द्र पुरी ने इस मनोभावना को दृढ़ता से व्यक्त किया है। वह वैदिक ब्राह्मण थे और धार्मिक विधियों का पालन करने में अत्यंत व्यस्त रहते थे लेकिन जब उन्होंने सन्यास ग्रहण किया तब वे पूर्णरूप से श्रीकृष्ण की भक्ति में तल्लीन हो गए। अपने जीवन के अंतिम दिनों में उन्होंने अपनी भावना को इस प्रकार से व्यक्त कियाः सन्ध्यावन्दनभद्रमस्तु भवते भोः स्नान तुभ्यं नमः।  भो देवाः पितरश्चतर्पणविधौ नाहं क्षमः क्षम्यताम् ।। यत्र क्वापि निषद्य यादव कुलोत्तमस्य कंसद्विषः। स्मारं स्मारमा हरामि तदलं मन्ये किमन्येन मे।।

 "मैं सभी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों से क्षमा याचना करता हूँ क्योंकि मैं इनका पालन करने में समय व्यर्थ नहीं करना चाहता। इसलिए मेरी त्रिकाल प्रार्थनाओं और मेरे प्रिय संध्या वंदन (जनेउ धारण करने वाले मनुष्य के लिए दिन में तीन बार पालन किए जाने वाले धार्मिक विधि विध न) प्रातः कालीन स्नान, देवताओं के यज्ञ के भाग, पितरों को तर्पण इत्यादि कृपया मुझे क्षमा करें। अब मैं जहां भी बैठता हूँ तो मैं केवल कंस के शत्रु श्रीकृष्ण का स्मरण करता हूँ जो मुझे सांसारिक बंधनों से मुक्त करने के लिए पर्याप्त है। 

श्रीकृष्ण ने इस श्लोक में समाधौ-अचला शब्द का प्रयोग किया है जिसका तात्पर्य दिव्य चेतना में दृढ़तापूर्वक स्थित होने की अवस्था से है। समाधि शब्द की रचना सम् धातु (समत्व) और धि (बुद्धि) से हुई है जिसका तात्पर्य 'बुद्धि की पूर्ण साम्यावस्था' है। जो मनुष्य चेतना की उच्चावस्था में स्थिर हो जाता है उसे सांसारिक आकर्षण विचलित नहीं कर सकते तथा वह समाधि या पूर्ण योग की अवस्था को प्राप्त कर लेता है।

श्लोक 2.54 ॥ अर्जुन उवाच ॥
स्थितप्रज्ञस्य का भाषा समाधिस्थस्य केशव | स्थितधी: किं प्रभाषेत किमासीत व्रजेत किम् || 54||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुन उवाच-अर्जुन ने कहा; स्थित-प्रज्ञस्य-स्थिर बुद्धि वाला व्यक्ति; का-क्या; भाषा-बोलना; समाधिस्थस्य-दिव्य चेतना में स्थित मनुष्य का; केशव-केशी राक्षस का दमन करने वाले, श्रीकृष्ण; स्थितधी:-प्रबुद्ध व्यक्ति; किम्-क्या; प्रभाषेत बोलता है; किम्-कैसे; आसीत-बैठता है; व्रजेत-चलता है; किम्-कैसे।
अर्जुन ने कहाः हे केशव! दिव्य चेतना में लीन मनुष्य के क्या लक्षण हैं। वह सिद्ध पुरुष कैसे बोलता है? कैसे बैठता है और कैसे चलता है?

स्थितप्रज्ञस्य (स्थिर बुद्धियुक्त मनुष्य) और समाधिस्थस्य (दिव्य चेतना में स्थित) की उपाधि महापुरुषों को दी जाती है। श्रीकृष्ण से पूर्ण योग की अवस्था या समाधि के विषय पर उपदेश सुनकर अर्जुन स्वाभाविक प्रश्न पूछता है। वह ऐसी अवस्था वाले सिद्धपुरुष के मन की प्रकृति के संबंध में जानना चाहता है। इसके अतिरिक्त वह यह भी जानना चाहता है कि दिव्य चेतना में स्थित मनुष्य की मानसिकता उसके स्वभाव में कैसे प्रकट होती है। इस श्लोक से आरम्भ करते हुए अर्जुन श्रीकृष्ण से सोलह प्रश्न पूछता है। जिसकी प्रतिक्रिया में श्रीकृष्ण कर्मयोग, ज्ञानयोग, भक्तियोग, तप और ध्यान इत्यादि के संबंध में गूढ़ रहस्य प्रकट करते हैं।

अर्जुन द्वारा पूछे गए सोलह प्रश्न निम्नवर्णित हैं

1. "दिव्य चेतना में स्थित मनुष्य के क्या लक्षण हैं।" (श्लोक 2.54) 

2. “यदि तुम ज्ञान को सकाम कर्मों से श्रेष्ठ मानते हो तब मुझे इस घोर युद्ध में क्यों धकेलना ___चाहते हो।" (श्लोक 3.1) 

3. "मनुष्य न चाहकर भी पापकर्मों में क्यों प्रवृत्त हो जाता है? क्या उसे बलपूर्वक पापमयी कर्मों में लगाया जाता है।" (श्लोक 3.36) 

4. "आपका जन्म सूर्य से बहुत काल पश्चात् हुआ था, तब फिर मैं यह कैसे समझूं कि आपने उसे इस ज्ञान का उपदेश दिया था।" (श्लोक 4.4) 

5. "पहले आप कर्मों का परित्याग करने की अनुशंसा करते हैं और फिर पुनः आप निष्ठापूर्वक श्रद्धाभक्ति के साथ कर्म करने की प्रशंसा करते हैं। कृपया मुझे निश्चयपूर्वक समझाने की कृपा करें कि इन दोनों में से क्या लाभकारी है।" (श्लोक 5.1)

 6. "हे कृष्ण। मन चंचल, अशांत, शक्तिशाली और हठी है। मुझे प्रतीत होता है कि वायु की अपेक्षा इसे नियंत्रित करना अत्यंत कठिन है।" (श्लोक 6.33)

 7. "उस असफल योगी का भविष्य कैसा है जो प्रारम्भ में श्रद्धापूर्वक भक्तिमार्ग पर चलता है तथा बाद में जिसका मन भगवान से हटकर दुर्वासनाओं में लिप्त हो जाता है और अपने जीवन में भगवतप्राप्ति नहीं कर पाता।" (श्लोक 6.37) 

8. "ब्रह्म क्या है और कर्म क्या है? अधिभूत क्या है और अधिदेव कौन है? अधियज्ञ क्या है और यह शरीर में कैसे रहता है? मन को भक्ति में स्थिर रखने वाले योगी मृत्यु के समय आपको कैसे पा लेते हैं।" (श्लोक 8.1-2) 

9. "कृपया मुझे अपने दिव्य वैभवों के संबंध में विस्तारपूर्वक समझाएँ जिसके द्वारा आप समस्त संसार में व्याप्त हैं।" (श्लोक 10.16) । 

10. "हे परम पुरुषोत्तम! मेरी इच्छा है कि मैं आपका विश्वरूप देखूं!" (श्लोक 11.3) 

11. "मैं जानना चाहता हूँ कि आप कौन हैं, आपकी प्रकृति और कार्य मुझे विस्मित करते हैं।" (श्लोक 11.31) 

12. "जो आपकी साकार रूप में भक्ति करते हैं या जो अव्यक्त निर्गुण निर्विशेष ब्रह्म के रूप में आपकी पूजा करते हैं, इन दोनों में से किसको श्रेष्ठ माना जाए।" (श्लोक 12.1) 

13. "मैं प्रकृति और पुरुष (भोक्ता) के बारे में जानना चाहता हूँ। कर्म क्षेत्र क्या है और कर्म क्षेत्र का ज्ञाता कौन है? ज्ञान क्या है और ज्ञान का विषय क्या है।" (श्लोक 13.1) 

14. "उस पुरुष के क्या लक्षण हैं जो प्रकृति के तीन गुणों से परे हो चुका है। हे भगवान! उसका आचरण क्या है। वह गुणों के बंधन को कैसे पार कर जाता है।" (श्लोक 14.21)

15. "उन लोगों की स्थिति क्या है जो शास्त्रों के विधि-विधानों की अवहेलना करते हैं किन्तु अपनी इच्छा से श्रद्धापूर्वक पूजा करते हैं।" (श्लोक 17.1) 

16. "मैं संन्यास का प्रयोजन जानना चाहता हूँ, यह त्याग या कर्म के फलों का परित्याग करने से कैसे भिन्न है।" (श्लोक 18.1)

श्लोक 2.55
श्रीभगवानुवाच | प्रजहाति यदा कामान्सर्वान्पार्थ मनोगतान् | आत्मन्येवात्मना तुष्ट: स्थितप्रज्ञस्तदोच्यते || 55||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान्-उवाच-परमात्मा श्रीकृष्ण ने कहा; प्रजहाति–परित्याग करता है; यदा-जब; कामान्–स्वार्थयुक्त; सर्वान् सभी; पार्थ-पृथापुत्र, अर्जुन; मनः-गतान्-मन की; आत्मनि-आत्मा की; एव-केवल; आत्मना-शुद्ध मन से; तुष्टः-सन्तुष्ट, स्थितप्रज्ञः-स्थिर बुद्धि युक्त; तदा-उस समय, तब; उच्यते–कहा जाता है।
परम प्रभु श्रीकृष्ण कहते हैं: हे पार्थ! जब कोई मनुष्य स्वार्थयुक्त कामनाओं और मन को दूषित करने वाली इन्द्रिय तृप्ति से संबंधित कामनाओं का परित्याग कर देता है और आत्मज्ञान को अनुभव कर संतुष्ट हो जाता है तब ऐसे मानव को स्थितप्रज्ञ कहा जा सकता है।

इस श्लोक से श्रीकृष्ण अर्जुन के प्रश्नों का उत्तर देना आरम्भ करते हैं और अध्याय के अंत तक निरन्तर उत्तर देते रहते हैं। सभी अंश स्वाभाविक रूप से अपने अंशी की ओर आकर्षित होते हैं। पत्थर गुरुत्वाकर्षण की शक्ति के कारण पृथ्वी पर गिरता है। हमारी आत्मा भगवान का अंश है जो परमानन्द स्वरूप हैं। चूंकि आत्मा अनन्त सुखों के सागर भगवान का अंश है इसलिए वह स्वाभाविक रूप से आनन्द प्राप्त करना चाहती है। जब यह भगवान से आत्मानंद का रस लेने का प्रयास करती है तब इसे 'दिव्य प्रेम' कहते हैं। किन्तु जब अपनी आध्यात्मिक प्रकृति की अज्ञानता के कारण वह स्वंय को शरीर मान लेती है और संसार से प्राप्त होने वाले शरीर के सुखों का भोग करना चाहती है, तब उसे तृष्णा कहते हैं।

धार्मिक ग्रंथों में संसार को मृगतृष्णा कहा गया है जिसका अर्थ हिरण द्वारा देखा जाने वाला 'मृग जल' है। रेगिस्तान की गर्म रेत पर जब सूर्य की किरणों का प्रतिबिम्ब दिखाई देता है वो उससे हिरण को जल का भ्रम हो जाता है। वह समझता है कि रेत के ऊपर जल है और अपनी प्यास बुझाने के लिए उस ओर दौड़ता है। किन्तु वह जितना अधिक जल की ओर भागता है, वह मृगजल वहाँ से विलुप्त होकर उसे और आगे दिखाई देता है। हिरण अपनी मंदबुद्धि के कारण यह नहीं जान पाता कि वह भ्रम के पीछे भाग रहा है। अभागा हिरण मृगजल का पीछा करते हुए भागता रहता है और रेगिस्तान की तपती रेत पर थककर मर जाता है। इसी प्रकार प्राकृत शक्ति माया भी सुख का भ्रम उत्पन्न करती है और हम अपनी इन्द्रियों की तृप्ति की आशा में  झूठे सुखों के पीछे भागते रहते हैं। हम चाहे कितना भी प्रयत्न क्यों न करें सुख हमारे हाथ नहीं आता और हमसे दूर हो जाता है। गरुड़ पुराण में निम्न प्रकार से उल्लेख किया गया है: चक्रधरोऽपि सुरत्वं सुरत्वलाभे सकलसुरपतित्वम्।  भवितुं सुरपतिरूवंगतित्वं तथापि न निवर्तते तृष्णा।। (गरुड़ पुराण-2.12.14)

 "एक राजा अखिल विश्व का सम्राट बनना चाहता है। सम्राट स्वर्ग का देवता बनना चाहता है और स्वर्ग का देवता स्वर्ग के राजा इन्द्र का पद पाना चाहता है तथा इन्द्र सृजनकर्ता ब्रह्मा का पद चाहता है" फिर भी भौतिक सुखों की भूख समाप्त नहीं होती। लेकिन जब कोई अपने मन को भौतिक लालसाओं और विषय भोगों से हटाना सीख लेता है तब ऐसा मनुष्य आत्मा के आंतरिक सुख की अनुभूति करता है और लोकातीत होकर सिद्धावस्था प्राप्त करता है। कठोपनिषद् में इस विषय पर और अधिक बढ़-चढ़कर यह वर्णन किया गया है-अपनी "कामनाओं का परित्याग करने वाला मनुष्य भगवान के समान हो जाता है" यदा सर्वे प्रमुच्यन्ते कामा येऽस्य हृदि श्रिताः।  अथ मोऽमृतो भवत्यत्र ब्रह्म समश्नुते ।। (कठोपनिषद्-2.3.14) 

"जब कोई अपने मन से समस्त स्वार्थयुक्त कामनाओं का उन्मूलन करता है, तब सांसारिक बंधनों से जकड़ी जीवात्मा जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त हो जाती है और भगवान के समान सद्गुणी हो जाती है।" श्रीकृष्ण उपर्युक्त श्लोक में कहते हैं कि लोकातीत अवस्था में स्थित मनुष्य वह है जिसने अपनी कामनाओं और इन्द्रिय तृप्ति का त्याग कर दिया है और जो आत्म संतुष्ट रहता है।

श्लोक 2.56
दु:खेष्वनुद्विग्नमना: सुखेषु विगतस्पृह: | वीतरागभयक्रोध: स्थितधीर्मुनिरुच्यते || 56||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: दुःखेषु-दुखों में; अनुद्विग्नमना:-जिसका मन विचलित नहीं होता; सुखेषु-सुख में; विगत-स्पृहः-बिना लालसा के; वीत-मुक्त; राग-आसक्ति; भय-भय; क्रोधः-क्रोध से; स्थित-धी:-प्रबुद्ध मनुष्य; मुनि:-मुनि; उच्यते-कहलाता है।
जो मनुष्य किसी प्रकार के दुःखों में क्षुब्ध नहीं होता जो सुख की लालसा नहीं करता और जो आसक्ति, भय और क्रोध से मुक्त रहता है, वह स्थिर बुद्धि वाला मनीषी कहलाता है।

इस श्लोक में श्रीकृष्ण स्थिर बुद्धि वाले मनीषी की निम्न प्रकार से व्याख्या करते हैं। 

1. वीतरागः वे सुख की लालसा को त्याग देते हैं। 

2. वीतभयः वे भयमुक्त होते हैं।

3. वीतक्रोधः वे क्रोध रहित होते हैं। 81

आध्यात्मिक चेतना में लीन मनुष्य अपने मन में नश्वर भौतिक ऐश्वर्यों, क्रोध, लालच और शत्रुता आदि को प्रवेश करने की अनुमति नहीं देते इसलिए उनका मन लोकातीत चिन्तन में स्थिर और दिव्य चेतना में स्थित हो जाता है। यदि कोई मनुष्य अपने मन को दुःखों की चिन्ता करने की अनुमति देता है तब भगवान का चिन्तन समाप्त हो जाता है और मन ज्ञानातीत अवस्था से पतन की ओर चला जाता है। दुःखदायी कार्यों की गति इसी प्रकार होती है। वर्तमान पीड़ा से अधिक अतीत की पीड़ा का चिन्तन और भविष्य की पीड़ा की आशंका मन को सन्ताप देती है। किन्तु जब मन इन दोनों का चिन्तन छोड़ देता है और केवल वर्तमान संवेदना को सहजता से टटोलता है तब पीड़ा आश्चर्यजनक ढंग से संकुचित होकर सहनीय और पहले से कम हो जाती है। यह सर्वविदित है कि बौद्ध भिक्षु आक्रमणकारियों के उत्पीड़न को सहन करने के लिए यही विधि अपनाते थे। इसी प्रकार यदि मन बाहरी सुखों की लालसा करता है और संसार के विषय भोगों की ओर भागता है तो दिव्य आध्यात्मिक चेतना से विमुख हो जाता है। इसलिए स्थिर बुद्धि वाला मनीषी वह है जो मन को सुखों के लिए ललचाने और दुःखों के लिए शोक प्रकट करने की अनुमति नहीं देता। इसके अतिरिक्त मनीषी मन को भय और क्रोध से पराजित होने की अनुमति नहीं देता। इस प्रकार मन ज्ञानातीत अवस्था में स्थित हो जाता है।

श्लोक 2.57
य: सर्वत्रानभिस्नेहस्तत्तत्प्राप्य शुभाशुभम् | नाभिनन्दति न द्वेष्टि तस्य प्रज्ञा प्रतिष्ठिता || 57||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यः-जो; सर्वत्र सभी जगह; अनभिस्नेहः-अनासक्त; तत्-उस; प्राप्य-प्राप्त करके; शुभ-अच्छा; अशुभम्-बुरा; न न तो; अभिनन्दति हर्षित होता है; न न ही; द्वेष्टि-द्वेष करता है; तस्य-उसका; प्रज्ञा-ज्ञान, प्रतिष्ठिता-स्थिर।
जो सभी परिस्थितियों में अनासक्त रहता है और न ही शुभ फल की प्राप्ति से हर्षित होता है और न ही विपत्ति से भयभीत होता है वही पूर्ण ज्ञानावस्था में स्थित मुनि है।

सुप्रसिद्ध ब्रिटिश कवि रुडयार्ड किपलिंग ने इस श्लोक में उल्लिखित स्थितप्रज्ञ (ज्ञान में स्थित योगी) के लक्षणों को अपनी लोकप्रिय कविता 'इफ' में विशद रूप से समाविष्ट किया है। यहाँ उनकी कविता की कुछ पंक्तियाँ इस प्रकार हैं-

1. यदि तुम स्वप्न देख सकते हो और स्वप्नों को अपने पर हावी नहीं होने देते। 

2. यदि तुम सोंच सकते हो और विचारों को अपना लक्ष्य नहीं बनाते। 

3. यदि तुम सफलता या संकट का समता की भावना से सामना कर सकते हो और इनके साथ समान व्यवहार करते हो। 

4. यदि तुम्हें न तो शत्रु और न ही तुम्हारे प्रिय मित्र आहत कर सकते हैं।

5. यदि सभी मनुष्य तुम्हारे लिए महत्त्वपूर्ण हैं लेकिन कोई बहुत अधिक नहीं। 

6. यदि तुम एक मिनट को 60 क्षणों की तुल्य दूरी से भर सकते हो तब इस सारी पृथ्वी की संपदा तुम्हारी है। 

7. और इससे भी अधिक तुम सच्चे मानव बनोगे मेरे पुत्र। 

इस कविता की लोकप्रियता दर्शाती है कि लोगों में ज्ञान की चरम अवस्था में पहुँचने की स्वाभाविक अभिलाषा होती है जिसका वर्णन श्रीकृष्ण, अर्जुन से करते हैं। यह जानकर कोई भी आश्चर्यचकित हो सकता है कि अंग्रेजी भाषा के कवि ने उसी ज्ञानोदय की अवस्था को व्यक्त किया है जिसका भगवान श्रीकृष्ण द्वारा पहले से वर्णन किया गया है। वास्तव में अनंत ज्ञान की उत्कंठा आत्मा की मूल प्रवृत्ति है। इसलिए सकल विश्व की सभी संस्कृतियों में सभी लोग जाने या अनजाने में इसकी अभिलाषा रखते हैं। श्रीकृष्ण ने इसे यहाँ अर्जुन के प्रश्न के उत्तर के रूप में प्रस्तुत किया है।

श्लोक 2.58
यदा संहरते चायं कूर्मोऽङ्गानीव सर्वश: | इन्द्रियाणीन्द्रियार्थेभ्यस्तस्य प्रज्ञा प्रतिष्ठिता || 58||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यदा-जब; संहरते-संकुचित कर लेता है; च-भी; अयम् यह; कर्म:-कछुआ; अङ्गानि–अंग; इव-वैसे ही; सर्वशः-पूरी तरह; इन्द्रियाणि-इन्द्रियाँ इन्द्रिय-अर्थभ्यः-इन्द्रियविषयों से; तस्य-उसकी; प्रज्ञा-दिव्य चेतना; प्रतिष्ठिता-स्थित।
जो मनुष्य अपनी इन्द्रियों को उनके विषय भोगों से खींच लेने के लिए उसी प्रकार से योग्य होता है, जैसे एक कछुआ अपने अंगो को संकुचित करके उन्हें कवच के भीतर कर लेता है, वह दिव्य ज्ञान में स्थिर हो जाता है।

इन्द्रियों की तुष्टि हेतु उसके विषयों से संबंधित इच्छित पदार्थों की आपूर्ति करने का प्रयास ठीक वैसा ही है जैसे जलती आग में घी की आहुति डालकर उसे बुझाने का प्रयास करना। इससे अग्नि कुछ क्षण के लिए कम हो जाती है किन्तु फिर एकदम और अधिक भीषणता से भड़कती है। इस प्रकार भगवद्गीता में वर्णन किया गया है कि इच्छाएँ कभी समाप्त नहीं होती और जब उनकी तुष्टि की जाती है तब वे और अधिक प्रबल हो जाती हैं। श्रीमद्भागवतम् में भी वर्णन किया गया है- न जातु कामः कामानामुपभोगेन शाम्यति ।  हविषा कृष्णवर्मेव भूय एवाभिवर्धते ।। (श्रीमद्भागवतम्-9.19.14)

 "जैसे आग में घी की आहुति डालने से वह शांत नहीं होती अपितु इससे आग की लपटें और भीषणता से भड़कती है। उसी प्रकार इन्द्रियों की तृष्टि करने से वे शांत नहीं होतीं।" इन इच्छाओं की तुलना शरीर के खाज रोग से की जा सकती है। खाज कष्टदायक होती है और खुजलाहट करने की प्रबल इच्छा उत्पन्न करती है। खुजलाहट समस्या का समाधान नहीं है, कुछ क्षण इससे राहत मिलती है और फिर यह खुजलाहट अधिक वेग से बढ़ती है। यदि कोई इस खाज को कुछ समय तक सहन कर लेता है तब इसका दंश दुर्बल होकर धीरे-धीरे समाप्त हो जाता है। यह खाज से राहत पाने का रहस्य है। यही तर्क कामनाओं पर भी लागू होता है। मन और इन्द्रियाँ सुख के लिए असंख्य कामनाएँ उत्पन्न करती हैं लेकिन जब तक हम इनकी पूर्ति के प्रयत्न में लगे रहते हैं तब ये सब सुख मृग-तृष्णा की भांति भ्रम के समान होते हैं। किन्तु जब हम भगवान का अलौकिक सुख प्राप्त करने के लिए इन सब कामनाओं का त्याग कर देते हैं तब हमारा मन और इन्द्रियाँ शांत हो जाती हैं। 

इसलिए प्रबुद्ध व्यक्ति मन और इन्द्रियों का स्वामी बन जाता है। यही स्पष्ट करने के लिए इस श्लोक में कछुए का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। कछुआ संकट के समय अपने अंगों और सिर को अपने खोल के भीतर कर लेता है। संकट समाप्त होने पर कछुआ अपने अंगों और सिर को खोल के बाहर निकालता है और अपने मार्ग पर आगे बढ़ने लगता है। प्रबुद्ध आत्मा भी इसी प्रकार से अपने मन और इन्द्रियों पर नियंत्रण रखती है और परिस्थितियों की आवश्यकता के अनुरूप उन्हें संकुचित और उनका विस्तार कर सकती है।

श्लोक 2.59
विषया विनिवर्तन्ते निराहारस्य देहिन: | रसवर्जं रसोऽप्यस्य परं दृष्ट्वा निवर्तते || 59||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: विषयाः-इन्द्रिय विषय; विनिवर्तन्ते-रोकना; निराहारस्य स्वयं को दूर रखने का अभ्यास; देहिनः-देहधारी जीव के लिए; रसवजम्-भोग का त्याग करना; रस:-भोग विलास; अपि-यद्यपि; अस्य-उसका; परम-सर्वोत्तम; दृष्ट्वा–अनुभव होने पर; निवर्तते वह समाप्त हो जाता है।
यद्यपि देहधारी जीव इन्द्रियों के विषयों से अपने को कितना दूर रखे लेकिन उन विषयों को भोगने की लालसा बनी रहती है फिर भी जो लोग भगवान को जान लेते हैं, उनकी लालसाएँ समाप्त हो जाती हैं।

जब कोई व्यक्ति उपवास रखते समय भोजन ग्रहण करना छोड़ देता है तब इन्द्रिय तृप्ति की इच्छा क्षीण हो जाती है। इसी प्रकार रोगी व्यक्ति में भी विषय भोगों की रुचि कम हो जाती है। ऐसी विरक्ति अस्थायी होती है क्योंकि मन में कामनाओं के बीज विद्यमान रहते हैं। जब उपवास समाप्त हो जाता है या रोग दूर हो जाता है, तब कामनाएँ पुनः जागृत हो जाती है। कामनाओं की जड़ क्या है? 

भगवान के आनंद सुख को प्राप्त करना आत्मा की प्रकृति है जो कि भगवान का अणु अंश है। जब तक इसे यह आनंद नहीं मिलता तब तक आत्मा भी तृप्त नहीं होती और उसकी यह खोज निरन्तर जारी रहती है। साधक बलपूर्वक अपनी इन्द्रियों को विषय भोगों से दूर रख सकते हैं। किन्तु इस प्रकार का संयम अस्थायी होता है क्योंकि वे विषयों को भोगने की आंतरिक लालसा का शमन नहीं कर सकते। जब आत्मा भगवान की भक्ति में तल्लीन हो जाती है और परमानंद प्राप्त करती है तब उसे दिव्य प्रेमरस की अनुभूति होती है जिसे प्राप्त करने के लिए वह अनन्त जन्मों तक तरसती रही थी। 

तैत्तिरीयोपनिषद् में वर्णन है : रसो वै सः। रसं ह्येवायं लब्धवाऽऽनन्दी भवति।  (तैत्तिरीयोपनिषद्-2.7) 

" भगवान सत्-चित्-आनन्द हैं। जब आत्मा भगवान को पा लेती है तब वह आनंदमयी हो जाती है और तब मुनष्य में स्वाभाविक रूप से निकृष्ट सांसारिक विषय भोगों के प्रति विरक्ति उत्पन्न हो जाती है। भगवद्भक्ति से प्राप्त यह विरक्ति स्थायी और अविचल होती है।" इस प्रकार भगवद्गीता कामनाओं के दमन का कोरा उपदेश देने के स्थान पर उन्हें भगवान की ओर निर्देशित कर सुन्दर उदात्तीकरण के मार्ग पर अग्रसर होने का ज्ञान देती है। संत रामकृष्ण परमहंस इस सिद्धांत को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से व्यक्त करते हुए कहते हैं, "भक्ति परम सत्ता के प्रति दिव्य प्रेम है जिसके प्राप्त होने पर निकृष्ट भाव स्वतः समाप्त हो जाते हैं।"

श्लोक 2.60
यततो ह्यपि कौन्तेय पुरुषस्य विपश्चित: | इन्द्रियाणि प्रमाथीनि हरन्ति प्रसभं मन: || 60||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यततः-आत्म नियंत्रण का अभ्यास करते हुए; हि-के लिए; अपि-तथपि; कौन्तेय-कुन्तीपुत्र, अर्जुन पुरुषस्य-मनुष्य की; विपश्चितः-विवेक से युक्त; इन्द्रियाणि-इन्द्रियाँ, प्रमाधीनी-अशांत; हरन्ति–वश में करना; प्रसभम् बलपूर्वक; मनः-मन।
हे कुन्ती पुत्र! इन्द्रियाँ इतनी प्रबल और अशान्त होती हैं कि वे विवेकशील और आत्म नियंत्रण का अभ्यास करने वाले मनुष्य के मन को भी वरवश में कर लेती है।

इन्द्रियाँ उस अनियंत्रित जंगली घोड़े के समान हैं जिसकी नयी-नयी साज कसी गयी हो। ये अत्यंत चंचल होती हैं इसलिए इन्हें अनुशासित करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। इसलिए जो आध्यात्मिक उत्थान की अभिलाषा रखते हैं, उन्हें इन कामुक इन्द्रियों की लगाम कसने पर बल देना चाहिए जो वासना और लालसा के रंग में रंगी होती हैं।साथ ही ये इतनी शक्तिशली होती हैं कि महान योगी को भी आध्यात्मिक पथ पर आगे बढ़ने से रोक देती हैं। श्रीमद्भागवतम् में वर्णित एक कथा है जिसमें इस कथन का उपर्युक्त दृष्टांत है (स्कन्ध-9, अध्याय-6, श्लोक-38)। प्राचीनकाल में सौभरि नाम के परम तपस्वी थे जिनका उल्लेख ऋग्वेद में मिलता है। इसमें प्रदत्त कुछ मंत्रों को सौभरि सूत्र कहा गया है। सौभरि संहिता नाम से भी एक ग्रंथ है। इस प्रकार सौभरि एक साधारण मुनि नहीं थे। सौभरि का अपने शरीर पर इतना नियंत्रण था कि वे यमुना नदी के बीच में जल में डुबकी लगाकर जल के नीचे तपस्या करते थे। एक दिन उन्होंने दो मछलियों को विषयभोग करते हुए देख लिया। इस दृश्य ने उनके मन और इन्द्रियों को हर लिया और उनमें संभोग करने की इच्छा जागृत हो गयी। उन्होंने तपस्या को बीच में छोड़ दिया और नदी से बाहर निकल आये और अपनी काम-वासना की तृप्ति के संबंध में सांचने लगे। उस समय अयोध्या में मान्धाता नामक बहु-यशस्वी और दयालु शासक था। उसकी पचास कन्याएँ थीं जो सब एक-दूसरे से बढ़कर सुन्दर थीं। सौभरि मुनि ने राजा के पास जाकर उनसे पचास राजकुमारियों में से एक कन्या उन्हें सौंपने को कहा। राजा को उस तपस्वी की विवेकशीलता पर आश्चर्य हुआ और वह समझ गया-"यह वृद्ध तपस्वी विवाह करना चाहता है। राजा, तपस्वी सौभरि की शक्ति से परिचित होने के कारण भयभीत थे कि यदि उन्होंने सौभरि मुनि के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो वे राजा को शाप दे देंगे। राजा के लिए इस प्रस्ताव को मानने का अर्थ यह होता कि उसकी एक कन्या का जीवन नष्ट हो जाता। वह दुविधा में पड़ गया। राजा ने कहा, "हे पुण्यात्मा! मुझे आपके आग्रह को स्वीकार करने में कोई आपत्ति नहीं है। कृपया आसन ग्रहण करें, मैं अपनी पचास कन्याओं को आपके सम्मुख प्रस्तुत करता हूँ और जो भी कन्या आपका वरण करेगी, मैं उससे आपका विवाह कर दूंगा।" राजा को विश्वास था कि उसकी कोई भी कन्या उस बूढ़े तपस्वी का चयन नहीं करेगी और इस प्रकार से वह उस मुनि के शाप से बच जाएगा। सौभरि राजा के अभिप्राय को भली-भांति समझ गया। उन्होंने राजा से कहा कि वे कल आयेंगे। संध्या के समय उन्होंने अपनी योग शक्ति द्वारा स्वयं को एक सुंदर नवयुवक के रूप में परिवर्तित कर लिया। अगले दिन जब सौभरि मुनि महल में पहुंचे तब सभी पचास राजकुमारियों ने उन्हें पति के रूप में वरण कर लिया। राजा ने अपने दिए गये वचन से बंधे होने के कारण विवश होकर अपनी सभी कन्याओं का विवाह तपस्वी के साथ कर दिया। अब राजा को अपनी कन्याओं में परस्पर कलह होने की चिन्ता सताने लगी क्योंकि उन्हें एक ही पति के साथ जीवन व्यतीत करना था। सौभरि ने पुनः अपनी योग शक्ति का प्रयोग किया। राजा की आशंका को दूर करने के लिए उन्ध्येत मुनि पचास रूप धारण कर लिए और अपनी पत्नियों के लिए पचास महल बना दिए और उन सभी के साथ अलग-अलग रहने लगे। इस प्रकार सहस्रों वर्ष व्यतीत हो गए। 

पुराणों में उल्लेख है कि सौभरि मुनि की उन सभी पत्नियों से अनेक सन्तानों ने जन्म लिया और उनकी आगे और संतानें हुई और यहाँ तक कि एक छोटा नगर बस गया। एक दिन सौभरि के चित्त में विचार आया और वे शोक से कहने लगे “ अहो इमं पश्यत मे विनाशं (श्रीमद्भागवतम्9.6.50)" अर्थात हे मनुष्यों! तुम में से जो लौकिक पदार्थों से सुख प्राप्त करना चाहते हैं, वे सावधान हो जाएँ। मेरे अधोपतन की ओर देखें कि पहले मैं कहाँ था और अब मैं कहाँ पर हूँ। मैंने योग शक्ति द्वारा पचास शरीर धारण किए तथा सहस्त्रों वर्षों तक पचास स्त्रियों के साथ रहा फिर भी इन्द्रिय भोगों से तृप्ति नहीं हुई, अपितु और अधिक तुष्टि की लालसा बनी रही। अतः मेरे अधोपतन से शिक्षा लें और सावधान रहकर इस दिशा की ओर न भटकें।"

श्लोक 2.61
तानि सर्वाणि संयम्य युक्त आसीत मत्पर: | वशे हि यस्येन्द्रियाणि तस्य प्रज्ञा प्रतिष्ठिता || 61||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तानि-उन्हें; सर्वाणि-समस्त; संयम्य-वश में करना; युक्तः-एक हो जाना; आसीत-स्थित होना चाहिए; मत्-परः-मुझमें (श्रीकृष्ण); वशे–वश में; हि-निश्चय ही; यस्य–जिसकी; इन्द्रियाणि-इन्द्रियाँ; तस्य-उनकी; प्रज्ञा–पूर्ण ज्ञान प्रतिष्ठिता-स्थिर।
वे जो अपनी इन्द्रियों को वश में कर लेते हैं और अपने मन को मुझमें स्थिर कर देते हैं, वे दिव्य ज्ञान में स्थित होते हैं।

इस श्लोक में युक्त शब्द (जुड़ना) 'भक्ति में तल्लीनता' को इंगित करता है और मत्-पर का अर्थ 'भगवान श्रीकृष्ण के प्रति' है। यहां 'आसीत' शब्द का लाक्षणिक अर्थ 'स्थित' या 'स्थिर होना' है। यह कहकर कि इस दुराग्राही मन और इन्द्रियों को वश में करना आवश्यक है, श्रीकृष्ण अब इन्हें सुचारू रूप से नियंत्रित करने की विधि प्रकट करते हैं जो कि भगवान की भक्ति में तल्लीनता है। श्रीमद्भागवतम् में राजा अम्बरीष के दृष्टांत द्वारा इस विधि का सुन्दर निरूपण किया गया है स वै मनः कृष्णपदारविन्दयोर्वचांसि वैकुण्ठगुणानुवर्णने।  करौ हरेर्मन्दिरमार्जनादिषु श्रुतिं चकाराच्युतसत्कथोदये । मुकुन्दलिङ्गालयदर्शने दृशौ तभृत्यगात्रस्पर्शेऽङ्गस्ङ्गमम्।  घ्राणं च तत्पादसरोजसौरभे श्रीमत्तुलस्या रसनां तदपिर्ते ।। पादौ हरेः क्षेत्रपदानुसर्पणे शिरो हृषीकेशपदाभिवन्दने।  कामं च दास्ये न तु कामकाम्यया यथोत्तमष्लोकजना श्रया-रति ।। (श्रीमद्भागवतम्-9.4.18.20) 

"अम्बरीष ने अपने मन को श्रीकृष्ण के चरण कमलों में, वाणी को उनके दिव्य नाम, रूप, गुण और लीला का गुणगान करने में, अपने कानों को भगवान की मंगलमयी कथा का श्रवण करने में और नेत्र भगवान की सुन्दर मुकुन्द मूर्ति के दर्शन में, अंगों को भगवान के भक्तों के चरणों का स्पर्श करने में, नासिका को उनके चरण कमलों पर रखी तुलसी की दिव्य गंध में और माला चन्दन आदि भोग सामग्री को भगवान की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनके चरण भगवान के मन्दिरों की परिक्रमा करने में और शीश श्रीकृष्ण एवं उनके भक्तों का झुककर प्रणाम करने में लगाया।" इस प्रकार उन्होंने अपनी समस्त इन्द्रियों को परम प्रभु की सेवा में तल्लीन कर वश में किया।

श्लोक 2.62
ध्यायतो विषयान्पुंस: सङ्गस्तेषूपजायते | सङ्गात्सञ्जायते काम: कामात्क्रोधोऽभिजायते || 62||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: ध्यायत:-चिन्तन करते हुए; विषयान्–इन्द्रिय विषय; पुंस:-मनुष्य की; सङ्ग-आसक्ति; तेषु-उनके (इन्द्रिय विषय); उपजायते-उत्पन्न होना; सङ्गात्-आसक्ति से; सञ्जायते विकसित होती है। कामः-इच्छा; कामात्-कामना से; क्रोध:-क्रोध; अभिजायते-उत्पन्न होता है।
इन्द्रियों के विषयों का चिंतन करते हुए मनुष्य उनमें आसक्त हो जाता है और आसक्ति कामना की ओर ले जाती है और कामना से क्रोध उत्पन्न होता है।

क्रोध, लालच, वासना आदि को वैदिक ग्रंथों में मानस रोग कहा गया है। राम चरितमानस मे वर्णन है-"मानस रोग कछुक मैं गाए। हैं सब के लखि बिरलेन्ह पाए।" अर्थात् हम सब शरीर के रोगों से भलीभांति अवगत होते हैं, यहां तक कि केवल एक शारीरिक रोग में इतनी शक्ति होती है कि वह हमारे पूरे दिन को कष्टदायक बना देता है लेकिन हम यह नहीं जानते कि हम निरंतर बहुसंख्यक मानसिक रोगों से ग्रसित हैं। चूँकि हम वासना, लोभ आदि को मानसिक रोग के रूप में स्वीकार नहीं करते अतः उनका निदान करने का प्रयास नहीं करते। मनोविज्ञान मानव के मन मस्तिष्क को समझने की पद्धति है जिसके द्वारा इन रोगों का विश्लेषण करने के पश्चात् इनके उपचार का प्रयास किया जाता है।

 यद्यपि पश्चिमी मनोवैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत शोधकार्यों पर अभी बहुत कुछ किया जाना शेष है किन्तु ये मन की वास्तविकता के संबंध में केवल अनुमान ही प्रतीत होते हैं। इस श्लोक और आगे के श्लोकों में श्रीकृष्ण ने मन के कार्य-कलापों का पूर्ण एवं सूक्ष्मेक्षिका से वर्णन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब हम कुछ पदार्थों से मिलने वाले सुख का बार-बार चिन्तन करते हैं तब मन उनमें आसक्त हो जाता है। 

उदाहरणार्थ-एक कक्षा में बहुत लड़के और लड़कियाँ पढ़ते हैं। वे एक-दूसरे के साथ निष्कपट भाव से बातचीत करते हैं किन्तु एक लड़का एक लड़की पर मोहित होकर उसके बारे में सोंचना आरम्भ कर देता है। "यदि यह मेरी मित्र बन जाए, तो मैं बहुत प्रसन्नचित्त रहूँगा।" चूँकि वह अपने मन में उस लड़की का निरन्तर चिन्तन करता है इसलिए उसका मन उसमें आसक्त हो जाता है। वह अपने मित्र को बताता है कि वह उसके प्यार में मतवाला हो गया है और अध्ययन कार्य में उसका मन नहीं लगता क्योंकि उसका मन बार-बार उस लड़की की ओर ही आकर्षित होता है। उसका मित्र उसकी खिल्ली उड़ाते हुए कहता है कि वे सभी कक्षा में उस लड़की के साथ मिलते-जुलते हैं किन्तु उनमें से कोई भी उसके लिए पागल नहीं हुआ है तब फिर तुम क्यों उसके लिए अपनी रातों की नींद खराब कर रहे हो और अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे रहे हो? वास्तविकता यह है कि वह छात्र बार-बार यह चिन्तन करता है कि उस लड़की में सुख है और इसलिए उसका मन उस पर मोहित हो जाता है। इस प्रकार की आसक्ति या मोह अपने आप में एकदम निष्कपट प्रतीत होता है किन्तु समस्या यह है कि मोह से कामना उत्पन्न होती है। यदि किसी की मदिरापान में आसक्ति है, तब उसके मन में बार-बार मदिरापान करने की इच्छा उत्पन्न होगी। यदि किसी की धूम्रपान में आसक्ति है, तब उसका मन बार-बार धूम्रपान में सुख मानकर धूम्रपान करने के लिए तड़पेगा। इस प्रकार आसक्ति कामना की ओर ले जाती है। एक बार जब कामना उत्पन्न होती है तब दो अन्य समस्याओं का जन्म होता है जो हैं लोभ और क्रोध। कामनाओं को पूर्ण करने से लोभ उत्पन्न होता है। ज्यों प्रतिलाभ लोभ अधिकाई।। (रामचरितमानस) "यदि हम अपनी कामनाओं की तुष्टि करते हैं तब वे लोभ की ओर ले जाती है।" इसलिए कामनाओं को पूर्ण करने से इनका नाश नहीं होता। यत् पृथिव्यां व्रीहियवं हिरण्यं पशवः स्त्रियः।  न दुह्यन्ति मन:प्रीतिं पुंसः कामहतस्य ते ।। (श्रीमद्भागवतम्-9.19.13) 

"यदि कोई मनुष्य सभी प्रकार के धन, संपदा, ऐश्वर्य और संसार के इंद्रिय भोग-विलास भी प्राप्त कर ले तो भी उसकी कामनाओं की समाप्ति नहीं होगी इसलिए इसे दुःखों का कारण मानते हुए बुद्धिमान पुरुष को कामनाओं का त्याग करना चाहिए।" इसका दूसरा पहलू यह है कि यदि कामनाओं की पूर्ति में कोई बाधा उत्पन्न होती है तब क्या होगा? इससे क्रोध की ज्वाला उत्पन्न होती है। ध्यान रखें कि क्रोध अपने आप उत्पन्न नहीं होता। यह इच्छाओं की पूर्ति में बाधा आने से उत्पन्न होता है और इच्छाएँ आसक्ति से उत्पन्न होती हैं और आसक्ति इन्द्रियों के विषयों का चिन्तन करने से उत्पन्न होती है। इस प्रकार से हम देखते हैं कि विषयों के सुख का थोड़ा सा भी चिन्तन हमें लोभ और क्रोध दो प्रकार के मनोविकारों की ओर धकेलता है। अगले श्लोक में श्रीकृष्ण इसी कड़ी को जारी रखते हुए इसे अधिक सरल ढंग से व्यक्त करेंगे और क्रोध के दुष्परिणामों की व्याख्या करेंगे।

श्लोक 2.63
क्रोधाद्भवति सम्मोह: सम्मोहात्स्मृतिविभ्रम: | स्मृतिभ्रंशाद् बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति || 63||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: क्रोधात्-क्रोध से; भवति–होना; सम्मोहः-निर्णय लेने की क्षमता का क्षीण होना; सम्मोहात्–निर्णय लेने की क्षमता का क्षीण हो जाना; स्मृति-स्मरणशक्ति; विभ्रमः-भ्रमित; स्मृतिभ्रंशात्-स्मृति का भ्रम होने से; बुद्धिनाश:-बुद्धि का विनाश; बुद्धिनाशात्-बुद्धि के विनाश से प्रणश्यति-पतन होना।
क्रोध निर्णय लेने की क्षमता को क्षीण करता है जिसके कारण स्मृति भ्रम हो जाता है। जब स्मृति भ्रमित हो जाती है तब बुद्धि का नाश हो जाता है और बुद्धि के नष्ट होने से मनुष्य का पतन हो जाता है।

जैसे प्रात:काल की धुंध सूर्य की किरणों को ढक लेती है ठीक उसी प्रकार क्रोध करने से निर्णय लेने की क्षमता क्षीण हो जाती है। क्रोध में लोग भूल करते हैं और बाद में पश्चात्ताप करते हैं। फिर हम सोंचते हैं, "वह मुझसे आयु में 20 वर्ष बड़ा है। मैंने उसे ऐसा क्यों बोला। मुझे क्या हुआ था।" क्रोध के कारण बुद्धि के निर्णय लेने की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के कारण ऐसा होता है और इसलिए किसी बड़े को फटकारने की भूल आपने की। जब बुद्धि क्षीण हो जाती है तब इससे स्मृति भ्रमित हो जाती है। ऐसे में मनुष्य अच्छे और बुरे में भेद करना भूल जाता है। वह भावनाओं के आवेग में बहता रहता है और यहीं से उसका अधोपतन आरम्भ हो जाता है तथा स्मृति भ्रम होने के परिणामस्वरूप बुद्धि का विनाश हो जाता है।

बुद्धि आंतरिक गुण है। जब यह भ्रमित हो जाती है तब मनुष्य का सर्वनाश हो जाता है। इस प्रकार यहाँ जिस अधोगामी मार्ग का वर्णन किया गया है वह इन्द्रियों के विषयों के चिन्तन के साथ आरम्भ होकर बुद्धि का नाश होने पर समाप्त होता है।

श्लोक 2.64
रागद्वेषवियुक्तैस्तु विषयानिन्द्रियैश्चरन् | आत्मवश्यैर्विधेयात्मा प्रसादमधिगच्छति || 64||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: राग–अनुरागद्वेष-विमुखता; वियुक्तेः-मुक्त; तु-लेकिन; विषयान्–इन्द्रिय विषयों को; इन्द्रियैः-इन्द्रियों द्वारा; चरन्-भोग करते हुए; आत्मवश्यैः-मन को अपने वश में करने वाला; विधेय-आत्मा-मन को नियंत्रित करता है; प्रसादम्-भगवत्कृपा को; अधिगच्छति–प्राप्त करता है।
लेकिन जो मन को वश में रखता है वह इन्द्रियों के विषयों का भोग करने पर भी राग और द्वेष से मुक्त रहता है और भगवान की कृपा को प्राप्त करता है।

यह विनाश की प्रक्रिया विषय भोगों का चिन्तन करने से आरम्भ होती है। सुखों की लालसा करना आत्मा के लिए उसी प्रकार सहज है जिस प्रकार से भौतिक शरीर की प्यास समाप्त होने की इच्छा। यह विचार करना भी कठिन है-"मैं कभी सुखों का चिन्तन नहीं करूंगा", क्योंकि यह आत्मा के लिए असहज है। इसका सरल उपाय यह है कि सुख का चिन्तन उचित दिशा अर्थात् भगवान में हो। यदि हम बार-बार यह स्मरण करते हैं कि भगवान में ही सुख है तब भगवान में हमारी भक्ति विकसित होगी। यह दिव्य प्रेम भौतिक आसक्ति के समान मन को दूषित नहीं करेगा अपितु उसे शुद्ध कर देगा। भगवान शुद्ध तत्त्व हैं और जब हम अपने मन को उनमें लीन करते हैं तब मन भी शुद्ध हो जाता है। इस प्रकार श्रीकृष्ण हमें मोह और कामनाओं का त्याग करने का उपदेश देते हैं। यहाँ वे केवल लौकिक मोह और कामनाओं के संबंध में चर्चा कर रहे हैं। आध्यात्मिक आसक्ति और कामनाओं का त्याग नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि वास्तव में ये अति वंदनीय हैं। मन के शुद्धिकरण के लिए इनका संवर्धन आवश्यक है। हम कामनाओं का जितना दहन करेंगे, हमें उतना ही अधिक भगवत्प्रेम प्राप्त होगा और हमारा मन शुद्ध होगा। ज्ञानीजन इस तथ्य को समझ नहीं पाते तथा वे सभी प्रकार की आसक्तियों का त्याग करने की अनुशंसा करते हैं। श्रीकृष्ण कहते हैं कि वे लोग जो अपने मन को निष्काम भाव से मुझ में स्थिर करते हैं, वे माया के तीन गुणों से ऊपर उठ जाते हैं और वे परब्रह्म की अवस्था को प्राप्त कर लेते हैं (भगवद्गीता 14.26)। 

भगवद्गीता के आगे के अध्यायों जैसे (8.7, 8.14, 9.22, 9.34, 10.10, 12.8, 11.54, 18. 55, 18.58, 18.65) आदि में वे बार-बार अर्जुन को अपना मन भगवान में स्थिर करने की प्रेरणा देते हैं। राग और द्वेष एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। द्वेष और कुछ न होकर नकारात्मक आसक्ति है। जिस प्रकार से संसार के विषय भोगों का मन में बार-बार चिन्तन करने से आसक्ति उत्पन्न होती है उसी प्रकार से द्वेष के कारण घृणा भी मन में प्रविष्ट हो जाती है। इस प्रकार भौतिक पदार्थों में आसक्ति और द्वेष दोनों का मन पर समान रूप से प्रभाव पड़ता है। वे इसे दूषित करते हैं और माया के तीन गुणों में धकेल देते हैं। जब मन, राग और द्वेष दोनों से मुक्त हो जाता है और भगवान की भक्ति में तल्लीन हो जाता है तब वह मनुष्य भगवान की कृपा प्राप्त कर अनन्त आनंद प्राप्त करता है। इस दिव्य सुख को पाकर मन संसार के सुखों का भोग करने पर भी विषयों की ओर आकर्षित नहीं होता। इस प्रकार से स्थितप्रज्ञ मनीषी इन्द्रियों के विषयों स्वाद, स्पर्श, गंध, श्रवण, रूप का हमारे समान भोग करते हैं लेकिन फिर भी वे आसक्ति और द्वेष दोनों से मुक्त रहते हैं।

श्लोक 2.65
प्रसादे सर्वदु:खानां हानिरस्योपजायते | प्रसन्नचेतसो ह्याशु बुद्धि: पर्यवतिष्ठते || 65||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: प्रसादे भगवान की दिव्य कृपा द्वारा; सर्व-सभी; दुःखनाम्-दुखों का; हानि:-क्षय, अस्य-उसके; उपजायते-होता है। प्रसन्न-चेतसः-शांत मन के साथ; हि-वास्तव में आशु-शीघ्र; बुद्धि-बुद्धि; परि-अवतिष्ठते-दृढ़ता से स्थित।
भगवान की दिव्य कृपा से शांति प्राप्त होती है जिससे सभी दुःखों का अन्त हो जाता है और ऐसे शांत मन वाले मनुष्य की बुद्धि दृढ़ता से भगवान में स्थिर हो जाती है।

शालीनता एक दिव्य शक्ति है जो मनुष्य के व्यक्तित्व में झलकती है। अपनी कृपा द्वारा भगवान जो सत्-चित्-आनन्द हैं, दिव्य ज्ञान व दिव्य प्रेम और दिव्य आनन्द प्रदान करते हैं। यह कृपा प्रेम, आनन्द और भगवद्ज्ञान में ध्रुव तारे के समान बुद्धि को स्थिर कर देती है। भगवत्कृपा से जब हमें दिव्य प्रेम रस का अनुभव होता है तब इन्द्रियों के सुखों को प्राप्त करने की इच्छा का शमन हो जाता है। एक बार जब सांसारिक विषय भोगों की लालसा समाप्त हो जाती है तब मनुष्य सभी दुःखों से परे हो जाता है और मन शांत हो जाता है। इस प्रकार की संतुष्टि द्वारा से बुद्धि दृढ़ता से यह निर्णय करती है कि समस्त सुखों का उद्गम स्थल और आत्मा का अंतिम लक्ष्य भगवान हैं। पहले तो बुद्धि शास्त्रों में वर्णित ज्ञान के आधार पर इसे स्वीकार करती थी किन्तु अब इसे इसकी अनुभूति भगवान की दिव्य कृपा से होती है। इससे बुद्धि का सन्देह नष्ट हो जाता है और यह दृढ़ता से भगवान में स्थित हो जाती है।

श्लोक 2.66
नास्ति बुद्धिरयुक्तस्य न चायुक्तस्य भावना | न चाभावयत: शान्तिरशान्तस्य कुत: सुखम् || 66||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–नहीं; अस्ति-है; बुद्धिः-बुद्धि; अयुक्तस्य-भगवान में स्थित न होना; न-नहीं; च-और; अयुक्तस्य भगवान में स्थित न रहने वाले; भावना-चिन्तन; न नहीं; च-और; अभावयतः-जो स्थिर नहीं है उसके; शान्तिः शान्ति; अशान्तस्य-अशान्त; कुत:-कहाँ है; सुखम्-सुख।
लेकिन असंयमी व्यक्ति का अपने मन और इन्द्रियों पर नियंत्रण नहीं होता, न ही उसकी बुद्धि दृढ़ होती है और न ही उसका मन भगवान के चिन्तन में स्थिर हो सकता है। अपने मन को भगवान में स्थिर किये, जिसके बिना शान्ति संभव नहीं और शांति के बिना कोई कैसे सुखी रह सकता है?

यह श्लोक पिछले श्लोक के निष्कर्ष की ही पुष्टि करता है। इससे पहले के श्लोक में श्रीकृष्ण कहते हैं कि "भगवान को जानो और शांति प्राप्त करो" इस श्लोक में श्रीकृष्ण कहते हैं कि 'भगवान के बिना शांति संभव नहीं।' जो व्यक्ति मन और इन्द्रियों को नियंत्रित करने का प्रयास नहीं करता, वह न तो भगवान का चिन्तन कर सकता है और न ही उनकी दिव्य कृपा पा सकता है। दिव्य प्रेमरस का आस्वादन किए बिना सांसारिक ऐश्वर्यों और सुखों का त्याग करना संभव नहीं है और ऐसे लोग भौतिक सुखों के लिए उसी प्रकार से लालायित रहते हैं जिस प्रकार से एक मधुमक्खी के लिए मधुरस का त्याग करना असंभव होता है।  रात्रिर्गमिष्यति भविष्यति सुप्रभातं भास्वानुद्वेष्यति हसिष्यति पङ्कजश्रीः।  एवं विचिन्तयति कोषगते द्विरेफे हा हन्त हन्त नलिनी गज उज्जहार ।। (सूक्ति सुधाकर) 

उपर्युक्त संस्कृत साहित्य का प्रसिद्ध श्लोक मधुमक्खी की कहानी से संबंधित है। एक मधुमक्खी कमल के फूल पर बैठी थी और उसका मधुरस पी रही थी। ज्यों ही सूर्यास्त होने लगा तब फूलों की पत्तियाँ संकुचित होने लगी लेकिन मधुमक्खी अपनी इन्द्रियों का सुख पाने के लिए इतनी आसक्त थी कि वह उड़ना नहीं चाहती थी। उसने सोंच-"अभी फूल के संकुचित होने में बहुत समय है इसलिए मैं और अधिक मधुरस पी सकती हूँ।" इसी प्रकार से हम भी वृद्धावस्था को देख रहे होते हैं जो कि मृत्यु का स्पष्ट संकेत है किन्तु फिर भी हम मधुमक्खी के समान सांसारिक सुखों में मग्न रहना चाहते हैं। थोड़े ही समय में अंधेरा होने पर फूल संकुचित हो गया और मधुमक्खी उसमें फंस गयी। "उसने सोंचा कोई बात नहीं है, रातभर फूल के भीतर रह लूंगी और कल प्रातः काल में जब पत्तियाँ पुनः खिलेंगी, तब मैं उड़ जाऊंगी।"

 " काष्ठ भेदे निपुणोपि संग्रहीकुंठितो भवति पद्मविभेदे " अर्थात् मधुमक्खी में लकड़ी को खोखला करने की शक्ति होती है किन्तु विषय के प्रति आसक्ति होने के कारण वह कमल के फूल की कोमल पत्तियों के भीतर चिपकी रहती है। उसी समय एक हाथी आया और उसने कमल के फूल की टहनी को तोड़ कर निगल लिया। अब मधुमक्खी कमल के फूल के साथ हाथी के पेट में चली गयी। फिर भी वह सोंच रही थी-'मेरा प्रिय कमल का फूल कहीं जा रहा है और मैं भी सहर्ष उसके साथ जा रही हूँ।' इसके पश्चात् वह शीघ्र ही मर गयी। इस प्रकार से हम मनुष्य भी अपनी इन्द्रियों को तृप्त करने में मग्न रहते हैं और संतों द्वारा भगवान की भक्ति करने के उपदेश पर ध्यान नहीं देते। अंततः काल हमें मृत्यु के रूप में ग्रस लेता है। यहाँ श्रीकृष्ण कहते हैं कि जो अपनी इन्द्रियों पर संयम नहीं रखते और निरंतर उनकी तृप्ति करने में लगे रहते हैं, वे माया के तीन गुणों के बंधनों मे बंध जाते हैं। भौतिक इच्छाएँ खुजली वाली खाज जैसी हैं जिसमें हम जितना अधिक लिप्त होते हैं उतना ही अधिक हमारा विनाश होता है। इस प्रकार सांसारिक विषय भोगों में लिप्त रहने पर हम कैसे वास्तविक सुख पा सकते हैं?।

श्लोक 2.67
इन्द्रियाणां हि चरतां यन्मनोऽनुविधीयते | तदस्य हरति प्रज्ञां वायुर्नावमिवाम्भसि || 67||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: इन्द्रियाणाम् इन्द्रियों के हि-वास्तव में; चरताम्-चिन्तन करते हुए; यत्-जिसके; मन:-मन; अनुविधीयते-निरन्तर रत रहता है। तत्-वह; अस्य-इसकी; हरति-वश में करना; प्रज्ञाम्-बुद्धि के; वायुः-वायु; नावम्-नाव को; इव-जैसे; अम्भसि-जल पर।
जिस प्रकार प्रचंड वायु अपने तीव्र वेग से जल पर तैरती हुई नाव को दूर तक बहा कर ले जाती है उसी प्रकार से अनियंत्रित इन्द्रियों में से कोई एक जिसमें मन अधिक लिप्त रहता है, बुद्धि का विनाश कर देती है।

कठोपनिषद् में वर्णन है- "पराञ्चि खानि व्यतृणत्स्वयंभूः(2.1.1)", "भगवान ने हमारी पांच इन्द्रियों को बाह्य अभिमुख बनाया है" इसलिए वे बाहरी जगत के विषयों की ओर आकर्षित होती हैं और यहाँ तक कि उनमें से कोई भी एक इन्द्रिय जिस पर मन अधिक केन्द्रित रहता है, हमारा विनाश करने की शक्ति रखती है। 

कुरङ्ग-मातङ्ग-पतङ्ग-भृङग-मीनाहताः पञ्चभिरेव पञ्च। 

एकः प्रमादी स कथं न हन्यते यः सेवते पञ्चभिरेव पञ्च ।।

(सूक्ति सुधाकर) 

"हिरण मधुर वाणी की ओर आसक्त होते हैं। शिकारी सुरीला संगीत सुनाकर उन्हें मार देता है। मधुमक्खियों की सुगंध में आसक्ति होती है। वे फूलों का मकरन्द चूसती है और जब रात्रि में फूल संकुचित हो जाता है तब वे उसमे फंस जाती हैं। मछली खाने की इच्छा के कारण शिकारी द्वारा फैलाए गए जाल में फंस जाती है। कीट-पतंगे प्रकाश की ओर आकर्षित होते हैं। अग्नि के समीप जाने पर वे उसमें जल कर मर जाते हैं। स्पर्श हाथी की दुर्बलता है। शिकारी इसका लाभ उठा कर हाथी को फंसाने के लिए हथिनी को गड्ढे में डाल देता है। हथिनी को स्पर्श करने के लिए हाथी जब गड्ढे में गिर जाता है तब वह बाहर निकलने में असमर्थ होता है और शिकारी द्वारा मारा जाता है तब फिर उस मनुष्य का कैसा दुर्भाग्य होगा जो सभी पांचों इन्द्रियों के विषयों का भोग करता है?" इस श्लोक में श्रीकृष्ण अर्जुन को मन और बुद्धि का विनाश करने वाली इन्द्रियों के विषय भोगों की शक्ति से सचेत करते हैं।

श्लोक 2.68
तस्माद्यस्य महाबाहो निगृहीतानि सर्वश: | इन्द्रियाणीन्द्रियार्थेभ्यस्तस्य प्रज्ञा प्रतिष्ठिता || 68||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तस्मात्-इसलिए; यस्य–जिसकी; महाबाहो-महाबलशाली; निगृहीतानि-विरक्त; सर्वशः-सब प्रकार से; इन्द्रियाणि-इन्द्रियाँ इन्द्रिय-अर्थेभ्यः-इन्द्रिय के विषयों से; तस्य-उस व्यक्ति की; प्रज्ञा-दिव्य ज्ञान; प्रतिष्ठिता-स्थिर रहना।
इसलिए हे महाबाहु। जो मनुष्य इन्द्रियों के विषय भोगों से विरक्त रहता है, वह दृढ़ता से प्रज्ञा से युक्त हो जाता है।

प्रबुद्ध आत्माएँ लोकातीत अर्थात् दिव्य ज्ञान द्वारा बुद्धि को वश में रखती हैं और फिर विशुद्ध बुद्धि के द्वारा वे मन को नियंत्रित करती हैं तथा मन का प्रयोग इन्द्रियों पर लगाम कसने के लिए करती हैं। लेकिन संसार में इसका विपरीत होता है।

इन्द्रियाँ मन को अपनी दिशा की ओर खींचती है और मन बुद्धि पर हावी हो जाता है और फिर बुद्धि वास्तविक कल्याण के मार्ग से भटक जाती है। इसलिए श्रीकृष्ण कहते हैं कि यदि बुद्धि आध्यात्मिक ज्ञान से दिव्य होगी तब इन्द्रियाँ वश में रहेंगी और जब इन्द्रियों पर संयम होगा तो फिर बुद्धि दिव्य चिन्तन के मार्ग से विचलित नहीं होगी।

श्लोक 2.69
या निशा सर्वभूतानां तस्यां जागर्ति संयमी | यस्यां जाग्रति भूतानि सा निशा पश्यतो मुने: || 69||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: या-जिसे; निशा-रात्रि; सर्व-सब; भूतानाम्-सभी जीवः तस्याम्-उसमें; जागर्ति-जागता रहता है; संयमी-आत्मसंयमी; यस्याम्-जिसमें; जाग्रति-जागते हैं; भूतानि–सभी जीव; सा-वह; निशा–रात्रि; पश्यतः-देखना; मुनेः-मुनि।
जिसे सब लोग दिन समझते हैं वह आत्मसंयमी के लिए अज्ञानता की रात्रि है तथा जो सब जीवों के लिए रात्रि है, वह आत्मविश्लेषी मुनियों के लिए दिन है।

श्रीकृष्ण ने यहाँ दिन और रात का प्रतीकात्मक रूप में प्रयोग किया है। लोग प्रायः इसका प्रयोग शब्दिक अर्थ के रूप में करते हैं। एक समय की बात है कि 'खड़े श्री बाबा' सदा एक टांग पर खड़े रहने वाले तपस्वी थे। उनके शिष्य उन्हें सिद्ध पुरुष मानते थे। वह पैंतीस वर्ष तक सोये नहीं। वह अपने कक्ष में लटकती हुई रस्सी पर अपनी भुजाओं को रखकर विश्राम करते थे। वह स्थिरता से लगातार खड़े रहने के लिए रस्सी का प्रयोग करते थे। 

यह पूछे जाने पर कि इस प्रकार की कठोर तपस्या का क्या प्रयोजन है वह भगवद्गीता के इसी श्लोक को उद्धृत करते थे, "जिसे सभी जीव रात्रि समझते हैं वह आत्मसंयमी के लिए दिन है।" इसी का अभ्यास करते हुए उन्होंने रात को सोना छोड़ दिया। अब यह देखिए कि सांसारिक लोगों द्वारा इस महान त्याग का किस प्रकार से अनर्थ किया गया। निरंतर खड़े रहने से उनके पैरों और टांगों में सूजन आ गयी होगी और इसलिए वह शारीरिक रूप से खड़े रहने के अलावा और कुछ नहीं कर सकते थे। आइए, अब श्रीकृष्ण के शब्दों का सटीक अर्थ समझने का प्रयास करें। वे जिनकी चेतना लौकिक है, वे सांसारिक सुखों को ही जीवन का मुख्य लक्ष्य मानते हैं। वह लौकिक सुखों के अवसर को जीवन की सफलता अर्थात् दिन और लौकिक तथा इन्द्रिय सुख से वंचित होने को अंधकार अर्थात् रात समझते हैं।

दूसरी ओर जो दिव्य ज्ञान से युक्त होकर बुद्धिमान हो जाते हैं, वे मनुष्य इन्द्रियों के विषय भोगों को आत्मा के लिए हानिकारक मानते हैं। इसलिए वे इसे 'रात्रि' के रूप में देखते हैं। वे आत्मा के उत्थान के लिए इन्द्रियों के विषय भोगों से विरक्त रहते हैं और इसलिए वे रात्रि को 'दिन' के रूप मे देखते हैं। इन शब्दों का सांकेतिक रूप में प्रयोग कर श्रीकृष्ण यह व्यक्त करते हैं कि जो एक सिद्ध महापुरुष के लिए रात्रि है उसे सांसारिक लोग दिन मानते हैं और इसी प्रकार से जिसे सिद्ध महापुरुष दिन समझते हैं, वह उनके लिए रात्रि है।

श्लोक 2.70
आपूर्यमाणमचलप्रतिष्ठं समुद्रमाप: प्रविशन्ति यद्वत् | तद्वत्कामा यं प्रविशन्ति सर्वे स शान्तिमाप्नोति न कामकामी || 70||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: आपूर्यमाणम्-सभी ओर से जलमग्न; अचल-प्रतिष्ठम्-विक्षुब्ध न होना; समुद्रम् समुद्र में; आपः-जलः प्रविशन्ति–प्रवेश करती हैं; यद्वत्-जिस प्रकार; तद्वत्-उसी प्रकार; काम-कामनाएँ यम्-जिसमें; प्रविशन्ति–प्रवेश करती हैं; सर्वे सभी; सः-वह व्यक्ति; शान्तिम्-शान्ति; आप्नोति–प्राप्त करता है; न-नहीं; कामकामी-कामनाओं को तुष्ट करने वाला।
जिस प्रकार से समुद्र उसमें निरन्तर मिलने वाली नदियों के जल के प्रवाह से विक्षुब्ध नहीं होता उसी प्रकार से ज्ञानी अपने चारों ओर इन्द्रियों के विषयों के आवेग के पश्चात भी शांत रहता है, न कि वह मनुष्य जो कामनाओं को तुष्ट करने के प्रयास में लगा रहता है।

विशाल समुद्र में, निरन्तर नदियों के जल का प्रवाह होने के पश्चात् भी इतनी क्षमता होती है कि वह अपनी विक्षुब्ध न होने की स्थिति को बनाए रखता है। संसार की सभी नदियां निरन्तर समुद्र में मिल कर खाली भी हो जाएँ तब भी समुद्र न तो अतिप्लावित और न ही खाली हो सकता है। श्रीकृष्ण द्वारा प्रयुक्त आपूर्यमाण (सभी ओर से जलमग्न) शब्द यह व्यक्त करता है कि यदि नदियाँ वर्षा ऋतु में निरन्तर अपना सारा जल सागर में बहाती रहें तब भी समुद्र में बाढ़ नहीं आ सकती। इसी प्रकार से आत्मज्ञानी शरीर की आवश्यकता की पूर्ति हेतु इन्द्रियों के विषयों का भोग करते हुए या उनसे वंचित रहते हुए दोनों ही परिस्थितियों में शांत और स्थिर रहता है। केवल ऐसा संत ही वास्तविक शांति पा सकता है।

श्लोक 2.71
विहाय कामान्य: सर्वान्पुमांश्चरति नि:स्पृह: | निर्ममो निरहङ्कार: स शान्तिमधिगच्छति || 71||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: विहाय-त्याग कर; कामान्–भौतिक इच्छाएँ; यः-जो; सर्वान्–समस्त; पुमान्-पुरुष; चरति-रहता है; निःस्पृहः-कामना रहित; निर्मम:-स्वामित्व की भावना से रहित; निरहंकारः-अहंकार रहित; सः-वह; शान्तिम्-पूर्ण शान्ति को; अधिगच्छति-प्राप्त करता है।
जिस मुनष्य ने अपनी सभी भौतिक इच्छाओं का परित्याग कर दिया हो और इन्द्रिय तृप्ति की लालसा, ममत्व के भाव और अंहकार से रहित हो गया हो, वह पूर्ण शांति को प्राप्त करता है।

इस श्लोक में श्रीकृष्ण मनुष्य की शांति के मार्ग में आने वाले बाधक तत्त्वों की व्याख्या कर रहे हैं और फिर अर्जुन को उनका परित्याग करने को कहते हैं। 

सांसारिक इच्छाएँ: जिस क्षण हम अपनी इच्छाओं को मन में प्रश्रय देते हैं उसी क्षण हम लोभ और क्रोध के जाल में फंस जाते हैं। इसलिए आंतरिक शांति का मार्ग कामनाओं की पूर्ति करने के स्थान पर उनका नाश करने से प्राप्त होता है। 

लोभः सर्वप्रथम, भौतिक उन्नति की लालसा से हमारा बहुमूल्य समय व्यर्थ होता है यह कभी न समाप्त होने वाली दौड़ है। विकसित देशों के लोग उत्तम रहन-सहन और खान पान से युक्त रहते हैं किन्तु फिर भी वे विक्षुब्ध रहते हैं क्योंकि उनकी लालसाएँ समाप्त नहीं हुई हैं। अतः जो संतोष रूपी धन पा लेता है उसे जीवन की अनमोल निधि मिल जाती है।

अहंकारः  समाज में होने वाले अधिकतर विवाद अहंकार से उत्पन्न होते हैं। हॉवर्ड बिजनेस स्कूल के विद्वान और 'व्हॉट दे डोंट टीच यू ऍट हॉवर्ड बिजनेस स्कूल' नामक पुस्तक के लेखक मार्क एच. मैकॉरमैक लिखते हैं-"अधिकतर व्यावसायिक अधिकारियों में अहंकार भरा होता है।" सांख्यिकी के आँकड़ों के अनुसार अधिकतर व्यावसायिक कार्यकारी अहंकार के कारण ही उच्च प्रबंधीय स्तर पर अपनी जीविका छोड़ देते हैं। अहंकार का पोषण करने और उसे बढ़ाने की अपेक्षा उससे मुक्ति पाने से ही शांति प्राप्त होती है। 

स्वामित्वः अज्ञानता के कारण मन में स्वामित्व की भावना उत्पन्न होती है। हम संसार में खाली हाथ आए थे और खाली हाथ जाएंगे तब ऐसे में हम सांसारिक पदार्थों को अपना कैसे मान सकते हैं।

श्लोक 2.72
एषा ब्राह्मी स्थिति: पार्थ नैनां प्राप्य विमुह्यति | स्थित्वास्यामन्तकालेऽपि ब्रह्मनिर्वाणमृच्छति || 72||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: एषा-ऐसी; ब्राह्मी-स्थितिः-भगवत्प्राप्ति की अवस्थाः पार्थ-पृथापुत्र, अर्जुन; न कभी नहीं; एनाम्-इसको;प्राप्य-प्राप्त करके; विमुह्यति-मोहित होता है; स्थित्वा-स्थित होकर; अस्याम्-इसमें; अन्तकाले-मृत्यु के समय; अपि-भी; ब्रह्म-निर्वाणम्-माया से मुक्ति; ऋच्छति-प्राप्त करता है।
हे पार्थ! इस अवस्था में रहने वाली प्रबुद्ध आत्मा जब ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर लेती है, वह फिर कभी भ्रमित नहीं होती। मृत्यु के समय यह सिद्ध पुरुष जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त हो जाता है और भगवान के परम धाम में प्रवेश करता है।

ब्रह्म का अर्थ भगवान तथा स्थिति का अर्थ भगवत्प्राप्ति की अवस्था है। जब आत्मा अन्त:करण को शुद्ध कर लेती है (कई बार मन और बुद्धि दोनों को संयुक्त रूप से अन्त:करण कह कर संबोधित किया जाता है) तब भगवान अपनी दिव्य कृपा प्रदान करते हैं, जैसा कि श्लोक संख्या 2.64 में वर्णित है। अपनी कृपा द्वारा वे आत्मा को दिव्य ज्ञान, दिव्य आनन्द और दिव्य प्रेम प्रदान करते हैं। भगवान ये सब दिव्य शक्तियाँ आत्मा को भगवत्प्राप्ति करने के समय प्रदान करते हैं।

उसी क्षण भगवान आत्मा को माया के बंधनों से मुक्त कर देते हैं। फिर संचित कर्म अर्थात् अनन्त जन्मों के संचित कर्म समाप्त हो जाते हैं तथा अविधा अर्थात् भौतिक संसार के अनन्त जन्मों की अज्ञानता दूर हो जाती है। त्रिगुण अर्थात् माया के तीन गुण समाप्त हो जाते हैं, त्रिदोष अर्थात् सांसारिक बंधनों के तीन दोषों का भी अंत हो जाता है। पंच क्लेश अर्थात् मायिक बुद्धि के पांच विकार नष्ट हो जाते हैं, पंच कोष अर्थात् माया शक्ति के पांच आवरण भी जल जाते हैं। इससे आगे के क्रम में आत्मा सदा के लिए माया के बंधनों से मुक्त हो जाती है। भगवत्प्राप्ति की अवस्था प्राप्त करने पर आत्मा को जीवनमुक्त कहा जाता है अर्थात् शरीर में वास करते हुए भी आत्मा मुक्त रहती है। फिर मृत्यु के समय जब मुक्त आत्मा भौतिक शरीर से अलग होती है, तब वह भगवान के परम धाम में प्रवेश करती है।  ऋग्वेद में वर्णित है। तद्विष्णोः परमं पदं सदा पश्यन्ति सूरयः। (ऋग्वेद-1.22.20)

 "एक बार जब आत्मा भगवान को पा लेती है, तब वह सदा के लिए उससे एक हो जाती है। इसके पश्चात् माया का अंधकार उस पर कभी हावी नहीं हो पाता"। माया से सर्वदा मुक्ति को निर्वाण, मोक्ष इत्यादि कहा जाता है। फलस्वरूप मुक्ति ही भगवत्प्राप्ति का वास्तविक परिणाम है।

← अध्याय 1
📚 सम्पूर्ण १८ अध्यायों की सूची (All Chapters)
अध्याय 3 →