श्रीमद्भगवद्गीता • अध्याय 1 (47 श्लोक)

अर्जुनविषादयोगः

अर्जुन विषाद योग
सूची अध्याय 2 →
अध्याय पृष्ठभूमि व परिचय:

भगवद्गीता का उपदेश एक ही वंश के दो चचेरे भाइयों कौरव और पाण्डवों के मध्य हुए महाभारत युद्ध की रणभूमि पर दिया गया। इस पुस्तक के प्रारम्भिक पृष्ठों में उल्लिखित 'गीता का परिवेश' खण्ड में उन घटनाओं का विस्तृत रूप से वर्णन किया गया है जिनके कारण यह महायुद्ध हुआ। 

भगवद्गीता का प्रारंभ राजा धृतराष्ट्र और उसके मंत्री संजय के वार्तालाप से होता है। चूंकि धृतराष्ट्र नेत्रहीन था इसलिए वह व्यक्तिगत रूप से युद्ध में उपस्थित नहीं हो सका। अत: संजय उसे युद्धभूमि पर घट रही घटनाओं का पूर्ण सजीव विवरण सुना रहा था। संजय महाभारत के प्रख्यात रचयिता वेदव्यास के शिष्य थे। ऋषि वेदव्यास अपनी अलौकिक शक्ति के द्वारा सुदूर प्रदेशों में घट रही घटनाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखने में समर्थ थे। अपने गुरु की अनुकंपा से संजय ने भी दूरदृष्टि की दिव्य चमत्कारिक शक्ति प्राप्त की थी। इस प्रकार से वह युद्ध भूमि में घटित सभी घटनाओं को दूर से देख सका।

श्लोक पर सीधे जाएँ (Jump to Verse):
1 2 3 4-6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16-18 19 20 21-22 23 24 25 26 27 28 29-31 32-33 34-35 36-37 38-39 40 41 42 43 44 45-46 47
श्लोक 1.1 ॥ धृतराष्ट्र उवाच ॥
धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे समवेता युयुत्सवः | मामकाः पाण्डवाश्चैव किमकुर्वत सञ्जय ||1||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: धृतराष्ट्रः उवाच-धृतराष्ट्र ने कहा; धर्म-क्षेत्र-धर्मभूमि; कुरु-क्षेत्र-कुरुक्षेत्र; समवेता:-एकत्रित होने के पश्चात; युयुत्सवः-युद्ध करने को इच्छुक; मामकाः-मेरे पुत्रों; पाण्डवाः-पाण्डु के पुत्रों ने; च तथा; एव-निश्चय ही; किम्-क्या; अकुर्वत-उन्होंने किया; संजय-हे संजय।
धृतराष्ट्र ने कहाः हे संजय! कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर युद्ध करने की इच्छा से एकत्रित होने के पश्चात्, मेरे और पाण्डु के पुत्रों ने क्या किया?

राजा धृतराष्ट्र जन्म से नेत्रहीन होने के अतिरिक्त आध्यात्मिक ज्ञान से भी वंचित था। अपने पुत्रों के प्रति अथाह मोह के कारण वह सत्यपथ से च्युत हो गया था और पाण्डवों के न्यायोचित राज्याधिकार को हड़पना चाहता था। अपने भतीजों पाण्डव पुत्रों के प्रति उसने जो अन्याय किया था, उसका उसे भलीभांति बोध था। इसी अपराध बोध के कारण वह युद्ध के परिणाम के संबंध में चिन्तित था। इसलिए धृतराष्ट्र संजय से कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि जहाँ युद्ध होने वाला था-की घटनाओं के संबंध में जानकारी ले रहा था।

इस श्लोक में धृतराष्ट्र ने संजय से यह प्रश्न पूछा कि उसके और पाण्डव पुत्रों ने युद्धभूमि में एकत्रित होने के पश्चात् क्या किया? अब यह एकदम स्पष्ट था कि वे युद्धभूमि में केवल युद्ध करने के उद्देश्य के लिए एकत्रित हुए थे। इसलिए यह स्वाभाविक ही था कि वे युद्ध करेंगे। धृतराष्ट्र को ऐसा प्रश्न करने की आवश्यकता क्यों पड़ी कि उन्होंने युद्धभूमि में क्या किया? 

धृतराष्ट्र द्वारा 'धर्म क्षेत्रे', धर्मभूमि शब्द का प्रयोग करने से उसकी आशंका का पता चलता है। कुरुक्षेत्र पवित्र भूमि थी। शतपथ ब्राह्मण में इसका वर्णन 'कुरुक्षेत्र देव यजनम्' के रूप में किया गया है अर्थात 'कुरुक्षेत्र स्वर्ग की देवताओं की तपोभूमि है।' इसलिए इस भूमि पर धर्म फलीभूत होता है। धृतराष्ट्र आशंकित था कि कुरुक्षेत्र की पावन धर्म भूमि के प्रभाव के परिणामस्वरूप उसके पुत्रों में कहीं उचित और अनुचित में भेद करने का ऐसा विवेक जागृत न हो जाए कि वे यह सोचने लगें कि अपने स्वजन पाण्डवों का संहार करना अनुचित और धर्म विरूद्ध होगा और कहीं ऐसा विचार कर वे शांति के लिए समझौता करने को तैयार न हो जाएं। इस प्रकार की संभावित आशंकाओं के कारण धृतराष्ट्र के मन में अत्यंत निराशा उत्पन्न हुई। वह सोचने लगा कि यदि उसके पुत्रों ने युद्ध विराम या संधि का प्रस्ताव स्वीकार किया तो पाण्डव निरन्तर उनकी उन्नति के मार्ग में बाधा उत्पन्न करेंगे। साथ ही साथ वह युद्ध के परिणामों के प्रति भी संदिग्ध था और अपने पुत्रों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सुनिश्चित होना चाहता था। इसलिए उसने संजय से कुरुक्षेत्र के युद्धस्थल में हो रही गतिविधियों के संबंध में पूछा। जहाँ दोनों पक्षों की सेनाएं एकत्रित हुई थीं।

श्लोक 1.2 ॥ सञ्जय उवाच ॥
दृष्ट्वा तु पाण्डवानीकं व्यूढं दुर्योधनस्तदा । आचार्यमुपसङ्गम्य राजा वचनमब्रवीत् ।। 2।।
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजय उवाच-संजय ने कहा; दृष्टा-देखकर; तु-किन्तु; पाण्डव-अनीकम्-पाण्डव सेना; व्यूढं-व्यूह रचना में खड़े होना; दुर्योधनः-राजा दुर्योधन; तदा-तब; आचार्यम्-गुरु, उपसंगम्य-पास जाकर; राजा-राजा; वचनम्-शब्द; अब्रवीत्-कहा।
संजय ने कहाः हे राजन्! पाण्डवों की सेना की व्यूहरचना का अवलोकन कर राजा दुर्योधन अपने गुरु द्रोणाचार्य के पास जाकर इस प्रकार बोले।

धृतराष्ट्र इस बात की पुष्टि करना चाहता था कि क्या उसके पुत्र अब भी युद्ध करने के उत्तरदायित्व का निर्वहन करेंगे? संजय धृतराष्ट्र के इस प्रश्न के तात्पर्य को समझ गया और उसने ऐसा कहकर कि पाण्डवों की सेना व्यूह रचना कर युद्ध करने को तैयार है, यह पुष्टि की कि युद्ध अवश्य होगा। फिर उसके पश्चात् उसने वार्ता का विषय बदलते हुए यह बताया कि दुर्योधन क्या कर रहा था। 

धृतराष्ट्र का ज्येष्ठ पुत्र दुर्योधन निर्दयी और दुष्ट प्रवृत्ति का था। धृतराष्ट्र के जन्मांध होने के कारण व्यावहारिक रूप से हस्तिनापुर के शासन की बागडोर दुर्योधन के हाथों में थी। वह पाण्डवों के साथ अत्यधिक ईर्ष्या करता था और कठोरता से उनका दमन करना चाहता था ताकि वह हस्तिनापुर पर निर्विरोध शासन कर सके। उसने यह कल्पना की थी कि पाण्डव कभी भी इतनी विशाल सेना एकत्रित नही कर सकते जो उसकी सेना का सामना कर सके। किन्तु अपने आंकलन के विपरीत पाण्डवों की विशाल सेना को देखकर दुर्योधन व्याकुल और हतोत्साहित हो गया। 

ऐसे में दुर्योधन का अपने गुरु द्रोणाचार्य के पास जाना यह दर्शाता है कि वह युद्ध के परिणाम के संबंध में भयभीत था। वह द्रोणाचार्य के प्रति अपना आदर प्रकट करने का ढोंग करते हुए, उनके पास गया किन्तु वास्तव में वह अपनी चिन्ता को कम करना चाहता था। इसलिए उसने अगले श्लोक से लेकर आगे के नौ श्लोकों में इस प्रकार से कहा।

श्लोक 1.3
पश्यैतां पाण्डुपुत्राणामाचार्य महतीं चमूम् । व्यूढां द्रुपदपुत्रेण तव शिष्येण धीमता ।। 3।।
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: पश्य-देखना; एताम्-इसः पाण्डु-पुत्रणाम् पाण्डु पुत्रों की; आचार्य-आचार्य; महतिम्-विशाल; चमूम्-सेना को; व्यूढां-सुव्यस्थित व्यूह रचना; द्वपद-पुत्रेण-द्रुपद पुत्र द्वारा; तव-तुम्हारे; शिष्येण-शिष्य द्वारा; धीमता-बुद्धिमान।
दुर्योधन ने कहाः पूज्य आचार्य! पाण्डु पुत्रों की विशाल सेना का अवलोकन करें, जिसे आपके द्वारा प्रशिक्षित बुद्धिमान शिष्य द्रुपद के पुत्र ने कुशलतापूर्वक युद्ध करने के लिए सुव्यवस्थित किया है।

दुर्योधन एक कुशल कूटनीतिज्ञ के रूप में अपने सेनापति गुरु द्रोणाचार्य द्वारा अतीत में की गई भूल को इंगित करना चाहता था। द्रोणाचार्य का राजा द्रुपद के साथ किसी विषय पर राजनैतिक विवाद था। उस विवाद के कारण क्रोधित होकर द्रुपद ने प्रतिशोध की भावना से यज्ञ किया

और यह वरदान प्राप्त किया कि उसे ऐसे पुत्र की प्राप्ति होगी जो द्रोणाचार्य का वध करने में समर्थ होगा। इस वरदान के फलस्वरूप उसका धृष्टद्युम्न के नाम से पुत्र हुआ। यद्यपि द्रोणाचार्य धृष्टद्युम्न के जन्म का रहस्य जानते थे किन्तु जब द्रुपद ने अपने पुत्र धृष्टद्युम्न को सैन्य कौशल की विद्या प्रदान करने के लिए द्रोणाचार्य को सौंपा तब उदारचित द्रोणाचार्य ने धृष्टद्युम्न को सैन्य युद्ध की विद्या में निपुण बनाने में कोई संकोच और भेदभाव नही किया। अब धृष्टद्युम्न पाण्डवों के पक्ष से उनकी सेना के महानायक के रूप में उनकी सेना की व्यूह रचना कर रहा था। ऐसे में दुर्योधन अपने गुरु को यह अवगत कराना चाहता था कि अतीत में की गई उनकी भूल के कारण ही उसे वर्तमान में संकट का सामना करना पड़ रहा है और वह यह भी इंगित करना चाहता था कि उन्हें आगे पाण्डवों के साथ युद्ध करने में किसी प्रकार की उदारता नहीं दर्शानी चाहिए।

श्लोक 1.4-6
अत्र शूरा महेष्वासा भीमार्जुनसमा युधि युयुधानो विराटश्च द्रुपदश्च महारथ: || 4||धृष्टकेतुश्चेकितान: काशिराजश्च वीर्यवान् |पुरुजित्कुन्तिभोजश्च शैब्यश्च नरपुङ्गव: || 5||युधामन्युश्च विक्रान्त उत्तमौजाश्च वीर्यवान् |सौभद्रो द्रौपदेयाश्च सर्व एव महारथा: || 6||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अत्र यहाँ; शूराः-शक्तिशाली योद्धा; महा-इषु-आसा:-महान धनुर्धर; भीम-अर्जुन-समा:-अर्जुन और भीम के समान; युधि-युद्धकला; युयुधान:-युयुधान; विराट:-विराटः च-भी; द्रुपदः-द्रुपद; च-भी; महारथ:-महान योद्धा, जो अकेले दस हजार साधारण सैनिकों का सामना करने का सामर्थ्य रखता हो; धृष्टकेतुः-धृष्टकेतु; चेकितानः-चेकितान; काशिराज:-काशिराज; च-और; वीर्यवान्-वीर; पुरुजित्-पुरुजित् कुन्तिभोज-कुन्तिभोज; च-तथा; शैब्य:-शैव्य; च-और; नरपुङ्गवः-उत्तम पुरूष; युधामन्युः-युधामन्यु; च और; विक्रान्त:-निडर; उत्तमौजा:-उत्तमौजा; च-और; वीर्यवान्-महाशक्तिशाली; सौभद्र-सुभद्रा का पुत्र; द्रौपदेया:-द्रोपदी के पुत्र; च और; सर्वे-सभी; एक्-निश्चय ही; महारथाः-महारथी, जो युद्ध में अकेले ही दस हजार साधारण योद्धाओं का सामना कर सके।
यहाँ इस सेना में भीम और अर्जुन के समान बलशाली युद्ध करने वाले महारथी युयुधान, विराट और द्रुपद जैसे अनेक शूरवीर धनुर्धर हैं। यहाँ पर इनके साथ धृष्टकेतु, चेकितान काशी के पराक्रमी राजा काशिराज, पुरूजित, कुन्तीभोज और शैव्य सभी महान सेना नायक हैं। इनकी सेना में पराक्रमी युधामन्यु, शूरवीर, उत्तमौजा, सुभद्रा और द्रौपदी के पुत्र भी हैं जो सभी निश्चय ही महाशक्तिशाली योद्धा हैं।

संकट के भय से दुर्योधन को पाण्डवों की सेना वास्तविकता से अपेक्षाकृत अधिक विशाल प्रतीत होनी लगी। अपनी चिन्ता को व्यक्त करने के लिए दुर्योधन ने यह कहा कि पाण्डव पक्ष की ओर से महारथी (ऐसे योद्धा जो अकेले ही साधारण दस हजार योद्धाओं के साथ युद्ध करने की सामर्थ्य रखते हों) युद्ध करने के लिए उपस्थित हैं। दुर्योधन ने पाण्डवों की सेना के ऐसे असाधारण महापराक्रमी योद्धाओं का उल्लेख भी किया जो अर्जुन और भीम के समान बलशाली महान सेना नायक थे जिन्हें युद्ध में पराजित करना कठिन होगा।

श्लोक 1.7
अस्माकं तु विशिष्टा ये तान्निबोध द्विजोत्तम | नायका मम सैन्यस्य संज्ञार्थं तान्ब्रवीमि ते || 7||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अस्माकम् हमारे; तु-परन्तु; विशिष्टा–विशेष रूप से; ये-जो; तान्–उनको; निबोध- जानिए, द्विज-उत्तम-ब्राह्मण श्रेष्ठ, नायका:-महासेना नायक, मम हमारी; सैन्यस्थ-सेना के; संज्ञा-अर्थम्-जानकारी के लिए; तान्–उन्हें; ब्रवीमि वर्णन कर रहा हूँ; ते-आपको।
हे ब्राह्मण श्रेष्ठ! हमारे पक्ष की और के उन सेना नायकों के संबंध में भी सुनिए, जो सेना को संचालित करने में विशेष रूप से निपुण हैं। अब मैं आपके समक्ष उनका वर्णन करता हूँ।

यहाँ कौरव सेना के प्रधान सेनापति द्रोणाचार्य को दुर्योधन ने 'द्विजोत्तम' अर्थात् ब्राह्मणों में सर्वश्रेष्ठ कहकर संबोधित किया। उसने जान बूझकर अपने गुरु को इस प्रकार संबोधित किया। द्रोणाचार्य वृत्ति से योद्धा नही थे, वे मात्र सैन्य शिक्षा के आचार्य थे। एक कपटी नायक के रूप में दुर्योधन अपने मन में अपने गुरु की निष्ठा पर निर्लज्जतापूर्वक संदेह कर रहा था। दुर्योधन के शब्दों में छिपा अर्थ यह था कि यदि द्रोणाचार्य पराक्रम से युद्ध नहीं लड़ते तो उन्हें मात्र एक ब्राह्मण ही माना जाएगा जिसकी रुचि दुर्योधन के राज्य में केवल उत्तम जीविका अर्जित करने और सुख सुविधाएं भोगने की होगी। 

ऐसा कहकर अब दुर्योधन अपना और अपने गुरु के मनोबल को बढ़ाना चाहता था और इसलिए वह अपनी सेना के महासेनानायकों की गणना करने लगा।

श्लोक 1.8
भवान्भीष्मश्च कर्णश्च कृपश्च समितिञ्जय: | अश्वत्थामा विकर्णश्च सौमदत्तिस्तथैव च || 8||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भवान्-आप: भीष्मः-भीष्म पितामहः च और; कर्ण:-कर्णः च और; कपः-कृपाचार्य च-और; समितिन्जयः-युद्ध में सदा विजयी; अश्वत्थामा अश्वत्थामा, विकर्ण:-विकर्ण; च-और; सौमदत्ति:- सोमदत्त का पुत्र भूरिश्रवा; तथा-और; एक-समान रूप से; च-भी।।
इस सेना में सदा विजयी रहने वाले आप तथा भीष्म, कर्ण, कृपाचार्य, अश्वत्थामा, विकर्ण तथा सोमदत्त का पुत्र भूरिश्रवा आदि महा पराक्रमी योद्धा हैं जो युद्ध में सदा विजेता रहे हैं।
श्लोक 1.9
अन्ये च बहव: शूरा मदर्थे त्यक्तजीविता: |नानाशस्त्रप्रहरणा: सर्वे युद्धविशारदा: || 9||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अन्ये-अन्य सब; च-भी; बहवः-अनेक; शूराः-महायोद्धा; मत्-अर्थे मेरे लिए; त्यक्त-जीविता:-अपने जीवन का बलिदान देने को तत्पर; नाना-शस्त्र-प्रहरणा:-विविध प्रकार के शस्त्रों से सुसज्जित; सर्वे-सभी; युद्ध विशारदा:-युद्ध कौशल में निपुण।।
यहाँ हमारे पक्ष में अन्य अनेक महायोद्धा ऐसे भी हैं जो मेरे लिए अपने जीवन का बलिदान करने के लिए तत्पर हैं। वे युद्ध कौशल में पूर्णतया निपुण और विविध प्रकार के शस्त्रों से सुसज्जित हैं।
श्लोक 1.10
अपर्याप्तं तदस्माकं बलं भीष्माभिरक्षितम् |पर्याप्तं त्विदमेतेषां बलं भीमाभिरक्षितम् || 10||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अपर्याप्तम्-असीमित; तत्-वह; अस्माकम्-हमारी; बलम्-शक्ति; भीष्म-भीष्म पितामह के नेतृत्व में अभिरक्षितम्-पूर्णतः सुरक्षित; पर्याप्तम्-सीमित; तु-लेकिन, इदम्-यह; एतेषाम्-उनकी; बलम्-शक्ति; भीम-भीम की देख रेख में; अभिरक्षितम् पूर्णतया सुरक्षित।
हमारी शक्ति असीमित है और हम सब महान सेना नायक भीष्म पितामह के नेतृत्व में पूरी तरह से संरक्षित हैं जबकि पाण्डवों की सेना की शक्ति भीम द्वारा भलीभाँति रक्षित होने के पश्चात भी सीमित है।

दुर्योधन के आत्म प्रशंसा करने वाले ये शब्द मिथ्याभिमान करने वाले मनुष्यों की उक्ति जैसे थे। जब उन्हें अपना अन्त निकट दिखाई देता है तब स्थिति का आंकलन करने के पश्चात् आत्मप्रशंसा करने वाले व्यक्ति अभिमानपूर्वक मिथ्या गर्व करने लगते हैं। अपने भविष्य के प्रति अनर्थकारी व्यंग्योक्ति दुर्योधन के कथन में तब अभिव्यक्त हुई जब उसने कहा कि भीष्म पितामह द्वारा संरक्षित उनकी शक्ति असीमित थी। 

भीष्म पितामह कौरव सेना के प्रधान सेनापति थे। उन्हें इच्छा मृत्यु और अपनी मृत्यु का समय निश्चित करने का वरदान प्राप्त था जिससे वह अजेय कहलाते थे। पाण्डव पक्ष की सेना भीम के संरक्षण में थी जो दुर्योधन का जन्मजात शत्रु था। इसलिए दुर्योधन ने भीष्म के साथ भीम की अल्प शक्ति की तुलना की। भीष्म कौरव और पाण्डवों के पितामह थे और वे वस्तुतः दोनों पक्षों का कल्याण चाहते थे। पाण्डवों के प्रति करुणा भाव भीष्म पितामह को तन्मयता से युद्ध करने से रोकता था। वे यह भी जानते थे कि इस धर्मयुद्ध में भगवान श्रीकृष्ण पाण्डवों की ओर से उपस्थित थे और संसार की कोई भी शक्ति अधर्म का पक्ष लेने वालों को विजय नहीं दिला सकती। इसलिए भीष्म पितामह ने अपने नैतिक उत्तरदायित्व का पालन करने और हस्तिनापुर एवं कौरवों के हित की रक्षा हेतु पाण्डवों के विरुद्ध युद्ध करने का निर्णय लिया। यह निर्णय भीष्म पितामह के व्यक्तित्व की गहनता को रेखांकित करता है।

श्लोक 1.11
अयनेषु च सर्वेषु यथाभागमवस्थिता: | भीष्ममेवाभिरक्षन्तु भवन्त: सर्व एव हि || 11||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अयनेषु–निश्चित स्थान पर; च-भी; सर्वेषु सर्वत्र; यथा-भागम्-अपने अपने निश्चित स्थान पर; अवस्थिता:-स्थित; भीष्मम्-भीष्म पितामह की; एव-निश्चय ही; अभिरक्षन्तु–सुरक्षा करना; भवन्त:-आप; सर्वे-सब के सब; एव हि-ही।
अतः मैं कौरव सेना के सभी योद्धागणों से आग्रह करता हूँ कि सब अपने मोर्चे पर अडिग रहते हुए भीष्म पितामह की पूरी सुरक्षा करें।

दुर्योधन यह समझ गया था कि भीष्म पितामह मानसिक रूप से पाण्डवों के विरुद्ध आक्रान्त होकर युद्ध लड़ने को इच्छुक नही हैं जिसके कारण वे सैनिकों को वीरता और उत्साह से युद्ध करने के लिए प्रेरित नही करेंगे। इसलिए उसने अपनी सेना के अन्य सेना नायकों से अपनी-अपनी स्थिति पर अडिग रहने के साथ-साथ चारों ओर से भीष्म पितामह की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा।

श्लोक 1.12
तस्य सञ्जनयन्हर्षं कुरुवृद्ध: पितामह: | सिंहनादं विनद्योच्चै: शङ्खं दध्मौ प्रतापवान् || 12||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तस्य-उसका; सन्जनयन्-उत्पन्न किया; हर्षम्-हर्षः कुरु-वृद्धः-कुरूवंश के वयोवद्ध (भीष्म); पितामहः-पितामह (दादा) सिंह-नादम्-सिंह के समान गर्जना; विनद्य-गर्जना; उच्चैः-उच्च स्वर से; शङ्ख-शंख; दध्मौ–बजाया; प्रताप-वान्–यशस्वी योद्धा।
तत्पश्चात् कुरूवंश के वयोवृद्ध परम यशस्वी महायोद्धा भीष्म पितामह ने सिंह-गर्जना जैसी ध्वनि करने वाले अपने शंख को उच्च स्वर से बजाया जिसे सुनकर दुर्योधन हर्षित हुआ।

भीष्म पितामह अपने पौत्र दुर्योधन के भीतर के भय को समझ गये थे और उसके प्रति अपने स्वाभाविक करुणाभाव के कारण उन्होंने दुर्योधन को प्रसन्न करने के लिए उच्च स्वर में शंखनाद किया। यद्यपि वे जानते थे कि दूसरे पक्ष पाण्डवों की सेना में स्वयं परम पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण के उपस्थित होने पर दुर्योधन किसी भी स्थिति में युद्ध में विजय प्राप्त नहीं कर सकता। फिर भी भीष्म दुर्योधन को यह बताना चाहते थे कि वे युद्ध करने के अपने दायित्व का भली-भांति पालन करेंगे और इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं दिखाएंगे। उस समय प्रचलित युद्ध के नियमों के अनुसार शंखनाद द्वारा युद्ध का उद्घाटन किया जाता था।

श्लोक 1.13
तत: शङ्खाश्च भेर्यश्च पणवानकगोमुखा: | सहसैवाभ्यहन्यन्त स शब्दस्तुमुलोऽभवत् || 13||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: ततः-तत्पश्चात्; शङ्खा:-शंख, च-और; भेर्य:-नगाड़े च-तथा; पणव-आनक-ढोल तथा मृदंग; गोमुखाः-तुरही; सहसा अचानक; एव-वास्तव में; अभ्यहन्यन्त-एक साथ बजाये गये; सः-वह; शब्दः-स्वर; तुमुल:-कोलाहलपूर्ण; अभवत्-हो गया था।
इसके पश्चात् शंख, नगाड़े, बिगुल, तुरही तथा मृदंग अचानक एक साथ बजने लगे। उनका समवेत स्वर अत्यन्त भयंकर था।

युद्ध के लिए भीष्म पितामह के तीव्र उत्साह को देखते हुए कौरवों की सेना ने भी अति उत्सुकता से वाद्ययंत्र बजाकर भयंकर ध्वनि उत्पन्न की। पणव का अर्थ ढोल, आनक का अर्थ मृदंग और गो-मुख का अर्थ तुरही बजाना है। ये सभी वाद्ययंत्र थे और इनकी समवेत ध्वनि के कारण युद्धक्षेत्र में भयंकर कोलाहल उत्पन्न हुआ।

श्लोक 1.14
तत: श्वेतैर्हयैर्युक्ते महति स्यन्दने स्थितौ | माधव: पाण्डवश्चैव दिव्यौ शङ्खौ प्रदध्मतु: || 14||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: ततः-तत्पश्चात्; श्वेत-श्वेत; हयैः-अश्व से; युक्ते–युक्त; महति-भव्य; स्यन्दने रथ में; स्थितौ-आसीन; माधव:-कृष्ण-भाग्य की देवी लक्ष्मी के पति; पाण्डवः-पाण्डु पुत्र, अर्जुन ने; च-और; एव-निश्चय ही; दिव्यौ-दिव्य; शङ्खौ-शंख; प्रदध्मतुः-बजाये।
तत्पश्चात् पाण्डवों की सेना के बीच श्वेत अश्वों द्वारा खींचे जाने वाले भव्य रथ पर आसीन माधव और अर्जुन ने अपने-अपने दिव्य शंख बजाये।

कौरवों की सेना के शंख नाद की ध्वनि धीमी पड़ने के पश्चात् भव्य रथ पर आसीन भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन ने निर्भीकता से पूरी शक्ति के साथ शंख नाद करते हुए उसी प्रकार से पाण्डवों द्वारा वीरता से युद्ध लड़ने की उत्कंठा प्रकट की। संजय ने माधव शब्द का प्रयोग श्रीकृष्ण के लिए किया। 'मा' का अर्थ भाग्य के देवता से है और 'धव' का अर्थ पति से है। भगवान श्रीकृष्ण विष्णु के रूप में भाग्य की देवी लक्ष्मी के पति है। यह श्लोक दर्शाता है कि भाग्य की देवी की अनुकंपा पाण्डवों पर थी और वे शीघ्र युद्ध में विजय प्राप्त कर अपना छीना गया साम्राज्य प्राप्त कर लेंगे। पाण्डवों से तात्पर्य पाण्डु के पुत्रों से है। पाँच भाइयों में किसी भी भाई को पाण्डव कहकर संबोधित किया जा सकता है। यहाँ पर पाण्डव शब्द अर्जुन के लिए प्रयुक्त हुआ है। जिस भव्य रथ पर वह आसीन था वह उसे अग्नि देवता ने उपहार स्वरूप भेंट किया था।

श्लोक 1.15
पाञ्चजन्यं हृषीकेशो देवदत्तं धनञ्जय: | पौण्ड्रं दध्मौ महाशङ्खं भीमकर्मा वृकोदर: || 15||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: पाञ्चजन्यं–पाञ्चजन्य नामक शंख; हृषीकेश:-श्रीकृष्ण, जो मन और इन्द्रियों के स्वामी हैं; देवदत्तम-देवदत्त नामक शंख; धनम्-जयः-धन और वैभव का स्वामी, अर्जुन पौण्ड्रम्-पौण्ड्र नामक शंख; दध्मौ–बजाया; महा-शङ्ख-भीषण शंख; भीम-कर्मा-दुस्साधय कर्म करने वाला; वृक-उदरः-अतिभोजी भीम ने।
हृषीकेश भगवान् कृष्ण ने अपना पाञ्चजन्य शंख बजाया, अर्जुन ने देवदत्त शंख तथा अतिभोजी एवं अति दुष्कर कार्य करने वाले भीम ने पौण्डू नामक भीषण शंख बजाया।

इस श्लोक में श्रीकृष्ण के लिए "हृषीकेश" शब्द का प्रयोग किया गया है जिसका अर्थ मन और इन्द्रियों का स्वामी है। श्रीकृष्ण स्वयं अपनी और समस्त प्राणियों के मन और इन्द्रियों के परम स्वामी हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने धरती पर अपनी अद्भुत लीलाएं करते समय भी अपने मन और इन्द्रियों को पूर्ण नियंत्रण में रखा।।

श्लोक 1.16-18
अनन्तविजयं राजा कुन्तीपुत्रो युधिष्ठिर: | नकुल: सहदेवश्च सुघोषमणिपुष्पकौ || 16|| काश्यश्च परमेष्वास: शिखण्डी च महारथ: | धृष्टद्युम्नो विराटश्च सात्यकिश्चापराजित: || 17|| द्रुपदो द्रौपदेयाश्च सर्वश: पृथिवीपते | सौभद्रश्च महाबाहु: शङ्खान्दध्मु: पृथक् पृथक् || 18||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अनन्त-विजयम्-अनन्त विजय नाम का शंख; राजा-राजा; कुन्ती-पुत्रः-कुन्ती के पुत्र; युधिष्ठिरः-युधिष्ठिर; नकुलः-नकुलः सहदेवः-सहदेव ने; च–तथा; सुघोष-मणिपुष्पकौ-सुघोष तथा मणिपुष्पक नामक शंख; काश्य:-काशी (वाराणसी) के राजा ने; च-और; परम-ईषु-आस:-महान धनुर्धर; शिखण्डी-शिखण्डी ने; च-भी; महा-रथ:-दस हजार साधारण योद्धाओं से अकेला लड़ने वाला; धृष्टद्युम्नो:-धृष्टद्युम्न ने; विराट:-विराट; च-और; सात्यकिः-सात्यकि; च-तथा; अपराजित:-अजेय; द्रुपदः-द्रुपद, द्रौपदेया:-द्रौपदी के पुत्रों ने; च-भी; सर्वश:-सभी; पृथिवी-पते हे पृथ्वी का राजा; सौभद्रः-सुभद्रा के पुत्र, अभिमन्यु ने; च-भी; महा-बाहुः-विशाल भुजाओं वाला; शड्.खान्–शंख; दध्मुः-बजाए; पृथक-पृथक-अलग-अलग।
हे राजन्! राजा युधिष्ठिर ने अपना अनन्त विजय नाम का शंख बजाया तथा नकुल और सहदेव ने सुघोष एवं मणिपुष्पक नामक शंख बजाये। श्रेष्ठ धनुर्धर काशीराज, महा योद्धा शिखण्डी, धृष्टद्युम्न, विराट, अजेय सात्यकि, द्रुपद, द्रौपदी के पांच पुत्रों तथा सुभद्रा के महाबलशाली पुत्र वीर अभिमन्यु आदि सबने अपने-अपने अलग-अलग शंख बजाये।

युधिष्ठिर पाण्डवों के सबसे बड़े भाई थे। यहाँ उन्हें राजा कहकर संबोधित किया गया है। उन्होंने राजसूय यज्ञ का अनुष्ठान कर 'राजा' कहलाने की उपाधि पायी थी। उनके आचरण में उदारता सदैव परिलक्षित होती थी फिर चाहे जब वह महलों में रहे या अपने निर्वासन काल के दौरान वनों में।

धृतराष्ट्र को संजय द्वारा 'पृथ्वी का राजा' कहा गया है। देश की रक्षा करना या उसे विनाशकारी युद्धों में उलझाए रखना यह सब राजा के हाथों में होता है। इस प्रकार अप्रत्यक्ष रूप से संजय के इस संबोधन का तात्पर्य यह है-"सेनाएं युद्ध की ओर बढ़ रही हैं, हे राजा धृतराष्ट्र केवल आप ही उसे वापिस बुला सकते हैं। अतः आपका क्या निर्णय है?"

श्लोक 1.19
स घोषो धार्तराष्ट्राणां हृदयानि व्यदारयत् |नभश्च पृथिवीं चैव तुमुलोऽभ्यनुनादयन् || 19||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सः-उस; घोषः-शब्द ध्वनि; धार्तराष्ट्राणाम् धृतराष्ट्र के पुत्रों के; हृदयानि- हृदयों को; व्यदारयत्-विदीर्ण कर दिया; नभ:-आकाश; च-भी; पृथिवीम्-पृथ्वी को; च-भी; एव-निश्चय ही; तुमुल:-कोलाहलपूर्ण ध्वनि; व्यनुनादयन्–गर्जना करना।
हे धृतराष्ट्र! इन शंखों से उत्पन्न ध्वनि द्वारा आकाश और धरती के बीच हुई गर्जना ने आपके पुत्रों के हृदयों को विदीर्ण कर दिया।

आपके पुत्रों के हृदयों को विदीर्ण कर दिया। पाण्डव सेना द्वारा बजाए गए विविध प्रकार के शंखों से उत्पन्न भयंकर ध्वनि से कौरव सेना के सैनिकों के हृदय विदीर्ण हो गये जबकि कौरवों की सेना ने जब शंखनाद किया था तब पाण्डवों की सेना पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नही पड़ा क्योंकि पाण्डवों को भगवान श्रीकृष्ण का आश्रय प्राप्त था। इसलिए उन्हें अपनी सुरक्षा का पूरा भरोसा था। दूसरी ओर कौरवों को केवल अपनी स्वयं की शक्ति और सामर्थ्य पर भरोसा था और अपने अत्याचारों के अपराध बोध की कसक से उनके भीतर पराजित होने का भय व्याप्त हो गया था।

श्लोक 1.20
अथ व्यवस्थितान्दृष्ट्वा धार्तराष्ट्रान् कपिध्वज: | प्रवृत्ते शस्त्रसम्पाते धनुरुद्यम्य पाण्डव: ||20|| हृषीकेशं तदा वाक्यमिदमाह महीपते |
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अथ तत्पश्चात; व्यवस्थितान्-सुव्यवस्थित; दृष्ट्वा-देखकर; धार्तराष्ट्रान्–धृतराष्ट्र के पुत्रों को; कपिधवजः-वानर चित्र अंकित ध्वज है जिसका; प्रवृत्ते-उद्यत; शस्त्र-सम्पाते-शास्त्र चलाने के लिए; धनुः-ध नुष; उद्यम्य-ग्रहण करके, पाण्डवः-पाण्डुपुत्र, अर्जुन; हृषीकेशम्-भगवान् कृष्ण से; तदा-उस समय; वाक्यम्-वचन; इदम् ये; आह-कहे; मही-पते-हे राजा।
उस समय हनुमान के चित्र से अंकित ध्वजा लगे रथ पर आसीन पाण्डु पुत्र अर्जुन अपना धनुष उठा कर बाण चलाने के लिए उद्यत दिखाई दिये। हे राजन! आपके पुत्रों को अपने विरुद्ध व्यूह रचना में खड़े देख कर अर्जुन ने श्रीकृष्ण से यह वचन कहे।

इस श्लोक में अर्जुन को कपि-ध्वज कह कर संबोधित किया गया है क्योंकि उसके रथ पर महावीर हनुमान के चिन्ह की ध्वजा सुशोभित थी। इसकी कथा इस प्रकार है। अर्जुन को एक बार अपनी धनुर्विद्या पर घमण्ड हो गया था और उसने श्रीकृष्ण से कहा कि भगवान श्रीराम के समय वानरों ने भारत से लंका के बीच समुद्र में सेतु बनाने में व्यर्थ ही इतना परिश्रम क्यों किया? यदि वह वहाँ उपस्थित होता तो वह बाणों से सेतु का निर्माण कर देता। श्रीकृष्ण ने उसे इसका प्रदर्शन करने को कहा। अर्जुन ने अपने धनुष से चलाये गये बाणों की बौछार से एक सेतु का निर्माण कर दिया। श्रीकृष्ण ने वीर हनुमान को बुलाया और उन्हें उस सेतु का परीक्षण करने को कहा। जब वीर हनुमान ने उस सेतु पर चलना आरंभ किया तो वह टूटने लगा। तब अर्जुन ने अनुभव किया कि उसके बाणों द्वारा बनाया गया सेतु कभी भी भगवान श्रीराम की सेना के भार को सहने के लिए उपयुक्त नहीं होता और उसने अपनी भूल के लिए क्षमा मांगी। तब वीर हनुमान ने अर्जुन को शिक्षा दी कि कभी भी अपने बल और कौशल का घमंड नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपनी इच्छा से अर्जुन को यह वरदान दिया कि महाभारत के युद्ध के दौरान वह उसके रथ पर आसीन रहेंगे। इसलिए अर्जुन के रथ पर हनुमान के चित्र से अंकित ध्वजा लगाई गई थी जिसके कारण उसका नाम 'कपि-ध्वज' पड़ गया।

श्लोक 1.21-22 ॥ अर्जुन उवाच ॥
सेनयोरुभयोर्मध्ये रथं स्थापय मेऽच्युत || 21|| यावदेतान्निरीक्षेऽहं योद्धुकामानवस्थितान् | कैर्मया सह योद्धव्यमस्मिन् रणसमुद्यमे || 22||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुनः उवाच-अर्जुन ने कहा; सेनयोः-सेनाएं; उभयोः-दोनों; मध्ये–बीच; रथम्-रथ; स्थापय-खड़ा करें; मे–मेरे; अच्युत-श्रीकृष्ण; यावत्-जब तक; एतान्–इन सब; निरीक्षे–देखना; अहम्-मैं; योद्ध-कामान्–युद्ध के लिए; अवस्थितान्–व्यूह रचना में एकत्र; के:-किन-किन के साथ; मया-मुझे सह-साथ; योद्धव्यम्-युद्ध करना; अस्मिन्-इसमें, रण-समुद्य मे-घोर युद्ध में।
अर्जुन ने कहा! हे अच्युत! मेरा रथ दोनों सेनाओं के बीच खड़ा करने की कृपा करें ताकि मैं यहाँ एकत्रित युद्ध करने की इच्छा रखने वाले योद्धाओं को देख सकूं।

अर्जुन संपूर्ण सृष्टि के परम स्वामी भगवान श्रीकृष्ण का परम भक्त था। यद्यपि इस श्लोक में अर्जुन ने भगवान को अपनी इच्छानुसार अपेक्षित स्थान पर रथ ले जाने का निर्देश दिया है जोकि यह दर्शाता है कि भगवान अपने प्रिय भक्तों से अगाध प्रेम करते हैं। भक्त के प्रति अपने निश्छल प्रेम के कारण भगवान उनके ऋणी हो जाते हैं। अहं भक्तपराधीनो ह्यस्वतन्त्र इव द्विज।
साधुभिर्ग्रस्तहृदयो भक्तैर्भक्तजनप्रियः।।
(श्रीमद्भागवतम्-9.4.63)

यद्यपि मैं परम स्वतंत्र हूँ, किन्तु फिर भी मैं अपने भक्तों का सेवक बन जाता हूँ। वे मुझे अत्यंत प्रिय है और उनके प्रेम के कारण मैं उनका ऋणी हो जाता हूँ।" अर्जुन की श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण महाभारत के युद्ध में उसके रथ के सारथी बने जबकि अर्जुन रथी के रूप में उस रथ पर सुविधापूर्वक बैठे हुए श्रीकृष्ण को निर्देश देते रहे।

श्लोक 1.23
योत्स्यमानानवेक्षेऽहं य एतेऽत्र समागता: | धार्तराष्ट्रस्य दुर्बुद्धेर्युद्धे प्रियचिकीर्षव: || 23||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: योत्स्यमानान्–युद्ध करने के लिए आए योद्धाओं को; अवेक्षे-अहम्–मै देखना चाहता हूँ; ये-जो; एते-वे; अत्र-यहाँ; समागता:-एकत्र; धार्तराष्ट्रस्य-धृतराष्ट्र के पुत्र; दुर्बुद्धेः-हीन मानसिकता वाले; युद्धे युद्ध में; प्रिय-चिकीर्षवः-प्रसन्न करने वाले।
मैं उन लोगों को देखने का इच्छुक हूँ जो यहाँ पर धृतराष्ट्र के दुश्चरित्र पुत्रों को प्रसन्न करने की इच्छा से युद्ध लड़ने के लिए एकत्रित हुए हैं।

धृतराष्ट्र के दुष्ट पुत्रों ने छल से पाण्डवों का राज्य हड़प लिया था इसलिए कौरवों के पक्ष में युद्ध करने आये योद्धागण भी स्वाभाविक रूप से दुष्ट प्रवृत्ति वाले थे। अर्जुन उन योद्धाओं को जिनके साथ उसे युद्ध करना था, को देखना चाहता था। आरम्भ में अर्जुन की वीरतापूर्वक युद्ध लड़ने की प्रबल इच्छा थी। इसलिए वह धृतराष्ट्र के पुत्रों को दुष्ट मनोवृत्ति से ग्रस्त कह कर यह इंगित करना चाहता था कि किस प्रकार से दुर्योधन ने कई बार पाण्डवों का विनाश करने का षड़यंन्त्र रचा। उस समय अर्जुन ने ऐसे मनोभाव व्यक्त किए-“हम विधिपूर्वक आधे साम्राज्य के अधिकारी थे, किन्तु वह उसे हड़पना चाहता था। वह दुष्ट मनोवृत्ति वाला है इसलिए उसकी सहायता के लिए एकत्रित राजा लोग भी दुश्चरित्र हैं। मैं उन योद्धाओं को देखना चाहता हूँ जो युद्ध करने के लिए व्यग्र हैं। वे अन्याय का पक्ष ले रहे हैं और इसलिए हमारे हाथों उनका विनाश निश्चित है।"

श्लोक 1.24 ॥ सञ्जय उवाच ॥
एवमुक्तो हृषीकेशो गुडाकेशेन भारत | सेनयोरुभयोर्मध्ये स्थापयित्वा रथोत्तमम् || 24||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजयः उवाच-संजय ने कहा; एवम्-इस प्रकार; उक्त:-व्यक्त किए गये; हृषीकेशः-इन्द्रियों के स्वामी, श्रीकृष्ण ने; गुडाकेशेन–निद्रा को वश में करने वाला, अर्जुन; भारत-भरत वंशी; सेनयोः-सेनाओं के; उभयोः-दोनों; मध्ये-मध्य में; स्थापयित्वा स्थित करना; रथ-उत्तमम् भव्य रथ को।
संजय ने कहा-हे भरतवंशी धृतराष्ट्र! निद्रा पर विजय पाने वाले अर्जुन द्वारा इस प्रकार के वचन बोले जाने पर भगवान श्रीकृष्ण ने उस भव्य रथ को दोनों सेनाओं के बीच में ले जाकर खड़ा कर दिया।

Here, Dhritarashtra is being addressed as Bhārata by Sanjay, which means, “O descendant of the great King Bharat.”

श्लोक 1.25 ॥ भीष्मद्रोणप्रमुखत: सर्वेषां च महीक्षिताम् उवाच ॥
पार्थ पश्यैतान्समवेतान्कुरूनिति || 25||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भीष्म-भीष्म पितामह; द्रोण-द्रोणाचार्य प्रमुखतः-उपस्थिति में; सर्वेषाम्-सब; च और; मही-क्षिताम्-अन्य राजाओं के; उवाच-कहा; पार्थ-पृथा पुत्र, अर्जुनः पश्य देखो; एतान्–इन सबों को; समवेतान्–एकत्रित; कुरून्-कुरु वंशियों को; इति–इस प्रकार।
भीष्म, द्रोण तथा अन्य सभी राजाओं की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा कि हे पार्थ! यहाँ पर एकत्रित समस्त कुरुओं को देखो।

"कुरु" शब्द का प्रयोग कौरवों और पाण्डवों दोनों के लिए किया गया है क्योंकि दोनों कुरु वंशज थे। भगवान श्रीकृष्ण ने जान बूझकर इस शब्द का प्रयोग किया ताकि अर्जुन में बंधुत्व की भावना जागृत हो और उसे यह प्रतीत हो कि वे सब एक ही हैं। वे चाहते थे कि बंधुत्व की भावना से अर्जुन में मोह उत्पन्न होगा और जिससे वह विचलित हो जाएगा जिसके परिणामस्वरूप उन्हें आगे आने वाले कलियुग में मानव मात्र के कल्याण के लिए गीता के सिद्धान्त का दिव्य उपदेश देने का अवसर प्राप्त होगा। इसलिए उन्होंने 'धार्तराष्ट्रान्' धृतराष्ट्र के पुत्रों के स्थान पर 'कुरु' कुरुवंशज शब्द का प्रयोग किया। जिस प्रकार एक सर्जन फोड़े की पीड़ा से ग्रस्त रोगी को पहले उसकी पीड़ा कम करने के लिए औषधि देता है और उसके बाद उसके रूग्ण अंग की चीर-फाड़ करता है, उसी प्रकार से भगवान श्रीकृष्ण ने भी पहले अर्जुन के भीतर छिपे मोह को जागृत किया ताकि बाद में उसे नष्ट किया जा सके।

श्लोक 1.26
तत्रापश्यत्स्थितान् पार्थ: पितृ नथ पितामहान् | आचार्यान्मातुलान्भ्रातृ न्पुत्रान्पौत्रान्सखींस्तथा || 26|| श्वशुरान्सुहृदश्चैव सेनयोरुभयोरपि |
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तत्र-वहाँ; अपश्यत्-देखा; स्थितान्-खड़े पार्थः-अर्जुन ने; पितॄन्-पिता; अथ-तत्पश्चात्; पितामहान–पितामहों को; आचार्यान्–शिक्षकों को; मातुलान्-मामाओं को; भ्रातृन्–भाइयों को; पुत्रान्–पुत्रों को; सखीन्-मित्रों को; तथा-और; श्वशुरान्–श्वसुरों को; सुहृदः-शुभचिन्तकों को; च-भी; एव-निश्चय ही; सेनयोः-सेना के; उभयोः-दोनो पक्षों की सेनाएं; अपि:- भी।
अर्जुन ने वहाँ खड़ी दोनों पक्षों की सेनाओं के बीच अपने पिता तुल्य चाचाओं, पितामहों, गुरुओं, मामाओं, भाइयों, चचेरे भाइयों, पुत्रों, भतीजों, मित्रों, ससुर, और शुभचिन्तकों को भी देखा।

अर्जुन युद्धभूमि में अपने सभी सम्बंधियों को देख सका। वह अपने पिता के समकालीन भूरिश्रवा जैसे व्यक्तियों, भीष्म तथा सोमदत्त जैसे पितामहों, द्रोणाचार्य तथा कृपाचार्य जैसे गुरुओं, शल्य तथा शकुनि जैसे मामाओं, दुर्योधन जैसे भाईयों, लक्ष्मण जैसे पुत्रों, अश्वत्थामा जैसे मित्रों एवं कृतवर्मा जैसे शुभचिन्तकों को देख सका। वह उन सेनाओं को भी देख सका जिनमें उसके मित्र थे।

श्लोक 1.27
तान्समीक्ष्य स कौन्तेय: सर्वान्बन्धूनवस्थितान् || 27|| कृपया परयाविष्टो विषीदन्निदमब्रवीत् |
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तान्-उन्हीं; समीक्ष्य-देखकर; सः-वे; कौन्तेयः-कुन्तीपुत्र, अर्जुनः सर्वान्–सभी प्रकार के; बंधु-बान्धव-सगे सम्बन्धियों को; अवस्थितान्–उपस्थित; कृपया-करुणा से; परया अत्यधिक; आविष्ट:-अभिभूत; विषीदन्–गहन शोक प्रकट करता हुआ; इदम्-इस प्रकार; अब्रवीत् बोला।
जब कुन्तीपुत्र अर्जुन ने अपने बंधु बान्धवों को वहाँ देखा तब उसका मन अत्यधिक करुणा से भर गया और फिर गहन शोक के साथ उसने निम्न वचन कहे।

अपने बंधु बान्धवों को युद्ध स्थल पर एकत्रित देखकर अर्जुन का ध्यान पहली बार भातृध्त्या वाले इस भयंकर युद्ध के परिणामों की ओर गया। वह महापराक्रमी योद्धा जो युद्ध लड़ने के लिए उद्यत था और पाण्डवों के प्रति किए गए अन्यायपूर्ण व्यवहार का प्रतिशोध लेने हेतु शत्रुओं को मृत्यु के द्वार पहुँचाने के लिए मानसिक रूप से तैयार था, उस अर्जुन का हृदय अचानक परिवर्तित हो गया। शत्रु पक्ष की ओर से एकत्रित अपने बंधु बान्धवों को देखकर अर्जुन का हृदय शोक में डूब गया, उसकी बुद्धि भ्रमित हो गयी और अपने कर्त्तव्य का पालन करने के लिए उसकी निडरता कायरता में परिवर्तित हो गई। उसके हृदय की दृढ़ता ने कोमलता का स्थान ले लिया। इसलिए संजय उसे कुन्ती ('उसकी माता') पुत्र कहकर उसके स्वभाव की सहृदयता और उदारता को व्यक्त करते हैं।

श्लोक 1.28 ॥ अर्जुन उवाच ॥
दृष्ट्वेमं स्वजनं कृष्ण युयुत्सुं समुपस्थितम् || 28|| सीदन्ति मम गात्राणि मुखं च परिशुष्यति |
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुन:-उवाच-अर्जुन ने कहा; दृष्ट्वा-देख कर; इमम् इन सबको; स्वजनम् वंशजों को; कृष्ण-कृष्ण; युयुत्सुम-युद्ध लड़ने की इच्छा रखने वाले; समुपस्थितम्-उपस्थित; सीदन्ति–काँप रहे हैं; मम-मेरे; गात्रणि-अंग; मुखम्-मुँह; च-भी; परिशुष्यति-सूख रहा है।
अर्जुन ने कहा! हे कृष्ण! युद्ध करने की इच्छा से तथा एक दूसरे का वध करने के लिए यहाँ अपने वंशजों को देखकर मेरे शरीर के अंग कांप रहे हैं और मेरा मुंह सूख रहा है।

आसक्ति लौकिक या आध्यात्मिक हो सकती है। किसी संबंधी के लिए मोह-होना सांसारिक आसक्ति है जो दैहिक संकल्पना के कारण उत्पन्न होती है। स्वयं को शरीर समझने पर दैहिक संबंधियों में आसक्ति हो जाती है। अज्ञानता से उत्पन्न यह आसक्ति हमें घोर सांसारिक बना देती है। अन्ततोगत्वा इस आसक्ति का अंत भी दुखदायी होता है क्योंकि शरीर का अंत होने पर पारिवारिक संबंध भी समाप्त हो जाता है। दूसरी ओर परम पिता परमात्मा हमारी आत्मा के सच्चे पिता, माता, सखा, स्वामी और प्रियतम हैं। इसलिए आत्मा के स्तर पर भगवान में अनुरक्त होना आध्यात्मिक आसक्ति है जो हमारी चेतना का विकास है और हमारी बुद्धि को प्रकाशित करता है। भगवान के प्रति प्रेम एक महासागर की तरह है जिसकी व्यापकता में सब कुछ समा जाता है जबकि दैहिक संबंध अपूर्ण और स्वार्थयुक्त पूर्ण होते हैं। यहाँ अर्जुन सांसारिक मोह का अनुभव कर रहा था जिसने उसे शोक के महासागर में डुबो दिया और वह अपने कर्तव्य पालन के विचार से कांपने लगा।

श्लोक 1.29-31
वेपथुश्च शरीरे मे रोमहर्षश्च जायते || 29|| गाण्डीवं स्रंसते हस्तात्त्वक्चै व परिदह्यते | न च शक्नोम्यवस्थातुं भ्रमतीव च मे मन: || 30|| निमित्तानि च पश्यामि विपरीतानि केशव | न च श्रेयोऽनुपश्यामि हत्वा स्वजनमाहवे || 31||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: वेपथुः-कम्पन; च-भी; शरीरे-शरीर में; मे मेरे; रोम-हर्षः-शरीर के रोम खड़े होना; च-भी; जायते-उत्पन्न हो रहा है; गाण्डीवम्-अर्जुन का धनुष; स्रंसते-सरक रहा है; हस्तात्-हाथ से; त्वक्-त्वचा; च-भी; एव–वास्तव में; परिदह्यते-सब ओर जल रही है। न-नही; च-भी; शक्नोमि-समर्थ हूँ; अवस्थातुम् स्थिर खड़े होने में; भ्रमतीव-घूमता हुआ; च-और; मे–मेरा; मनः-मन; निमित्तानि-अशुभ लक्षण; च-भी; पश्यामि-देखता हूँ; विपरीतानि-दुर्भाग्यपूर्ण; केशव हे केशी असुर को मारने वाले, श्रीकृष्ण; न-न तो; च-भी; श्रेयः-कल्याण; अनुपश्यामि-पहले से देख रहा हूँ; हत्वा-वध करना; स्वजनम् सगे संबंधी को; आहवे यद्ध में।
मेरा सारा शरीर काँप रहा है, मेरे शरीर के रोएं खड़े हो रहे हैं, मेरा धनुष ‘गाण्डीव' मेरे हाथ से सरक रहा है और मेरी पूरी त्वचा में जलन हो रही है। मेरा मन उलझ रहा है और मुझे घबराहट हो रही है। अब मैं यहाँ और अधिक खड़ा रहने में समर्थ नहीं हूँ। केशी राक्षस का वध करने वाले हे केशव! मुझे केवल अमंगल के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। युद्ध में अपने वंश के बंधु बान्धवों का वध करने में मुझे कोई अच्छाई नही दिखाई देती है और उन्हें मारकर मैं कैसे सुख पा सकता हूँ?

जब अर्जुन ने युद्ध के परिणामों पर विचार किया तब वह चिन्तित और उदास हो गया। अर्जुन का वह धनुष जिसकी टंकार से शक्तिशाली शत्रु भयभीत हो जाते थे, उसके हाथ से सरकने लगा। यह सोचकर कि युद्ध करना एक पाप पूर्ण कार्य है, उसका सिर चकराने लगा। मन की इस अस्थिरता के कारण वह हीन भावना से ग्रसित होकर अमंगलीय लक्षणों को स्वीकार करने लगा और विनाशकारी विफलता व सन्निकट परिणामों का पूर्वानुमान करने लगा।

श्लोक 1.32-33
न काङ्क्षे विजयं कृष्ण न च राज्यं सुखानि च | किं नो राज्येन गोविन्द किं भोगैर्जीवितेन वा || 32|| येषामर्थे काङ्क्षितं नो राज्यं भोगा: सुखानि च | त इमेऽवस्थिता युद्धे प्राणांस्त्यक्त्वा धनानि च || 33||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न न तो; काङ्क्षे इच्छा करता हूँ; विजयं-विजय; कृष्ण-कृष्ण; न न ही; च-उसी प्रकार से; राज्यम-राज्य; सुखानि-सुख; च-भी; किम्-क्या; राज्येन-राज्य द्वारा; गोविन्द-श्रीकृष्ण, जो इन्द्रियों को सुख प्रदान करते हैं और जो गायों से प्रेम करते हैं; भोगैः-सुख; जीवितेन-जीवन; वा-अथवा; येषाम्-जिनके; अर्थ-लिए; काङ्क्षितम्-इच्छित है; न:-हमारे द्वारा; राज्यम्-राज्य; भोगा:-सुख; सुखानि;-सुख; च-भी; ते–वे; इमे-ये; अवस्थिता:-स्थित; युद्धे युद्धभूमि में; प्राणान्–जीवन को; त्यक्त्वा-त्याग कर; धनानि–धन; च-भी;
हे कृष्ण! मुझे विजय, राज्य और इससे प्राप्त होने वाला सुख नहीं चाहिए। ऐसे राज्य सुख या अपने जीवन से क्या लाभ प्राप्त हो सकता है क्योंकि जिन लोगों के लिए हम यह सब चाहते हैं, वे सब इस युद्धभूमि में हमारे समक्ष खड़े हैं।

अर्जुन के मन में यह सत्य जानकर उलझन उत्पन्न हुई कि हत्या करना अपने आप में एक पापपूर्ण कृत्य है और अपने ही स्वजनों को मारना तो और अधिक कुत्सित कार्य है। अर्जुन को यह प्रतीत हुआ कि यदि उसने राज्य प्राप्त करने के लिए इस प्रकार के निर्दयतापूर्ण कार्य किए तब उसे ऐसी विजय से अंततोगत्वा कोई सुख प्राप्त नही होगा और वह इस ख्याति को अपने उन मित्रों और सगे-संबंधियों में बांटने में असमर्थ रहेगा जिन्हे युद्ध में मारकर उसे विजय प्राप्त होगी। यहाँ अर्जुन अनुचित भावों को प्रदर्शित कर रहा है और उसे श्रेष्ठ मान रहा है। सांसारिक भोगों और भौतिक सुख-समृद्धि के प्रति विरक्ति प्रशंसनीय है किन्तु अर्जुन आध्यात्मिक भावों से युक्त नहीं है अपितु उसका मोह करुणा के रूप में उससे छल कर रहा है। शुद्ध मनोभाव, आंतरिक सामंजस्य और संतोष आत्मा को सुख प्रदान करते हैं। यदि अर्जुन की भावनाएँ अलौकिक की होती तब वह संवेदनाओं से ऊपर उठ चुका होता। लेकिन उसके मनोभाव सर्वथा प्रतिकूल हैं क्योंकि वह अपने मन और बुद्धि में असामंजस्य और अपने कर्तव्य पालन के प्रति असंतोष और अपने भीतर गहन दुःख का अनुभव कर रहा है।उस पर हावी संवेदनाओं का प्रभाव यह दर्शाता है कि उसकी करुणा उसके मोह से उत्पन्न हुई हैं।

श्लोक 1.34-35
आचार्या: पितर: पुत्रास्तथैव च पितामहा: | मातुला: श्वशुरा: पौत्रा: श्याला: सम्बन्धिनस्तथा || 34|| एतान्न हन्तुमिच्छामि घ्नतोऽपि मधुसूदन | अपि त्रैलोक्यराज्यस्य हेतो: किं नु महीकृते || 35||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: आचार्याः-शिक्षक; पितरः-पितृगणः पुत्रा-पुत्र; तथा उसी प्रकार; एव-वास्तव में; च-भी; पितामहाः-पितामह; मातुला:-मामा; श्वशुरा:-श्वसुर; पौत्रा:-पौत्र; श्याला:-साले; सम्बन्धिनः-संबंधी; तथा उसी प्रकार से तथा; एतान्–ये सब; न-नहीं; हन्तुम् वध करना; इच्छामि मैं चाहता हूँ; घ्नत-स्वयं मारे जाने पर भी; अपि-भी; मधुसूदन– मधु नामक असुर का वध करने वाले, श्रीकृष्ण; अपि-तो भी; त्रै-लोक्य- राज्यस्य–तीनों लोकों का राज्य; हेतो:-के लिए; किम नु-क्या कहा जाए; मही-कृते-पृथ्वी के लिए;
हे मधुसूदन! हमारे आचार्यगण, पितृगण, पुत्र, पितामह, मामा, पौत्र, ससुर, भांजे, साले और अन्य संबंधी अपने प्राण और धन का दाव लगाकर यहाँ उपस्थित हैं। यद्यपि वे मुझपर आक्रमण भी करते हैं तथापि मैं इनका वध क्यों करूं? यदि फिर भी हम धृतराष्ट्र के पुत्रों का वध करते हैं तब भले ही इससे हमें पृथ्वी के अतिरिक्त तीनों लोक भी प्राप्त क्यों न होते हों तब भी उन्हें मारने से हमें सुख कैसे प्राप्त होगा?

द्रोणाचार्य और कृपाचार्य अर्जुन के गुरुजन थे और भीष्म एवं सोमदत पितामह, सोमदत का पुत्र, भूरिश्रवा जैसे लोग पिता तुल्य थे। पुरुजित्, कुंतिभोज, शल्य, शकुनि मामा और धृतराष्ट्र के सौ पुत्र उनके चचेरे भाई थे। दुर्योधन का पुत्र, लक्ष्मण उसके पुत्र के समान था। अर्जुन युद्धस्थल पर उपस्थित अपने स्वजनों के साथ अपने संबंधों की व्याख्या कर रहा है। इस श्लोक में अर्जुन ने दो बार अपि शब्द-जिसका अर्थ 'यद्यपि' है, का प्रयोग किया है। प्रथम बार 'यद्यपि' के प्रयोग का अर्थ है-यदि वे मुझ पर आक्रमण करते हैं तब भी मेरी इच्छा उनका वध करने की नहीं होगी। दूसरी बार 'यद्यपि' के प्रयोग का अर्थ है-यदि हम धृतराष्ट्र के पुत्रों का वध कर देते हैं, तब भले ही हमें इससे तीनों लोक प्राप्त क्यों न होते हों, फिर भी उनका वध करने से हमें कैसे सुख और शांति मिलेगी?

श्लोक 1.36-37
निहत्य धार्तराष्ट्रान्न: का प्रीति: स्याज्जनार्दन | पापमेवाश्रयेदस्मान्हत्वैतानाततायिन: || 36 || तस्मान्नार्हा वयं हन्तुं धार्तराष्ट्रान्स्वबान्धवान् | स्वजनं हि कथं हत्वा सुखिन: स्याम माधव || 37||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: निहत्य-मारकर; धार्तराष्ट्रान्-धृतराष्ट्र के पुत्रों को; नः-हमारी; का क्या; प्रीतिः-सुख; स्यात्-होगी; जनार्दन हे जीवों के पालक, श्रीकृष्ण। पापम्-पाप; एव-निश्चय ही; आश्रयेत्-लगेगा; अस्मान्–हमें; हत्वा-मारकर; एतान्–इन सबको; आततायिन:-आततायियों को; तस्मात्-अतः; न-कभी नहीं; अर्हाः-योग्य; वयम्-हम; हन्तुम् मारने के लिए; धार्तराष्ट्रान्–धृतराष्ट्र के पुत्रों को; स्व-बान्धवान् मित्रों सहित; स्वजनम्-कुटुम्बियों को; हि-निश्चय ही; कथम्-कैसे; हत्वा-मारकर; सुखिनः-सुखी; स्याम-हम होंगे; माधाव-योगमाया के स्वामी, श्रीकृष्ण।
हे समस्त जीवों के पालक! धृतराष्ट्र के पुत्रों का वध करके हमें क्या सुख प्राप्त होगा? यद्यपि वे सब अत्याचारी हैं फिर भी यदि हम उनका वध करते हैं तब निश्चय ही उन्हें मारने का हमें पाप लगेगा। इसलिए अपने चचेरे भाइयों, धृतराष्ट्र के पुत्रों और मित्रों सहित अपने स्वजनों का वध करना हमारे लिए किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। हे माधव! इस प्रकार अपने वंशजों का वध कर हम सुख की आशा कैसे कर सकते हैं?

पिछले श्लोक में अर्जुन दो बार 'यद्यपि' शब्द कहकर अपने स्वजनों का वध न करने के अपने मन्तव्य को न्यायोचित ठहराता है। इसके बाद अर्जुन पुनः कहता है कि 'यद्यपि मैं उन्हें मार भी देता हूँ तथापि ऐसी विजय प्राप्त करने से मुझे क्या सुख प्राप्त होगा?'

अधिकतर परिस्थितियों में युद्ध लड़ना और किसी का वध करना प्रायः अधर्म माना जाता है जिसके कारण बाद में पश्चात्ताप और अपराध का बोध होता है। वेदों के अनुसार अहिंसा परम धर्म है और अपवाद स्वरूप कुछ विषम परिस्थतियों को छोड़कर अहिंसा पापकर्म भी है: मा हिंस्यात् सर्वा भूतानि, अर्थात 'किसी भी प्राणी को मत मारो' यहाँ अर्जुन अपने कुटुम्बियों को मारना नही चाहता क्योंकि वह इसे पापपूर्ण कार्य मानता है। वशिष्ठ स्मृति (श्लोक 3.19) में छह प्रकार के आतातायियों का उल्लेख किया गया है जिनके विरूद्ध हमें अपनी रक्षा करने का अधिकार है। (1) किसी के घर को आग से जलाने वाला, (2) किसी के भोजन में विष मिलाने वाला, (3) किसी की हत्या करने वाला, (4) किसी का धन लूटने वाला, (5) पराई स्त्री का अपहरण करने वाला और (6) दूसरे का राज्य या भूमि हड़पने वाला। इन सब अत्याचारियों से अपनी रक्षा करने और इनका वध करने का सबको अधिकार है। मनु स्मृति 'श्लोक 8.351' में वर्णित है कि यदि कोई ऐसे अत्याचारियों का वध करता है तो उसे पाप नही लगता।

श्लोक 1.38-39
यद्यप्येते न पश्यन्ति लोभोपहतचेतस: | कुलक्षयकृतं दोषं मित्रद्रोहे च पातकम् || 38|| कथं न ज्ञेयमस्माभि: पापादस्मान्निवर्तितुम् | कुलक्षयकृतं दोषं प्रपश्यद्भिर्जनार्दन || 39||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यदि-अपि यद्यपि; एते ये; न नहीं; पश्यन्ति–देखते हैं; लोभ-लालच; उपहत-अभिभूत; चेतसः-विचार वाले; कुल-क्षय कृतम्-अपने संबंधियों का वध करने में; दोषम्-दोष को मित्र-द्रोहे-मित्रों से विश्वासघात करने में; च-भी; पातकम्-पाप; कथम्-क्यों; न-नहीं; ज्ञेयम्-जानना चाहिए। अस्माभिः-हम; पापात्-पापों से; अस्मात्-इन; निवर्तितुम्-दूर रहना; कुल-क्षय-वंश का नाश; कृतम्-हो जाने पर; दोषम्-अपराध; प्रपश्यदि्भः-जो देख सकता है; जनार्दन सभी जीवों के पालक, श्रीकृष्ण!
यद्यपि लोभ से अभिभूत होने के कारण वे अपने स्वजनों के विनाश और अपने मित्रों के साथ विश्वासघात करने में कोई दोष नहीं देखते हैं। तथापि हे जनार्दन! जब हमें स्पष्टतः अपने बंधु बान्धवों का वध करने में अपराध दिखाई देता है तब हम ऐसे पापमय कर्म से क्यों न दूर रहें?

यद्यपि अर्जुन वृत्ति से क्षत्रिय योद्धा था फिर भी उसे अनावश्यक हिंसा से घृणा थी। महाभारत युद्ध के अन्त में एक घटना से उसके चरित्र का यह पक्ष उजागर होता है। जब सौ कौरवों का वध हो गया था तब गुरु द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा ने प्रतिशोध लेने के लिए रात्रि के समय पाण्डवों के शिविर में चुपके से प्रवेश किया और द्रौपदी के सोये हुए पांच पुत्रों की हत्या कर दी। अर्जुन ने अश्वत्थामा को पकड़ कर उसे जानवरों की भांति बांधकर द्रौपदी के चरणों में डाल दिया। ऐसा करने पर अश्वत्थामा क्रन्दन करने लगा। फिर भी पुत्रों की मृत्यु से शोकाकुल कोमल हृदया और क्षमाशीलता के गुण से परिपूर्ण द्रौपदी ने कहा कि जो भी हो अश्वथामा उनका गुरु पुत्र है इसलिए उसे क्षमा कर देना चाहिए। दूसरी ओर भीम, अश्वत्थामा का तत्काल वध कर देना चाहता था। दुविधा में फंसे अर्जुन ने जब इसके समाधान के लिए भगवान श्रीकृष्ण की ओर देखा, तब उन्होंने ये वचन कहे-'यदि आदरणीय श्रेष्ठ ब्राह्मण अस्थायी रूप से धर्म पथ से च्युत हो जाता है तब भी वह क्षमा योग्य है किन्तु जो मनुष्य घातक हथियार से किसी की हत्या करता है तब उसे अवश्य दण्ड देना चाहिए।' अर्जुन-श्रीकृष्ण के अनेकार्थक संकेत को समझ गया। उसने अश्वत्थामा को मारने की बजाए उसके सिर के पीछे की चुटिया को काट दिया और उसके मस्तक से मणि निकाल ली और अपने शिविर से बाहर भगा दिया। अर्जुन स्वभावतः यथासंभव हिंसा से दूर रहना चाहता है। इस विशेष दुःखद परिस्थिति में भी वह कहता है कि वह जानता है कि अपने कुटुम्बियों और वृद्धजनों को मारना उचित कृत्य नहीं है। मनु स्मृति में वर्णित है ऋत्विक्पुरोहिताचार्यैर्मातुलातिथिसंश्रितैः। बालवृद्धातुरैवैद्यैर्जातिसम्बन्धिबान्धवैः।। (मनुस्मृति: 4.179)

"किसी को भी यज्ञ करने वाले ब्राह्मण से कलह नहीं करनी चाहिए। कुल पुरोहित, आचार्य, मामा, अतिथि, अपने पर आश्रित, बच्चों, वृद्धजनों, वैद्य और स्वजनों के साथ झगड़ा नहीं करना चाहिए।" इसलिए अर्जुन ने यह निष्कर्ष निकाला कि लोभ से अभिभूत होने के कारण कौरव शायद धर्म पथ से डिग गये हैं और अपना विवेक खो बैठे हैं फिर जब हमारा पापजन्य कोई मनोरथ ही नहीं है तब हम ऐसे घिनौने कृत्य में क्यों संलिप्त हो?

श्लोक 1.40
कुलक्षये प्रणश्यन्ति कुलधर्मा: सनातना: | धर्मे नष्टे कुलं कृत्स्नमधर्मोऽभिभवत्युत || 40||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: कुल-क्षये-कुल का नाश; प्रणश्यन्ति–विनष्ट हो जाती हैं; कुल-धर्माः-पारिवारिक परम्पराएं; सनातनाः-शाश्वत; धर्मे-नष्टे-धर्म नष्ट होने पर; कुलम्-परिवार को; कृत्स्नम् सम्पूर्ण; अधर्म:-अधर्म; अभिभवति–अभिभूत; उत–वास्तव में।
जब कुल का नाश हो जाता है तब इसकी कुल परम्पराएं भी नष्ट हो जाती हैं और कुल के शेष बचे लोग अधर्म में प्रवृत्त होने लगते हैं।

पुरातन परम्पराओं और प्रथाओं के अनुसार कुल के वयोवृद्ध लोग उच्च मूल्यों और आदर्शों को अगली पीढ़ी के कल्याण हेतु उन्हें हस्तांतरित करते हैं। ये महान परम्पराएं कुल के सदस्यों को मानवीय मूल्यों और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करवाने में सहायता करती हैं। यदि कुल के वयोवृद्धों की समय से पूर्व मृत्यु हो जाती है तब भावी पीढ़ियां कुल के उनके मार्गदर्शन और शिक्षण से वंचित हो जाती हैं। अर्जुन के कहने का तात्पर्य यह है कि जब कुलों का विनाश हो जाता है तब उसकी महान परम्पराएं भी उसके साथ समाप्त हो जाती हैं और कुल के शेष सदस्यों में अधर्म और व्यभिचार की प्रवृत्ति बढ़ती है जिससे वे अपनी आध्यात्मिक उन्नति का अवसर खो देते हैं। इसलिए अर्जुन के अनुसार कुल के आदरणीय वयोवृद्ध सदस्यों को कभी भी नहीं मारना चाहिए।

श्लोक 1.41
अधर्माभिभवात्कृष्ण प्रदुष्यन्ति कुलस्त्रिय: | स्त्रीषु दुष्टासु वार्ष्णेय जायते वर्णसङ्कर: || 41||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अधर्म-अधर्म; अभिभवात्-प्रबलता होने से; कृष्ण-श्रीकृष्ण; प्रदुष्यन्ति-अपवित्र हो जाती हैं; परिवार-कुल; कुलस्त्रिय-परिवार की स्त्रियां; स्रीषु-स्त्रीत्व; दुष्टासु-अपवित्र होने से वार्ष्णेय-वृष्णिवंशी; जायते-उत्पन्न होती है; वर्ण-सङ्कर अवांछित सन्तान।
अधर्म की प्रबलता के कारण हे कृष्ण! कुल की स्त्रियां दूषित हो जाती हैं और स्त्रियों के दुराचारिणी होने से हे वृष्णिवंशी! अवांछित संतानें जन्म लेती हैं।

वैदिक सभ्यता में समाज में स्त्रियों को उच्च स्थान प्राप्त था और स्त्रियों में शुचिता एवं सदाचारिता के गुणों की आवश्यकता को अत्यन्त महत्त्व दिया जाता था। इसलिए मनु स्मृति में वर्णन किया गया है: 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः'

अर्थात (3:56) "जहाँ स्त्रियाँ पतिव्रता, संयत और सदाचारी जीवन व्यतीत करती हैं वहाँ वे अपनी पवित्रता के लिए पूरे समाज द्वारा पूजी जाती हैं और वहाँ स्वर्ग के देवता भी हर्षित होते हैं।" जब स्त्रियाँ पतिता बन जाती हैं तब अनुत्तरदायी पुरुष इसका लाभ उठा कर पर स्त्री गमन के कुमार्ग में प्रवृत्त हो जाते हैं और जिसके परिणामस्वरूप अवांछित सन्तानें जन्म लेती हैं।

श्लोक 1.42
सङ्करो नरकायैव कुलघ्नानां कुलस्य च | पतन्ति पितरो ह्येषां लुप्तपिण्डोदकक्रिया: || 42||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सड्करः-अवांछित बच्चे; नरकाय नारकीय; एव-निश्चय ही; कुलघनानाम्–कुल का विनाश करने वालों के कुलस्य–कुल के; च-भी; पतन्ति–गिर जाते हैं; पितर:-पितृगण; हि-निश्चय ही; एषाम्-उनके; लुप्त-समाप्त; पिण्ड-उदक-क्रियाः-पिण्डदान एवं तर्पण की क्रिया।
अवांछित सन्तानों की वृद्धि के परिणामस्वरूप निश्चय ही पारिवारिक परम्परा का विनाश करने वालों का जीवन नारकीय बन जाता है। जल तथा पिण्डदान की क्रियाओं से वंचित हो जाने के कारण ऐसे पतित कुलों के पितरों का भी पतन हो जाता है।
श्लोक 1.43
दोषैरेतै: कुलघ्नानां वर्णसङ्करकारकै: | उत्साद्यन्ते जातिधर्मा: कुलधर्माश्च शाश्वता: || 43||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: दोषैः-दुष्कर्मों से; एतैः-इन सब; कुलघ्नानाम्-अपने परिवार को नष्ट करने वालों का; वर्ण-सङ्कर अवांछित संतानों के कारकैः-कारणों से; उत्साद्यन्ते नष्ट हो जाते हैं; जाति-धर्माः-सामुदायिक और परिवार कल्याण की योजनाएँ; कुल-धर्माः-पारिवारिक परम्पराएँ; च-भी; शाश्वता:-सनातन।
अपने दुष्कर्मों से कुल परम्परा का विनाश करने वाले दुराचारियों के कारण समाज में अवांछित सन्तानों की वृद्धि होती है और विविध प्रकार की सामुदायिक और कुटुंब तथा पारिवारिक कल्याण की गतिविधियों का भी विनाश हो जाता है।

सनातन-धर्म या वर्णाश्रम द्वारा निर्धारित चारों वर्गों के लिए सामुदायिक योजनाएं इसलिए नियोजित हैं कि मनुष्य मोक्ष प्राप्त कर सके। अतः समाज के निकृष्ट जनों द्वारा सनातन परम्परा के विखण्डन से उस समाज में अव्यवस्था फैलती है, फलस्वरूप लोग जीवन के उद्देश्य भगवत्प्राप्ति को भूल जाते हैं। ऐसे नायक अंधे कहलाते हैं और जो लोग इनका अनुगमन करते हैं वे निश्चय ही कुव्यवस्था की ओर अग्रसर होते हैं।

श्लोक 1.44
उत्सन्नकुलधर्माणां मनुष्याणां जनार्दन | नरकेऽनियतं वासो भवतीत्यनुशुश्रुम || 44||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: उत्सन्न–विनष्ट; कुल-धर्माणाम्-जिनकी पारिवारिक परम्पराएं; मनुष्याणाम्-ऐसे मनुष्यों का; जनार्दन–सभी जीवों के पालक, श्रीकृष्ण; नरके-नरक में; अनियतम्-अनिश्चितकाल; वासः-निवास; भवति–होता है; इति–इस प्रकार; अनुशुश्रुम विद्वानों से मैंने सुना है।
हे जनार्दन! मैंने गुरुजनों से सुना है कि जो लोग कुल परंपराओं का विनाश करते हैं, वे अनिश्चितकाल के लिए नरक में डाल दिए जाते हैं।

अर्जुन अपने तर्कों को अपने निजी अनुभव तथा आचार्यों से जो सुन रखा है उस के आधार पर प्रस्तुत करता है। वास्तविक ज्ञान प्राप्त करने की यही विधि है जिस व्यक्ति ने पहले से ज्ञान प्राप्त कर रखा है उस व्यक्ति की सहायता के बिना कोई भी वास्तविक ज्ञान तक नहीं पहुँच सकता। वर्णाश्रम-धर्म की एक पद्धति के अनुसार मृत्यु के पूर्व मनुष्य को पापकर्मों के लिए प्रायश्चित करना होता है जो पापात्मा है उसे इस विधि का अवश्य उपयोग करना चाहिए।

श्लोक 1.45-46
अहो बत महत्पापं कर्तुं व्यवसिता वयम् | यद्राज्यसुखलोभेन हन्तुं स्वजनमुद्यता: || 45|| यदि मामप्रतीकारमशस्त्रं शस्त्रपाणय: | धार्तराष्ट्रा रणे हन्युस्तन्मे क्षेमतरं भवेत् || 46||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अहो-ओह; बत-कितना; महत्-महान; पापम्-पाप कर्म; कर्तुम् करने के लिए; व्यवसिता-निश्चय किया है; वयम्-हमने; यत्-क्योंकि; राज्य-सुख-लोभेने-राज्य सुख की इच्छा से; हन्तुम् मारने के लिए; स्वजनम्-अपने सम्बन्धियों को; उद्यता:-तत्पर। यदि-यदि; माम्-मुझको; अप्रतीकारम्-प्रतिरोध न करने पर; अशस्त्रम्-बिना शस्त्र के; शस्त्र-पाणयः-वे जिन्होंने हाथों में शस्त्र धारण किए हुए हैं; धार्तराष्ट्राः-धृतराष्ट्र के पुत्र; रणे-युद्धभूमि में; हन्यु:-मार देते है; तत्-वह; मे–मेरे लिए; क्षेम-तरम् श्रेयस्कर; भवेत् होगा।
ओह! कितने आश्चर्य की बात है कि हम इस महा पापजन्य कर्म करने के लिए उद्यत हैं। राजसुख भोगने की इच्छा के प्रयोजन से हम अपने संबंधियों का वध करना चाहते हैं। यदि धृतराष्ट्र के शस्त्र युक्त पुत्र मुझ निहत्थे को रणभूमि में प्रतिरोध किए बिना मार देते हैं वही यह मेरे लिए श्रेयस्कर होगा।

अर्जुन ने सन्निकट युद्ध के अनेक दुष्परिणामों का उल्लेख तो किया किन्तु वह यह नहीं देख पा रहा था कि यदि दुर्योधन जैसे दुष्ट लोगों को समाज में पनपने का अवसर प्राप्त हो जाएगा तो इसके परिणामस्वरूप पापचार और अधिक प्रबल हो जाएंगे। वह अपना आश्चर्य प्रकट करने के लिए 'अहो' शब्द का प्रयोग करता है। बत शब्द का अर्थ 'भयंकर परिणाम' है। अर्जुन कह रहा है-"यह कितना आश्चर्यजनक है कि हमने युद्ध करने का निर्णय लेकर पाप कार्य किया है जबकि हम इसके दुष्परिणामों को भली भाँति जानते हैं।"

जैसा कि प्रायः यह होता है कि लोग अपनी स्वयं की भूल को देखने में असमर्थ होते हैं और उसके लिए स्वयं की अपेक्षा परिस्थितियों और अन्य लोगों को उत्तरदायी ठहराते हैं। इसी प्रकार से अर्जुन ने यह अनुभव किया कि धृतराष्ट्र के पुत्र लोभ से प्रेरित थे किन्तु वह इस ओर ध्यान नहीं दे सका कि उसके संवेदना से भरे उद्गार निर्मल मनोभाव नहीं है अपितु स्वयं को देह मानने की अज्ञानता और सांसारिक आसक्ति पर आधारित हैं। अर्जुन के सभी तर्क-वितर्कों की उलझन यह थी कि वह अपनी शारीरिक आसक्ति, हृदय की दुर्बलता और कर्तव्य पालन की विमुखता के कारण उत्पन्न हुए अपने मोह को न्यायोचित ठहराने के लिए इनका प्रयोग कर रहा था। अब आगे आने वाले अध्यायों में भगवान श्रीकृष्ण यह स्पष्ट करेंगे कि अर्जुन के तर्क अनुचित क्यों थे।

श्लोक 1.47 ॥ सञ्जय उवाच ॥
एवमुक्त्वार्जुन: सङ्ख्ये रथोपस्थ उपाविशत् | विसृज्य सशरं चापं शोकसंविग्नमानस: || 47||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजयः उवाच-संजय ने कहा; एवम्- उक्त्वा -इस प्रकार कहकर; अर्जुन:-अर्जुन; सङ्खये-युद्धभूमि में; रथ उपस्थे रथ पर; उपाविशत्-बैठ गया; विसृज्य-एक ओर रखकर; स-शरम्-बाणों सहित; चापम्-धनुष; शोक-दुख से; संविग्र–व्यथित; मानसः-मन।
संजय ने कहा-इस प्रकार यह कह कर अर्जुन ने अपने धनुष और बाणों को एक ओर रख दिया और शोकाकुल चित्त से अपने रथ के आसन पर बैठ गया, उसका मन व्यथा और दुःख से भर गया।

वार्तालाप करते समय मनुष्य प्रायः भावनाओं में बह जाता है और इस प्रकार से अर्जुन ने इस अध्याय के 28वें श्लोक में जिस विषाद को प्रकट किया था, वह अब अपनी चरम सीमा पर पहुँच गया था। अर्जुन ने निराशाजनक आत्म समर्पण करते हुए अपने धार्मिक कर्त्तव्य का निर्वहन करने के लिए युद्ध करने के निर्णय को त्याग दिया जोकि आत्म ज्ञान और भक्ति की प्राप्ति हेतु भगवान के प्रति समर्पण करने की मनोभावना के सर्वथा विपरीत है।

यहाँ इस बिन्दु को स्पष्ट करना उचित होगा कि अर्जुन किसी नवदीक्षित की भांति अध्यात्मिक ज्ञान से वंचित नहीं था। वह स्वर्गलोक में भी रह चुका था और उसने अपने पिता स्वर्ग के सम्राट इन्द्र से शिक्षा प्राप्त की थी। वास्तव में वह पूर्व जन्म में 'नर' था और इसलिए वह अलौकिक ज्ञान से परिपूर्ण था। नर-नारायण एक ही वंश के थे। नर एक मुक्त आत्मा और नारायण परमात्मा थे। इस तथ्य का प्रमाण महाभारत के युद्ध के पूर्व की इस घटना से मिलता है, जब अर्जुन ने युद्ध के लिए श्रीकृष्ण को अपने पक्ष के लिए चुना और यादवों की समस्त सेना का त्याग दुर्योधन के लिए किया। उसका दृढ़ विश्वास था कि यदि युद्ध क्षेत्र में भगवान उसके पक्ष की ओर होंगे तो वह कभी पराजित नहीं होगा। भगवान श्रीकृष्ण की इच्छा थी कि वे भावी पीढ़ियों के कल्याणार्थ संसार को भगवद्गीता के दिव्य ज्ञान का उपदेश दें। इसलिए अब इस अनुकूल अवसर को देखकर भगवान श्रीकृष्ण ने जान बूझकर अर्जुन के मन में व्याकुलता उत्पन्न की।

📚 सम्पूर्ण १८ अध्यायों की सूची (All Chapters)
अध्याय 2 →