श्रीमद्भगवद्गीता • अध्याय 11 (55 श्लोक)

विश्वरूपदर्शनयोगः

विश्वरूप दर्शन योग
← अध्याय 10 सूची अध्याय 12 →
अध्याय पृष्ठभूमि व परिचय:

पिछले अध्याय में श्रीकृष्ण ने अर्जुन की भक्ति को पोषित करने के लिए अपनी दिव्य विभूतियों का वर्णन किया था। अध्याय के अन्त में वे स्पष्ट रूप से अपने विश्व रूप का उल्लेख करते हुए कहते हैं कि उसमें दिखाई देने वाले सभी सौंदर्य, ऐश्वर्य, तेज और शक्तियों को उनके तेज का स्फुलिंग मानो। 

इस अध्याय में अर्जुन श्रीकृष्ण से प्रार्थना करता है कि वे उसे अपने विश्व रूप या सभी ब्रह्माण्डों में व्याप्त अपने अनंत ब्रह्माण्डीय विराट रूप का दर्शन कराएँ। तब श्रीकृष्ण उस पर कृपा करते हुए उसे अपनी दिव्य दृष्टि प्रदान करते हैं जिसे प्राप्त कर अर्जुन देवों के देव श्रीकृष्ण के शरीर में सम्पूर्ण सृष्टि का अवलोकन करता है। फिर वह भगवान के अद्भुत अनंत स्वरूप में अनगनित मुख, आँखें, भुजाएँ, उदर देखता है। उनके विराट रूप का कोई आदि और अन्त नहीं है और वह प्रत्येक दिशा में अपरिमित रूप से बढ़ रहा है। उस रूप का तेज आकाश में एक साथ चमकने वाले सौ सूर्यों के प्रकाश से अधिक है। उस विराट रूप को देखकर अर्जुन के शरीर के रोम कूप सिहरने लगे। वह देखता है कि भगवान के भय से तीनों लोक भय से कांप रहें हैं। उसने देखा कि स्वर्ग के सभी देवता भगवान में प्रवेश कर उनकी शरण ग्रहण कर रहे हैं और सिद्धजन पवित्र वैदिक मंत्रों, प्रार्थनाओं और स्रोतों का पाठ कर भगवान की स्तुति कर रहे हैं। 

आगे अर्जुन कहता है कि वह धृतराष्ट्र के सभी पुत्रों को उनके सहयोगी राजाओं सहित उनके मुख में प्रवेश करते हुए उसी प्रकार से देख रहा है जैसे पतंग तीव्र गति से अग्नि की ज्वाला में प्रवेश कर अपना विनाश करता है। तब अर्जुन स्वीकार करता है कि भगवान के विश्व रूप को देखकर उसका हृदय भय से कांप रहा है और उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। अर्जुन श्रीकृष्ण से उनके इस भयानक रूप की वास्तविकता जानना चाहता है जो कि उनके उस रूप जैसा नहीं था तथा जिसे वह अब से पहले अपने गुरु और मित्र के रूप में जानता था। इसका उत्तर देते हुए श्रीकृष्ण कहते हैं कि वे काल के रूप में तीनों लोकों के संहारक हैं। वे घोषणा करते हैं कि कौरव पक्ष के महायोद्धा पहले ही उनके द्वारा मारे जा चुके हैं इसलिए अपनी विजय को सुनिश्चित मानते हुए उठो और युद्ध करो। 

इसकी प्रतिक्रिया में अर्जुन अदम्य साहस और अतुल्य शक्ति से सम्पन्न भगवान के रूप में उनकी प्रशंसा करता है और पुनः उनकी वंदना करता है। वह कहता है कि यदि दीर्घकालीन मित्रता के दौरान श्रीकृष्ण को केवल मानव मानने के कारण उपेक्षित भाव से यदि उससे उनके प्रति कोई अपराध हो गया हो तो वे उसे क्षमा कर दें। वह उन्हें उस पर दया कर उन्हें एक बार पुनः अपना वास्तविक रूप दिखाने की प्रार्थना करता है। 

श्रीकृष्ण उसकी प्रार्थना को स्वीकार करते हुए पहले अपना चतुर्भुज नारायण रूप और तत्पश्चात् अपना दो भुजाओं वाला मनोहारी रूप धारण करते हैं। वे अर्जुन को बताते हैं कि अर्जुन भगवान के जिस विश्वरूप को देख चुका है उसका दर्शन करना अत्यंत दुर्लभ है। वेदों का अध्ययन करने से उनके साकार रूप को देखा नहीं जा सकता। उनके साकार रूप को न तो वेदों के अध्ययन द्वारा और न ही तपस्या, दान या अग्निहोत्र यज्ञों द्वारा देखा जा सकता है। अर्जुन, मैं जिस रूप में तुम्हारे समक्ष खड़ा हूँ उसे केवल विशुद्ध और अनन्य भक्ति से देखा जा सकता है और उसमें एकीकृत हुआ जा सकता है।

श्लोक पर सीधे जाएँ (Jump to Verse):
1 2 3 4 5 6 7 8 9 10-11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26-27 28-29 30 31 32 33 34 35 36 37 38 39 40 41-42 43 44 45 46 47 48 49 50 51 52-53 54 55
श्लोक 11.1 ॥ अर्जुन उवाच ॥
मदनुग्रहाय परमं गुह्यमध्यात्मसञ्ज्ञितम् | यत्त्वयोक्तं वचस्तेन मोहोऽयं विगतो मम || 1||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुनः उवाच-अर्जुन ने कहा; मत्-अनुग्रहाय–मुझ पर अनुकंपा करने के लिए; परमम् परम; गुह्यम्-गोपनीय; अध्यात्म-संज्ञितम्-आध्यात्मिक ज्ञान के संबंध में; यत्-जो; त्वया आपके द्वारा; उक्तम्-कहे गये; वचः-शब्द; तेन-उससे; मोहः-मोह; अयम्-यह; विगतः-दूर होना; मम–मेरा।
अर्जुन ने कहा! मुझ पर करुणा कर आपके द्वारा प्रकट किए गए परम गुह्य आध्यात्मिक ज्ञान को सुनकर अब मेरा मोह दूर हो गया है।

अर्जुन भगवान श्रीकृष्ण की विभूतियों को सुनकर और उसी प्रकार से परम पुरुषोत्तम भगवान के दिव्य स्वरूप को जानकर भाव विभोर हो गया और उसे अनुभव हुआ कि अब उसका मोह भंग हो चुका है। उसने स्वीकार कर लिया कि श्रीकृष्ण न केवल उसके प्रिय मित्र है बल्कि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान भी हैं। अब इस अध्याय के प्रारम्भ में ही वह भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कृपापूर्वक प्रकट किए गए ज्ञान को कृतज्ञतापूर्वक स्वीकार करता है।

श्लोक 11.2
भवाप्ययौ हि भूतानां श्रुतौ विस्तरशो मया | त्वत्त: कमलपत्राक्ष माहात्म्यमपि चाव्ययम् || 2||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भव-उत्पत्ति; अप्ययौ-संहार; हि-वास्तव में; भूतानाम् समस्त प्राणियों का; श्रुतौ-सुना गया है; विस्तरशः-विस्तारपूर्वक; मया मेरे द्वारा; त्वत्त:-आपसे; कमल-पत्र-अक्ष हे कमल नयन; माहात्म्यम्-महिमा; अपि-भी; च-तथा; अव्ययम्-अविनाशी ।
मैने आपसे सभी प्राणियों की उत्पत्ति और संहार के संबंध में विस्तार से सुना है। हे कमल नयन! मैंने आपकी अविनाशी महिमा को भी जाना है।

 अर्जुन समस्त भौतिक संसार की उत्पत्ति और नाश के स्रोत के रूप में उनकी महिमा की निरन्तर पुष्टि कर रहा है। वह श्रीकृष्ण को 'कमलपत्राक्ष' कहकर संबोधित करता है। इसका तात्पर्य है 'जिसके नेत्र कमल के समान विशाल कोमल, सुन्दर और मतवाले हैं।' उपर्युक्त श्लोक द्वारा अर्जुन सूचित करता है-“हे श्रीकृष्ण! मैंने आपसे आपकी अक्षय महिमा को सुना। यद्यपि आप सब में निवास करते हैं तथापि उनके दोषों से अछूते रहते हैं। यद्यपि आप परम नियन्ता हैं फिर भी आप अकर्ता हैं और हमारे कर्मों के लिए आप उत्तरदायी नहीं होते। आप हमें कर्मों का फल प्रदान करते हैं और आप सबके लिए निष्पक्ष और समान रहते हैं। आप परम साक्षी और कर्मों का फल प्रदान करने वाले न्यायाधीश हैं। इसलिए मैं निश्चयपूर्वक कहता हूँ कि आप ही सभी प्राणियों की आराधना का परम लक्ष्य हैं।

श्लोक 11.3
एवमेतद्यथात्थ त्वमात्मानं परमेश्वर | द्रष्टुमिच्छामि ते रूपमैश्वरं पुरुषोत्तम || 3||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: एवम्-इस प्रकार; एतत्-यह; यथा जिस प्रकार; आत्थ-कहा गया है। त्वम्-आपने; आत्मानम्-स्वयं को; परम-ईश्वर-परम प्रभुः द्रष्टुम्-देखने के लिए; इच्छामि इच्छा करता हूँ; ते-आपका; रुपम्-रूप; ऐश्वरम्-वैभव; पुरुष-उत्तम हे पुरुषोत्तम ।
हे परमेश्वर! आप वास्तव में वही हैं जिसका आपने मेरे समक्ष वर्णन किया है!, किन्तु हे परम पुरुषोत्तम! मैं आपके उस विराट रूप को देखने का इच्छुक हूँ।

अर्जुन ने श्रीकृष्ण को पुरुषोत्तम कहकर संबोधित किया है क्योंकि कोई और उनके समान नहीं है। प्रायः विद्वऽजनों को तार्किक विश्लेषण पर आधारित मत के अनुसार भगवान के साकार रूप की संकल्पना को स्वीकार करना कठिन प्रतीत होता है। वे भगवान को केवल निराकार ज्योति पुंज के रूप में अनुभव करते हैं और उसे गुण, धर्म, और लीला रहित मानते हैं। यदि हम अणु जीवात्माएँ साकार रूप से युक्त हैं तब फिर हमे परम प्रभु के साकार व्यक्तित्त्व को स्वीकार क्यों नहीं कर सकते? भगवान का केवल साधारण व्यक्तित्त्व ही नहीं है बल्कि विशिष्ट व्यक्तित्त्व भी है। इसलिए उन्हें परम पुरुषोत्तम कहा जाता है। भगवान और हमारे बीच असमानता यह है कि उनका व्यक्तित्त्व न केवल पूर्ण है बल्कि उनका सर्वत्र व्यापक निराकार रूप भी है जो गुण, रूप और लीला रहित है। अर्जुन स्पष्ट करता है कि वह भगवान के व्यक्तित्त्व को वैसा ही मानता है जैसा कि उन्होंने उसके समक्ष वर्णन किया है। वह उनके साकार रूप पर विश्वास करता है किन्तु फिर भी उनके सभी ऐश्वर्यों से परिपूर्ण अर्थात् विराट विश्वरूप को देखने की इच्छा व्यक्त करता है। वह उस रूप को स्वयं अपनी आंखों से देखना चाहता है।

श्लोक 11.4
मन्यसे यदि तच्छक्यं मया द्रष्टुमिति प्रभो | योगेश्वर ततो मे त्वं दर्शयात्मानमव्ययम् || 4||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: मन्यसे तुम सोचते हो; यदि-अगर; तत्-वह; शक्यम्-संभव; मया मेरे द्वारा; द्रष्टुम् देखने के लिए; इति–इस प्रकार; प्रभो–परम स्वामी; योग-ईश्वर-सभी अप्रकट शक्तियों के भगवान; ततः-तब; मे-मुझे; त्वम्-आप; दर्शय-दिखाइये; आत्मानम्-अपने स्वरूप को; अव्ययम्-अविनाशी।
सभी अप्रकट शक्तियों के स्वामी हे भगवान! यदि आप यह सोचते हैं कि मैं इसे देखने में समर्थ हूँ तब मुझे अपना अविनाशी विराट स्वरूप दिखाने की कृपा करें।

 पिछले श्लोक में अर्जुन ने परमेश्वर का दिव्य स्वरूप देखने की इच्छा व्यक्त की थी। अब वह उनकी स्वीकृति प्राप्त करने की इच्छा से कहता है कि हे योगेश्वर! मैंने अपनी इच्छा व्यक्त कर दी है। यदि आप मुझे सुयोग्य पात्र मानते हैं तो कृपया मुझे अपना विराट रूप दिखाएँ और मुझे अपना योग-ऐश्वर्य (रहस्यमयी ऐश्वर्य) भी दिखाएँ। योग जीवात्मा को परमात्मा से जोड़ने का विज्ञान है और जो इसका पालन करते हैं उन्हें योगी कहा जाता है। 10वें अध्याय के 17वें श्लोक में अर्जुन ने भगवान को योगी कहकर संबोधित किया था जिसका अर्थ 'योग का स्वामी' है। लेकिन अब उसने अपने संबोधन को योगेश्वर में परिवर्तित कर दिया क्योंकि वह कृष्ण भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा को बढ़ाना चाहता है।

श्लोक 11.5
श्रीभगवानुवाच | पश्य मे पार्थ रूपाणि शतशोऽथ सहस्रश: | नानाविधानि दिव्यानि नानावर्णाकृतीनि च || 5||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान् उवाच-परम् प्रभु ने कहा; पश्य-देखो; मे मेरा; पार्थ-पृथापुत्र, अर्जुन रुपाणि-रूप; शतश:-सैकड़ों; अथ-भी; सहस्त्रश:-हजारों; नाना-विधानि विविध रूप वाले; दिव्यानि-दिव्य; नाना–विभिन्न प्रकार के; वर्ण-रंग; आकृतीनि-आकार; च-भी।
परमेश्वर ने कहा-हे पार्थ! अब तुम मेरे सैकड़ों और हजारों अद्भुत दिव्य रूपों को विभिन्न आकारों और बहुरंगी रूपों में देखो।

अर्जुन की प्रार्थना सुनकर श्रीकृष्ण अब उससे कहते हैं कि मेरे इस दिव्य विश्वरूप को देखो। उन्होंने 'पश्य' शब्द का प्रयोग किया है जिसका अर्थ देखना है और जिससे यह इंगित होता है कि अर्जुन को ध्यान देना चाहिए। यद्यपि भगवान का रूप एक ही है किन्तु इसकी असंख्य विशेषताएँ हैं। ये बहुसंख्यक आकारों के असंख्य स्वरूपों और विविध रंगों से परिपूर्ण हैं। 

श्रीकृष्ण ने 'शतशोऽथ सहस्रशः' वाक्यांश का प्रयोग इसलिए किया है कि वे असंख्य स्वरूपों, आकारों और बहुरंगी रूपों में विद्यमान रहते हैं। अर्जुन को यह कहने के पश्चात् कि मेरे विश्वरूप को अनंत आकारों और रंगों में देखो, अब श्रीकृष्ण अर्जुन को कहते हैं कि स्वर्ग के देवताओं और दूसरे अन्य आश्चर्यों को अब मेरे विराट शरीर में देखो।

श्लोक 11.6
पश्यादित्यान्वसून् रुद्रानश्विनौ मरुतस्तथा | बहून्यदृष्टपूर्वाणि पश्याश्चर्याणि भारत || 6||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: पश्य-देखो; आदित्यान्-अदिति के बारह पुत्रों को; वसून्–आठ वसुओं को; रुद्रान्–रुद्र के ग्यारह रूपों को; अश्विनौ-दो अश्विनी कुमारों को; मरुतः-उनचास मरुतों को; तथा—भी; बहूनि अनेक; अदृष्ट-न देखे हुए; पूर्वाणि-पहले; पश्य-देखो; आश्चर्याणि-आश्चर्यों को; भारत-भरतवंशियों में श्रेष्ठ अर्थात् अर्जुन;
हे भरतवंशी! आदिति के (बारह) पुत्रों, (आठ) वसुओं (ग्यारह) रुद्रों, (दो) अश्विनी कुमारों और उसी प्रकार से (उनचास) मरुतों और पहले कभी न प्रकट हुए अन्य आश्चर्यों को मुझमें देखो।

भगवान के विश्वरूप में केवल पृथ्वी पर विद्यमान आश्चर्य ही सम्मिलित नहीं हैं अपितु अन्य उच्च लोकों के आश्चर्य जिन्हें कभी एक साथ इस प्रकार से न देखा गया हो, भी सम्मिलित हैं। वे बताते हैं कि स्वर्ग के सभी देवता उनके दिव्य स्वरूप का एक छोटा-सा अंश है। उन्होंने अपने भीतर बारह आदित्यों, आठ वसुओं, ग्यारह रुद्रों, दो अश्विनी कुमार, और उसी प्रकार उनचास मरुत दिखाए। आदिति के 12 पुत्रों के नाम धाता, मित्र, अर्यमा, शक्र, वरुण, अंश, भाग, विवस्वान्, पूषा, सविता, त्वष्टा और वामन हैं।

आठ वसुओं का नाम द्वारा, ध्रुव, सोम, अहः, अनिल, अनल, प्रत्यूष और प्रभास हैं। ग्यारह रुद्रों में हार, बहुरूप, त्रयम्बक, अपराजित, वृषस्कपि, शम्भू, कपंर्दो, रैवत, मृगव्याध सर्व और कपाली हैं। जुड़वा जन्में अश्विनी कुमार भगवान के वैद्य हैं। उनचास मरुतों (वरुण देव) में सत्त्वज्योति, आदित्य, सत्यज्योति, तीर्थग्ज्योति, सज्योति, ज्योतिषमान, हरीत, ऋतजित, सत्यजीत्, सुषेण, सेनजित्, सत्यमित्र, अभिमित्र, हरिमित्र, कृत, सत्य, ध्रुव, धर्ता, विधर्ता, विद्याराय, ध्वांत, धुनि, उग्र, भीम, अभियू, साक्षिप, इद्रिक, अन्यद्रिक, याद्रिक, प्रतिकृत, ऋक्, समिति, समारंभ, इद्दक्ष, पुरुष, अन्यदृक्ष, चेतस, समित, समीदृक्ष, प्रतिदृक्ष, मारुति, सरत, देव, दिशा, यजुः, अनुद्रिक, सम, मानुष और विश आते हैं।

श्लोक 11.7
इहैकस्थं जगत्कृत्स्नं पश्याद्य सचराचरम् | मम देहे गुडाकेश यच्चान्यद्द्रष्टुमिच्छसि || 7||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: इह-यहाँ; एक-स्थम्-एक स्थान पर एकत्रित; जगत्-ब्रह्माण्ड; कृत्स्नम्-समस्त; पश्य-देखो; अद्य–अब; स–सहित; चर-चलने वाले; अचरम्-जड; मम–मेरे; देहे-एक शरीर में; गुडाकेश-निद्रा पर विजय पाने वाला, अर्जुन; यत्-जो; च-भी; अन्यत्-अन्य, और; द्रष्टुम् देखना; इच्छसि-तुम चाहते हो।
हे अर्जुन! सभी चर और अचर सहित समस्त ब्रह्माण्डों को एक साथ मेरे विश्वरूप में देखो। इसके अतिरिक्त तुम कुछ और भी देखना चाहो तो वह सब मेरे विश्वव्यापी रूप में देखो।

 श्रीकृष्ण से उनका विराट स्वरूप देखने का निर्देश सुनकर अर्जुन आश्चर्य में पड़ जाता है कि वह इसे कहाँ से देखे। इसलिए श्रीकृष्ण कहते हैं वह इन्हें उनके इस परम विशिष्ट शरीर में देखे। जहाँ वह सभी ब्रह्माण्डों को उनके चर और अचर प्राणियों सहित देख सकता है। वह पूर्व में घटित और भविष्य में घटित होने वाली घटनाओं को भी देख सकता है। इस प्रकार से अर्जुन युद्ध में पांडवों की विजय और कौरवों की पराजय की घटना को भी देख सकता है जो कि ब्रह्माण्डीय योजना का एक अंश है।

श्लोक 11.8
न तु मां शक्यसे द्रष्टुमनेनैव स्वचक्षुषा | दिव्यं ददामि ते चक्षु: पश्य मे योगमैश्वरम् || 8||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न–कभी नहीं; तु-लेकिन; माम्–मुझको; शक्यसे-तुम समर्थ हो सकते हो; द्रष्टुम् देखने में; अनेन-इन; एव-भी; स्व-चक्षुषा-अपनी भौतिक आँखों से; दिव्यम्-दिव्य; ददामि देता हूँ; ते-तुमको; चक्षुः-आँखें; पश्य-देखो; मे–मेरी; योगम्-ऐश्वरम् अद्भुत आश्चर्य।
परन्तु तुम अपनी आंखों से मेरे दिव्य ब्रह्माण्डीय स्वरूप को नहीं देख सकते हो। इसलिए मैं तुम्हें दिव्य दृष्टि प्रदान करता हूँ। अब मेरी दिव्य विभूतियों को देखो।

जब परमप्रभु संसार में अवतरित होते हैं तब उनके दो रूप होते हैं एक भौतिक स्वरूप जिसे भौतिक आंखों से देखा जा सकता है और दूसरा दिव्यरूप जिसे दिव्य दृष्टि से देखा जा सकता है। इस प्रकार से मनुष्य उन्हें पृथ्वी पर अवतार के रूप देखते तो हैं किन्तु वे केवल उनका शारीरिक रूप देखते हैं क्योंकि भगवान के दिव्य रूप को उनकी प्राकृत आंखें नहीं देख सकती। इसी कारण जब भगवान पृथ्वी पर अवतार लेकर प्रकट होते हैं उस समय मायाधीन जीवात्माएँ भगवान को पहचान नहीं पाती। श्रीकृष्ण ने नौवें अध्याय के 11वें श्लोक में उल्लेख किया है-"जब वे पृथ्वी पर साकार रूप में प्रकट होते हैं उस समय अज्ञानी लोग उन्हें पहचान नहीं पाते। यही सिद्धान्त उनके विश्वरूप पर भी लागू होता है।" इसलिए अर्जुन उनका विराट रूप देखना चाहता है। परन्तु अर्जुन कुछ नहीं देख सका क्योंकि उसकी आँखें भौतिक थीं। भौतिक आँखें उस सार्वभौमिक रूप को देखने में असमर्थ होती हैं और साधारण मनुष्य की बुद्धि उसे समझने के लिए पर्याप्त नहीं होती।

 इसलिए श्रीकृष्ण कहते हैं कि वे अब उसे दिव्य दृष्टि प्रदान करेंगे जिसके द्वारा उनके सार्वभौमिक रूप को उसके समस्त वैभवों सहित देखा जाना संभव हो सकेगा। दिव्य आध्यात्मिक दृष्टि प्रदान करने का कार्य भगवान की कृपा से सम्पन्न होता है। अपनी कृपा द्वारा भगवान अपनी दिव्य दृष्टि, दिव्य मन और अपनी दिव्य बुद्धि को जीवात्मा की प्राकृत दृष्टि, प्राकृत मन और प्राकृत बुद्धि के साथ जोड़ देते हैं। तब दिव्य इन्द्रिय मन और बुद्धि से युक्त होकर जीवात्मा भगवान के दिव्य रूप को देखने का विचार कर उन्हें समझ सकती है।

श्लोक 11.9 ॥ सञ्जय उवाच ॥
एवमुक्त्वा ततो राजन्महायोगेश्वरो हरि: | दर्शयामास पार्थाय परमं रूपमैश्वरम् || 9||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजय उवाच-संजय ने कहा; एवम्-इस प्रकार से; उक्त्वा -कहकर; ततः-तत्पश्चात्; राजन्–राजा; महा-योग-ईश्वरः-परम-योग के स्वामी भगवान; हरिः-श्रीकृष्ण; दर्शयामास-आस-दिखाया; पार्थाय–अर्जुन को; परमम्-दिव्य; रुपम्-ऐश्वरम्-वैभव।
संजय ने कहा-हे राजन्! इस प्रकार से कहकर योग के स्वामी महा योगेश्वर श्रीकृष्ण ने अर्जुन को दिव्य विश्वरूप दिखाया।

 अर्जुन ने इस अध्याय के चौथे श्लोक में श्रीकृष्ण को योगेश्वर कह कर संबोधित किया था। अब वह एक विशेषण 'महा' जोड़कर उन्हें सभी योगियों का भगवान कह संबोधित कर रहा है। संजय को अपने गुरु वेदव्यास से दूर दृष्टि का वरदान प्राप्त था। उसने भी अर्जुन की भांति भगवान श्रीकृष्ण का विराट विश्वरूप देखा था। अगले चार श्लोकों में संजय, अर्जुन ने जो देखा था उसका वर्णन किया गया है। ऐश्वर्य शब्द का अर्थ 'वैभव' है। भगवान का विराट विश्वरूप उनके ऐश्वर्यों से परिपूर्ण है और इसे देखने से भय, विस्मय और श्रद्धा उत्पन्न होती है।

श्लोक 11.10-11
अनेकवक्त्रनयनमनेकाद्भुतदर्शनम् | अनेकदिव्याभरणं दिव्यानेकोद्यतायुधम् || 10|| दिव्यमाल्याम्बरधरं दिव्यगन्धानुलेपनम् | सर्वाश्चर्यमयं देवमनन्तं विश्वतोमुखम् || 11||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अनेक-असंख्य; वक्त्र-मुख; नयनम्–नेत्र; अनेक-अनेक; अद्भुत-विचित्र; दर्शनम्-देखना; अनेक-कई; दिव्य-अलौकिक; आभरणम्-आभूषण; दिव्य-दैवीय; अनेक-कई; उद्यत-उठाये हुए; आयुधम्-शस्त्र; दिव्य-दिव्य; माल्य–मालाएँ; अम्बर–वस्त्र; धरम्-धारण करना; दिव्य-दिव्य; गन्ध-सुगन्धियाँ; अनुलेपनम्-लगी थीं; सर्व-समस्त; आश्चर्यमयम्-अद्भुत; देवम्-भगवान; अनंतम्-असीम; विश्वतः सभी ओर; मुखम्-मुख।
अर्जुन ने भगवान के दिव्य विराट रूप में असंख्य मुख और आंखों को देखा। उनका रूप अनेक दैवीय आभूषणों से अलंकृत था और वे कई प्रकार के दिव्य शस्त्रों को उठाए हुए था। उन्होंने उस शरीर पर अनेक मालाएँ और वस्त्र धारण किए हुए थे जिस पर कई प्रकार की दिव्य सुगंधियों लगी थी। वह स्वयं को आश्चर्यमय और अनंत भगवान के रूप में प्रकट कर रहे थे जिनका मुख सर्वव्याप्त था।

 संजय अनेक और अनंत शब्दों का प्रयोग कर श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप का विस्तारपूर्वक वर्णन करता है। भगवान का विश्वरूप समस्त सृष्टि का शरीर है और इसलिए वह असंख्य मुखों, आंखों, मुँह, आकार रंगों और रूपों से युक्त है। मनुष्य की बुद्धि सभी वस्तुओं को काल, स्थान और रूप के आधार पर ग्रहण करने की आदि होती है। भगवान के विश्वरूप में सभी प्रकार के असाधारण आश्चर्य और चमत्कार प्रकट होते हैं और यह सीमाओं, स्थान और समय से परे है। इसलिए समुचित रूप से इसे आश्चर्यजनक कह कर परिभाषित किया जा सकता है।

श्लोक 11.12
दिवि सूर्यसहस्रस्य भवेद्युगपदुत्थिता | यदि भा: सदृशी सा स्याद्भासस्तस्य महात्मन: || 12||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: दिवि-आकाश में; सूर्य-सूर्य; सहस्त्रस्य हजारों; भवेत्-थे; युगपत्–एक साथ; उत्थिता-उदय; यदि-यदि; भाः-प्रकाश; सदृशी-के तुल्य; सा-वह; स्यात्-हो; भासः-तेज; तस्य-उनका; महात्मन-परम पुरुष का।
यदि आकाश में हजारों सूर्य एक साथ उदित होते हैं तो भी उन सबका प्रकाश भगवान के दिव्य तेजस्वी रूप की समानता नहीं कर सकता।

संजय अब भगवान के दिव्य तेज का वर्णन करता है। इसकी चकित कर देने वाली दीप्ति का आभास कराने के लिए वह मध्याह्न में एक साथ हजारों चमकते हुए सूर्यों के प्रकाश से इसकी तुलना करता है। वास्तव में भगवान की प्रभा असीमित है और इसे सूर्य के तेज के समनन्तर नहीं कहा जा सकता। प्रायः वक्ता अप्रकट का अनुमान प्रकट की व्याख्या द्वारा करते हैं। संजय ने यहाँ हजारों सूर्यों की उपमा देकर अपने अनुभव को व्यक्त किया है कि भगवान के विश्वरूप के तेज के समतुल्य कोई नहीं है।

श्लोक 11.13
तत्रैकस्थं जगत्कृत्स्नं प्रविभक्तमनेकधा | अपश्यद्देवदेवस्य शरीरे पाण्डवस्तदा || 13||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तत्र-वहाँ; एक-स्थम्-पर एकत्रित; जगत्-ब्रह्माण्ड; कृत्स्नम्-समस्त;प्रविभक्तम्-विभाजित; अनेकधा-अनेक; अपश्यत्-देखा; देव-देवस्य-परमात्मा के शरीरे-विश्वरूप में; पाण्डवः-अर्जुन; तदा-तव।
अर्जुन ने परमात्मा के उस दिव्य शरीर में एक ही स्थान पर स्थित समस्त ब्रह्माण्डों को देखा।

भगवान के विश्वरूप के चमत्कारी दृश्यों का वर्णन करने के पश्चात् संजय कहता है कि यह सम्पूर्ण विश्व को समेटे हुए हैं। इससे अधिक आश्चर्य यह है कि अर्जुन ने श्रीकृष्ण के शरीर में समग्र अस्तित्त्वों का अवलोकन किया। उसने अनंत ब्रह्माण्डों की सृष्टि को उनकी आकाश गंगाओं और ग्रह प्रणालियों सहित परमेश्वर के दिव्य शरीर के एक अंश में देखा। अपनी बाल लीलाओं के दौरान श्रीकृष्ण ने अपनी माँ यशोदा को भी अपना विराटरूप दिखाया था। प्रभु अपने रहस्यमयी वैभव को छिपा कर भक्तों को आनन्द प्रदान करने हेतु एक छोटे बालक की भूमिका निभा रहे थे। श्रीकृष्ण को अपना पुत्र समझ कर यशोदा माता ने उन्हें लगातार मना करने के पश्चात् भी मिट्टी खाने के लिए कठोर दण्ड दिया और उन्हें अपना मुँह खोलने को कहा ताकि वह देख सकें कि उन्होंने मिट्टी खायी है या नहीं। किन्तु वह आश्चर्यचकित रह गयीं जब श्रीकृष्ण ने अपनी योगमाया शक्ति द्वारा अपना मुँह खोल कर उन्हें अपने विराटरूप का दर्शन कराया। यशोदा छोटे से बालक के मुँह में असंख्य वैभवों को देखकर बेसुध हो गयीं। 

इस आश्चर्यजनक दृश्य के अवलोकन से वह मूर्छित हो गयीं और श्रीकृष्ण के स्पर्श से वह अपनी सामान्यावस्था में लौटीं जिस विराटरूप को श्रीकृष्ण ने माता यशोदा को दिखाया था, उसी रूप को वह अपने प्रिय मित्र अर्जुन के समक्ष प्रकट करते हैं। अब संजय श्रीकृष्ण के विराटरूप के संबंध में अर्जुन की प्रतिक्रिया का वर्णन करेंगे।

श्लोक 11.14
तत: स विस्मयाविष्टो हृष्टरोमा धनञ्जय: | प्रणम्य शिरसा देवं कृताञ्जलिरभाषत || 14||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: ततः-तबसः-वह; विस्मय-आविष्टः-आश्चर्य से भरपूर; हृष्ट-रोमा रोंगटे खड़े होना; धनंजयः-अर्जुनः प्रणम्य-प्रणाम करके; शिरसा–सिर के बल; देवम्-भगवान को; कृत-अंजलि:-हाथ जोड़कर; अभाषत-कहने लगा।
विश्व रूप दर्शन योग तब आश्चर्य में डूबे अर्जुन के रोंगटे खड़े हो गए और वह मस्तक को झुकाए भगवान के समक्ष हाथ जोड़कर इस प्रकार प्रार्थना करने लगा।

उस दृश्य को देखकर अर्जुन अवाक् रह गया। इस दृश्य ने उसके हृदय की तंत्रियों को झकझोर दिया। भक्तिमय मानो भाव कभी-कभी शारीरिक लक्षणों तथा हाव-भावों में प्रदर्शित होता है। 

भक्तिग्रंथों में ऐसे आठ लक्षणों या 'अष्ट सात्विक भावों' का वर्णन किया गया है जो कभी-कभी भक्तों में प्रकट होते हैं जब उनका हृदय भक्ति से रोमांचित हो जाता है। स्तंभः स्वेदोऽथ रोमाञ्च स्वरभेदो थ वेपथुः। वैवर्णमश्रुप्रलय इत्यष्टो सात्विका: स्मृता:।। (भक्तिरसामृतसिंधु) 

स्तंभवत् होना, स्वेद, स्वर भंग, कम्पन, विवर्णता, (भस्मवर्ण होना) अश्रुपात, और प्रलय (मूर्छा) ये सब शारीरिक लक्षण हैं जिनके द्वारा अगाध प्रेम प्रकट होता है। यही अर्जुन ने अनुभव किया था जिससे उसके शरीर के रोम कूप सिहरने लगे। श्रद्धा के साथ नतमस्तक होकर और हाथ जोड़कर अर्जुन ने ये शब्द कहे। अर्जुन ने क्या कहा इसका वर्णन आगे 17 श्लोकों में किया जाएगा।

श्लोक 11.15 ॥ अर्जुन उवाच ॥
पश्यामि देवांस्तव देव देहे सर्वांस्तथा भूतविशेषसङ्घान् | ब्रह्माणमीशं कमलासनस्थ- मृषींश्च सर्वानुरगांश्च दिव्यान् || 15||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुनः-उवाच-अर्जुन ने कहा; पश्यामि-मैं देखता हूँ; देवान्–सभी देवताओं को; तव-आपके; देव-भगवान; देहे-शरीर में; सर्वान्–समस्त; तथा भी; भूत-जीव; विशेष-सङ्घान्–विशेष रूप से एकत्रित; ब्रह्माणम् ब्रह्मा को; ईशम्-शिव को; कमल-आसन-स्थम्-कमल के ऊपर आसीन; ऋषीन्-ऋषियों को; च-भी; सर्वान् समस्त; उरगान्-सर्पो को; च-भी; दिव्यान्-दिव्य।
अर्जुन ने कहा-मैंने आपके शरीर में सभी देवताओं और विभिन्न प्रकार के जीवों को देखा। मैंने वहाँ कमल पर आसीन ब्रह्मा और शिव तथा सभी ऋषियों और स्वर्ग के सर्पो को देखा।

 अर्जुन ने कहा कि आपमें मैं तीनों लोको के अनंत जीवों को देख रहा हूँ। ' कमलासनस्थं ' शब्द का प्रयोग ब्रह्मा के लिए किया गया है जो, ब्रह्माण्ड के कमल पर आसीन थे। भगवान शिव, विश्वामित्र जैसे ऋषि और वासुकि जैसे सर्प सभी भगवान के विराट रूप में दिखायी दे रहे थे।

श्लोक 11.16
अनेकबाहूदरवक्त्रनेत्रं पश्यामि त्वां सर्वतोऽनन्तरूपम् | नान्तं न मध्यं न पुनस्तवादिं पश्यामि विश्वेश्वर विश्वरूप || 16||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अनेक-अनंत; बाहु-भुजाएँ; उदर-पेट; वक्त्र-मुख; नेत्रम्-आँखें; पश्यामि-मैं देखता हूँ; त्वाम्-तुम्हें; सर्वतः-चारों ओर; अनंत-रुपम्-असंख्य रूप; न अन्तम्-अन्तहीन; न-नहीं; मध्यम्-मध्य रहित; न पुनः-न फिर; तव-आपका; आदिम्-आरम्भ; पश्यामि-देखता हूँ; विश्व-ईश्वर-हे ब्रह्माण्ड नायक; विश्वरूप-ब्रह्माण्डीय रूप में ।
मैं सभी दिशाओं में अनगिनत भुजाएँ, उदर, मुँह और आँखों के साथ आपके सर्वत्र फैले हुए अनंतरूप को देखता हूँ। हे ब्रह्माण्ड के स्वामी! आपका रूप अपने आप में अनंत है, मुझे आप में कोई आरम्भ, मध्य और अंत नहीं दिखता।

अर्जुन ने इस श्लोक में दो संबोधनों का प्रयोग किया है-' विश्वेश्वर ' का अर्थ 'ब्रह्माण्ड के नियामक' और 'विश्वरूप' का अर्थ 'सार्वभौमिक रूप' है। 

अर्जुन ने कहा कि हे श्रीकृष्ण! ब्रह्माण्ड में केवल आपकी अभिव्यक्ति के सिवाय और कुछ नहीं है और आप परम गुरु भी हैं। 

आगे वह अनुभव किए गए उस विश्वरूप की भव्यता के संबंध में अपनी अनुभूति को प्रकट करते हुए कहता है कि वह जिस ओर भी देखता है वह उस रूप के अंत का कोई निर्णय नहीं कर पाता क्योंकि उसे उसका आरम्भ भी नहीं मिलता। जब वह उस रूप का आरम्भ खोजना चाहता है तो वह सफल नहीं होता। जब वह मध्य में देखना चाहता है तो वह पुनः निष्फल रहता है और जब वह अंत पाना चाहता है भी कोई सीमा नहीं देख पाता।

श्लोक 11.17
किरीटिनं गदिनं चक्रिणं च तेजोराशिं सर्वतो दीप्तिमन्तम् | पश्यामि त्वां दुर्निरीक्ष्यं समन्ताद् दीप्तानलार्कद्युतिमप्रमेयम् || 17||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: किरीटिनम्-मुकुट से सुसज्जित; गदिनम्-गदा के साथ; चक्रिणम्-चक्र सहित; च-तथा; तेज: राशिम्-दीप्तिमान लोक; सर्वतः सभी ओर; दीप्ति-मन्तम्-दीप्तिमान; पश्यामि देखता हूँ; त्वाम्-आपको; दुर्निरीक्ष्यम्-देखने में कठिन; समन्तात्-चारों ओर; दीप्त-अनल-प्रज्जवलित अग्नि; अर्क-सूर्य के समान; द्युतिम्-धूप; अप्रमेयम्-असंख्य।
विश्व रूप दर्शन योग मैं मुकुट से सुशोभित, चक्र और गदा से सुसज्जित, शस्त्रों के साथ सर्वत्र दीप्तिमान लोक के रूप में आपके रूप को देख रहा हूँ। इस अग्नि में आपके तेज को देख पाना कठिन है, जो सभी दिशाओं से प्रस्फुटित होने वाले सूर्य के प्रकाश की भांति है।

प्राकृत आंखों से किसी अति दीप्तिमान वस्तु को देखने से आंखें चुंधिया जाती हैं। अर्जुन के समक्ष हजारों चमकते सूर्यों से अधिक दीप्तिमान विश्वरूप था। यह ठीक वैसा ही है जैसे सूर्य के प्रकाश में आंखें चुंधिया जाती हैं। उस विराट विश्वरूप को अर्जुन इसलिए देख सका क्योंकि उसे भगवान से दिव्य आंखें प्राप्त हुई थी। उस विश्वरूप के भीतर अर्जुन ने चार भुजाओं वाले विष्णु रूप को चार प्रसिद्ध आयुधों-गदा, चक्र, शंख और कमल के पुष्प सहित देखा।

श्लोक 11.18
त्वमक्षरं परमं वेदितव्यं त्वमस्य विश्वस्य परं निधानम् | त्वमव्यय: शाश्वतधर्मगोप्ता सनातनस्त्वं पुरुषो मतो मे || 18||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: त्वम्-आप; अक्षरम्-अविनाशी; परमम्-परम; वेदितव्यम्-जानने योग्य; त्वम्-आप; अस्य-इस; विश्वस्य-सृष्टि के; परम्-परम; निधानम्-आधार; त्वम्-आप; अव्ययः-अविनाशी; शाश्वत-धर्म-गोप्ता-सनातन धर्म के पालक; सनातनः-नित्य; त्वम्-आप; पुरुषः-दिव्य पुरुष, मतः मे–मेरा मत है।
मैं आपको परम अविनाशी मानता हूँ। आप ही वेदादि शास्त्रों द्वारा ज्ञेय परम सत्य हो। आप समस्त सृष्टि के आधार हैं और सनातन धर्म के नित्य पालक और रक्षक हैं और अविनाशी परम प्रभु हैं।

अर्जुन ने कहा कि वह श्रीकृष्ण को परमप्रभु के रूप में स्वीकार करता है। वे समस्त सृष्टि के आश्रय हैं और शास्त्रों के माध्यम से जाने जाते हैं। कठोपनिषद् में वर्णन किया गया है- सर्वे वेदा यत्पदमामनन्ति  (कठोपनिषद्-1.2.15)

सभी वैदिक मंत्रों का उद्देश्य हमें भगवान की ओर सम्मुख करना है। वे सभी वेदों के अध्ययन का विषय हैं। श्रीमद्भागवतम् में वर्णन है- वासुदेवपरा वेदा वासुदेवपरा मखाः  (श्रीमद्भागवतम्-1.2.28)

 'वैदिक ज्ञान' का उद्देश्य भगवान को पाना है। सभी प्रकार के यज्ञ और तपस्याएँ उन्हें प्रसन्न करने के लिए की जाती हैं। अर्जुन अपना अनुभव व्यक्त करते हुए कहता है कि भगवान का साकार रूप समस्त वैदिक ज्ञान का विषय है।

श्लोक 11.19
अनादिमध्यान्तमनन्तवीर्य- मनन्तबाहुं शशिसूर्यनेत्रम् | पश्यामि त्वां दीप्तहुताशवक्त्रं-स्वतेजसा विश्वमिदं तपन्तम् || 19||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अनादि-मध्य-अन्तम्-आदि, मध्य और अंत रहित; अनन्त-असीमित, मध्य और अंत रहित; वीर्यम्-शक्ति; अनंत-असीमित; बाहुम्-भुजाएँ; शशि-चन्द्रमा; सूर्य-सूर्य; नेत्रम्-आँखें; पश्यामि-देखता हूँ; त्वाम्-आपको; दीप्त-प्रज्ज्वलित; हुताश-वक्त्रम्-मुख से निकलती अग्नि को; स्व-तेजसा-आपके तेज से; विश्वम् ब्रह्माण्ड को; इदम् इस; तपन्तम्-जलते हुए।
आप आदि, मध्य और अंत से रहित हैं और आपकी शक्तियों का कोई अंत नहीं है। सूर्य और चन्द्रमा आप के नेत्र हैं और अग्नि आपके मुख के तेज के समान है और मैं आपके तेज से समस्त ब्रह्माण्ड को प्रकाशित होता हुआ देख रहा हूँ।

 सोलहवें श्लोक में अर्जुन ने कहा था कि भगवान आदि, मध्य और अंत रहित है। अब जो कुछ उसने देखा उसे वह केवल तीन श्लोकों के पश्चात् इसे दोहराता है। यदि किसी कथन को विस्मय के कारण दोहराया जाता है तो उसे चमत्कार की अभिव्यक्ति के रूप में समझना चाहिए और उसे साहित्यिक दोष नहीं समझना चाहिए। उदाहरणार्थ किसी सांप को देखने के पश्चात् कोई चिल्ला कर कहता है-'देखो सांप! सांप! सांप!' इसी प्रकार अर्जुन भी आश्चर्यचकित होकर अपने कथनों को दोहराता है। भगवान वास्तव में आदि और अंत से रहित हैं क्योंकि स्थान, काल, कारण-कार्य-संबंध उन्हीं के नियंत्रण में हैं। इसलिए वे उनके परिणाम से परे हैं। इसके अतिरिक्त सूर्य, चन्द्रमा और तारे अपनी ऊर्जा भगवान से प्राप्त करते हैं। इस प्रकार वे भगवान ही हैं जो सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को गतिशीलता प्रदान करते हैं।

श्लोक 11.20
द्यावापृथिव्योरिदमन्तरं हि व्याप्तं त्वयैकेन दिशश्च सर्वा: | दृष्ट्वाद्भुतं रूपमुग्रं तवेदं लोकत्रयं प्रव्यथितं महात्मन् || 20||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: द्यौ-आ-पृथिव्योः -स्वर्ग से पृथ्वी तक; इदम्-इस; अन्तरम्-मध्य में; हि-वास्तव में; व्याप्तम्-व्याप्त; त्वया आपके द्वारा; एकेन-अकेला; दिश:-दिशाएँच-तथा; सर्वाः-सभी; दृष्ट्वा-देखकर; अद्भुतम्-अद्भुत; रूपम्-रूप को; उग्रम्-भयानक; तव-आपके; इदम्-इस; लोक-लोक; त्रयम्-तीन; प्रव्यथितम्-कम्पन्न; महा-आत्मन्-परमात्मा।
हे सभी जीवों के परम स्वामी! स्वर्ग और पृथ्वी के बीच के स्थान और सभी दिशाओं के बीच आप अकेले ही व्याप्त हैं। मैंने देखा है कि आपके अद्भुत और भयानक रूप को देखकर तीनों लोक भय से काँप रहे हैं।

अर्जुन कहता है कि हे सर्वव्यापी भगवान! आप सारी पृथ्वी और आकाश और उनके बीच के स्थान में तथा सभी दस दिशाओं में व्याप्त हैं। सभी जीव आपके भय से कांपते दिखाई दे रहे हैं। तीनों लोक भगवान के विश्वरूप के समक्ष आख़िर क्यों काँप रहे हैं, जबकि उन्होंने भगवान का विश्वरूप देखा ही नहीं हैं। यहाँ अर्जुन कहता है कि सभी भगवान के नियम के भय से कार्य कर रहे हैं। उनकी आज्ञाएँ अटल हैं और सभी उनका पालन करने के लिए बाध्य होते हैं। कर्म प्रधान बिश्व करि राखा जो जस करइ सो तस फल चाखा  (रामचरितमानस)

 "संसार कर्म के नियमों के अधीन होता है। हम जो भी कर्म करते हैं उससे हमारे कर्मफल संचित होते हैं।" कर्म के नियमों के समान असंख्य नियम अस्तित्त्व में हैं। कई वैज्ञानिक खोज और अविष्कार करते हुए वैज्ञानिक सिद्धान्त बनाते हैं किन्तु वह नियम नहीं बना सकते। भगवान सर्वोच्च विधि निर्माता है और सभी उसके नियमों के अधीन हैं।

श्लोक 11.21
अमी हि त्वां सुरसङ्घा विशन्ति केचिद्भीता: प्राञ्जलयो गृणन्ति | स्वस्तीत्युक्त्वा महर्षिसिद्धसङ्घा: स्तुवन्ति त्वां स्तुतिभि: पुष्कलाभि: || 21||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अमी-ये सब; हि-वास्तव में; त्वाम्-आपको; सुर-सङ्घा:-देवताओ का समूह; विशन्ति-प्रवेश कर रहे हैं; केचित्-कुछ; भीताः-भयवश; प्राञ्जलयः-हाथ जोड़े; गृणन्ति–प्रशंसा कर रहे हैं; स्वस्ति-पवित्र हो; इति इस प्रकार; उक्त्वा -कहकर; महा-ऋषि-महर्षिगण; सिद्ध-सङ्घा:-सिद्ध लोग; स्तुवन्ति-स्तुति कर रहे हैं; त्वाम्-आपकी; स्तुतिभिः-प्रार्थनाओं के साथ; पुष्कलाभिः-स्रोतों से।
स्वर्ग के सभी देवता आप में प्रविष्ट होकर आपकी शरण ग्रहण कर रहे हैं और कुछ भय से हाथ जोड़कर आपकी स्तुति कर रहे हैं। महर्षि और सिद्धजन पवित्र स्रोतों का पाठ कर अनेक प्रार्थनाओं के साथ आपकी स्तुति कर रहे हैं।

अर्जुन ने यहाँ श्रीकृष्ण के कालरूप को देखा अर्थात् उन्हें सब कालों के भक्षक के रूप में देखा। कालचक्र का विकराल रूप देवताओं सहित शक्तिशाली योद्धाओं का भी संहार कर देता है। अर्जुन ने उन्हें भगवान के कालरूप में प्रवेश करते हुए देखा। उसी समय उसने ऋषियों और पुण्यात्माओं को भगवान का चिंतन, और स्तुति करते हुए देखा।

श्लोक 11.22
रुद्रादित्या वसवो ये च साध्या विश्वेऽश्विनौ मरुतश्चोष्मपाश्च | गन्धर्वयक्षासुरसिद्धसङ्घा वीक्षन्ते त्वां विस्मिताश्चैव सर्वे || 22||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: रुद्र-शिव का रूप; आदित्याः-आदित्यगण के पुत्र; वसवः-समस्त वसुः ये-जो; च तथा; साध्या:-साध्य; विश्वे-विश्वदेव; अश्विनौ-अश्विनीकुमार; मरुतः-मरुतः च-तथा; उष्म-पा:-पितर; च-तथा; गन्धर्व-गन्धर्वः यक्ष-यक्ष; असुर-असुर; सिद्ध-सिद्धों को; सङ्घा:-समूह; वीक्षन्ते-देख रहे हैं; त्वाम्-आपको; विस्मिता:-आश्चर्यचकित होकर; च-भी; एव–वास्तव में; सर्वे-सब।
रुद्र, आदित्य, वसु, साध्यगण, विश्वदेव, दोनों अश्विनी कुमार, मरुत, पितर, गन्धर्व, यक्ष, असुर तथा सभी सिद्धजन आपको आश्चर्य से देख रहे हैं।

 ये सभी महान विभूतियाँ भगवान की शक्ति द्वारा संचालित होती हैं और भगवान द्वारा सौंपे गये कर्त्तव्यों का कृतज्ञता से पालन करती हैं। अतः इनके लिए उल्लिखित है कि ये सब भगवान के ब्रह्माण्डीय रूप को आश्चर्यचकित होकर देख रहे हैं।

श्लोक 11.23
रूपं महत्ते बहुवक्त्रनेत्रं महाबाहो बहुबाहूरुपादम् | बहूदरं बहुदंष्ट्राकरालं दृष्ट्वा लोका: प्रव्यथितास्तथाहम् || 23||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: रुपम्-रूप; महत्-विराट; ते-आपका; बहु-अनेक; वक्त्र–मुख; नेत्रम्-आँखें; महाबाहो-बलिष्ठ भुजाओं वाला, अर्जुन; बहु-अनेक; बाहु-भुजाएँ; ऊरु-जाँघे; पादम्-पाँव; बहुदरम्-अनेक पेट; बहु-दंष्ट्रा-अनेक दाँत; करालम्-भयानक; दृष्टवा-देखकर; लोकाः-सारे लोक; प्रव्यथिताः-भय से त्रस्त; तथा उसी प्रकार; अहम् मैं।
हे सर्वशक्तिमान भगवान! अनेक मुख, नेत्र, भुजा, जांघे, पाँव, पेट तथा भयानक दांतों सहित आपके विकराल रूप को देखकर समस्त लोक भय से त्रस्त है और उसी प्रकार से मैं भी।

 सभी ओर प्रभु के असंख्य हाथ, टांगें, मुख और उदर दिखाई दे रहे थे जिसका श्वेताश्वतरोपनिषद् में इस प्रकार से वर्णन किया गया है सहस्रशीर्षा पुरुषः सहस्राक्षः सहस्रपात् स भूमिम् विश्वतो वृत्वात्यतिष्ठद्दशाङ्गुलम्  (श्वेताश्वतरोपनिषद्-3.14)

 "परम सत्ता के हजारों सिर, हजारों आंखें और हजारों पाँव हैं। उन्होंने समस्त ब्रह्माण्ड को अपने आवरण में समेट रखा है किन्तु फिर भी वे इससे परे हैं। वह सब मनुष्यों में नाभि से लगभग दस अंगुल ऊपर हृदय कमल में रहते हैं।" वे जो उन्हें देख रहे हैं और जो उन्हें देख चुके हैं, भयभीत हो चुके और भयतीत हो रहे हैं ये सभी भगवान के विश्वरूप के भीतर हैं। कठोपनिषद् में पुनः वर्णन किया गया है- भयादस्याग्निस्तपति भयात्त्पति सूरयः। भयादिन्द्रश्च वायुश्च मृत्युर्धावति पञ्चमः।। (कठोपनिषद्-2.3.3) 

"भगवान के भय से अग्नि जलती है और सूर्य चमकता है। उन्हीं के भय के कारण वायु प्रवाहित होती है और इन्द्र धरती पर वर्षा करता है। यहाँ तक कि मृत्यु का देवता यमराज भी भगवान के समक्ष भय से कांपता है।"

श्लोक 11.24
नभ:स्पृशं दीप्तमनेकवर्णं व्यात्ताननं दीप्तविशालनेत्रम् | दृष्ट्वा हि त्वां प्रव्यथितान्तरात्मा धृतिं न विन्दामि शमं च विष्णो || 24||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: नभः-स्पृशम्-आकाश को स्पर्श करता हुआ; दीप्तम्-प्रकाशित; अनेक-कई; वर्णम्-रंग; व्यात्त-खुले हुए; आननम्-मुख; दीप्त-प्रदीप्त; विशाल-बड़े; नेत्रम्-आँखें; दृष्टवा-देखकर; हि-निश्चय ही; त्वाम्-आपको; प्रव्यथित:-अन्तः-आत्मा मेरा हृदय थर-थर कांप रहा है; धृतिम्-दृढ़ता से; न-नहीं; विन्दामि-पाता हूँ; शमम्-मानसिक शान्ति को; च-भी; विष्णो-भगवान विष्णु।
हे विष्णु भगवान! आकाश को स्पर्श करते हुए अनेक रंगों, दीप्तिमान, मुख फैलाए और चमकती हुई असंख्य आंखों से युक्त आपके रूप को देखकर मेरा हृदय भय से कांप रहा है और मैंने अपना सारा धैर्य और मानसिक संतुलन खो दिया है।

भगवान के ब्रह्माण्डीय रूप को देखकर अर्जुन का श्रीकृष्ण के साथ संबंध का रूप परिवर्तित हो गया। पहले वह उन्हें अपने अंतरंग मित्र के रूप में देखता था और उनका परस्पर व्यवहार एक सहयोगी की भांति था। यह प्रेम की प्रकृति है। यह मन को इतनी गहनता से तल्लीन कर देता है कि भक्त अपने प्रियतम भगवान की सर्वज्ञता को भूल जाता है। यदि वह औपचारिकता बनाए रखता है तब वह प्रेम में परिपूर्णता प्रकट करने में असमर्थ रहता है। 

उदाहरणार्थ एक पत्नी अपने पति से गहन प्रेम करती है। यद्यपि वह किसी राज्य का राज्यपाल हो तब भी पत्नी उसे पति के रूप में ही देखती है और इसी कारण से वह उससे घनिष्ठ संबंध बनाने में सफल हो सकती है। यदि उसकी बुद्धि यह निर्णय कर लेती है कि उसका पति तो राज्यपाल है फिर जब भी वह उसके सामने आएगा उसे तब उसकी सेवा के लिए तत्पर रहना और पड़ेगा औपचारिक रूप से उसका अधिक सम्मान करना होगा। इसलिए प्रियतम की औपचारिक स्थिति का ज्ञान प्रेम की भावनाओं में डूब जाता है। इस प्रकार की स्थिति भगवान के प्रति समर्पण भक्ति की दशा में होती है। ब्रज के ग्वालबाल ने श्रीकृष्ण को अपने अंतरंग सखा के रूप में देखते थे। जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज ने उनकी श्रीकृष्ण के साथ की गई लीलाओं में इसका अति सुन्दर चित्रण किया है देखो देखो री, ग्वाल बालन यारी  रिझवत खेल जिताय सखन को,  घोड़ा बनि बनि बनवारी (प्रेम रस मदिरा रसिया माधुरी पद-7) 

" श्रीकृष्ण और उनके बाल सखाओं के बीच मधुर प्रेम को तो देखो कि वे परस्पर खेलते हैं और जब श्रीकृष्ण खेल में हार जाते हैं तो वह भूमि पर बैठकर घोड़ा बनते हैं और सखा उनकी सवारी करते हैं"। अगर ग्वाल सखाओं को यह बोध हो जाता कि श्रीकृष्ण भगवान थे, तब वे कभी ऐसा करने का साहस नहीं करते। अतः भगवान भी अपने भक्तों के साथ अंतरंग संबंध को पसंद करते हैं जिससे कि वे प्रिय मित्र के संबंध को निभा सके। जब श्रीकृष्ण ने पृथ्वी पर प्रसिद्ध गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला की जिसमें उन्होंने स्वर्ग के राजा इन्द्र द्वारा ब्रज भूमि पर की गयी मूसलाधार वर्षा से ब्रजवासियों की रक्षा करने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी बाएँ हाथ की छोटी उंगली से उठा लिया था तब उनकी इस लीला से उनके ग्वालबाल मित्र प्रभावित नहीं हुए। उनकी दृष्टि में श्रीकृष्ण केवल उनके प्रिय मित्र थे और इसलिए उन्होंने विश्वास नहीं किया कि श्रीकृष्ण ने पर्वत उठाया था। जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज ने इसका अत्यंत सुन्दर चित्रण किया है नख धार्यो गोवर्धन गिरि जब, सखन कह्यो हम गिरिधारी (प्रेम रस मदिरा रसिया माधुरी प्रद-7) 

जब श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपने बाएँ हाथ की छोटी उंगली से उठाया तब उनके ग्वाल सखाओं ने गोवर्धन पर्वत के तल पर छड़ी लगा दी और सोचने लगे कि वास्तव में उन्होंने इस पर्वत को उठाया था। तत्पश्चात् इन्द्र अपनी पराजय स्वीकार करते हुए हाथी पर बैठकर वहाँ आया। उसने श्रीकृष्ण को परमात्मा के रूप में न पहचानने तथा मूसलाधार वर्षा करने के लिए क्षमा मांगी। जब ग्वालबालों ने वहाँ स्वर्ग के राजा इन्द्र को आते देखा जो उनके मित्र के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए अपनी भूल के लिए क्षमा मांग रहा था। तब उन्हें बोध हुआ कि श्रीकृष्ण भगवान हैं और उन्होंने दूर से श्रीकृष्ण को भय से देखना आरम्भ कर दिया। उनकी मित्रता को भक्ति भावना, भय और श्रद्धा में परिवर्तित होता देखकर श्रीकृष्ण को शोक हुआ-"हमारे भीतर परस्पर प्रेम का आनन्द समाप्त हो चुका है। वे अब मुझे भगवान समझने लगे हैं।" अतः उन्होंने अपनी योगमाया शक्ति द्वारा ग्वालबालों ने जो भी देखा था उसे विस्मृत करा दिया और तब वे पुनः अनुभव करने लगे कि श्रीकृष्ण उनके मित्र के अलावा कुछ भी नहीं हैं। 

अर्जुन श्रीकृष्ण का सख्य भाव वाला भक्त था। श्रीकृष्ण के साथ उसका व्यवहार एक मित्र जैसा था इसीलिए उसने श्रीकृष्ण को अपने रथ का सारथी बनाना स्वीकार किया था। अगर उसकी भक्ति इस सत्य से प्रेरित होती कि श्रीकृष्ण समस्त सृष्टि के परम स्वामी हैं तब अर्जुन उनसे कभी ऐसी निम्न सेवा न करवाता लेकिन अब उनके अनंत वैभव और कल्पनातीत समृद्धि को देखकर श्रीकृष्ण के प्रति उसका मैत्री भाव भय में परिवर्तित हो गया।

श्लोक 11.25
दंष्ट्राकरालानि च ते मुखानि दृष्ट्वैव कालानलसन्निभानि | दिशो न जाने न लभे च शर्म प्रसीद देवेश जगन्निवास || 25||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: दंष्ट्रा–दाँत; करालानि–भयंकर; च-भी; ते आपके; मुखानि–मुखों को; दृष्ट्रा-देखकर; एव-इस प्रकार; काल-अनल-प्रलय की अग्नि; सन्नि-भानि-इक्कट्ठी होना; दिश:-दिशाएँ; न-नहीं; जाने-जानता हूँ; न-नहीं; लभे–प्राप्त की; च-तथा; शर्म-शांति; प्रसीद-करुणा; देव-ईश-हे देवताओं के स्वामी; जगत्-निवास-समस्त ब्रह्माण्डों के स्वामी।।
प्रलय के समय की प्रचण्ड अग्नि के सदृश तुम्हारे अनेक मुखों के विकराल दांतों को देखकर मैं भूल गया हूँ कि मैं कहाँ हूँ और मुझे कहाँ जाना है। हे देवेश! आप ब्रह्माण्ड के आश्रयदाता हैं कृपया मुझ पर करुणा करो।

अर्जुन ने श्रीकृष्ण के जिस विश्वरूप को देखा वह केवल श्रीकृष्ण के व्यक्तित्त्व का अन्य स्वरूप मात्र हैं और उनसे भिन्न नहीं हैं। अनेक अद्भुत और आश्चर्यजनक भगवान की अभिव्यक्तियों को देखकर अर्जुन अब भयभीत हो जाता है और सोचने लगता है कि श्रीकृष्ण उस पर क्रोधित है। इसलिए वह उनसे दया करने की प्रार्थना करता है।

श्लोक 11.26-27
अमी च त्वां धृतराष्ट्रस्य पुत्रा: सर्वे सहैवावनिपालसङ्घै: | भीष्मो द्रोण: सूतपुत्रस्तथासौ सहास्मदीयैरपि योधमुख्यै: || 26|| वक्त्राणि ते त्वरमाणा विशन्ति दंष्ट्राकरालानि भयानकानि | केचिद्विलग्ना दशनान्तरेषु सन्दृश्यन्ते चूर्णितैरुत्तमाङ्गै: || 27||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अमी-ये; च-भी; त्वाम्-आपको; धृतराष्ट्रस्य-धृतराष्ट्र के पुत्राः-पुत्र; सर्वे सभी; सह-सहित; एव-निश्चय ही; अवनि-पाल–सहयोगी राजाओं के साथ; सड्.घैः-समूह; भीष्मः-भीष्म पितामह; द्रोणः-द्रोणाचार्य; सूत-पुत्रः-सूर्यपुत्र, कर्ण; तथा भी; असौ यह; सह-साथ; अस्मदीयैः-हमारी ओर के; अपि-भी; योध-मुख्यैः-महा सेना नायक; वक्त्रणि-मुखों में; ते-आपके; त्वरमाणाः-तीव्रता से; विशन्ति प्रवेश कर रहे हैं; दंष्ट्रा-दाँत; करालानि विकराल; भयानकानि–भयानक; केचित्-उनमें से कुछ; विलग्नाः-लगे रहकर; दशन-अन्तरेषु–दाँतों के बीच में; सन्दृश्यन्ते-दिख रहे हैं; चूर्णित:-पीसते हुए; उत्तम-अङ्गै:-शिरों से।
मैं धृतराष्ट्र के सभी पुत्रों को उनके सहयोगी राजाओं और भीष्म, द्रोणाचार्य, कर्ण तथा हमारे पक्ष के सेना नायकों सहित आपके विकराल मुख में प्रवेश करता देख रहा हूँ। इनमें से कुछ के सिरों को मैं आपके विकराल दांतों के बीच पिसता हुआ देख रहा हूँ।

इस श्लोक में अर्जुन यह उल्लेख करता है कि भगवान के दांत कैसे हैं हम अपने दांतों से भोजन को चबाते हैं। भगवान के दाँत काल चक्र के रूप में सबको चबाकर मृत्यु का ग्रास बनाते हैं। 

अमेरिका के कवि एच. डब्ल्यू. लोंगफैलो ने अपनी कविता में लिखा है-

यद्यपि भगवान की चक्कियाँ (दाँत) धीरे-धीरे पीसती हैं 

लेकिन वे अत्यधिक छोटा-छोटा पीसती हैं, 

यद्यपि वे धैर्य के साथ खड़े होकर प्रतीक्षा करते हैं

किन्तु वे सुनिश्चित रूप से सबको पीसते हैं। 

अर्जुन ने कौरवों के सेना नायक-भीष्म, द्रोणाचार्य और अपनी सेना के सेना नायकों को तीव्रता से भगवान के मुख में प्रवेश करते हुए और उनके दांतों के बीच आते हुए देखा। उसने भगवान के विश्वव्यापी रूप में निकट भविष्य को देखा क्योंकि भगवान काल की सीमाओं से परे हैं। इसलिए भूत, वर्तमान और भविष्य उनमें हर समय दिखाई देते हैं। भीष्म कौरवों और पाण्डवों के प्रपितामह शांतनु और गंगा के पुत्र थे। अपने पिता के पुनर्विवाह हेतु उन्होंने राज्य सिंहासन का त्याग करने और जीवन पर्यन्त ब्रह्मचर्य का पालन करने की प्रतिज्ञा ली थी। भीष्म भली-भांति जानते थे कि दुर्योधन दुष्ट है और वह पाण्डवों के अधिकार को छीनना चाहता है। इसके पश्चात् भी वे दुर्योधन का समर्थन करते रहे। श्रीमद्भागवतम् में भीष्म द्वारा भगवान को की गयी प्रार्थना का वर्णन किया गया है जब वे अपने जीवन के अंतिम समय में बाणों की शैय्या पर लेटे हुए थे। सपदि सखिवचो निशम्य मध्ये निजपरयोर्बलयो रथं निवेश्य।  स्थितवति परसैनिकायुरक्षणा हृतवति पार्थसखे रतिर्ममास्तु ।। (श्रीमद्भागवतम्-1.9.35) 

"मेरा मन अर्जुन के प्रिय मित्र श्रीकृष्ण में एकाग्र हो जाए जो अपने मित्र के आग्रह पर तुरन्त ही पाण्डव-सेना और कौरव-सेना के मध्य रथ ले आये और वहाँ स्थित होकर जिन्होंने केवल अपनी दृष्टि से ही शत्रु पक्ष के सेना नायकों की आयु छीन ली। उन पार्थ सखा के चरणों में मेरी प्रीति बनी रहे।" अतः भीष्म पितामह को स्वयं बोध था कि भगवान के विरुद्ध युद्ध लड़ने का परिणाम मृत्यु होगा। द्रोणाचार्य कौरवों और पाण्डवों को सैन्य शिक्षा प्रदान करने वाले गुरु थे। वे इतने निष्पक्ष थे कि उन्होंने अपने पुत्र अश्वत्थामा की अपेक्षा अर्जुन को युद्धकला में अधिक निपुण बनाया किन्तु उन्होंने विवशतापूर्वक दुर्योधन का पक्ष लिया क्योंकि वे अपने जीवनयापन के लिए आर्थिक रूप से उस पर निर्भर थे। इसलिए द्रोणाचार्य ने भी युद्ध में मरने का निश्चय किया। उन्हें बोध था कि अपने भाग्य के अनुसार वे युद्ध में मृत्यु को प्राप्त होंगे। 

कर्ण दुर्योधन का अंतरंग मित्र था और इसलिए उसने कौरवों के पक्ष में युद्ध लड़ा। उसमें भी महानायकों जैसे गुण थे। जब श्रीकृष्ण ने यह रहस्योद्घाटन किया कि वह कुन्ती का ज्येष्ठ पुत्र है और पाण्डव वास्तव में उसके भाई हैं तब उसने श्रीकृष्ण से कहा कि वे युधिष्ठिर को इस रहस्य के संबंध में कुछ न बताएँ क्योंकि वह मेरा वध युद्ध में पराजित हो जाएगा। यद्यपि उसने युद्ध में दुर्योधन का पक्ष लिया था किन्तु उसे भी यह ज्ञान था कि नियति के अनुसार उसे भी युद्ध में वीरगति प्राप्त होगी।

श्लोक 11.28-29
यथा नदीनां बहवोऽम्बुवेगा: समुद्रमेवाभिमुखा द्रवन्ति | तथा तवामी नरलोकवीरा विशन्ति वक्त्राण्यभिविज्वलन्ति || 28|| यथा प्रदीप्तं ज्वलनं पतङ्गा विशन्ति नाशाय समृद्धवेगा: | तथैव नाशाय विशन्ति लोका- स्तवापि वक्त्राणि समृद्धवेगा: || 29||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: यथा-जैसे; नदीनाम्-नदियों; बहवः-अनेक; अम्बु-वेगा:-जल की लहरें; समुद्रम् समुद्र; एव-निश्चय ही; अभिमुखा:-की ओर; द्रवन्ति–तीव्रता से जाति हैं; तथा-उसी प्रकार से; तव-आपके; अमी-ये; नर-लोक-वीरा:-मानव जाति के राजा; विशन्ति–प्रवेश कर रहे हैं; वक्त्रणि-मुखों में; अभिविज्वलन्ति–जल रहे हैं। यथा-जिस प्रकारप्रदीप्तम्-जलती हुई; ज्वलनम्-अग्नि में; पतड्गा:-पतंगें; विशन्ति-प्रवेश करते हैं; नाशाय–विनाश के लिए; वेगा:-तीव्र वेग से; तथाएव-उसी प्रकार से; नाशाय–विनाश के लिए; विशन्ति प्रवेश कर रहे हैं; लोका:-ये लोग; तव-आपके; अपि-भी; वक्त्रणि-मुखों में; समृद्ध-वेगा:-पूरे वेग से।
जिस प्रकार से नदियों की कई लहरें समुद्र में प्रवेश करती हैं उसी प्रकार से ये सब महायोद्धा आपके धधकते मुख में प्रवेश कर रहे हैं। जिस प्रकार से पतंग तीव्र गति से अग्नि में प्रवेश कर जलकर भस्म हो जाता है उसी प्रकार से ये सेनाएँ अपने विनाश के लिए तीव्र गति से आपके मुख में प्रवेश कर रही हैं।

महाभारत के युद्ध में कई बड़े राजा और योद्धा थे जिन्होंने अपने धर्म का पालन करते हुए युद्ध भूमि में वीरगति प्राप्त की। अर्जुन इनकी तुलना नदी की लहरों से करता है जो स्वेच्छा से समुद्र में मिल जाती हैं। उस युद्ध में कई लोग ऐसे भी थे जिन्होंने लोभ और निजी स्वार्थ के लिए युद्ध लड़ा। अर्जुन ने उनकी तुलना पतंगों से की है जो लालच के कारण अज्ञानतावश अग्नि में जलकर भस्म हो जाते हैं लेकिन दोनों स्थितियों में वे तीव्रता से सिर पर खड़ी मृत्यु के मुख में प्रवेश कर रहे हैं।

श्लोक 11.30
लेलिह्यसे ग्रसमान: समन्ता- ल्लोकान्समग्रान्वदनैर्ज्वलद्भि: | तेजोभिरापूर्य जगत्समग्रं भासस्तवोग्रा: प्रतपन्ति विष्णो || 30||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: लेलिह्यसे-तुम चाट रहे हो; ग्रसमानः-निगलते हुए; समन्तात् सभी दिशाओं से; लोकान् लोकों को; समग्रान्–सभी; वदनैः-मुखों से; ज्वलद्भिः-जलते हुए से; तेजोभि:-तेज द्वारा; आपूर्य-परिपूर्ण करके; जगत्-ब्रह्माण्ड को; समग्रम्-सबको; भासः-किरणें; तव-आपकी; उग्राः-भयंकर; प्रतपन्ति-झुलसा रही हैं; विष्णो-विष्णु भगवान्।
तुम अपनी तीक्ष्ण जिह्वा से समस्त दिशाओं के जीव समूहों को चाट रहे और उन्हें अपने प्रज्जवलित मुखों में निगल रहे। हे विष्णु! तुम अपने सर्वत्र फैले प्रचंड तेज की किरणों से समस्त ब्रह्माण्ड को भीषणता से झुलसा रहे हो।

भगवान अपने सृजन, पालन और संहार की शक्ति द्वारा संसार को नियंत्रित करते हैं। भगवान के विश्वरूप में नियत भावी घटनाओं के दृश्य देखकर अर्जुन युद्ध में अपने शत्रुओं का विनाश देखता है। वह अपने अनेक सहयोगियों को भी मृत्यु का ग्रास बनते हुए देखता है। ऐसे अद्भुत दृश्य को देखकर जड़वत् अर्जुन अगले श्लोक में भगवान से प्रार्थना करता है।

श्लोक 11.31
आख्याहि मे को भवानुग्ररूपो नमोऽस्तु ते देववर प्रसीद | विज्ञातुमिच्छामि भवन्तमाद्यं न हि प्रजानामि तव प्रवृत्तिम् || 31||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: आख्याहि-बताना; मे-मुझे कः-कौन; भवान्-आप; उग्र-रूपः-भयानक रूप; नम:अस्तु-नमस्कार करता हूँ; ते-आपको; देव-वर-देवेश; प्रसीद-करुणा करो; विज्ञातुम्-जानने के लिए; इच्छामि इच्छुक हूँ; भवन्तम्-आपको; आद्यम्-आदि; न-नहीं; हि-क्योंकि; प्रजानामि-जानता हूँ; तव-आपका; प्रवृत्तिम्-प्रकृति और प्रयोजन।
हे देवेश! कृपया मुझे बताएं कि अति उग्र रूप में आप कौन हैं? मैं आपको प्रणाम करता हूँ। कृपया मुझ पर करुणा करें। आप समस्त सृष्टियों से पूर्व स्थित आदि भगवान हैं। मैं आपको जानना चाहता हूँ और मैं आपकी प्रकृति और प्रयोजन को नहीं समझ पा रहा हूँ।

इससे पूर्व अर्जुन ने भगवान का विश्वरूप देखने की प्रार्थना की थी। जब श्रीकृष्ण ने उसे अपना विराटरूप दिखाया तब अर्जुन मोहित और व्यथित हो गया। उस अकल्पनीय ब्रह्माण्डीय दृश्य को देखकर अब अर्जुन भगवान की प्रकृति और प्रयोजन को जानने की हार्दिक अभिलाषा प्रकट करता है इसलिए वह प्रश्न करता है, “आप कौन हैं और आपका क्या प्रयोजन है?"

श्लोक 11.32
श्रीभगवानुवाच | कालोऽस्मि लोकक्षयकृत्प्रवृद्धो लोकान्समाहर्तुमिह प्रवृत्त: | ऋतेऽपि त्वां न भविष्यन्ति सर्वे येऽवस्थिता: प्रत्यनीकेषु योधा: || 32||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान्-उवाच-भगवान ने कहा; काल:-काल; अस्मि-मैं हूँ; लोक-क्षय-कृत्-लोकों का नाश करने वाला; प्रवद्ध:-शक्तिमान काल; लोकान्–समस्त लोकों का; समाहर्तुम्-संहार करने वाला; इह-इस संसार में; प्रवृत्तः-लगा हुआ; ते–बिना; अपि-भी; त्वाम्-आपको; न-कभी नहीं; भविष्यन्ति–मारे जाना; सर्वे सभी; ये-जो; अवस्थिताः-व्यूह रचना में खड़े; प्रति-अनीकेषु-विपक्षी सेना के; योधाः-सैनिक।
परम प्रभु ने कहा-“मैं प्रलय का मूलकारण और महाकाल हूँ। मैं जगत का संहार करने के लिए आता हूँ। तुम्हारे युद्ध में भाग नहीं लेने पर भी युद्ध में खड़े विरोधी पक्ष के योद्धा मारे जाएंगे।"

अर्जुन के प्रश्न ‘कि वे कौन हैं?' की प्रतिक्रिया में श्रीकृष्ण सर्वशक्तिशाली काल और ब्रह्माण्ड के विनाशक के रूप में अपना स्वरूप प्रकट करते हैं। 'काल' शब्द की उत्पत्ति 'कलयति' से हुई है जिसका सामानार्थी शब्द गणयति है। इसका अर्थ है "काल का स्मरण करते रहे हैं।" सृष्टि की सभी घटनाएँ काल के गर्भ में समा जाती है। 

'ओपन हाइमर' जो प्रथम एटम बम बनाने में अग्रिम सदस्य थे और हिरोशिमा और नागासाकी के ध्वंस के साक्षी थे, उन्होंने श्रीकृष्ण के इस श्लोक उद्धृत किया है-'काल' रूप-मैं समस्त जगत का विनाशक हूँ। काल सभी जीवों के जीवन की गणना और उसे नियंत्रित करता है। वही यह निश्चित करेगा कि कब भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महानुभावों के जीवन का अन्त होगा। यह अर्जुन के युद्ध में भाग न लेने के बावजूद भी शत्रु सेना का विनाश कर देगा क्योंकि भगवान की संसार निर्माण की योजना के अनुसार ऐसा होना सभाविक है। 

यदि योद्धा पहले से ही मरे हुए हैं तब फिर अर्जुन युद्ध क्यों लड़े? श्रीकृष्ण इसे अगले श्लोक में स्पष्ट करेंगे।

श्लोक 11.33
तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व जित्वा शत्रून्भुङ्क्ष्व राज्यं समृद्धम् | मयैवैते निहता: पूर्वमेव निमित्तमात्रं भव सव्यसाचिन् || 33||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तस्मात्-अतएव; त्वम्-तुम; उत्तिष्ठ-उठो; यशः-लभस्व-प्राप्त करो; जित्वा-विजयी होकर; शत्रून्-शत्रुओं को; भुङ्क्ष्व-भोग करो; राज्यम्-राज्य का; समृद्ध-धन-धान्य से सम्पन्न मया मेरे द्वारा; एव-निश्चय ही; एते-ये सब; निहता:-मारे गये; पूर्वम्-एव-पहले ही; निमित्त-मात्रम्-केवल कारण मात्र; भव–बनो; सव्य-साचिन्–दोनों हाथों से बाण चलाने वाला अर्जुन।
इसलिए उठो युद्ध करो और यश अर्जित करो। अपने शत्रुओं पर विजय पाकर राज्य का भोग करो। ये सब योद्धा पहले ही मेरे द्वारा मारे जा चुके हैं। हे श्रेष्ठ धनुर्धर! तुम तो मेरे कार्य को सम्पन्न करने का केवल निमित्त मात्र हो।

श्रीकृष्ण कहते हैं कि उनकी इच्छा है कि कौरवों का विनाश हो और धर्म की मर्यादा के अनुसार हस्तिनापुर पर पाण्डव शासन करें। युद्ध के परिणाम स्वरूप उन्होंने पहले से ही अधर्मियों का विनाश और धर्म की विजय निश्चित कर दी है। संसार के कल्याण हेतु उनकी योजना को किसी भी उपाय द्वारा टाला नहीं जा सकता। अब वह अर्जुन को बताते हैं कि वह चाहते हैं कि अर्जुन उनके कार्य को सम्पन्न करने का निमित्त मात्र बने। भगवान को अपने कार्यों हेतु मनुष्य की सहायता की अपेक्षा नहीं होती जबकि मनुष्य भगवान की इच्छा को पूर्ण कर नित्य सुख पाता है। भगवान की सेवा के लिए कुछ ऐसे अवसर पाकर हम भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करते हैं और भगवान के नित्य दास बनने के पात्र हो जाते हैं। 

अर्जुन को यह स्मरण करवाते हुए कि धनुर्विद्या में उसे उन्हीं की कृपा से असाधारण कौशल प्राप्त हुआ है, श्रीकृष्ण अर्जुन को निमित्त बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इसलिए वे अर्जुन को ' सव्यसाचिन् ' कहकर संबोधित करते हैं जिसका अर्थ श्रेष्ठ धनुर्धर होना है क्योंकि अर्जुन सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर था और किसी भी हाथ से बाण चलाने में समर्थ था।

श्लोक 11.34
द्रोणं च भीष्मं च जयद्रथं च कर्णं तथान्यानपि योधवीरान् | मया हतांस्त्वं जहि मा व्यथिष्ठा युध्यस्व जेतासि रणे सपत्नान् || 34||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: द्रोणम्-च-द्रोणाचार्य; भीष्मम्-भीष्म, च-और; जयद्रथम्-जयद्रथ; च-और; कर्णम्-कर्ण तथा-भी; अन्यान्-अन्य; अपि भी; योध-वीरान्–महायोद्धा; मया मेरे द्वारा; हतान्–पहले ही मारे गये; त्वम्-तुम; जहि-मारो; मा मत; व्यथिष्ठाः-विक्षुब्ध होओ; युध्यस्व-लड़ो; जेता असि-तुम विजय पाओगे; रणे युद्ध में; सपत्नान्-शत्रुओं पर।
द्रोणाचार्य, भीष्म, जयद्रथ, कर्ण और अन्य महायोद्धा पहले ही मेरे द्वारा मारे जा चुके हैं। इसलिए बिना विक्षुब्ध हुए इनका वध करो, केवल युद्ध करो और तुम अपने शत्रुओं पर विजय पाओगे।

कौरवों की ओर से कई सेना नायक कभी युद्ध में पराजित नहीं हुए थे। जयद्रथ को वरदान प्राप्त था कि उसका वध होने पर जैसे ही उसका शीश भूमि पर गिरेगा, उसी समय उसका वध करने वाले प्रतिद्वंदी का शीश भी टुकड़े होकर भूमि पर जा गिरेगा। कर्ण के पास इन्द्र द्व रा दी गई 'शक्ति' नामक विशेष शस्त्र था जिसका प्रयोग कर वह किसी का भी वध कर सकता था किन्तु इसका प्रयोग केवल एक बार ही किया जा सकता था इसलिए कर्ण ने इसे अर्जुन का वध करने के लिए सुरक्षित रखा था। द्रोणाचार्य ने परशुराम, जो भगवान का अवतार थे, से सभी प्रकार के शस्त्रों का काट करने की विद्या ग्रहण की थी। भीष्म पितामह को इच्छामृत्यु का वरदान प्राप्त था और वे स्वयं अपनी मृत्यु का समय और स्थान निश्चित कर सकते थे, किन्तु फिर भी भगवान ने जब भी युद्ध में किसी को मारना चाहा तब उन्हें कोई भी बचा न सका। इसलिए कहा जाता है विंध्य न ईंधन पाईये, सागर जुडई न नीर। परई उपस कुबेर घर, ज्यों विपक्ष रघुबीर।। 

"अगर भगवान राम किसी के विरुद्ध होने का निर्णय कर लें तब तुम भले ही विंध्याचल वन में निवास करने लगो किन्तु वहाँ तुम्हें जलाने के लिए लकड़ियाँ प्राप्त नहीं होगी। अगर तुम समुद्र के किनारे भी रहो तब भी तुम्हें अपनी आवश्यकता के लिए जल उपलब्ध नहीं होगा। यदि तुम धन के देवता कुबेर के घर में वास करते हो तब तुम्हें पर्याप्त भोजन भी नहीं मिल सकता।" अगर भगवान किसी को मारना चाहें तब उस व्यक्ति को मृत्यु से बचाने के लिए कितने ही कड़े सुरक्षा प्रबन्ध भी क्यों न कर लिए जाएँ तब भी उसकी मृत्यु को टाला नहीं जा सकता। समान रूप से श्रीकृष्ण कहते हैं कि उन्होंने युद्ध के परिणाम का निर्णय पहले ही कर रखा है लेकिन वह चाहते हैं कि अर्जुन उनकी इच्छा को पूरा करने का माध्यम बने और युद्ध में विजयी होकर यश प्राप्त करे। जिस प्रकार भक्त भगवान का महिमा मण्डन करता है, उसी प्रकार से भगवान का स्वभाव भी अपने भक्त की प्रशंसा करने का होता है। इसलिए श्रीकृष्ण युद्ध में मिलने वाली विजय का श्रेय स्वयं नहीं लेना चाहते थे। उनकी इच्छा यह थी कि लोग यह कहें कि “अर्जुन ने शौर्य के साथ युद्ध लड़ते हुए पांडवों की विजय सुनिश्चित की।" 

आध्यात्मिक जीवन में भी साधक प्रायः उस समय हतोत्साहित हो जाते हैं जब वे स्वयं के क्रोध, लोभ, ईर्ष्या, काम-वासना, अहंकार आदि मनोविकारों को वश में करने में समर्थ नहीं पाते। उनके गुरु उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहते हैं "निराश न हो, उठो इन दोषों का सामना करो। लड़ो और तभी तुम अपने मन रूपी शत्रु पर विजय पाओगे, क्योंकि भगवान तुम्हें विजयी बनाना चाहते हैं।" तुम्हारे प्रयास केवल निमित्त मात्र होंगे क्योंकि भगवान अपनी कृपा से तुम्हारी विजय सुनिश्चित करने की योजना बना चुके। भगवान द्वारा कर्तव्य पालन करने के आह्वान को सुनकर अर्जुन ने क्या प्रतिक्रिया व्यक्त की। इसकी व्याख्या अगले श्लोक में की गयी है।

श्लोक 11.35 ॥ सञ्जय उवाच ॥
एतच्छ्रुत्वा वचनं केशवस्य कृताञ्जलिर्वेपमान: किरीटी | नमस्कृत्वा भूय एवाह कृष्णं सगद्गदं भीतभीत: प्रणम्य || 35||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: संजयः उवाच-संजय ने कहा; एतत्-इस प्रकार; श्रुत्वा-सुनकर; वचनम्-वाणी; केशवस्य-श्रीकृष्ण की; कृत-अंजलि:-हाथ जोड़कर; वेपमान:-काँपते हुए; किरीटी–अर्जुन ने; नमस्कृत्वा नमस्कार करके; भूयः-फिर; एव-भी; आह-बोला; कृष्णम्-कृष्ण से; स-गद्गदम्-अवरुद्ध स्वर से; भीतभीत:-भयातुर होकर; प्रणम्य-झुक कर।।
संजय ने कहा- केशव के इन वचनों को सुनकर अर्जुन ने भय से कांपते हुए अपने दोनों हाथों को जोड़कर श्रीकृष्ण को नमस्कार किया और अवरुद्ध स्वर में भयभीत होकर श्रीकृष्ण से इस प्रकार कहा।

यहाँ अर्जुन को 'किरीटी' कह कर संबोधित किया गया है। उसने एक बार दो दानवों का वध करने के लिए इन्द्र की सहायता की थी। इन्द्र ने प्रसन्न होकर उसे एक चमकीला मुकुट उपहार में दिया। मुकुट राज सिंहासन का प्रतीक भी होता है और संजय ने वृद्ध धृतराष्ट्र के सामने यह शब्द प्रयोग कर उन्हें यह संकेत दिया कि उसके पुत्र कौरव प्रस्तुत युद्ध में पराजित होकर राजपाट खो देंगे।

श्लोक 11.36 ॥ अर्जुन उवाच ॥
स्थाने हृषीकेश तव प्रकीर्त्या जगत्प्रहृष्यत्यनुरज्यते च | रक्षांसि भीतानि दिशो द्रवन्ति सर्वे नमस्यन्ति च सिद्धसङ्घा: || 36||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुन उवाच-अर्जुन ने कहा; स्थाने–यह एकदम ठीक है; हृषीक-ईश-हे इन्द्रियों के स्वामी, श्रीकृष्ण; तव आपके; प्रकीर्त्या यश; जगत्-सारा संसार; प्रहृष्यति–हर्षित होना; अनुरज्यते-आकृष्ट होना; च-तथा; रक्षांसि-असुरगण; भीतानि–भयातुर; दिश:-समस्त दिशाओं में; द्रवन्ति-भागना; सर्वे सभी; नमस्यन्ति-नमस्कार करते हैं; च-भी; सिद्ध-सङ्घा:-सिद्धपुरुष।
अर्जुन ने कहाः हे हृषीकेश! यह सत्य है कि आपके नाम श्रवण और यश गान से संसार हर्षित होता है। असुर गण आपसे भयभीत होकर सभी दिशाओं में भागते रहते हैं और सिद्ध महात्माओं के समुदाय आपको नमस्कार करते हैं।

इसमें और अगले चार श्लोकों में अर्जुन अनेक परिप्रेक्ष्यों में भगवान की महिमा का वर्णन करता है। उसने 'स्थाने' शब्द का प्रयोग किया है जिसका अर्थ है-यह उचित है। 

यह स्वाभाविक है कि प्रजा अपने राजा की महिमा का गुणगान कर प्रसन्न रहती है। यह भी स्वाभाविक है कि जो लोग अपने राजा से द्वेष रखते हैं वे उससे भयभीत होकर इधर-उधर भागते रहते हैं। राजा के लिए यह भी आवश्यक है कि उसके अनुचर, मंत्री आदि उसके प्रति निष्ठावान हों। अर्जुन भी इसके समान वर्णन करते हुए कहता है कि केवल यही उपयुक्त है कि संसार परम प्रभु की महिमा का गान करता है और असुर उनसे भयभीत रहते हैं और संत पुरुष श्रद्धा भक्ति युक्त होकर उनकी आराधना करते हैं।

श्लोक 11.37
कस्माच्च ते न नमेरन्महात्मन् गरीयसे ब्रह्मणोऽप्यादिकर्त्रे | अनन्त देवेश जगन्निवास त्वमक्षरं सदसतत्परं यत् || 37||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: कस्मात्-क्यों; च-और; ते-आपको; न-नमेरन्-क्या उन्हें नमस्कार नहीं करना चाहिए। महा-आत्मन्- महापुरुष; गरीयसे-जो श्रेष्ठ हैं; ब्रह्मणः-ब्रह्मा की अपेक्षाः अपि यद्यपि; आदि-कर्त्रे-आदि कर्ता को; अनंत-असीम; देव-ईश-देवेश; जगत्-निवास-जगत का आश्रय; त्वम्-आप हैं; अक्षर-अविनाशी; सत्-असत्-व्यक्त एवं अव्यक्त; तत्-वहाँ; परम्-परे; यत-जो ना करे।
हे सर्वश्रेष्ठ! आप ब्रह्मा से श्रेष्ठ और आदि सृष्टा हो तब फिर वह आपको नमस्कार क्यों न करें? हे अनंत, हे देवेश, हे जगत के आश्रयदाता आप सभी कारणों के कारण और अविनाशी हैं। आप व्यक्त और अव्यक्त से परे अविनाशी सत्य हैं।

अर्जुन ने इस श्लोक में ' कस्माच्च तेन' शब्द का प्रयोग किया है जिसका अर्थ 'वे क्यों न करे?' है। जब समस्त सृष्टि भगवान से उत्पन्न होती है और उनमें ही स्थित और वापस उन्हीं में विलीन हो जाती है तब फिर सभी जीवों को भगवान के प्रति कृतज्ञता क्यों नहीं दर्शानी चाहिए? वे ही सब कुछ हैं। सृष्टि में जो भी व्यक्त है वह सब कुछ भगवान ही है क्योंकि वे सब भगवान की शक्ति हैं। सृष्टि में जो अव्यक्त रह जाता है भगवान उसमें भी व्याप्त हैं क्योंकि यह उनकी अदृश्य शक्ति है। इसलिए वे व्यक्त और अव्यक्त दोनों से परे हैं क्योंकि वे सर्वशक्तिमान हैं और सभी शक्तियों का स्रोत और मूल हैं। इसलिए न तो भौतिक शक्ति और न ही जीवात्मा उनके विलक्षण व्यक्तित्त्व पर प्रभाव डाल सकती है। वे दोनों से श्रेष्ठ और परे हैं। 

अर्जुन विशेष रूप से उल्लेख करता है कि वे ब्रह्मा से श्रेष्ठ हैं क्योंकि ब्रह्मा ब्रह्माण्ड में सबसे वरिष्ठ हैं। सभी जीव ब्रह्मा या उनके वंशजों की सन्तानें हैं जबकि ब्रह्मा स्वयं भगवान विष्णु की कमलनाल से उत्पन्न हुए थे जो श्रीकृष्ण का विस्तार हैं। इसलिए ब्रह्मा को संसार का वरिष्ठ प्रपितामह माना गया है। अतः यह उचित ही है कि ब्रह्मा भी भगवान को नमस्कार करें।

श्लोक 11.38
त्वमादिदेव: पुरुष: पुराणस्- त्वमस्य विश्वस्य परं निधानम् | वेत्तासि वेद्यं च परं च धाम त्वया ततं विश्वमनन्तरूप || 38||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: त्वम्-आप; आदि-देवः-सबका मूल परमेश्वरः पुरुषः-पुरुषः पुराण:-प्राचीन, त्वम्-आप; अस्य-इस; विश्वस्य–ब्रह्माण्ड का; परम्-दिव्य; निधानम्-आश्रय स्थल; वेत्ता-जानने वाला; असि-हो; वेद्यम्-जानने योग्य; च-तथा; परम-सर्वोच्च; च और; धाम-वास, आश्रय; त्वया आपके द्वारा; ततम्-व्याप्त; विश्वम्-विश्व; अनंत-रुप-अनंत रूपों के स्वामी।
आप ही सर्वात्मा और दिव्य सनातन पुरुष हैं, आप इस ब्रह्माण्ड के परम आश्रय हैं। आप ही सर्वज्ञ और जो कुछ भी जानने योग्य है वह सब आप ही है। आप ही परम धाम हैं। हे अनंत रूपों के स्वामी! केवल आप ही समस्त ब्रह्माण्ड में व्याप्त हैं।

अर्जुन श्रीकृष्ण को दिव्य सनातन पुरुष के रूप में संबोधित करता है जो सभी कारणों के कारण हैं। सभी वस्तुओं और सभी जीवन रूपों का कोई कारण या मूल होता है जिससे उनकी उत्पत्ति होती है। भगवान विष्णु का भी कारण है। यद्यपि वह भगवान का रूप हैं किन्तु उनका यह रूप श्रीकृष्ण का विस्तार है जबकि श्रीकृष्ण किसी के स्वरूप के विस्तार नहीं हैं। वे कारण रहित और सृष्टि में प्रकट सभी अस्तित्त्वों का मूल कारण हैं। इसलिए ब्रह्मा को उनकी आराधना करनी चाहिए। ईश्वरः परमः कृष्णः सच्चिदानन्दविग्रहः। अनादिरादिर्गोविन्दः सर्वकारणकरणम्।। (ब्रह्मसंहिता-5.1)

 " श्रीकृष्ण परमात्मा का मूल स्वरूप हैं। वे सर्वज्ञ और आनंदस्वरूप हैं। वे सबके कारण और स्वयं कारण रहित हैं। वह सब कारणों के कारण हैं।" श्रीकृष्ण सर्वांतर्यामी हैं। वे सर्वज्ञ और ज्ञेय दोनों हैं। श्रीमद्भागवतम् (4.29.49) में वर्णन है- “ सा विद्या तन्मतिर्यया " "वास्तविक ज्ञान वही है जो भगवान को जानने में सहायता करे।" जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज कहते हैं- जो हरि सेवा हेतु हो, सोई कर्म बखान।  जो हरि भगति बढ़ावे, सोई समुझिय ज्ञान ।। (भक्ति शतक श्लोक-66) 

कोई भी कर्म यदि भगवान की सेवा के लिए किया जाता है उसे ही वास्तव में कर्म कहते हैं। जो ज्ञान भगवान से प्रेम को बढ़ाये वही वास्तविक ज्ञान है। अतः भगवान ज्ञाता और ज्ञेय दोनों हैं।

श्लोक 11.39
वायुर्यमोऽग्निर्वरुण: शशाङ्क: प्रजापतिस्त्वं प्रपितामहश्च | नमो नमस्तेऽस्तु सहस्रकृत्व: पुनश्च भूयोऽपि नमो नमस्ते || 39||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: वायुः-वायुदेव; यमः-मृत्यु का देवता; अग्नि:-अग्नि; वरुणः-जल; शश-अङ्क:-चन्द्र देव; प्रजापतिः-ब्रह्मा; त्वम्-आप; प्र-पितामहः-प्रपितामह; च-तथा; नमः-मेरा नमस्कार; नमः-पुनः नमस्कार; ते आपको; अस्तु-हो; सहस्र-कृत्वः-हजार बार; पुनःच-और फिर; भूयः-फिर; अपि-भी; नमः-नमस्कार; नमःते-आपको मेरा नमस्कार है।
आप वायु, यम, अग्नि, जल और चन्द्रमा के देवता हैं। आप ब्रह्मा के पिता और सभी जीवों के प्रपितामह हैं। अतः मैं आपको हजारों बार और बार-बार नमस्कार करता हूँ।

 श्रीकृष्ण के प्रति अपार श्रद्धा से युक्त अर्जुन हजारों बार 'सहस्त्र' कहकर उनका अभिवादन करता है। भारत में दीपावली के त्योहार के दौरान हाथी, घोड़े, स्त्री-पुरुष और कुत्ते के आकार की मिठाइयाँ बनायी जाती हैं किन्तु सभी में एक सामग्री शक्कर ही होती है। समान रूप से स्वर्ग के देवताओं का अपना विभिन्न प्रकार का व्यक्तित्त्व होता है और वे संसार के संचालन हेतु विशिष्ट दायित्वों का निर्वहन करते हैं। किन्तु वही एक भगवान उन सबमें स्थित रहते हैं और उन्हें प्रदान की गयी विशेष शक्तियों द्वारा प्रकट होते हैं। एक अन्य उदाहरण देखें। विभिन्न प्रकार के आभूषण स्वर्ण से बनते हैं। उन सबका रूप विभिन्न होता है पर फिर भी वे सब स्वर्ण ही होते हैं इसलिए सम्पूर्ण स्वर्ण आभूषण नहीं होता किंतु सभी आभूषण स्वर्ण होते हैं। उसी प्रकार भगवान में ही सब देवता हैं लेकिन देवता भगवान नहीं हैं। अतः अर्जुन इस श्लोक में कहता है कि श्रीकृष्ण, वायु, यमराज, अग्नि, वरुण, चन्द्रमा और ब्रह्मा भी हैं।

श्लोक 11.40
नम: पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व | अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्व: || 40||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: नमः-नमस्कार; पुरस्तात्-सामने से; अथ–भी; पृष्ठतः-पीछे से; ते-आपको; नम:अस्तु–मैं नमस्कार करता हूँ; ते-आपको; सर्वतः-सभी दिशाओं से; एव–वास्तव में ; सर्व-सब; अनन्त-वीर्य-अनंत शक्तियों से युक्त; अमित-विक्रमः-असीम पराक्रम; त्वम्-आप; सर्वम्-सब कुछ; समाप्नोषि–व्याप्त रहना; ततः-अतएव; असि-हो; सर्वः-सब कुछ।
हे अनंत शक्तियों के स्वामी। आपको आगे और पीछे और वास्तव में सभी ओर से नमस्कार है आप असीम पराक्रम और शक्ति के स्वामी हैं और सर्वव्यापी हैं। अतः आप सब कुछ हैं।

अर्जुन श्रीकृष्ण की महिमा का निरन्तर गान करते हुए इस प्रकार से यह घोषणा करता है कि वे ' अनंतवीर्य ' और 'अनन्त विक्रम' अर्थात् अत्यंत शक्तिशाली और पराक्रमी हैं। वह विस्मित होकर उन्हें सभी दिशाओं से बार-बार नमो-नमो कहकर नमस्कार करता है।

श्लोक 11.41-42
सखेति मत्वा प्रसभं यदुक्तं हे कृष्ण हे यादव हे सखेति | अजानता महिमानं तवेदं मया प्रमादात्प्रणयेन वापि || 41|| यच्चावहासार्थमसत्कृतोऽसि विहारशय्यासनभोजनेषु | एकोऽथवाप्यच्युत तत्समक्षं तत्क्षामये त्वामहमप्रमेयम् || 42||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सखा–मित्र; इति–इस प्रकार; मत्वा-सोचकर; प्रसभम्-हठपूर्वक; यत्-जो भी; उक्तम्-कहा गया; हे कृष्ण-कृष्ण; हे यादव-हे यादव, श्रीकृष्ण जिनका जन्म यदु वंश में हुआ; हे सखा-हे मित्र; इति–इस प्रकार; अजानता-अज्ञानता से; महिमानम्-शक्तिशाली; तब-आपकी; इदम् यह; मया-मेरे द्वारा; प्रमादात्-असावधानी से; प्रणयेन–प्रेमवश; वापि या तो; यत्-जो; च-भी; अवहास-अर्थम्-उपहास में; असत्-कृतः-अनादर किया गया; असि-हो; विहार-विश्राम करते; शय्या-लेटे रहने पर; आसन-बैठे रहने पर; भोजनेषु-या भोजन करते समयः एकः-अकेले; अथवा-या; अपि भी; अच्युत-अच्युत, श्रीकृष्ण; तत्-समक्षम्-मित्रों के बीच; तत्-उन सभी; क्षामये-क्षमा की याचना करता हूँ; त्वाम्-आपसे; अहम्–मैं; अप्रमेयम्-अचिन्त्य।
आपको अपना मित्र मानते हुए मैंने धृष्टतापूर्वक आपको हे कृष्ण, हे यादव, हे प्रिय मित्र कहकर संबोधित किया क्योंकि मुझे आपकी महिमा का ज्ञान नहीं था। उपेक्षित भाव से या प्रेमवश होकर यदि उपहासवश मैंने कभी विश्राम करते हुए, बैठते हुए, खाते हुए, अकेले में या अन्य लोगों के समक्ष आपका कभी अनादर किया हो तो उन सब अपराधों के लिए हे अचिन्त्य! मैं आपसे क्षमा याचना करता हूँ।

भगवान की प्रभुता को अद्वितीय घोषित करते हुए वेदों में वर्णन किया गया है- अहमेवासमेवाग्रे नान्यत् किञ्चान्तरं बहिः  (श्रीमद्भागवतम्-6.4.47) 

"मैं परम प्रभु सभी प्राणियों में स्थित हूँ। मेरे से परे और मेरे से बढ़कर कोई नहीं है" विमोङ्कार परात्परः  (वाल्मीकि रामायण) 

"अनादि शब्द 'ओम्' आपकी अभिव्यक्ति है। आप में महानतम हैं।" वासुदेवः प्र: प्रभुः  (नारद पंचरात्र) 

" श्रीकृष्ण परम भगवान हैं।" न देवः केशवात् परः  (नारद पुराण) 

"भगवान कृष्ण से बढ़कर कोई देवता नहीं है।" विद्यात् तं पुरुषम् परम्  (मनुस्मृति-12.122) 

"भगवान सभी व्यक्तित्त्वों में सर्वश्रेष्ठ और परम हैं" लेकिन जैसा कि इस अध्याय के श्लोक-24 में उल्लेख किया गया है कि जब प्रेम-प्रगाढ़ हो जाता है तो प्रेमी प्रियतम की औपचारिक पदवी को भूल जाता है। इस प्रकार से अर्जुन श्रीकृष्ण के साथ व्यतीत किए गए अंतरंग मित्रता के अविस्मरणीय क्षणों के आनन्द में निमग्न होने के कारण उनकी सर्वोच्च स्थिति से अनभिज्ञ था। श्रीकृष्ण का विश्वरूप देखकर अर्जुन अब यह सोंचकर दुःखी हो जाता है कि भगवान केवल उसके मित्र और अंतरंग सखा नहीं हैं बल्कि परम पुरुषोत्तम भगवान भी हैं जिनका देवता, गंधर्व, सिद्धगण आदि श्रद्धायुक्त होकर आदर सत्कार करते हैं। इसलिए वह यह सोंचकर शोक व्यक्त करता है कि उसने उन्हें केवल अपना मित्र समझकर उनका अनादर करने की धृष्टता की। प्रतिष्ठित और सम्मानित व्यक्तियों के प्रति आदर प्रकट करने के लिए उनका प्रथम नाम नहीं लिया जाता। इसलिए अर्जुन व्याकुल हो जाता है कि उसने घनिष्ठता के कारण अपनी पद प्रतिष्ठा को श्रीकृष्ण के समतुल्य समझा और धृष्टतापूर्वक उन्हें स्नेहपूर्वक संबोधनों 'मेरे मित्र', 'मेरे सखा' और 'हे कृष्ण' जैसे संबोधनों से पुकारा। अतः वह अपने उन सब कृत्यों के लिए क्षमा याचना करता है जो उसने भगवान श्रीकृष्ण के व्यक्तित्त्व की दिव्यता की अज्ञानता के कारण किए।

श्लोक 11.43
पितासि लोकस्य चराचरस्य त्वमस्य पूज्यश्च गुरुर्गरीयान् | न त्वत्समोऽस्त्यभ्यधिक: कुतोऽन्यो लोकत्रयेऽप्यप्रतिमप्रभाव || 43||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: पिता-पिता; असि-आप हैं; लोकस्य–पूर्ण ब्रह्माण्ड; चर-चल; अचरस्य–अचल; त्वम्आप हैं; अस्य-इसके; पूज्य:-पूज्यनीय; च-भी; गुरु:-आध्यात्मिक गुरु; गरीयान्–यशस्वी, महिमामय; न–कभी नहीं; त्वत्-समः-आपके समान; अस्ति-है; अभ्यधिक:-बढ़ कर; कुत:-किस तरह सम्भव है; अन्य:-दूसरा; लोक-त्रये तीनों लोकों में; अपि-भी; अप्रतिम-प्रभाव-अतुल्य शक्ति के स्वामी।
आप समस्त चर-अचर के स्वामी और समस्त ब्रह्माण्डों के जनक हैं। आप परम पूजनीय आध्यात्मिक गुरु हैं। हे अतुल्य शक्ति के स्वामी! जब तीनों लोकों में आपके समतुल्य कोई नहीं है तब आप से बढ़कर कोई कैसे हो सकता है।

अर्जुन कहता है कि श्रीकृष्ण महानतम और सर्वश्रेष्ठ हैं। पिता पुत्र से सदैव जयेष्ठ होता है। श्रीकृष्ण सभी जनकों के जनक हैं। समान रूप से वे विद्यमान सभी आध्यात्मिक गुरुओं के गुरु हैं। स्रष्टा ब्रह्मा प्रथम आध्यात्मिक गुरु थे जिन्होंने अपने शिष्यों को ज्ञान दिया और जो गुरु परम्परा के अंतर्गत निरन्तर जारी रहा। किन्तु ब्रह्मा ने श्रीकृष्ण से वैदिक ज्ञान अर्जित किया था। श्रीमद्भागवत् (1.1.1) में उल्लेख है- "तेने ब्रह्म हृदा य आदिकवये" अर्थात् श्रीकृष्ण ने प्रथम जन्मे ब्रह्मा के हृदय में वैदिक ज्ञान प्रकट किया। इसलिए वे परम आध्यात्मिक गुरु हैं। श्वेताश्वतरोपनिषद् में उल्लेख है- न तत्समश्चाभ्यधिकश्च दृश्यते (श्वेताश्वतरोपनिषद्-6.8)

 "भगवान के समतुल्य कोई नहीं है और न ही कोई उनसे श्रेष्ठ है।" श्रीकृष्ण वेदों के ज्ञाता हैं यह मानकर अर्जुन उनके संबंध में उपर्युक्त गुणों का वर्णन कर रहा है।

श्लोक 11.44
तस्मात्प्रणम्य प्रणिधाय कायं प्रसादये त्वामहमीशमीड्यम् | पितेव पुत्रस्य सखेव सख्यु: प्रिय: प्रियायार्हसि देव सोढुम् || 44||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: तस्मात् इसलिएः प्रणम्य–नतमस्तक होकर प्रणाम करना; प्रणिधाय-साष्टांग प्रणाम करके; कायम्-शरीर को प्रसादये-कृपा करने की प्रार्थना करता हूँ; त्वाम्-आपसे; अहम्-मैं; ईशम्-परमेश्वर; ईड्यम्-पूजनीय; पिता–पिता; पुत्रस्य-पुत्र का; इव-जैसे; सख्युः-मित्र के साथ; प्रियः-प्रेमी; प्रियायाः-प्रिया का; अर्हसि-आपको चाहिए; देव-मेरे प्रभु; सोढुम्-क्षमा करना।
इसलिए हे पूजनीय भगवान! मैं आपके समक्ष नतमस्तक होकर और साष्टांग प्रणाम करते हुए आपकी कृपा प्राप्त करने की याचना करता हूँ। जिस प्रकार पिता पुत्र के हठ को सहन करता है, मित्र धृष्टता को और प्रियतम अपनी प्रेयसी के अपराध को क्षमा कर देता है उसी प्रकार से कृपा करके मुझे मेरे अपराधों के लिए क्षमा कर दीजिए।

 अपने व्यवहार को अपराध मानते हुए अर्जुन क्षमा याचना कर रहा है। श्रीकृष्ण के साथ खेलते, खाते, उपहास, वार्तालाप और विश्राम करते हुए उसने ऐसा मान सम्मान नहीं दर्शाया जैसा कि सर्वशक्तिमान भगवान के प्रति दिखाया जाना अपेक्षित होता है। अपने प्रियजनों के साथ प्रेम संबंधों की अति घनिष्ठता के कारण किसी प्रकार के अनौपचारिक व्यवहार को कोई धृष्टता नहीं मानता। 

किसी सामान्य अधिकारी को यह अधिकार नहीं होता कि वह देश के राष्ट्रपति का उपहास उड़ाए। किन्तु राष्ट्रपति का निजी मित्र यदि उसे तंग करे, उसका उपहास उड़ाये यहाँ तक कि उसे फटकार भी दे, तब भी राष्ट्रपति इस पर कोई आपत्ति नहीं करता अपितु इसके विपरीत वह अपने अंतरंग मित्र के उपहास को अधीनस्थ अधिकारियों से मिलने वाले सम्मान से अधिक महत्त्व देता है। हजारों लोग सेना नायक को सेल्युट करते हैं। उसी तरह अर्जुन के श्रीकृष्ण के साथ घनिष्ठ संबंध अपराधरूप नहीं थे अपितु वे मित्रतावश गहन प्रेम भक्ति से युक्त हाव भाव थे फिर भी वह निष्ठावान भक्त होने के कारण विनम्रतापूर्वक यह कहता है कि उससे अपराध हुआ है।

श्लोक 11.45
अदृष्टपूर्वं हृषितोऽस्मि दृष्ट्वा भयेन च प्रव्यथितं मनो मे | तदेव मे दर्शय देवरूप प्रसीद देवेश जगन्निवास || 45||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अदृष्ट-पूर्वम्-पहले कभी न देखा गया; हृषितः-अति प्रसन्न; अस्मि-मैं अति प्रसन्न हूँ; दृष्ट्वा-देखकर; भयेन भय से; च-भी; प्रव्यथितम्-कम्पन; मन:-मन; मे–मेरा; तत्-वह; एव–निश्चय ही; मे-मुझको; दर्शय-दिखलाइये; देव-परम प्रभु; रुपम्-रूप; प्रसीद-कृपया करुणा करके; देव-देवेश; जगत्-निवास हे ब्रह्माण्ड के आश्रय।
पहले कभी न देखे गए आपके विराट रूप का अवलोकन कर मैं अत्यधिक हर्षित हो रहा हूँ और साथ ही साथ मेरा मन भय से कांप रहा है। इसलिए हे देवेश, हे जगन्नाथ! कृपया मुझ पर दया करें और मुझे पुनः अपना आनन्दमय स्वरूप दिखाएँ।

भक्ति दो प्रकार की होती है-एक ऐश्वर्य भक्ति और दूसरी माधुर्य भक्ति। ऐश्वर्य भक्ति में भगवान के सर्वशक्तिशाली स्वरूप के चिन्तन द्वारा भक्त भक्ति में तल्लीन होता है। ऐश्वर्य भक्ति में भय और श्रद्धा के भाव की प्रधानता होती है। ऐसी भक्ति में भगवान से दूरी और शिष्टाचार का पालन करना सदैव आवश्यक समझा जाता है। द्वारकावासी और अयोध्यावासी ऐश्वर्य भक्ति के उदाहरण हैं, जो श्रीकृष्ण और भगवान श्री राम का आदर-सम्मान अपने राजा के रूप में करते थे। सामान्य नागरिक अपने राजा के प्रति अत्यंत निष्ठावान और आज्ञाकारी होते हैं यद्यपि उनके उसके साथ कभी घनिष्ठ सम्बंध नहीं होते। 

माधुर्य भक्ति में भक्त भगवान के साथ करीबी संबंध का अनुभव करते हैं। ऐसी भक्ति में यह भाव प्रमुख रहता है कि 'श्रीकृष्ण मेरे हैं और मैं उनका हूँ।' वृंदावन के ग्वाल-बाल जो श्रीकृष्ण से सखा भाव से प्रेम करते हैं, यशोदा और नंद बाबा जो कृष्ण से अपने पुत्र के रूप में प्रेम करते हैं और गोपियाँ जो उनसे अपने प्रियतम के रूप में प्रेम करती हैं, ये सब माधुर्य भक्ति के उदाहरण हैं। माधुर्य भक्ति ऐश्वर्य भक्ति की अपेक्षा अत्यंत मधुर है। जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज वर्णन करते हैं- सबै सरस रस द्वारिका, मथुरा अरु ब्रज माहिँ।  मधुर, मधुरतर, मधुरतम, रस ब्रजरस सम नाहिँ ।। (भक्ति शतक श्लोक-70) 

भगवान का दिव्य आनन्द उनके सभी रूपों में अत्यन्त मधुर होता है किन्तु फिर भी इसकी कुछ श्रेणियाँ हैं। भगवान की द्वारका की लीलाओं का आनंद 'मधुर' और मथुरा की लीलाओं का आनन्द 'अति मधुर' तथा ब्रज की लीलाओं का आंनद मधुरतम है। 

माधुर्य भक्ति में भगवान के ऐश्वर्य और सर्वशक्तिशाली स्वरूप को भुला दिया जाता है। भक्त भगवान कृष्ण के साथ चार प्रकार से संबंध स्थापित करता है। 

दास्य भावः श्रीकृष्ण हमारे स्वामी हैं और मैं उनका सेवक। स्वयं को श्रीकृष्ण का दास मानने जैसी रक्तक और पत्रक आदि की भक्ति दास्य भाव की भक्ति थी। भगवान को अपनी माता और अपना पिता मानने का भाव भी दास्य भक्ति की ही श्रेणी में है।

सख्य भावः श्रीकृष्ण हमारे सखा हैं और मैं उनका अंतरंग सखा हूँ। श्रीदामा, मधुमंगल, धनसुख, मनसुख की भक्ति सखा भाव की भक्ति थी। 

वात्सल्य भावः श्रीकृष्ण हमारे बालक हैं और मैं उनका माता-पिता हूँ। यशोदा और नंद की भक्ति वात्सल्य भाव की भक्ति थी। 

माधुर्य भावः श्रीकृष्ण हमारे प्रियतम और मैं उनकी प्रेयसी हूँ। वृंदावन की गोपियों की भक्ति माधुर्य भाव की भक्ति थी। 

अर्जुन सखा भाव वाले भक्त हैं और भगवान के साथ बंधुत्व के संबंध का आनन्द पाते है। भगवान के विराटरूप और दिव्य रूप को देखकर अर्जुन को विस्मय और श्रद्धा का अनुभव होता है किन्तु फिर भी वह सख्य भाव का माधुर्य चाहता है जिसका आस्वाद ग्रहण करने का उसे पूर्व से ही अभ्यास था। इसलिए वह श्रीकृष्ण से अपने सर्वशक्तिमान विराट स्वरूप जिसे वह अब देख रहा है, को छिपाने और पुनः मानव रूप में प्रकट होने की प्रार्थना करता है।

श्लोक 11.46
किरीटिनं गदिनं चक्रहस्त- मिच्छामि त्वां द्रष्टुमहं तथैव | तेनैव रूपेण चतुर्भुजेन सहस्रबाहो भव विश्वमूर्ते || 46||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: किरीटिनम्-मुकुट धारण करना; गदिनम्-गदाधारी; चक्रहस्तम्-हाथ में चक्रधारण किए हुए; इच्छामि इच्छुक हूँ; त्वाम्-आपको; द्रष्टुम् देखना; अहम्–मैं; तथा एवं-उसी प्रकार से; तेन-एव-उसी; रुपेण-रूप में; चतुः जेन–चतुर्भुजाधारी; सहस्र-बाहो-हजार भुजाओं वाले; भव-हो जाइये; विश्वमूर्ते-विश्वरूप।
हे सहस्र बाहु! यद्यपि आप समस्त सृष्टि में अभिव्यक्त हैं किन्तु मैं आपकी मुकुटधारी, चक्र और गदा उठाए हुए चतुर्भुज नारायण रूप के दर्शन करना चाहता हूँ।

श्रीकृष्ण की विशेष कृपा से अर्जुन ने भगवान का विश्वरूप देखा है जिसका दर्शन कोई सरलता से नहीं कर सकता। अर्जुन को यह अनुभव होता है कि श्रीकृष्ण उसके केवल मित्र ही नहीं है अपितु उससे बढ़कर भी उनका अनुपम व्यक्तित्त्व हैं। उनका दिव्य स्वरूप अनगिनत ब्रह्माण्डों को अपने में समेटे हुए है फिर भी वह उनके अनन्त ऐश्वर्यों के प्रति आकर्षित नहीं होता। सर्वशक्तिमान भगवान की ऐश्वर्य भक्ति करने में उसकी कोई रुचि नहीं है अपितु इसके विपरीत वह सर्वशक्तिमान भगवान का पुरुषोतम रूप देखना चाहता है ताकि वह उनके साथ पहले जैसे मित्रवत् संबंध बनाए रख सके। भगवान श्रीकृष्ण को 'सहस्रबाहु' संबोधन से पुकारने का तात्पर्य 'हजारों भुजाओं वाले' से है। अर्जुन अब भगवान श्रीकृष्ण से अपना 'चतुर्भुज रूप' अर्थात् चार भुजाओं वाला रूप दिखाने की प्रार्थना कर रहा है। एक अन्य अवसर पर श्रीकृष्ण अपने इस चतुर्भुज नारायण रूप में अर्जुन के सम्मुख प्रकट हुए थे। द्रौपदी के पांच पुत्रों के हत्यारे अश्वत्थामा को जब अर्जुन बांधकर उसे द्रौपदी के पास ले आया तब उस समय श्रीकृष्ण अपने चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए थे । निशम्य भीमगदितं द्रौपद्याश्च चतुर्भुजः।  आलोक्य वदनं सख्युरिदमाह हसन्निव।। (श्रीमद्भागवतम्-1.7.52) 

"चतुर्भुजधारी श्रीकृष्ण ने जब भीम, द्रौपदी और अन्य के कथनों को सुना तब वह अपने प्रिय मित्र अर्जुन की ओर देखकर मुस्कराने लगे।" भगवान से चतुर्भुज रूप में प्रकट होने की प्रार्थना कर अर्जुन यह भी पुष्टि कर रहा है कि भगवान का चतुर्भुज रूप उनके दो भुजा वाले रूप से भिन्न नहीं है।

श्लोक 11.47
श्रीभगवानुवाच | मया प्रसन्नेन तवार्जुनेदं रूपं परं दर्शितमात्मयोगात् | तेजोमयं विश्वमनन्तमाद्यं यन्मे त्वदन्येन न दृष्टपूर्वम् || 47||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान्-उवाच-श्रीभगवान ने कहा; मया-मेरे द्वारा; प्रसन्नेन–प्रसन्न होकर; तव-तुम्हारे साथ; अर्जुन-अर्जुन; इदम्-इस; रुपम्-रूप को; परम्-दिव्य; दर्शितम्-दिखाया गया; आत्म-योगात्-अपनी योगमाया शक्ति से; तेज:मयम् तेज से पूर्ण; विश्वम्-समस्त ब्रह्माण्ड को; अनंतम्-असीम; आद्यम्-आदिः यत्-जो; मे–मेरा; त्वत्-अन्येन तुम्हारे अलावा अन्य किसी द्वारा; न-दृष्टपूर्वम्-किसी ने पहले नहीं देखा।
भगवान ने कहा-हे अर्जुन! तुम पर प्रसन्न होकर मैनें अपनी योगमाया शक्ति द्वारा तुम्हें अपना विश्व रूप दिखाया। तुमसे पहले किसी ने भी मेरे इस विराट रूप को नहीं देखा।

चूँकि अर्जुन भयभीत हो गया था इसलिए उसने यह विनती की कि भगवान अपने विराट रूप को छिपा लें। श्रीकृष्ण अब अर्जुन को धैर्य बंधाते हुए स्पष्ट करते हैं कि उन्होंने अपनी कृपा से उसे अपना विराट रूप देखने के लिए उसे दिव्य दृष्टि प्रदान की थी न कि दण्ड के रूप में क्योंकि वह उससे अति प्रसन्न थे। यद्यपि दुर्योधन और यशोदा ने भी भगवान के विराट रूप की झलक देखी थी किन्तु वह इतना व्यापक, गहन और विस्मयकारी नहीं था। 

श्रीकृष्ण ने अपनी योगमाया शक्ति की सहायता से अर्जुन को दिव्य दृष्टि प्रदान की थी। यह भगवान की दिव्य सर्वोच्च शक्ति है जिसका उल्लेख उन्होंने कई संदर्भो जैसे कि श्लोक 4.5 एवं 7.25 में किया है। इसी योगमाया शक्ति के कारण भगवान ' कर्तुम् अकर्तुम् अन्यथा कर्तुम् समर्थ ' हैं अर्थात् वे एक ही समय में संभव को असंभव और असंभव को संभव कर सकते हैं। भगवान की यह दिव्य शक्ति उनके साकार रूप में भी प्रकट होती है और हिन्दू धर्म में ब्रह्माण्ड की मातृत्व शक्ति के रूप में राधा, दुर्गा, लक्ष्मी, काली, सीता, पार्वती आदि के रूप में इसकी पूजा की जाती है।

श्लोक 11.48
न वेदयज्ञाध्ययनैर्न दानै- र्न च क्रियाभिर्न तपोभिरुग्रै: | एवंरूप: शक्य अहं नृलोके द्रष्टुं त्वदन्येन कुरुप्रवीर || 48||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: न-नहीं; वेद-यज्ञ-यज्ञ के अनुष्ठान द्वारा; अध्ययनैः-वेदों के अध्ययन से; न-नहीं; दानैः-दान के द्वारा; न कभी नहीं; च-भी; क्रियाभिः-कर्मकाण्डों से ; न कभी नहीं; तपोभिः-तपस्या द्वारा; उग्रैः-कठोर; एवम्-रूप:-इस रूप में; शक्यः -समर्थ; अहम्–मैं; नृ-लोके-इस नश्वर संसार में; द्रष्टुम्-देखे जाने में; त्वत्-तुम्हारे अलावा; अन्येन–अन्य के द्वारा; कुरु-प्रवीर-कौरव पक्ष के योद्धाओं में श्रेष्ठ।
हे कुरुश्रेष्ठ! न तो वेदों के अध्ययन से और न ही यज्ञ, कर्मकाण्डों, दान, पुण्य, यहाँ तक कि कठोर तप करने से भी किसी जीवित प्राणी ने मेरे विराटरूप को कभी देखा है जिसे तुम देख चुके हो।

 भगवान श्रीकृष्ण बताते हैं कि मनुष्य के स्वयं के प्रयत्नों द्वारा जैसे कि वैदिक ग्रंथो का अध्ययन करने, धार्मिक अनुष्ठानों का पालन करने, घोर तपस्या करने, अन्न एवं जल का त्याग करने और उदारता से दान करने आदि प्रयास उनके विराटरूप का दर्शन करने हेतु तथा उनकी दिव्य दृष्टि प्राप्त करने के लिए किसी भी प्रकार से पर्याप्त नहीं है। यह केवल और केवल उनकी दिव्य कृपा एवं उनकी उदारता से ही प्राप्त होती है। इसी प्रकार वेदों में इसे बार-बार दोहराया गया है। तस्य ना रास्व तस्य नो धेहि (यजुर्वेद)

 "परम प्रभु की कृपा में निमज्जित हुए बिना कोई उसे नहीं देख सकता"। इसके पीछे का तर्क अत्यंत स्पष्ट है। जीवात्मा की भौतिक आँखें पंच महाभूतों से बनी हैं किन्तु भगवान दिव्य स्वरूप वाले हैं। उनके दिव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए जीवात्मा को दिव्य आँखें चाहिए। जब भगवान जीवात्मा पर कृपा करते हैं तब वे दिव्य शक्ति द्वारा हमारी आँखों को दिव्य दृष्टि प्रदान करते हैं और तभी जीवात्मा उन्हें देख सकती है। कोई वेदों और पुराणों का ज्ञाता यह भी कह सकता है कि संजय ने भी उस विराट रूप को देखा होगा जिसे अर्जुन ने देखा था। महाभारत में इस परिपेक्ष्य में उल्लेख मिलते हैं कि संजय के गुरु वेदव्यास की कृपा से संजय को दिव्य दृष्टि प्राप्त हुई थी ताकि वह युद्ध में घटित होने वाली घटनाओं का विवरण धृतराष्ट्र को सुनाने में सक्षम हो सके। इसलिए उसने भी अर्जुन के समान भगवान का विराट रूप देखा किन्तु बाद में जब दुर्योधन का वध हुआ तब शोक संतप्त संजय की दिव्य दृष्टि भी लुप्त हो गयी थी।

श्लोक 11.49
मा ते व्यथा मा च विमूढभावो दृष्ट्वा रूपं घोरमीदृङ्ममेदम् | व्यपेतभी: प्रीतमना: पुनस्त्वं तदेव मे रूपमिदं प्रपश्य || 49||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: मा-ते-तुम; न होवो; व्यथा-भयभीत; मा न हो; च-और; विमूढ-भावः-मोहित अवस्था; दृष्ट्वा-देखकर; रुपम्-रूप को; घोरम्-भयानक; ईदृक्-इस प्रकार का; मम–मेरे; इदम्-इस; व्यपेत-भी:-भय से मुक्त; प्रीत-मनाः-प्रसन्न चित्त; पुनः-फिर; त्वम्-तुम; तत्-उस; एव-इस प्रकार; मे-मेरे; रूपम्-रूप को; इदम्-इस; प्रपश्य-देखो।
मेरे भयानक रूप को देखकर तुम न तो भयभीत हो और न ही मोहित हो। भयमुक्त और प्रसन्नचित्त होकर मेरे पुरुषोत्तम रूप को देखो।

श्रीकृष्ण निरन्तर अर्जुन को धीरज बंधाते हुए कह रहे हैं कि भयभीत होने की अपेक्षा तुम्हें मेरे विराट रूप का दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होने पर आनंदित होना चाहिए। आगे वह कहते हैं कि अर्जुन अब भय मुक्त होकर पुनः मेरे पुरुषोत्तम रूप को देखो।

श्लोक 11.50 ॥ सञ्जय उवाच ॥
इत्यर्जुनं वासुदेवस्तथोक्त्वा स्वकं रूपं दर्शयामास भूय: | आश्वासयामास च भीतमेनं भूत्वा पुन: सौम्यवपुर्महात्मा || 50||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: सञ्जय उवाच-संजय ने कहा; इति–इस प्रकार; अर्जुनम्-अर्जुन को; वासुदेवः-वसुदेव पुत्र, श्रीकृष्ण ने; तथा उस प्रकार से; उक्त्वा-कहकर; स्वकम्-अपना साकार रूप; रूपम्-रूप को; दर्शयाम्-आस-दिखलाया; भूयः-फिर; आश्वासयाम्-आस-धैर्य बंधाया; च-भी; भीतम्-भयभीत; एनम्-उसको; भूत्वा-होकर; पुनः-फिर; सौम्य वपुः-सुन्दर रूप; महा-आत्मा–महापुरुष।
संजय ने कहाः ऐसा कहकर वासुदेव श्रीकृष्ण ने पुनः अपना चतुर्भुज रूप प्रकट किया और फिर अपना दो भुजाओं वाला सुन्दर रूप प्रदर्शित कर भयभीत अर्जुन को सांत्वना दी।

श्रीकृष्ण ने अपने विराटरूप को छिपा लिया और फिर वे अर्जुन के सम्मुख अपने चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए जो स्वर्ण मुकुट, गदा, चक्र और कमल के पुष्प से विभूषित था। वह रूप समस्त दिव्य ऐश्वर्यों, गौरव, सर्वज्ञता, सर्वशक्तिमत्ता का पुंज था। श्रीकृष्ण का चतुर्भुज रूप उसी प्रकार से भय और श्रद्धा को उत्पन्न करता है जैसा कि किसी राज्य के नागरिकों का उनके राजा के प्रति होता है। किन्तु अर्जुन श्रीकृष्ण का सखा था इसलिए भय आदि के भाव से युक्त भक्ति उसे कभी संतुष्ट नहीं कर सकती थी। वह श्रीकृष्ण के साथ खेला, उनके साथ अन्न ग्रहण किया, अपने व्यक्तिगत रहस्यों को परस्पर बांटा। इस प्रकार की सख्य भाव की भक्ति ऐश्वर्य भक्ति से अत्यंत मधुर होती है। इसलिए अर्जुन की भक्ति की भावना को पुष्ट करने के लिए श्रीकृष्ण ने अंततः अपना चतुर्भुज रूप भी छिपा लिया और अपने मूल दो भुजाओं वाले मनोहारी रूप में आ गए। एक बार वृंदावन में श्रीकृष्ण गोपियों के साथ रासलीला कर रहे थे। किंतु जब वे अचानक उनके बीच में से ओझल हो गये तब गोपियाँ उनसे पुनः प्रकट होने की विनती करने लगी। उनके अनुनय-विनय को सुन श्रीकृष्ण वहाँ पुनः चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए। गोपियों ने उन्हें विष्णु भगवान समझा और उनका श्रद्धापूर्वक सत्कार किया किन्तु गोपियाँ उनके उस रूप पर मोहित न होकर उनके साथ और समय व्यतीत करना न चाहकर वहाँ से चली जाती हैं। उनका श्रीकृष्ण के विष्णु वाले रूप के प्रति कोई आकर्षण नहीं था क्योंकि वे भगवान श्रीकृष्ण को ही प्राण-प्रियतम के रूप में देखने की आदी थी। बाद में फिर जब राधा-रानी वहाँ प्रकट होती हैं तो उन्हें देखकर उनके प्रेम में विह्वल होकर श्रीकृष्ण के चतुर्भुजी रूप की दो भुजाएँ स्वतः लुप्त हो गयी और उन्होंने पुनः अपना दो भुजाओं वाला रूप धारण कर लिया।

श्लोक 11.51 ॥ अर्जुन उवाच ॥
दृष्ट्वेदं मानुषं रूपं तव सौम्यं जनार्दन | इदानीमस्मि संवृत्त: सचेता: प्रकृतिं गत: || 51||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: अर्जुनःउवाच-अर्जुन ने कहा; दृष्ट्वा-देखकर; इदम्-इस; मानुषम् मानव; रूपम्-रूप को; तव-आपके; सौम्यम्-अत्यन्त सुंदर; जनार्दन लोगों का पालन करने वाला, कृष्ण; इदानीम्-अब; अस्मि-हूँ; संवृत्त:-स्थिर; सचेता:-अपनी चेतना में; प्रकृतिम्-अपनी सामान्य अवस्था में; गतः-आ जाना;
अर्जुन ने कहा-हे जनार्दन! आपके दो भुजा वाले मनोहर मानव रूप को देखकर मुझ में आत्मसंयम लौट आया है और मेरा चित्त स्थिर होकर सामान्य अवस्था में आ गया है।

श्रीकृष्ण के मनमोहक सुन्दर दो भुजाओं वाले रूप का दर्शन अर्जुन के सख्य भाव की पुष्टि और प्रबलता को व्यक्त करता है। इसलिए अर्जुन कहता है कि उसने अपना धैर्य पुनः प्राप्त कर लिया है और उसकी मनोदशा सामान्य हो गयी है। पाण्डवों के साथ श्रीकृष्ण की लीलाओं को देखकर नारद मुनि पहले ही अर्जुन के ज्येष्ठ भ्राता युधिष्ठिर को बता चुके थेः  गूढं परं ब्रह्म मनुष्यलिङ्गम् (श्रीमद्भागवतम्-7.15.75) 

"श्रीकृष्ण आपके घर में आपके साथ भ्राता के रूप में निवास करते हैं।" इसलिए अर्जुन सौभाग्यवश श्रीकृष्ण के साथ परस्पर भाई और प्रिय सखा जैसा आचार व्यवहार करने का आदी था।

श्लोक 11.52-53
श्रीभगवानुवाच | सुदुर्दर्शमिदं रूपं दृष्टवानसि यन्मम | देवा अप्यस्य रूपस्य नित्यं दर्शनकाङ्क्षिण: || 52|| नाहं वेदैर्न तपसा न दानेन न चेज्यया | शक्य एवंविधो द्रष्टुं दृष्टवानसि मां यथा || 53||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: श्रीभगवान् उवाच-प्रभु ने कहा; सु-दुर्दर्शम्-जिसे देख पाना अति कठिन है; इदम्-इस; रुपम्-रूप को; दृष्टवान् असि-जो तुमने देखा; यत्-जो; मम–मेरे; देवा:-स्वर्ग के देवता; अपि-भी; अस्य-इस; रुपम्-रूप का; नित्यम्-शाश्वत; दर्शन-काङ्क्षिण-दर्शन की अभिलाषा; न कभी नहीं; अहम्-मैं; वेदैः-वेदाध्ययन से; न कभी नहीं; तपसा-कठिन तपस्या द्वारा; न कभी नहीं; दानेन-दान से; न कभी नहीं; च–भी; इज्यया-पूजा से; शक्यः-यह सम्भव है; एवम्-विधः-इस प्रकार से; द्रष्टुम् देख पाना; दृष्टवान्–देख रहे; असि-तुम हो; माम्-मुझको; यथा-जिस प्रकार।
परम प्रभु ने कहा-मेरे जिस रूप का तुम अवलोकन कर रहे हो उसे देख पाना अति दुष्कर है। यहाँ तक कि स्वर्ग के देवताओं को भी इसका दर्शन करने की उत्कंठा होती है। मेरे इस रूप को न तो वेदों के अध्ययन, न ही तपस्या, दान और यज्ञों जैसे साधनों द्वारा देखा जा सकता है जैसाकि तुमने देखा है।

अर्जुन को अपना विराटरूप दिखाने और उसकी सराहना करने के पश्चात् तथा उसका दर्शन अन्यों के लिए दुर्लभ बताते हुए अब श्रीकृष्ण अपने साकार रूप के लिए अर्जुन के सख्य भाव के प्रेम को कम नहीं करना चाहते। वे इस पर बल देते हुए कहते हैं कि स्वर्ग के देवता भी भगवान को उनके दो भुजा वाले उस साकार रूप में देखना चाहते हैं जिस रूप में वे अर्जुन के समक्ष खड़े हैं। इस रूप को किसी प्रकार के वैदिक अध्ययनों, तपस्याओं और यज्ञों द्वारा देखा जाना संभव नहीं है। आध्यात्मिकता का मुख्य सिद्धान्त यह है कि भगवान को हम अपने प्रयत्नों या सामर्थ्य द्वारा नहीं जान सकते किन्तु जो भगवान की भक्ति में तल्लीन है ऐसे भक्त उनकी कृपा से उन्हें जानने की पात्रता प्राप्त कर लेते हैं। तब उनकी कृपा से वे उन्हें सुगमता से देखने में समर्थ हो जाते हैं। मुंडकोपनिषद् में वर्णन है- नायमात्मा प्रवचनेन लभ्यो न मेधया न बहुना श्रुतेन (मुंडकोपनिषद्-3.2.3)

 "भगवान को आध्यात्मिक प्रवचनों या बुद्धि द्वारा जाना नहीं जा सकता। उसे विभिन्न प्रकार के उपदेशों को सुनकर भी नहीं जाना जा सकता"। अगर इन साधनों द्वारा भगवान के साकार रूप को जाना नहीं जा सकता तब फिर कैसे उन्हें इस रूप में देखा जा सकता है। अब आगे श्रीकृष्ण इसका रहस्योद्घाटन करेंगे।

श्लोक 11.54
भक्त्या त्वनन्यया शक्य अहमेवंविधोऽर्जुन | ज्ञातुं द्रष्टुं च तत्त्वेन प्रवेष्टुं च परन्तप || 54||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: भक्त्या-भक्ति से; तु–अकेले; अनन्यया अनन्य भक्ति; शक्यः -सम्भव; अहम्-मैं; एवम्-विध:-इस प्रकार से; अर्जुन-हे अर्जुन; ज्ञातुम-जानना; द्रष्टुम् देखने; च-तथा; तत्त्वेन वास्तव में प्रवेष्टुम्–मुझमें एकीकृत होने से; च-भी; परन्तप-शत्रुहंता,अर्जुन।
हे अर्जुन! मैं जिस रूप में तुम्हारे समक्ष खड़ा हूँ उसे केवल अनन्य भक्ति से ही जाना जा सकता है। हे शत्रुहंता! इस प्रकार मेरी दिव्य दृष्टि प्राप्त होने पर ही कोई वास्तव में मुझमें एकीकृत हो सकता है।

इस श्लोक में भी श्रीकृष्ण इस पर बल देते हैं कि केवल और केवल भक्ति ही उन्हें प्राप्त करने का उचित साधन है। श्लोक संख्या 11.48 में उन्होंने कहा था कि केवल प्रेममयी भक्ति द्वारा ही उनके विराट रूप का दर्शन किया जा सकता है। अब इस श्लोक में भी श्रीकृष्ण अत्यधिक बल देकर कहते हैं-"मैं जिस दो भुजा वाले रूप में तुम्हारे समक्ष खड़ा हूँ उसकी अनुभूति केवल निष्काम भक्ति द्वारा ही की जा सकती है।" वैदिक ग्रंथों में भी इसे बार-बार दोहराया गया है भक्तिरेवैनम् नयति भक्तिरेवैनम् पश्यति भक्तिरेवैनम् दर्शयति भक्तिवशः पुरुषो भक्तिरेव गरीयसी (माठर श्रुति)

 "केवल भक्ति ही हमें भगवान के साथ एकीकृत करती है। उसके दर्शन में केवल भक्ति ही हमारी सहायता करेगी। उसे केवल भक्ति द्वारा ही अनुभव किया जा सकता है। केवल भक्ति ही उसकी प्राप्ति में हमारी सहायता करेगी। भगवान सच्ची भक्ति में बंध जाते हैं, जो सभी मार्गों में सर्वोत्तम है।" न साधयति मां योगो न सांख्यं धर्म उद्धव।  न स्वाध्यायस्तपस्त्यागो यथा भक्तिर्ममोर्जिता ।। (श्रीमदभागवत् 11.14.20) 

"उद्धव! मैं अपने भक्तों के वश में हो जाता हूँ और वे मुझे जीत लेते हैं किन्तु जो मेरी भक्ति में लीन नहीं हैं, वे चाहे अष्टांग योग का पालन करें, सांख्य दर्शन या अन्य दर्शनों का अध्ययन करें, पुण्य कर्म और तपस्या करें तब भी वे कभी मुझे नहीं पा सकते।"  भक्त्याहमेकया ग्राह्यः श्रद्धयात्माप्रियःसताम्। (श्रीमदभागवतम् 11.14.21) 

"मैं केवल प्रेममयी भक्ति के द्वारा ही प्राप्य हूँ। जो श्रद्धा के साथ मेरी भक्ति में तल्लीन रहते हैं, वे मुझे बहुत प्रिय है।"  मिलहिं न रघुपति बिनु अनुरागा।  किये जोग तप ज्ञान वैरागा।।  (रामचरितमानस)

"बिना भक्ति के कोई भी भगवान को प्राप्त नहीं कर सकता चाहे कोई अष्टांग योग, तपस्या, ज्ञान और विरक्ति का कितना भी अभ्यास क्यों न कर ले।" 'भक्ति क्या है, इसका वर्णन श्रीकृष्ण अगले श्लोक में करेंगे।

श्लोक 11.55
मत्कर्मकृन्मत्परमो मद्भक्त: सङ्गवर्जित: | निर्वैर: सर्वभूतेषु य: स मामेति पाण्डव || 55||
पदच्छेद एवं शब्दार्थ: मत्-कर्म-कृत्-मेरे प्रति कर्म करना; मत्-परमः-मुझे परम मानते हुए; मत्-भक्त:-मेरी भक्ति में लीन भक्त; सङ्गवर्जितः-आसक्ति रहित; निर्वैर:-शत्रुतारहित; सर्व-भूतेषु-समस्त जीवों में; यः-जो; सः-वह; माम्-मुझको; एति–प्राप्त करता है; पाण्डव-पाण्डु पुत्र, अर्जुन।
वे जो मेरे प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं, जो मुझ पर ही भरोसा करते हैं, आसक्ति रहित रहते हैं और किसी भी प्राणी से द्वेष नहीं रखते, ऐसे भक्त निश्चित रूप से मुझे प्राप्त करते हैं।

नौंवें अध्याय के अंत में श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा था कि अपने मन को मुझमें स्थिर और समर्पित करो। इस प्रकार की भक्ति को बढ़ाने के प्रयोजनार्थ वे अब अपने रहस्यों को प्रकट करना चाहते हैं। पिछले श्लोक में उन्होंने इस पर बल दिया था कि भक्ति का मार्ग ही सर्वोत्कृष्ट है। अब वे अनन्य भक्ति में लीन भक्तों के पाँच लक्षणों को चिह्नांकित कर इस अध्याय का समापन करते हैं। 

मेरे प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने वाले: सिद्ध भक्त अपने कार्यों को लौकिकता और आध्यात्मिकता के रूप में विभाजित नहीं करते। वे प्रत्येक कार्य भगवान के सुख के लिए करते हैं इसलिए उनका प्रत्येक कर्म भगवान को अर्पित हो जाता है। संत कबीर कहते हैं जहाँ जहाँ चलूं करूँ परिक्रमा, जो जो करूँ सो सेवा जब सोऊँ करूँ दंडवत, जानूँ देव न दूजा 

मैं जब चलता हूँ, तब प्रतीत होता है कि मैं परिक्रमा और भगवान की चिन्तन कर रहा हूँ। जब मैं काम करता हूँ, तो लगता है कि मैं भगवान की ही सेवा कर रहा हूँ और जब मैं सोता हूँ तब ऐसा प्रतीत होता है कि मैं दण्डवत् करता हूँ। इस प्रकार से मैं कोई ऐसा कर्म नहीं करता जो उन्हें समर्पित न हो। 

मुझ पर आश्रितः जो साधना के बल पर भगवान को पाना चाहते हैं वे पूर्णतया भगवान के प्रति शरणागत नहीं होते। भगवान को केवल उनकी कृपा से ही पाया जा सकता है, न कि साधना से। उनके अनन्य भक्त उन्हें पाने के लिए अपनी भक्ति पर आश्रित नहीं होते। इसके विपरीत उन भक्तों का पूर्ण विश्वास केवल भगवान की कृपा पर ही होता है और वे अपनी प्रेममयी भक्ति को केवल भगवान की दिव्य कृपा प्राप्त करने के उपाय के रूप में देखते हैं। 

वे मेरे प्रिय भक्त होते हैं: भक्त अन्य आध्यात्मिक क्रियाओं जैसे सांख्य ज्ञान को विकसित करने, अष्टांग योग, यज्ञ का अनुष्ठान इत्यादि का पालन करने की आवश्यकता नहीं समझते। इस प्रकार वे केवल अपने प्रियतम भगवान के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ करते हैं। वे केवल सर्वात्मा भगवान को सभी वस्तुओं और व्यक्तियों में व्याप्त देखते हैं। 

वे आसक्ति रहित होते हैः भक्ति के लिए मन की अनुरक्ति आवश्यक होती है। ऐसा तभी संभव है जब मन में संसार के प्रति विरक्ति उत्पन्न हो इसलिए अनन्य भक्त सभी प्रकार की सांसारिक आसक्तियों से रहित होते हैं और मन को केवल भगवान में स्थिर करते हैं। 

वे किसी प्राणी से द्वेष नहीं करतेः यदि मन द्वेष से भरा हो तब वह भगवान के प्रति अनन्य भक्ति में लीन नहीं हो सकता। इस प्रकार अनन्य भक्त अपने भीतर किसी प्रकार के विद्वेष को आश्रय नहीं देते। यदि कोई उन्हें कष्ट भी दे या उनका अनिष्ट भी करे। तो भी वे यह सोचते हैं कि भगवान सभी प्राणियों के हृदय में निवास करते हैं और सभी परिस्थितियों को उन्हीं से उत्पन्न मानकर वे अपना अहित करने वालों को भी क्षमा कर देते हैं।

← अध्याय 10
📚 सम्पूर्ण १८ अध्यायों की सूची (All Chapters)
अध्याय 12 →